Furry footwear fashion : विंटर सीजन में पैरों को भी ठंड से बचाना बहुत जरूरी होता है. कुछ समय पहले तक हाथ से बुनी हुई ऊन की जूतियां काफी गरम होने के साथसाथ बहुत आरामदायक भी होती थीं. आजकल बुनाई का फैशन नहीं है और फरी शूज ने कंफर्टेबल जूतियों की जगह ले ली है. फरी शूज फैशन के साथ आप के पैरों को स्टाइल और गरमाहट भी देते हैं. महिलाओं और बच्चों में आजकल ये शूज काफी लोकप्रिय हैं.
फरी शूज यानी जिन्हें फर वाले फैब्रिक से बनाया जाता है. इन्हें आमतौर पर भेड़, खरगोश और लोमड़ी के ऊन के प्राकृतिक फैब्रिक के अतिरिक्त पौलिस्टर, ऐक्रेलिक जैसे कृत्रिम या सिंथैटिक फर से भी बनाया जाता है. प्राकृतिक ऊन की अपेक्षा कृत्रिम ऊन के शूज कम दाम में मिल जाते हैं. इन की कीमत 1,000 से ले कर 25,000 तक होती है. औफलाइन और औनलाइन दोनों ही प्लेटफौर्म पर हर रेंज के फरी शूज उपलब्ध हैं.
फरी स्लीपर्स
इन्हें आप हफ्ते के सातों दिन पहन सकती हैं. इन्हें जींस, स्वैटपैंट्स, स्कर्ट्स और शौर्ट्स किसी के भी साथ पहना जा सकता है. इन्हें पहनने के बाद आप को कैजुअल के साथसाथ सुपर शीक लुक भी मिलता है. चूंकि ये काफ़ी आरामदायक होते हैं इसलिए पूरे समय पहनने के बावजूद भी आप को थकान का एहसास नहीं होता. गरम होने के कारण ये भरी सर्दी में भी आप के पैरों की सुरक्षा करते हैं. आजकल बाजार में मुख्यतया निम्न प्रकार के फरी शूज उपलब्ध हैं, आप अपने बजट और आवश्यकता अनुसार चयन कर सकते हैं:
फरी हील शूज
यह विंटर का सब से बोल्ड ट्रेंड है. इन्हें आप पैटर्न वाले स्टाइलिश मोजों के साथ पहन सकती हैं या ऐलिगैंट ईवनिंग आउटफिट के साथ. इन के अंदर का मैटीरियल थोड़ा हार्ड होता है और हील होने के कारण आप इन्हें छोटीबड़ी किसी भी पार्टी में कैरी कर सकती हैं.
फरी बूट्स
पैंट्स के साथ कैजुअल कूल लगते हैं, स्कर्ट्स व ड्रैसेज के साथ रोमांटिक आडी सुपर शीक अंदाज देते हैं. नी हाई आडी हील में चुनें या फ्लैट वर्जन में, आप ऐंकल लैंथ में भी चुन सकती हैं. इन्हें हर दिन और हर ओकेजन पर पहना जा सकता है.
फरी बैले फ्लैट्स
विंटर में आप को फरी बैले फ्लैट्स चुनने ही चाहिए. आप चौकलेट ब्राउन वार्म, डीप शेड्स या व्हाइट कैरेमल जैसे किसी भी तरह के बैले फ्लैट्स चुन सकती हैं. ये बहुत वार्म, कंफर्टेबल और स्टाइलिश होते हैं. ये आप के साधारण से आउटफिट को भी खास बना देते हैं.
ट्रिम्ड फरी शूज
ये सामान्य शूज होते हैं परंतु इन के किनारों या बौर्डर लाइन पर फर की ट्रिम्ड लाइन होती हैं जो साधारण से शूज को भी खास बना देती हैं. यदि आप फुली फर के शूज नहीं पहनना चाहतीं तो ये आप के लिए बैस्ट औप्शन हो सकते हैं.
खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
नैचुरल के स्थान पर सिंथैटिक फर के शूज खरीदना अधिक उपयुक्त रहता है क्योंकि ये दाम में सस्ते और लो मैंटेनैंस वाले होते हैं.
हमेशा अच्छे ब्रैंड के ही शूज खरीदें ताकि वे ड्यूरेबल रहें.
सामान्य की जगह वाटरप्रूफ फरी शूज खरीदें ताकि आप पानी में उन्हें पहन सकें.
ब्लैक, वाइट, ग्रे ऐसे शेड्स हैं जो किसी भी ड्रैस पर फबते हैं इसलिए लाल, हरे, पीले और नीले जैसे शार्प रंगों के शूज खरीदने से बचें.
बच्चों के लिए अधिक महंगे शूज न खरीदें क्योंकि एक तो वे जल्दी गंदे हो जाते हैं दूसरे कुछ दिनों में पैरों का नाप बढ़ जाता है.
हलके रंग के स्थान पर डार्क कलर के शूज खरीदें. ये जल्दी गंदे नहीं होने और मैंटेन करना भी आसान होगा.
ऐसे करें देखभाल
सामान्य रूप से इन्हें झड़ कर रखें परंतु यदि कोई दागधब्बा लग गया है तो सर्फ के पानी से साफ करें.
यदि फरी शूज लेदर का है तो पानी के स्थान पर गीले कपड़े का प्रयोग करें ताकि उन का चमड़ा खराब न हो.
फरी शूज को कभी भी वाशिंग मशीन में न धोएं वरना फर खराब हो सकती है.
सीधी धूप में सुखाने के स्थान पर छाया में सुखाएं वरना सीधी धूप से रंग हलका हो सकता है.
जूतों में आई नमी को हटाने के लिए इन
के अंदर अखबार ठूंस कर रातभर के लिए रख दें. अखबार पूरी नमी सोख लेगा और जूते फिर से प्रयोग के लिए तैयार हो जाएंगे.
यदि जूतों से दुर्गंध आ रही है तो बेकिंग सोडा बुरक कर 1 घंटे के लिए रखें, फिर ब्रश से ?ाड़ कर प्रयोग करें. दुर्गंध को दूर करने के लिए आप शू डियोडराइजर का प्रयोग भी कर सकती हैं.
न प्रयोग करने की स्थिति में इन्हें ऐंटीमौइस्चराइजर पैक या सिलिका जैल के साथ रखें. इस से इन में दुर्गंध और नमी नहीं आएगी.
