बिंदासजीवन जीने का पर्याय थी मोहिनी. जैसेकि नाम से ही जाहिर हो रहा है मन को मोह लेने वाली सुंदर, छरहरी, लंबा कद और आकर्षक मुसकराहट बरबस ही किसी को भी अपना कायल बना लेती. मगर जीवन को जीने का अलग ही फलसफा था मोहिनी का. निडर, बेवाक, बिंदास.
कभीकभी मेरा भी मिलना होता था उस से पर मैं ने कभी ज्यादा दोस्ती नहीं बढ़ाई. रोहन के दोस्त आकाश की बीवी थी मोहिनी. मु झे कभी भी सहज नहीं लगा उस से मिलना. मेरे चेहरे पर एक खिंचाव सा आ जाता उस से मिलते समय.
मगर मोहिनी को कहां परवाह थी घरपरिवार की. उस की तरफ से तो दुनिया जाए भाड़ में. आकाश को भी सब पता था. आकाश क्या सब को सब पता था.
‘‘रागिनी, आज मोहिनी और आकाश में फिर से बहुत झगड़ा हुआ. आकाश बहुत दुखी है मोहिनी की वजह से,’’ खाना खाते हुए रोहन ने कहा.
‘‘पता नहीं इस सब का अंत कहां होगा, मैं खुद सोचसोच कर परेशान होती हूं. कल मोहिनी के बच्चे बड़े हो जाएंगे तो उन को भी तो सब पता चलेगा. कैसे उन के सवालों के जवाब दे पाएगी.’’
एक लंबी सांस छोड़ कर रह गए दोनों पतिपत्नी. दरअसल, मोहिनी के अपने ननदोई राहुल के साथ शारीरिक संबंध थे. उस की ननद को भी शक था पर बिना किसी ठोस सुबूत से कुछ कहना नहीं चाहती थी. अपने पति और भाभी को बातोंबातों में वह कटाक्ष कर देती पर दोनों ही बात को हंसी में टाल देते. सब के सामने भी दोनों आंखोंआंखों में बहुत कुछ कह जाते. यदाकदा दोनों को मिलने का मौका मिल ही जाता, उस समय मोहिनी के चेहरे पर कुछ अलग सा ही सुरूर होता. उस की बलिष्ठ बांहों का आलिंगन उसे मदहोश कर देता. उस के होंठों की गरमी से वह पिघल जाती. राहुल की आंखों में उस के लिए प्यार और उस की बातों में मोहिनी की सुंदरता का बखान उसे तन और मन दोनों से तृप्त कर देता. इस इजहार ए मुहब्बत से आकाश कोसों दूर था. यही कारण था, जिस से मोहिनी और आकाश में दूरियां बढ़ती जा रही थीं.
मोहिनी राहुल के प्यार में मदहोश रहती और राहुल उस की कामुकता में बंधा रहता. दोनों बच्चों का कोई भी काम अटक जाता तो मोहिनी राहुल को फोन करती और राहुल भी कच्चे धागे में बंधा चला आता. दोनों पर किसी की बात का न तो कोई असर था न ही मलाल. सब दबी जबान बातें करते पर कोई मुंह पर कुछ न कहता. लिहाजा मोहिनी और आकाश में दूरियां बढ़ती जा रही थीं.
दोनों बेटे गौरव और आरव बड़े हो रहे थे. मांबाप का रोजरोज का झगड़ा दोनों बेटों की पढ़ाई पर भी बुरा असर डाल रहा था. आकाश भी हर वक्त दोनों की परवरिश को ले कर चिंतित रहता. बच्चों का भविष्य खराब न हो, इसी सोच ने सब जानते हुए भी आकाश को चुप करवा रखा था. गौरव और आरव के बहुत से कार्य राहुल करता था, इसलिए वे दोनों भी कुछ कह नहीं पाते और मन मसोस कर रह जाते.
