festival celebration : त्योहार हमें विरासत में मिले वे खास दिन हैं, जो हमें रोजमर्रा की भागदौड़ से निकाल कर एकदूसरे से जोड़ते हैं. लेकिन आजकल हर महिला की शिकायत होती है कि ये त्योहार तो बस हमें थकाने के लिए ही आते हैं. पूरा दिन किचन में निकल जाता है और ऐंजौय के नाम पर पूजापाठ और खानेपीने की तैयारी में लगेलगे पूरा दिन बीत जाता है और हम थक कर चूर हो जाते हैं.
जेन जी की भी यही शिकायत
जेन जी का मानना है कि इस दिन हमें पूजापाठ करने में कोई इंट्रेस्ट नहीं है बल्कि हमें अपने दोस्तों के साथ वक्त बिताना है. इसलिए त्योहारों को केवल थका देने वाले पूजापाठ और कर्मकांडों तक सीमित नहीं रखना चाहिए. असली खुशी तो अपनों के साथ मिल कर, नाचगा कर और खापी कर थकने में है.
लेकिन क्यों न कुछ ऐसा करें कि किचन का काम भी मजेमजे में हो जाएं और पता भी न चले. साथ ही दोस्तों के साथ फन भी अनलिमिटेड हो. आइए जानें इस दिन को कैसे ऐंजौय करें :
थीम के हिसाब से हों तैयार
सब मिल कर एक थीम तय कर सकते हैं. इस के लिए घर के किसी कोने को डैकोरेट कर के फोटो बूथ बना लें. वहां अच्छी लाइटनिंग करें जिस से फोटो अच्छी आएं. अपने लुक की भी एक थीम तैयार करें जैसे पेस्टल एथनिक, रायल्स या फिर ट्रैडिशनल वाइब्रेंट शेड्स. जब कपड़ों में रंग और ट्यूनिंग मिलती है, तो ग्रुप फोटोज का लुक एकदम मैग्जीन कवर जैसा निखर कर आता है.
अलगअलग कमरों में अकेले तैयार होने के बजाय एक जगह बैठ कर मेकअप हैक्स, लिपस्टिक शेड्स और हेयरस्टाइलिंग ट्रिक्स शेयर करते हुए सजेसंवरें. साथ में तैयार होने की गपशप ही आधी मस्ती होती है. वहां रील्स या छोटे वीडियो क्लिप्स बनाएं, जिन में सब अपनीअपनी ड्रैसेस और स्माइल फ्लांट करें.
किचन को कैसे बनाएं फन जोन
फैस्टिवल का मौका हो, तो इस बार क्यों न किचन में धमाल मचाएं. हम आप को किचन में थकने का काम नहीं बता रहे बल्कि वहां फन करने का मौका दे रहे हैं. ऐसे में अपने सब दोस्तों को इकठ्ठा करें और साथ मिल कर कुकिंग करें. जैसेकि कोई सब्जी काटे, कोई मीठा बनाए और कोई गपशप करे. साथ मिल कर खाना बनाने, परोसने और खाने का स्वाद ही अलग होता है.
किचन को बनाएं म्यूजिक जोन
रसोईघर में एक ब्लूटूथ स्पीकर रखें और अपनी पसंदीदा प्लेलिस्ट पेप्पी बौलीवुड, लोकगीत या पुराने रैट्रो गाने चलाएं. संगीत की धुन पर थिरकते हुए सब्जियां काटने और मसाला भूनने का मजा ही अलग होता है.
चाट कौर्नर का लुत्फ उठाएं
एक काउंटर पर मौकटेल, गोलगप्पे या भेलपुरी की सामग्रियां सजा दें. यहां कोई ‘शेफ’ नहीं होगा, हरकोई अपनी पसंद से अपनी प्लेट और ड्रिंक खुद तैयार करेगा.
किचन में टीम वर्क को फन गेम की तरह ऐंजौय करें
काम को जिम्मेदारी की तरह बांटने के बजाय गेम की तरह लें. एक टीम चौपिंग और मैरिनेशन संभाले, तो दूसरी गार्निशिंग और प्लेटिंग. बीचबीच में ‘टेस्ट टेस्टर’ का रोल बदलता रहे.
चैट सीटिंग का सैटअप करें
रसोईघर के एक कोने में 2-3 स्टूल या कुरसियां जरूर रखें. जो लोग खाना नहीं भी बना रहे हैं, वे चाय की चुसकियों के साथ चटपटी गपशप, पुरानी यादें और हंसीमजाक जारी रख सकें.
ईजी ऐंजौयबल रैसिपीज चुनें
ऐसे व्यंजनों का चुनाव करें जो झटपट बनें और जिन में घंटों चूल्हे के सामने न खड़ा होना पड़े. जैसे ग्रिल्ड स्नैक्स, बेक्ड डिशेज या वैरायटी बोर्ड्स.
म्यूजिक, डांस और मस्ती
एक शानदार प्लेस्टिस्ट तैयार करें. पुरानी धुनों से ले कर नए गानों तक, सब पर जम कर नाचें और गाएं. इतना नाचें कि शरीर की थकान भी एक सुखद एहसास बन जाएं.
याद करें वे सुकून भरे दिन
तेज म्यूजिक बंद कर के बैकग्राउंड में धीमी गजलें, पुराने नगमे या एकोस्टिक ट्यूंस चलाएं. हाथ में गरमगरम चाय या कौफी का कप हो और पुरानी शरारतों की बातें करें जैसे,”याद है जब हम सब ने मिलकर वह शरारत की थी…” से शुरू होने वाले किस्से कभी पुराने नहीं होते. दोस्त और रिश्तेदार जब पुराने दिनों को याद करते हैं, तो माहौल में एक अलग ही मिठास घुल जाती है.
इस त्योहार बताएं आप हमें पसंद क्यों हैं
अब आप जरा खुद ही सोचें कि अगर कोई आप से कहे कि तुम बहुत हैल्पफुल हो और मेरे लिए बहुत खास हो, तो यह सुन कर आप को कैसा लगेगा? आप को लगेगा नहीं कि आज तो मेरा दिन बन गया. इतनी तारीफ तो मेरी कभी किसी ने की ही नहीं.
इसलिए महफिल खत्म होने से पहले हर इंसान एकदूसरे से यह साझा करें कि वह उस की जिंदगी में क्यों खास है? यह छोटा सा एहसास त्योहार के दिन को हमेशा के लिए दिल में बसा देता है.
