Gen Z : आज का जेन जी आंदोलन लगभग हर देश में शिक्षा के इर्दगिर्द है. फ्रांस में हो रहे युवा आंदोलन की एक मुख्य मांग स्टूडैंट्स की रहने की दिक्कत दूर करने की है क्योंकि इस वजह से वे अपने गांव, छोटे शहर से बड़े शहर में पढ़ने नहीं जा पाते.
भारत में कौकरोच जनता पार्टी ने पहले नीट परीक्षा का और फिर स्कूलों का मुद्दा उठाया और जब देखा कि सरकार वोटों की धमकी का इस्तेमाल कर के इस मामले में कुछ करने को तैयार नहीं है, उस ने परीक्षाओं और सरकारी स्कूलों जैसी धांधली से चल रहे चुनाव आयोग के खिलाफ मोरचा खोला है. उद्देश्य एक ही है- शिक्षा ही सब से बड़ा वह अस्त्र है जिस से दुनिया को बदला जा सकता है और इसे पाने का हक हर युवा को है.
कौकरोच जनता पार्टी का युवा आंदोलनकारी तश्तरी में रखा सामान नहीं मांग रहा जैसे पंडे, पुजारी, पादरी, मुल्ला मांगते हैं. वह सिर्फ अवसर चाहता है- बराबर का. वह जानता है कि आज उस ने जो कदम उठा लिया तो ही भविष्य बनेगा, यह मौका फिर नहीं मिलेगा.
लाखों की सेना जो सरकार ने निहत्थी जेन जी को कंट्रोल करने के लिए उतारी है, से युवाओं को डरना नहीं चाहिए. वे आज जो कर सकते हैं, करें, पूरी लगन के साथ करें. कोई चमत्कार नहीं होने वाला कि रातोंरात सरकार का मन बदल जाएगा पर उन्हें इस तरह काम करना होगा मानो अगला मौका नहीं मिलेगा, कोई कल नहीं आएगा.
आज सफलता मिल जाए, यह जरूरी नहीं. आज फेल हो जाने का अर्थ यह नहीं है कि अंत आ गया है. हिम्मत का अंत नहीं होना चाहिए. जिन्होंने धर्म के सहारे, जनता के वोटों के अधिकारों, संवैधानिक अवसरों को छीना है वे आसानी से कुछ नए छोरेछोरियों से डर कर प्लेट में रख कर वह सब नहीं दे देंगे जो जेन जी चाहती है.
उन्हें कल के लिए आज करना होगा मानो करने के लिए कल कभी नहीं आएगा. सरकार पूरी मशीनरी को इस्तेमाल करेगी पर जीवन जीने के लिए उपाय तो बनाने ही होंगे. काम के सुधारने के तरीके ढूंढ़ने ही होंगे. यह न सोचें कि हमें वह सरकार मिली है जो हम डिजर्व करते हैं क्योंकि हम ने वोट से चुना है. वोट तो वादों पर दिए जाते हैं. जब वादाखिलाफी हो जाए तो विद्रोह करना बिलकुल जायज है, मानव अधिकार है. अगर मांग सत्य पर, तर्क पर, तथ्यों पर आधारित है तो कुछ भी याद करने की जरूरत नहीं है.
जेन जी प्रोटैस्ट का नतीजा धीमा लग रहा है तो धैर्य रखने की जरूरत है क्योंकि जीत तो एकएक इंच कर के मिलती है, छलांगों से नहीं. 2014 में जनता की एक तरह जीत हुई, पर छलांग वाली वह जीत ऐसी निकली कि जनता औंधे मुंह कीचड़ में जा गिरी जहां मगरमच्छ मुंह खोले सुस्ता रहे थे. जेन जी प्रोटैस्ट के दुश्मन न के बराबर हैं- जो हैं सिर्फ सरकार में हैं- बाकी सब दोस्त हैं जो बहुत कम होता है.
लग कर लगे रहो, जीत हासिल होगी. सत्ता खुद को बदलेगी या फिर नए लोग सत्ता में आएंगे. सत्ता सोचती है कि उसे सब मालूम है, वह सर्वशक्तिमान है, सर्वव्यापी है. इस से बड़ी भूल कोई नहीं हो सकती.
