Celebrity Fashion : त्योहार  शुरू हो गए हैं और आप भी अपने लिए स्टाइलिश ड्रैस की तलाश कर रही होंगी तो इन सैलिब्रिटीज के लुक से इंस्पायर्ड कोई ड्रैस देख सकती हैं. हाल ही में राधिका मर्चेंट मुंबई में अबू जानी और संदीप खोसला की 40वीं सालगिरह के सैलिब्रेशन में खूबसूरत अंदाज में नजर आईं. इस खास मौके पर उन्होंने गहरे भूरे रंग की फिटेड जैकेट और मैचिंग स्कर्ट पहनी थी. पूरे आउटफिट पर आइवरी रंग की खूबसूरत फ्लोरल कढ़ाई देखने को मिली.

ट्रैडिशनल कढ़ाई में मौडर्न टच

राधिका का यह लुक सिर्फ कढ़ाई की वजह से ही खास नहीं था बल्कि इस की फिटिंग और डिजाइन ने इसे काफी मौडर्न बना दिया. क्रौप जैकेट कमर तक थी, जबकि इस के साथ फिटेड स्कर्ट पहनी गई थी. इस से पूरा आउटफिट एक स्टाइलिश टूपीस सैट जैसा लग रहा था यानी कढ़ाई में भारतीय टच था लेकिन आउटफिट का स्टाइल काफी मौडर्न रखा गया था.

आउटफिट का ब्राउन और आइवरी कलर कौंबिनेशन भी काफी खास था. गहरे ब्राउन बेस पर आइवरी कढ़ाई अलग से उभर कर दिखाई दे रही थी. पूरे कपड़े में ज्यादा रंगों का इस्तेमाल नहीं किया गया जिस से लुक काफी बैलैंस्ड नजर आया.

ऐमराल्ड ज्वैलरी ने जोड़ा ग्रीन टच

राधिका ने आउटफिट के साथ ऐमराल्ड ज्वैलरी कैरी की. काले धागे के साथ ऐमराल्ड पैंडैंट और मैचिंग इयररिंग्स ने उन के लुक में हरे रंग की खूबसूरत  झलक जोड़ी. ब्राउन और आइवरी के बीच ऐमराल्ड ग्रीन का यह टच काफी अलग नजर आया और ज्वैलरी ने पूरे लुक को और निखार दिया.

मेकअप की बात करें तो राधिका ने सौफ्ट ग्लैम लुक चुना. आंखों पर हलका स्मोकी मेकअप और चेहरे पर ग्लो नजर आया. उन्होंने बालों को पीछे की ओर बांधा था जिस से उन की नैकलाइन और ऐमराल्ड इयररिंग्स भी साफ दिखाई दे रही थीं.

आइवरी साड़ी में मीरा कपूर का खास अंदाज

मीरा कपूर अपने फैशन लुक्स को ले कर चर्चा में रहती हैं. इस बार उन का आइवरी साड़ी लुक लोगों का ध्यान खींच रहा है. हलके आइवरी रंग की साड़ी पर सिल्वर रंग का बारीक काम किया गया है. साड़ी में छोटेछोटे सीक्वैंस और सुंदर बौर्डर भी है जो लाइट पड़ने पर हलकी चमक देता है. इस पूरे लुक की खास बात यह है कि इस में बहुत ज्यादा डिजाइन नहीं हैं, फिर भी साड़ी काफी खूबसूरत नजर आ रही है.

सिल्वर वर्क ने बढ़ाई चमक

ब्लाउज पर भी सिल्वर रंग का बारीक काम किया गया है. ब्लाउज की छोटी स्लीव्स और नैकलाइन पर की गई डिजाइन इसे और सुंदर बनाती है. साड़ी पर जगहजगह छोटे सीक्वैंस का वर्क है. लाइट पड़ने पर इन में चमक दिखाई देती है लेकिन साड़ी बहुत ज्यादा चमकदार नहीं लगती. साड़ी के बौर्डर पर भी बारीक डिजाइन हैं जो पूरे लुक को अच्छी फिनिश देती हैं.

ज्वैलरी ने पूरा किया लुक

मीरा ने साड़ी के साथ हैवी नैकलैस पहना है, जिस में मोती और स्टोंस लगे हुए हैं. इस के साथ ही उन्होंने मैचिंग इयररिंग्स और कंगन भी पहने हैं. ज्वैलरी का रंग भी साड़ी के साथ काफी अच्छी तरह मैच कर रहा है.

मीरा ने मेकअप को ज्यादा हैवी नहीं रखा है. उन्होंने बालों को पीछे बांध रखा है, जिस से चेहरा और नैकलाइन साफ दिखाई देती है. आंखों पर हलका मेकअप है और चेहरा ग्लो कर रहा है. यह मेकअप साड़ी के लुक को निखारता है लेकिन उस पर भारी नहीं पड़ता.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...