White Hair Styling : सलोनी अब 48 की हो चुकी है, लेकिन उसके केश 35 की उम्र से ही ग्रे होने लगे थे, ऐसे में पहले तो वह उन्हे कलर करवा लेती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उन्हे ये करना पसंद नहीं आ रहा है, वह अपना मेकओवर करवाना चाह रही थी, उन्हे बार – बार पार्लर जाकर कलर करवाना अच्छा नहीं लग रहा था. इसलिए उन्होंने 48 वीं बर्थडे के बाद केशों को रंगना बंद कर दिया. अभी उनके सभी केश एकदम सफेद हो गए है और उन्होंने हेयर स्टाइलिस्ट के पास जाकर बॉब हेयर करवा लिया है, जिसे उनके फ़्रेंड्स और कलीग्स को पसंद आ रहा है, उनके ये ग्रे हेयर उनकी खूबसूरती को कम नहीं, बल्कि बढ़ा रहे है.

आकर्षक व्यक्तित्व

असल में एक उम्र के बाद सफेद या ग्रे हेयर स्टाइल आपके व्यक्तित्व को सँवारते है, जिसमें केशों के आकार, वॉल्यूम और साफ-सुथरा लुक एक एलिगेनसी को दिखाती है, क्योंकि उम्र के साथ बालों की बनावट रूखी या पतली हो सकती है. सफेद या चांदी जैसे केश चेहरे पर एक प्राकृतिक चमक, सौम्यता और परिपक्वता लाते हैं, जिससे व्यक्तित्व अधिक गरिमामय और आकर्षक दिखता है.

इस बारें में हेयर स्टाइलिस्ट ओजस राजानी कहती है कि व्हाइट केश चेहरे की रंगत निखारती है. चांदी या मोती जैसी सफेदी चेहरे के आसपास एक सॉफ्ट रिफ्लेक्टर की तरह काम करती है, जिससे त्वचा की रंगत खिली-खिली और आँखें ज़्यादा चमकदार दिखती हैं.

ऐसा देखा गया है कि केश सफेद होने पर व्यक्ति अलग और आकर्षक दिखने लगता है, जहां ज़्यादातर लोग बालों को रंगते हैं, वहीं प्राकृतिक सफेद या साल्ट एंड पेपर केश भीड़ से अलग, आत्मविश्वास से भरा और अनोखा लुक देते हैं.

इसके अलावा सफेद केश सॉफ्ट और सौम्य लुक को बढ़ाती है, क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ गहरे काले रंग के हेयर कभी – कभी चेहरे के फीचर्स को कठोर दिखा सकते हैं, जबकि सफेद या ग्रे शेड्स चेहरे की रेखाओं को नरम और संतुलित बनाते हैं.

आउटफिट को न करें अनदेखा

इसमें आउटफिट की भी बड़ी भूमिका होती है, कपड़ों के रंगों के साथ भी सफेद केश अच्छा मेल खाते है. गहरे, पेस्टल और चमकदार हर तरह के रंगों के कपड़े और गहने बेहद खूबसूरत लगते हैं. साथ ही बिना केमिकल डाई के बाल अपने प्राकृतिक रूप में ज़्यादा स्वस्थ रहते हैं और सही देखभाल से उनमें एक खास रेशमी चमक बनी रहती है.

चेहरे और केश की क्वालिटी के अनुसार हेयर स्टाइल

सफेद बालों के लिए सही हेयरकट का चुनाव चेहरे के आकार, बालों की लंबाई और उनकी क्वालिटी, मसलन पतले, घने या रूखे को संतुलित करने पर निर्भर करता है.

ये सही है कि व्हाइट हेयर को सही तरीके से देखभाल किये जाए, तो ये देखने में आकर्षक लगते है, लेकिन इसके लिए सही हेयर स्टाइल का होना बहुत जरूरी होता है. कुछ स्टाइल्स निम्न है,

  • सॉफ्ट लेयर्स और फेस-फ्रेमिंग कट्स

चेहरे के आसपास हल्की लेयर्स बालों का भारीपन कम करती हैं और ग्रे सिल्वर केशों को ताज़ा व आकर्षक दिखाती हैं. मध्यम से घने और सीधे से लेकर हल्के वेबी कट, सफेद हेयर पर सबसे अच्छे लगते हैं, खासकर जिनके केश की लंबाई कंधे या उससे ज़्यादा हो.

