Gender Equality : प्यू रिसर्च सेंटर अमेरिका की बड़ी स्टडी में पाया गया कि विपरीत लिंग के रिश्तों में 59% महिलाएं कहती हैं कि घर के कामों की ज्यादा जिम्मेदारी वही उठाती हैं जबकि सिर्फ 9% कहती हैं कि उनका पार्टनर ज्यादा करता है. यानी काम बंटा हुआ नहीं बल्कि एक तरफ झुका हुआ है. घर के काम मुख्य रूप से लड़कियों के जिम्मे आते हैं और बाहर के या भारी मेहनत के काम लड़कों के जिम्मे. मगर क्या आज के समय में कामों का ये बंटवारा उचित है?
एक लड़का है जिसे बचपन से सिखाया गया है कि रोना मत क्योंकि लड़के रोते नहीं. उसे बाहर के काम सिखाए जाते हैं, कमाने के लिए तैयार किया जाता है. वहीँ एक लड़की है जिसे सिखाया गया है कि उसे सड़कों पर कम से कम निकलना है और स्कूल कॉलेज भी भाई को साथ ले कर जाना है, घर में कोई जेंट आए भले ही वो मिस्त्री ही क्यों न हो उसे अंदर कमरे में छिप जाना है. सवाल कम पूछने हैं और सहना सीखना है. दोनों मिलते हैं तो एक को लगता है प्यार मतलब प्रोटेक्ट करना, दूसरे को लगता है प्यार मतलब एडजस्ट करना. फिर एक दिन वही लड़का उस लड़की के बीमार होने पर उस के लिए रोटियां बनाता है और लड़की एक दिन धूप में खड़ी होकर उसके लिए फॉर्म की लाइन में लगती है. तब दोनों को पहली बार समझ आता है कि प्यार जेंडर नहीं देखता बल्कि काम देखता है.
जिस दिन लड़का रोटी बेलना सीखता है वो सिर्फ आटा नहीं गूंथता बल्कि अपने घमंड को गूंथता है. जिस दिन लड़की पेंचकस उठाती है वो सिर्फ स्क्रू नहीं कसती बल्कि अपने डर को कसती है. और तभी से दो अधूरे लोग पूरे होने लगते हैं क्योंकि अब वो एक-दूसरे के लिए लड़का लड़की नहीं बल्कि दो बराबर के इंसान बन जाते हैं.
साफ है – काम बांटने से प्यार बढ़ता है. जिंदगी ज्यादा सिस्टेमैटिक होती है और इंसान अपनी जिंदगी ज्यादा बेहतर तरीके से जी सकता है.
वैसे काम जो लड़कियों को जरूर करने चाहिए और जो अब तक ‘लड़कों के काम कहे जाते हैं——
1. घर का नल, फ्यूज, स्विच ठीक करना: यूट्यूब पर 5 मिनट के वीडियो से जानकारी ले कर नल का वॉशर बदला जा सकता है. यह इंतजार करने की जरुरत नहीं है कि कोई और आ कर ये छोटे मोटे काम करेगा.
2. बैंक, पोस्ट ऑफिस, बिजली बिल के काम खुद करना: अपना सिग्नेचर, अपना अकाउंट खुद संभालना आना चाहिए. इससे आर्थिक आत्मविश्वास आता है.
3. स्कूटी, बाइक या कार चलाना और सर्विस कराना: रात में अकेले निकलना या पंचर लगवाना आना चाहिए. ये सुरक्षा नहीं स्किल है. इस से आप को आजादी मिलती है कि कभी जरूरत पड़ने पर घर में किसी पुरुष सदस्य के न होने पर भी आप आसानी से कभी भी कहीं भी जा सकती है.
4. घर का वाई-फाई, टीवी, मोबाइल सेटअप करना: टेक्नोलॉजी पर पकड़ होने से आप किसी पर निर्भर नहीं रहतीं. आप अपना काम बिना किसी व्यवधान पूरा कर सकेंगी.
5. भारी सामान उठाना और शिफ्टिंग में मदद करना: गैस सिलेंडर, पानी की केन या अलमारी खिसकाना इन सब के लिए लड़कों पर निर्भर रहने की जरुरत क्या है? आप अपनी ताकत बढ़ाइए, पौष्टिक खाना खाइए एक्सरसाइज़ कीजिए. ताकत धीरे-धीरे बनती है मगर इस से लॉन्ग टर्म में आप आत्मनिर्भर बन सकेंगी.
