Family Story : बहू ने दरवाजे पर खड़े हो कर तीखे लहजे में कहा, ‘‘मम्मीजी, आप मेरी जबान न खुलवाओ वरना मैं कह सकती हूं कि आप एक स्लट हो.’’
शब्द हवा में तीर की तरह आए और कविता के सीने में धंस गए. यह एक ऐसा शब्द था जो किसी भी औरत के कलेजे को चीर दे. सास सुनयना के हाथ से चाय का कप छूटतेछूटते बचा. कमरे में सन्नाटा पसर गया. खिड़की से आती धूप भी जैसे ठिठक गई.
सुनयना ने कप टेबल पर रखा और बहू नेहा की आंखों में देखा. वहां गुस्सा था, घृणा थी और कहीं गहरे में डर भी.
‘‘क्या कहा तू ने?’’ सुनयना की आवाज में दर्द था. अपनी 48 साल की उम्र में उस ने बड़ेबड़े अफसरों की आंखों में आंखें डाल कर काम निकाले थे, यह लड़की क्या थी. पर आज कुछ टूटा था. शायद इसलिए क्योंकि कहने वाली अपनी थी.
नेहा ने नजरें नहीं झुकाईं बल्कि उसी लहजे में कहा. ‘‘सही सुना आप ने. सब जानते हैं. महल्ले वाले, आप के वे बड़ेबड़े दोस्त, ड्राइवर तक. फर्क सिर्फ इतना है कि कोई मुंह पर नहीं कहता. मैं ने कह दिया.’’
सुनयना का बेटा समीर सोफे पर बैठा मोबाइल स्क्रौल कर रहा था. मां और पत्नी की लड़ाई में बोलना उस ने कब का छोड़ दिया था. जब तक आग उस के जूतों तक न पहुंचे वह चुप रहता था.
‘‘क्यों? गलत क्या कहा मैं ने? पूरा शहर जानता है. कौनकौन गाडि़यों में आते हैं यहां. विधायकजी, ठेकेदार साहब, वे बिजली विभाग वाले सैक्रेटरी सब और आप…’’ नेहा की आवाज और तेज हो गई.
‘‘हां, आते हैं. तेरे ससुर ने तो छोड़ दिया था न मु झे और इसे,’’ उस ने समीर की तरफ इशारा किया, ‘‘तब कोई नहीं आया पूछने. अब आते हैं तो तकलीफ है?’’ कहते हुए सुनयना उठी. साड़ी का पल्लू ठीक किया. 48 की उम्र में भी 35 से ज्यादा की नहीं लगती थी. चेहरे पर झुर्रियां आ रही थीं मगर आंखों में जो चमक थी वह आज भी बड़ेबड़े अफसरों को अपनी तरफ खींच लेती थी.
‘‘ठीक है अगर तेरी नजर में मैं वही हूं तो यही सही,’’ सुनयना ने कहा और चुपचाप अपने कमरे में जा कर दरवाजा बंद कर लिया.
सुनयना सुंदर थी, कमाऊ थी पर उस के पास डिगरी नहीं थी और न कोई
खानदानी नाम था. था तो बस आकर्षक व्यक्तित्व और बातचीत का लहजा मीठा, नपातुला और अदाएं, कब आंखें झुकानी हैं, कब हंसना है, कब चुप रहना है यह हुनर उस ने 15 साल की उम्र में सीखा था.
सुनयना के लुक और अदाओं की चर्चा हमेशा से अंबाला कैंट से ले कर दिल्ली के पावर कौरिडोर तक रही थी. गेहुआं रंग, नुकीले नैननक्श और बात करने का एक ऐसा अंदाज कि सामने वाला 2 मिनट में मुरीद हो जाए. वह बीए पास थी. टाइपिंग जानती थी. पर उस का असली हुनर था लोगों को पढ़ना और अपने इशारे पर नचाना.
सुनयना की शादी 22 साल की उम्र में हुई थी. पति राकेश रेलवे में क्लर्क था. दहेज में मिली मारुति 800 और सुनयना की आंखों की मुसकान ले कर वह खुश था. 2 साल में समीर हुआ. तीसरे साल राकेश एक दिन जब औफिस गया तो वहीं से लापता हो गया. न चिट्ठी न फोन, न लाश. पुलिस ने फाइल बंद कर दी, ‘‘इच्छा से गया होगा.’’