  • बॉब या शोल्डर लेंथ कट

शार्प बॉब, लॉन्ग बॉब या कंधे तक की लंबाई वाले कट बालों को सधा हुआ और आधुनिक रूप देते हैं, साथ ही इन्हें संभालना भी आसान होता है. ये कट सीधे से लेकर हल्के लहराते, सफेद केशों और गोल, ओवल व हार्ट शेप चेहरों पर सबसे ज़्यादा अच्छे लगते हैं.

  • टेक्स्चर्ड पिक्सी या शॉर्ट क्रॉप

छोटे और टेक्स्चर्ड कट्स बालों को फ्लैट दिखने से बचाते हैं और कम मेहनत में स्मार्ट लुक देते हैं. ये कट पतले, सीधे से लेकर हल्के लहराते और रूखे या दो मुंहे सिरों वाले सफेद बालों पर सबसे अच्छे दिखते हैं.

  • ढीली पोनीटेल या हाफ अप स्टाइल

लंबे या मीडियम सफेद केशों के लिए हल्की और ढीली पोनीटेल या हाफ अप स्टाइल सहज और व्यवस्थित दिखता है.

सफेद केशों की सही देखभाल है जरूरी

सफेद या ग्रे बालों में प्राकृतिक मेलानिन और सीबम यानि प्राकृतिक तेल की कमी हो जाती है, जिससे वे सामान्य बालों की तुलना में ज़्यादा रूखे, सख्त और पीले पड़ने वाले हो सकते हैं. इसलिए इनकी देखभाल के लिए नमी को बनाए रखने और इसकी शाइनिंग को बचाने पर ध्यान देना सबसे ज़रूरी होता है. कुछ सुझाव निम्न है,

  • सफेद बाल अक्सर रूखे होते हैं, इसलिए मॉइस्चराइजिंग कंडीशनर या हल्के तेल का इस्तेमाल करें, ताकि बाल बेजान न दिखें.
  • बहुत गर्म पानी बालों की बची हुई नमी भी छीन लेता है, इसलिए गुनगुने या ताज़े पानी से बाल धोएं. हेयर ड्रायर या स्ट्रेटनर का उपयोग कम करें और ज़रूरत पड़ने पर पहले हीट प्रोटेक्टेंट स्प्रे लगाएं. साथ ही नियमित केश की धुलाई के लिए बिना सल्फेट वाला सौम्य शैम्पू चुनें, ताकि बाल कड़े और फ्रिज़ी न हों.
  • तेज़ धूप सफेद बालों को बेजान और पीला कर सकती हैं. बाहर निकलते समय स्कार्फ, टोपी पहनें या UV प्रोटेक्शन वाले हेयर सीरम का इस्तेमाल करना अच्छा रहता है.
  • अगर बाल हल्के घुंघराले या लहराते हैं, तो उन्हें बहुत ज़्यादा सख्त स्टाइल करने के बजाय उनके प्राकृतिक रूप में संवारना बेहतर रहता है.
  • हर 6 से 8 हफ्ते में बालों के निचले सिरों को ट्रिम करवाते रहें, ताकि दो मुंहे और रूखे सिरे हट जाएं और हेयरकट का आकार बना रहे.

इस प्रकार एक उम्र के बाद सफेद बालों को स्टाइल और आत्मविश्वास के साथ बनाए रखना न केवल खूबसूरती बढ़ाता है, बल्कि यह व्यक्तित्व को भी एक खास गरिमा और ताज़गी देता है और आप भीड़ में अकेले नहीं, बल्कि सबकी आकर्षण का केंद्र बन, सबकी तारीफ़ें पा सकती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...