शादी तय होते ही हर युवा के मन में खुशियों की लहर दौड़ पड़ती है क्योंकि उन्हें एक जीवनसाथी मिल रहा है, जो उन की हर खुशी और गम में साथ रहने वाला एक दोस्त और साथी है. इस दौरान दोनों अपनी लाइफ को ले कर एक प्लानिंग करते हैं और इस में एक कड़ी होती है फिटनैस यानी वैडिंग वर्कआउट प्लान, जो दूल्हे और दुलहन दोनों के लिए जरूरी होता है ताकि वैडिंग डे पर वे दिखें कुछ खास और अलग.
असल में वैडिंग वर्कआउट का मुख्य उद्देश्य कौन्फिडैंस पाना, उस खास दिन पर खुद को हंसीखुशी और हैल्दी रखना होता है. सही तरह से किया गया वर्कआउट प्लान, मसल्स के विकास के साथसाथ मानसिक स्थिरता भी देता है.
फिटनैस ऐक्सपर्ट संदीप रामचंद्र वालावलकर का इस बारे में कहना है कि वैडिंग वर्कआउट प्लान रिएलिटी के साथसाथ अचीव करने वाला भी होना चाहिए. इसे अधिकतर लड़का और लड़की दोनों ही प्लान करते हैं, जो अधिकतर 3 महीने का होता है, जिस में लड़के अधिकतर अपनी टमी को कम करना चाहते हैं, जबकि लड़कियां पतली दिखना चाहती हैं. फिटनैस की दिशा में यह एक सही कदम अवश्य है और इसे आगे भी ले जाना अच्छा होता है क्योंकि अगर बौडी फिट है तो आप की लाइफ भी फिट रहती है.