6. घर का बजट और इंश्योरेंस, म्यूचुअल फंड समझना: पैसा कमाना ही नहीं उसे प्लान करना भी आना चाहिए. फाइनेंशियल मैटर्स समझने से आप अपना फ्यूचर सुरक्षित रख सकेंगी.
7. मिस्त्री, इलेक्ट्रीशियन से बात करके काम करवाना: बाहर के लोगों से डील करना, रेट तय करना लीडरशिप सिखाता है. आप फैसले लेना सीखती हैं.
8. अकेले मार्केट जाकर मोल-भाव करना: खासकर हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर जहाँ अक्सर लड़कियों से ज्यादा पैसा लिया जाता है. धीरे धीरे आप को सही कीमत पर चीजें खरीदनी आ जाएगी और कोई आपको ठग नहीं पाएगा.
9. रात में अकेले बाहर से दवा या जरूरी सामान लाना: डर को प्रैक्टिस से ही हराया जा सकता है. एक बार आप दिन रात की परवाह किए बिना आत्मविश्वास के साथ बाहर जाना सीख जाती हैं तो आप को कभी किसी चीज से डर नहीं लगेगा.
10. प्रॉपर्टी के कागज, आधार, पैन संभालना: घर के जरूरी दस्तावेज कहां हैं ये पता होना बहुत जरूरी है ताकि कोई अपना आप को धोखा न दे सके.
11. बच्चों को साइकिल सिखाना या मैदान में खेलना: फिजिकल गेम्स में माँ का शामिल होना बच्चे के लिए बहुत बड़ा मैसेज है. उसे समझ आता है कि वह एक स्ट्रांग मां का बच्चा है.
12. पेड़ की कटिंग, पौधों में खाद डालना, बाइक धोना: ये काम मेहनत वाले लगते हैं पर करने पर दिल को बहुत सुकून देते हैं.
13. परिवार में किसी विवाद में बीच-बचाव करना: बाहर की दुनिया में फैसला लेना सिर्फ पिता या भाई का काम नहीं. आप भी लॉजिकली बातों को समझिए और अपनी बात रखिए.
14. नौकरी के लिए इंटरव्यू देना या सैलरी पर बात करना: अपनी कीमत खुद तय करना सीखना भी बहुत जरूरी है.
15. अपनी सुरक्षा के लिए बेसिक चीजें सीखना: स्कूटी का लॉक, टायर प्रेशर चेक, SOS कॉल कैसे करते हैं ये सब एक लड़की को भी आने चाहिए.
वैसे काम जो लड़कों को जरूर करने चाहिए जो अब तक लड़कियों के काम कहे जाते हैं—–
1. सुबह की चाय और नाश्ता बनाना: ये सिर्फ चाय नहीं दिन की शुरुआत है. जब आप चाय बनाते हैं तो आपको अंदाजा लगता है कि 15 मिनट में कितनी मल्टीटास्किंग लगती है.
2. बर्तन धोना और किचन समेटना: घरों में सबसे ज्यादा झगड़ा इसी पर होता है. रोज 20 मिनट बर्तन धोने से न सिर्फ किचन साफ रहता है बल्कि आपका पार्टनर या घरवाले भी आपको ज्यादा पसंद करने लगते हैं. आप कभी घर में अकेले रह गए तो आप के आगे यह समस्या नहीं आएगी कि खाना किस बर्तन में बनाऊं.
3. झाड़ू-पोछा और वॉशरूम साफ करना: सफाई को अक्सर छोटा काम समझा जाता है. पर यही काम घर को रहने लायक बनाता है. इसे करने से लड़कों को सफाई की इज्जत समझ आती है.
4. कपड़े धोना, सुखाना और तह लगाना: कपड़े मशीन में डालना आसान है पर कपड़ों को अलग करना, सुखाना और अलमारी में तह कर के वापस रखना पूरा मैनेजमेंट है.
5. बच्चे की यूनिफॉर्म प्रेस करना और चोटी बनाना: ये धैर्य का काम है. इससे पिता और बच्चे के बीच एक नया बॉन्ड बनता है.