तब सुनयना केवल 25 साल की थी. एक 3 साल के बच्चे के साथ अकेली. मायके वाले बोले वापस आ जा. ससुराल वालों ने दरवाजा बंद कर लिया और जलीकटी सुनाई कि कुलटा है तभी मर्द छोड़ गया.
सुनयना ने तय किया कि अब रोना नहीं है और न ही हार माननी है. वह अपने मायके भी वापस नहीं गई. अपनी जिंदगी अपने हिसाब से शुरू की. उस ने अंबाला में ट्यूशन पढ़ाई, ब्यूटीपार्लर में काम किया. पर खर्चे बढ़ते गए. समीर को कौन्वैंट में पढ़ाना था. तब उस की मुलाकात कुमार से हुई जो शहर के बड़े ट्रांसपोर्टर थे. सुनयना उन की बीवी का मेकअप करने गई थी.
कुमार ने कहा, ‘‘इतनी स्मार्ट हो, मेरे औफिस में रिसैप्शन संभाल लो.’’
तनख्वाह क्व8000 थी. 2001 में यह बड़ी बात थी. औफिस में सुनयना ने देखा और सम झा कि काम कैसे होता है. फाइल कैसे सरकती है. कौन सा अफसर चाय पर मान जाता है, कौन डिनर पर. उस ने सीखा कि अदब, अदाएं और वक्त पर परोसा गया खाना ये 3 चीजें दिल्ली तक दरवाजे खोल देती हैं.
2005 तक सुनयना दिल्ली शिफ्ट हो गई. लाजपत नगर में 1 बीएचके किराए पर लिया. समीर को अच्छे स्कूल में डाला. खुद एक एनजीओ ‘महिला सशक्तीकरण’ जौइन कर लिया एनजीओ की आड़ में नेताओं से मिलना आसान था.
एमएलए अमनजी को सुनयना के हाथ के राजमाचावल पसंद थे. बिजली बोर्ड के सैक्रेटरी नमनजी को उस की बातचीत. बिल्डर कमलजी को उस की हंसी.
सुनयना कभी किसी से कुछ सीधे नहीं मांगती थी. वे बस माहौल बनाती थी. ‘‘अमनजी, समीर का एडमिशन अटक गया है.’’
अगले दिन प्रिंसिपल का फोन आ गया.
‘‘नमनजी, गरमी बहुत है, कूलर भी जवाब दे गया.’’
शाम तक नया एसी लग गया.
बदले में कभीकभी डिनर. कभीकभी ड्राइव. कभीकभी देर रात
तक रुकना या फिर एक मदहोश सी शाम का वादा.
महल्ले वाले कहते, ‘‘देखो, बिना मर्द के कैसे ठाट से रह रही है.’’
सुनयना सुनती और मुसकरा देती. सफाई देने से ऐसी अफवाहें और बढ़ती हैं.
ड्राइवर रामू को सुनयना हर बार खाना पैक कर के देती और कहती, ‘‘बच्चों को दे देना और हां, जो यहां देखते हो वह बाहर नहीं जाना चाहिए. सम झे?’’
रामू सिर हिलाता. वफादारी खरीदी नहीं जाती बल्कि खिलाई जाती है.
समीर को मां की दुनिया की आदत हो गई थी. 16 साल की उम्र में उसे केटीएम बाइक चाहिए थी. मिल गई. 17 की उम्र में आईफोन हाथ में था. कालेज में फेल हुआ तो मां ने किसी अंकल से कह कर मैनेजमैंट कोटा दिलवा दिया.
उसे पता था कि मां के दोस्त कौन हैं. पर उस ने कभी सवाल नहीं किया. क्यों करता? उस की हर जिद पूरी जो
होती थी.
23 साल का हुआ तो उस ने 20 साल की नेहा से कोर्ट मैरिज कर ली. नेहा उस के कालेज में जूनियर थी. दुबलीपतली, बड़ेबड़े सपनों वाली.
समीर ने उसे शुरू में ही बता दिया. ‘‘मेरी मां थोड़ी अलग है. एडजस्ट
कर लेना.’’
