Health Issue : अगर आपकी भी ऐसी ही कोई समस्या है, तो ये लेख अंत तक पढ़ें
सवाल-
मैं 32 साल की कामकाजी महिला हूं. मेरा सारा काम कंप्यूटर पर होता है, इसलिए ज्यादा देर बैठने से मेरी रीढ़ में दर्द होने लगता है. कृपया इस से छुटकारा पाने का उपाय बताएं?
जवाब-
इस उम्र में हड्डियों की समस्या शुरू होना आम बात है विशेषकर कंप्यूटर पर काम करने वालों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है. ठंड के दौरान रीढ़ में जकड़न होने की संभावना ज्यादा होती है. जब आप एक ही स्थिति में कई घंटों तक बैठे रहते हैं तो हड्डी में दर्द की समस्या होती है. ठंड में जकड़न के कारण डिस्क की नसों पर दबाव पड़ने लगता है, जिस से दर्द तेज हो जाता है. दर्द से बचाव के लिए काम के दौरान बीचबीच में ब्रेक ले कर बौडी स्ट्रैच करें. आगे और पीछे की ओर झुकने वाली ऐक्सरसाइज करें. बैठने का पोस्चर सही रखें. दर्द से बचाव के लिए सही आहार लें और पानी का ज्यादा सेवन करें. समय मिलने पर पीठ की कुनकुने तेल से मालिश कराएं. हलके हाथों से की गई मालिश दर्द से राहत दिलाएगी.
जो लोग कामगर हैं, जिन्हें पूरे दिन कंप्यूटर पर बैठ के काम करना पड़ता है उन्हें गर्दन और पीठ दर्द की शिकायत रहती है. पर क्या आपको पता है कि अपने बैठने की आदत में बदलाव कर के आप इस परेशानी से निजात पा सकती हैं. आपको बता दें कि कंप्यूटर के सामने अधिक देर तक बैठने से आपके गर्दन और रीढ़ की हड्डियों पर काफी नुकसान पहुंचता है. इससे आपको अधिक थकान, सिर में दर्द और एकाग्रता में कमी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अगर आप अधिक देर तक इसी अवस्था में बैठी रहती हैं तो आपके स्पाइनल कौर्ड में भी घाव हो सकता है.
इस मुद्दे पर शोध कर रहे जानकारों का मानना है कि इन परेशानियों के लिए बैठने का गलत तरीका जिम्मेदार है. अगर आप सीधे बैठें तो इन परेशानियों से निजात पा सकती हैं. अगर आप सीधे बैठती हैं तो आपकी पीछे की मांसपेशियां आपके गर्दन और सिर के भार को सहारा देती हैं.
पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें : गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055.
व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.