6. बच्चे का होमवर्क और स्कूल बैग चेक करना: पढ़ाई सिर्फ माँ की जिम्मेदारी नहीं. पिता जब पढ़ाता है तो बच्चे को अलग नजरिया मिलता है.
7. सब्जी मंडी जाना और मोल-भाव करना: बजट मैनेजमेंट का सबसे प्रैक्टिकल स्कूल यही है. 500 रुपये में हफ्ता कैसे चलता है ये वहीं समझ आता है.
8. दाल-चावल जैसा रोज का खाना बनाना: हफ्ते में दो दिन ही सही पर पूरा खाना खुद बनाइए. इससे खाना बर्बाद करने की आदत भी खत्म होती है.
9. मेहमान आने पर पानी-चाय पूछना और बिस्तर लगाना: मेहमाननवाजी को ‘औरत का काम’ न समझें. ये संस्कार है जेंडर नहीं.
10. बुजुर्गों की दवा और खाने का ध्यान रखना: घर के बुजुर्गों को समय पर दवा देना, उनके पैर दबा देना वगैरह केयर का काम है जो लड़के अक्सर भूल जाते हैं. ये काम कर के भी मन को सुकून मिलता है.
11. किचन के डिब्बे भरना और राशन की लिस्ट बनाना: कौन सा सामान खत्म हो रहा है ये देखना छोटा लगता है पर पूरे घर को चलाता है. इस तरह के काम करने से लड़कों के अंदर भी जिम्मेदारी की भावना आती है.
12. त्योहार पर घर सजाना: दिवाली की सफाई या राखी की तैयारी में बराबर हाथ बंटाने से त्योहार का बोझ एक पर नहीं पड़ता.
13. बच्चे के डायपर बदलना और उसे सुलाना: रात में बच्चा रोए तो सिर्फ माँ ही क्यों उठे? पिता का उठना बच्चे में सुरक्षा की भावना बढ़ाता है.
14. अपनी और पार्टनर की अलमारी व्यवस्थित करना: अपने कपड़े खुद धोना और व्यवस्थित कर के रखना आत्मनिर्भरता की पहली सीढ़ी है.
15. ‘आज क्या खाना है’ पूछने की जगह खुद तय करना: रोज़ ये सवाल पूछना भी एक मेंटल लोड है. लड़के खुद भी तय कर सकते हैं कि क्या खाना है.
जर्नल ऑफ़ फॅमिली साइकोलॉजी में छपी यूनिवर्सिटी ऑफ़ साउथर्न कैलिफ़ोर्निया (USC) की स्टडी में 30 कामकाजी जोड़ों पर 3 दिन तक हर 10 मिनट की गतिविधि और स्ट्रेस हॉर्मोन कोर्टिसोल नापा गया. नतीजा था – जब पति घर के काम में हाथ बंटाते हैं तो पत्नी का स्ट्रेस लेवल सच में कम होता है.
इसी तरह हार्वर्ड बिजनेस स्कूल की प्रोफेसर Ashley Whillans ने 40,000 लोगों पर 7 अलग-अलग स्टडीज को मिलाकर पाया कि जो जोड़े घर के कामों को मिलकर करते हैं या उसे लेकर झगड़ने की जगह टीम की तरह बंटवारा करते हैं उनकी रिलेशनशिप सैटिस्फैक्शन कहीं ज्यादा होती है.
अगर लड़के लड़कियों के काम भी करें और इसी तरह लड़कियां लड़कों के काम करने से हिचकें नहीं तो उन्हें जिंदगी में कई तरह के फायदे मिलते हैं;
1. एक दुसरे के लिए इज्जत बढ़ती है क्योंकि काम की कीमत समझ आती है
जब तक खुद बर्तन नहीं धोए लगता है “इसमें क्या बड़ा काम है”. खुद करने पर पता चलता है कि कमर दुखती है, टाइम लगता है. फिर सामने वाले के काम को छोटा बोलना बंद हो जाता है.
2. झगड़े की सबसे बड़ी जड़ खत्म होती है –
“तुम समझते ही नहीं” एक ऐसा वाक्य है जिस से 90% घरेलू झगड़े शुरू होते हैं. जब दोनों एक-दूसरे का काम करके देखते हैं तो शिकायत की जगह समझ आती है.