हद तो तब हुई जब एक पारिवारिक समारोह में मोहिनी की मुलाकात एक नेता से हुई. अच्छीखासी साख थी नेताजी की इलाके में. राहुल की अच्छी पटती थी उन से. अकसर नेताजी के साथ किसी न किसी समारोह में जाता रहता. अचानक हुई 1-2 मुलाकातों के बाद मोहिनी की नेताजी से घनिष्ठता बढ़ने लगी. अकसर मोहिनी राहुत से नेताजी के बारे में बात करती रहती. राहुल को मोहिनी का नेताजी के बारे में बात करना खटकता था. एक तो घर में मोहिनी को ले कर कलहकलेश रहता दूसरा मोहिनी का नेताजी की तरफ बढ़ता आकर्षण. राहुल मनाता रहता, पर मोहिनी को इन सब बातों से कोई लेनादेना नहीं था.
कुछ दिन पहले गौरव ने बताया कि कालेज में उस के दाखिले में कोई अड़चन आ रही है, किसी बड़ी सिफारिश से ही यह काम हो सकता है, मोहिनी भी बहुत टैंशन में थी. अब उसे एक ही रास्ता सम झ में आ रहा था नेताजी.
बात कर के नेताजी से मिलने का समय तय किया. मोहिनी को पूरा यकीन था कि उस का काम हो जाएगा. पावर और पैसा तो मोहिनी की कमजोरी थी. अपनी खूबसूरती को भुनाना भी उसे अच्छे से आता था. रात 8 बजे नेताजी ने मोहिनी को अपने फार्महाउस में मिलने के लिए बुला लिया.
बिना किसी भूमिका के नेताजी ने कहा, ‘‘मोहिनीजी, आप बहुत खूबसूरत हैं. आप का चांद सा चेहरा, आप की कातिलाना मुस्कराहट… उफ क्या कहना. मैं तो पहली ही मुलाकात में आप का कायल हो गया था. कहिए क्या खिदमत कर सकता हूं मैं आप की?’’ नेता के मुंह से तारीफ और आंखों से वासना टपक रही थी. भंवरे की तरह वह हर फूल का रस चखने वालों में से था.
‘‘क्या आप भी…’’ कहते हुए मोहिनी ने भी एक मौन निमंत्रण दे डाला, ‘‘आप के नाम और साख की तो मैं कायल हूं सर…’’
‘‘और हम आप की खूबसूरती के दीवाने हैं.’’
‘‘दरअसल, मेरे बेटे को कालेज में दाखिला नहीं मिल रहा. अगर आप चाहें तो यह काम आसानी से कर सकते हैं.’’
‘‘बस इतनी सी बात… यह तो मेरे बाए हाथ का खेल है आप बेफिक्र हो जाएं आप का काम हो जाएगा,’’ मोहिनी के बालों में उंगलियां घुमाते हुए नेताजी ने भी अपनी इच्छा जाहिर कर दी और फिर गौरव का दाखिला बिना किसी रुकावट के हो गया.
देखतेदेखते कुछ वर्ष और बीत गए. छोटे बेटे आरव को भी अब मां की हरकतें सम झ आने लगी थीं. बड़ा बेटा गौरव अब शहर के बाहर जौब करता था, इसलिए वह भी इन बातों से अनजान तो नहीं था पर दूर था. लोगों की दबी जबान में बातें छोटे को सम झ में आती थीं, पर मां को कुछ भी नहीं कह पाता बस बातबात पर मां से झगड़ा करता. पर मोहिनी ने जानने की कभी कोशिश नहीं की कि बेटे के स्वभाव में क्यों बदलाव आ रहा है.
एक बार आकाश कुछ दिनों के लिए औफिस के काम से कोलकाता गया. 1 सप्ताह के लिए उसे वहीं रुकना था. मोहिनी की तो जैसे लौटरी लग गई. कभी राहुल के साथ तो कभी नेताजी के साथ वक्त बिताने का पूरापूरा मौका मिल गया. देर तक पार्टी में रहना, घर में आधी रात तक वापस आना, इन सब बातों का कहां अंत था, किसे पता था.
एक दिन मोहिनी ने नेता को दोपहर को घर बुला लिया. आकाश को 1 सप्ताह बाद आना था और बच्चों को भी शाम को आना था. एकदूसरे के आलिंगन में दोनों को एहसास ही नहीं हुआ कि कब शाम हो गई. मोहिनी नेताजी की बांहों में मदमस्त थी. तभी मोहिनी का बड़ा बेटा गौरव घर आ गया. मां को आपत्तिजनक स्थिति में देख कर उस के होश उड़ गए. आज तक जो कानाफूसी होती थी, यह सच होगी उस ने कभी सोचा भी न था. उस के होश फाख्ता हो गए. पापा भी यहां नहीं थे. उस का दिमाग सुन्न हो रहा था कि पापा को पता चलेगा तो क्या होगा. घर में होने वाले हंगामे की कल्पना से ही सिहर रहा था गौरव. घर पर रुक नहीं सका और अपने एक दोस्त के घर चला गया.