नेहा को लगा मौडर्न सास होगी. पार्टीज वाली. पर जब वह घर आई तो देखा कि यहां तो हर हफ्ते कोई अंकल डिनर पर आता है. कोई गिफ्ट लाता है, कोई लिफाफा. शुरू में नेहा चुप रही. फिर चुभने लगा. खासकर जब उस की सहेलियां ताने देतीं और कहतीं, ‘‘तेरी सास तो हाईफाई है यार.’’
शादी के 2 साल बाद समीर को लगा कि अब कुछ काम करना चाहिए. दोस्त ने आइडिया दिया, ‘‘बिजली विभाग में 500 कंप्यूटर का टैंडर आया है. अपनी मम्मी से कह सैक्रेटरी नमनजी से सैटिंग करा दे. कमीशन 20% है.’’
समीर ने मां से कहा. सुनयना ने पहली बार मना कर दिया, ‘‘बेटा, नमनजी रिटायरमैंट के करीब हैं. अब रिस्क नहीं लेते और तू ने कभी कंप्यूटर देखा भी है? टैंडर ले कर क्या करेगा?’’
नेहा को लगा सास जानबू झ कर टांग अड़ा रही है. रात को उस ने समीर के कान भरे, ‘‘तेरी मां नहीं चाहती कि तू अपने पैरों पर खड़ा हो. उसे कंट्रोल की आदत है. जब तक तू मांगता रहेगा वह क्वीन बनी रहेगी.’’
अगले दिन फिर बहस हुई. समीर चिल्लाया, ‘‘सब की मांएं बेटों का कैरियर बनाती हैं और तुम?’’
सुनयना ने सिर्फ इतना ही कहा, ‘‘कैरियर भीख से नहीं बनता समीर मेहनत से बनता है.’’
इस के बाद शाम में नेहा के मुंह से वह शब्द निकल गया, जिस ने 25 साल की चुप्पी तोड़ दी.
उस रात सुनयना ने अपना सूटकेस निकाला. पुराना लेकिन मजबूत. वैसा ही जैसा वह खुद थी. सुनयना ने सूटकेस पैक किया. 2 जोड़ी साड़ी,
एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और समीर के बचपन का एक फोटो लिया और लौकर से 2 लाख कैश निकाला. ये उस के अपने रुपए थे किसी से मांग नहीं थे.
डाइनिंगटेबल पर एक चिट्ठी रखी:
‘समीर और नेहा,
‘मैं 1-2 साल के लिए जा रही हूं. कहां, यह मत पूछना. बस इतना सम झो कि मैं सेफ रहूंगी और अपनी जिंदगी जीऊंगी. तुम दोनों अब बड़े हो चुके हो. खुद कमाओ, खाओ और रहो. अपने बल पर. मु झ से शायद गलती हुई कि तुम्हें हर चीज प्लेट में सजा कर दी. उस की सजा मैं काट रही हूं. अब तुम अपनी गलतियों से सीखो.
‘तुम्हारी मां.’
सुबह 7 बजे जब नेहा उठी तो घर खाली था. सूटकेस गायब था. टेबल पर चिट्ठी रखी थी.
समीर ने चिट्ठी पढ़ी तो पहली बार उसे डर लगा. मां के बिना एसी का बिल कौन भरेगा? राशन कौन लाएगा? ‘‘अंकल अब किस के लिए घर आएंगे और गिफ्ट लाएंगे?’’
नेहा को सास के बिना पहला महीना हनीमून लगा. फुल फ्रीडम थी. कोई रोकटोक नहीं. दूसरे महीने एसी का बिल क्व8000 आया. किराए के लिए मकान मालिक घर आ गए. समीर की सेविंग तो जीरो थी.
नेहा और समीर में लड़ाई शुरू हो गई थी, ‘‘तेरी वजह से मां गई. तू ने ही वह शब्द बोला था.’’
प्यार का भूत उतर चुका था. अब सिर्फ घर खर्च का भूत सिर पर नाच रहा था.
नेहा को पहली बार सम झ आई, ‘स्लट’ शब्द की कीमत. वह गाली नहीं थी, वह उस की छत थी, उस का एसी था, उस का जोमैटो था. आज उसे पश्चात्ताप हो रहा था यह सोच कर कि उस ने अपनी जबान पर कंट्रोल क्यों नहीं रखा. मां ने अगर कुछ किया था तो मजबूरी में. अब नेहा और समीर नौकरी की तलाश में लग गए थे ताकि कुछ रुपए घर में आ सकें और उन का घर चले.