3. प्यार वापस रोमांटिक होता है ड्यूटी नहीं रहता
जब काम ड्यूटी की तरह “तुम्हारा काम है” बन जाता है तो प्यार खत्म हो जाता है. जब वही काम “चलो साथ करते हैं” बन जाता है तो वही किचन डेट बन जाता है, वही बिल भरना टीम वर्क बन जाता है.
4. स्ट्रेस हॉर्मोन सच में कम होता है
यूएससी की स्टडी कहती है कि जब पति घर के काम में हाथ बंटाता है तो पत्नी के स्ट्रेस हॉर्मोन कोर्टिसोल का लेवल हेल्दी हो जाता है. मतलब लड़ाई होनी तो बंद होती ही है हेल्थ का भी फायदा होता है.
5. रिलेशनशिप सैटिस्फैक्शन बढ़ता है
हार्वर्ड की 40,000 लोगों पर हुई स्टडी कहती है जो जोड़े काम बांटते हैं वो ज्यादा खुश रहते हैं. क्योंकि टाइम बचता है और वो टाइम लड़ने में नहीं एक-दूसरे के साथ बितता है.
6. बच्चे जेंडर स्टीरियोटाइप से मुक्त होते हैं
जिस घर में पापा रोटी बनाते हैं और मम्मी ड्रिल मशीन चलाती है उस घर की यह बेटी नहीं सोचेगी की मैं कमजोर हूं और बेटा यह नहीं सोचेगा कि रोना लड़कियों का काम है.
7. आत्मनिर्भरता आती है
लड़की को नल ठीक कराने या बाहर जाने या इस तरह के छोटे मोटे कामों के लिए किसी का इंतजार नहीं करना पड़ता. वह आत्मनिर्भर बनती है. लड़के को भी भूख लगने पर बाहर होटल नहीं जाना पड़ता. दोनों खुद में पूरे हो जाते हैं. जरुरत पड़ने वे बहुत आसानी से अलग रह पाते हैं.
8. पैसे की बचत होती है
छोटे-छोटे काम जैसे नल ठीक करना, स्विच बदलना, कपड़े प्रेस करना जैसे कामों में हर बार 200-300 रुपये लग जाते हैं. इस तरह खुद ये सब काम कर के अकेले रहने वाले लड़की या लड़का महीने में 3000-4000 की बचत कर ही सकते हैं.
9. इमरजेंसी में घर नहीं रुकता
पति बाहर गया है तो क्या घर बल्ब बदलने के लिए मिस्त्री बुलाना होगा? पत्नी बीमार है तो क्या बच्चे भूखे रहेंगे? जब दोनों को दोनों काम आते हैं तो घर किसी एक की गैरमौजूदगी में भी अच्छे से चलता है.
10. करियर में सपोर्ट मिलता है
जब पति को पता है कि बच्चे को सुबह तैयार करने में 1 घंटा लगता है तो वो पत्नी को ऑफिस के लिए लेट होने पर ताना नहीं देगा बल्कि मदद करेगा. इससे महिला का करियर स्मूथली चलता है.
11. फिजिकल और मेंटल दोनों तरह की फिटनेस
लड़के जब झाड़ू-पोंछा, बर्तन करते हैं तो उनकी फिजिकल एक्टिविटी बढ़ती है. लड़कियां जब बाहर के काम, ड्राइविंग, मिस्त्री से डील करती हैं तो उनका कॉन्फिडेंस और सोशल एक्सपोजर बढ़ता है.
12. बुढ़ापे की तैयारी
60 साल के बाद एनएसओ डेटा कहता है कि पुरुष ज्यादा घरेलू काम करने लगते हैं. अगर ये स्किल जवानी में ही सीख ली जाए तो बुढ़ापे में किसी पर बोझ नहीं बनना पड़ता.
13. समाज में बराबरी का मैसेज जाता है
जब मोहल्ले में लोग देखते हैं कि शर्मा जी सब्जी ला रहे हैं और वर्मा जी की बेटी बाइक ठीक करा रही है तो धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले की सोच बदलती है.
14. टाइम पॉवर्टी खत्म होती है
आईआईएम अहमदाबाद की रिसर्च कहती है कि कामकाजी महिलाएं 7.2 घंटे घर के काम में देती हैं, पुरुष 2.8 घंटे. इससे महिलाओं के पास खुद के लिए टाइम ही नहीं बचता. काम बंटने से दोनों के पास बराबर आराम का टाइम बचता है.