अगले दिन मोहिनी ने गौरव को फोन किया तो उस ने फोन नहीं उठाया. वह अभी मां से बात नहीं करना चाहता था. बाहर जाता तो उसे यों लगता की हरकोई उस की मां के बारे में फुसफुसा रहा है. दिमाग भन्ना रहा था उस का. पर वह क्या करे सम झ नहीं आ रहा था. मम्मीपापा की हर वक्त की तकरार और दोनों के बीच न टूटने वाला सन्नाटा आज सम झ पा रहा था. कल दोस्तों में, फिर रिश्तेदारों में बदनामी होगी वह कैसे सहेगा. छोटे भाई आरव ने भी कई फोन किए, लेकिन गौरव घर नहीं आना चाहता था. एक दिन आरव गौरव को खुद लेने चला गया? ‘‘भाई तुम घर क्यों नहीं आ रहे? मां बहुत परेशान हैं.’’
‘‘नहीं आरव में घर नहीं जाऊगा, मु झे पता है मां के पास कितनी फुरसत है हमारे लिए.’’
‘‘भाई आखिर बात क्या है बताओ तो…’’
आरव के बहुत कहने पर गौरव ने सबकुछ बता दिया. मां और नेता के नाजायज रिश्ता… सुनते ही आरव एक फीकी हंसी हसते हुए बोला, ‘‘भाई तुम्हें तो अब पता चला है मु झे तो बहुत वक्त से पता है. और तो और मेरे दोस्त के पापा से भी मां का रिश्ता है. दबी जुबान में सब की बातें, लोगों की प्रश्न पूछती आंखें और पापा की बेबसी अब बरदाश्त नहीं होती गौरव भैया… मैं खुद इस माहौल में नहीं रह सकता. मैं ने तो सोच लिया है अपनी बीए कंप्लीट होते ही चला जाऊंगा. आप भी बाहर जौब कर ही रहे हो. पापा को भी कोई इतराज नहीं है हमें बाहर भेजने में. वे भी यही चाहते हैं कि हम इस माहौल से दूर हो जाएं.’’
दोनों बच्चे शहर से बाहर रहने लगे और आकाश भी ज्यादा वक्त अपने बेटों के पास बिताने लगे. आकाश और मोहिनी एक छत के नीचे तो रहते थे, लेकिन नदी के 2 किनारों की तरह जो साथसाथ तो चले पर एक नहीं हो सके. इसलिए दोनों को कोई दुख नहीं था एकदूसरे से दूर होने का.’’
राहुल ने तो नाता तोड़ ही लिया था मोहिनी से. बच्चे और पति भी दूर हो गए. सिवा पछतावे के उस को कुछ न मिला. आकाश, गौरव और आरव को फोन करती, उन से क्षमा याचना करती पर उन को कोई लगाव नहीं था मोहिनी से. एक दिन मोहिनी ने फिर हिम्मत कर के आकाश को फोन किया, ‘‘आकाश, मु झे माफ कर दो… तुम और बच्चे लौट आओ मेरी जिंदगी में.’’
‘‘नहीं, मोहिनी अब यह नहीं हो सकता. मैं ने और मेरे बच्चों ने बहुत सहा है तुम्हारे कारण, बस अब और नहीं तुम को तुम्हें जिंदगी मुबारक. हमारी जिंदगी से तुम दूर ही रहो तो बेहतर होगा.’’
मोहिनी को अब एहसास हो रहा था कि जिन बातों में वह सुख ढूंढ़ती रही वह मृगतृष्णा और छलावे से ज्यादा कुछ न था.
मगर यह रास्ता उस ने खुद चुना था जहां से लौट कर जाना नामुमकिन था. पीछे मुड़ना तो उस ने सीखा ही नहीं था. कुछ वक्त के ठहराव के बाद वह फिर चल पड़ी अपनी ही चुनी राह पर… अपनी निडर, बिंदास और बेबाक जिंदगी जीने.
