Heart Touching Story : घंटों हो गए थे हमें एकदूसरे के साथ बैठे हुए. यह दूसरी बार चाय और्डर की थी. वेटर 2 बार पूछ कर जा चुका था, ‘‘सर, कुछ और?’’
मैं ने उसे देखे बिना ही बेरुखी से जवाब दिया, ‘‘कुछ नहीं.’’
उस ने हिम्मत नहीं हारी और चारू की तरफ रुख किया, ‘‘मैडम आप क्या लेंगी सैंडविच या मफिंस?’’
चारू ने सिर झुक कर पर्स में कुछ ढूंढ़ने का ढोंग किया. ढोंग? ढोंग ही शायद. क्योंकि इस वक्त वह हम दोनों के बीच किसी और को बाधक नहीं बनने देना चाहती थी.
वेटर ने एक बार हमें और फिर अपनी कलाई में बंधी घड़ी पर नजर डाली. उस के लिए समय का मतलब 2 कप चाय और डेढ़ घंटे थे पर हम दोनों के लिए मानो समय रुक सा गया था.
शहर से बाहर इस छोटे से होटल पर गिनती के लोग आते थे. चारू को यह जगह बहुत पसंद थी. इस की साजसजावट मिट्टी से जोड़ती थी. ज्यादा ताम झाम नहीं. मौसम भी आज हमारे साथ था. सफेद बादलों से गुथमगुत्था करते स्लेटी बादल उन्हें पीछे धकेल पूरे आसमान में बिखरे थे. एक तेज हवा का झोंका हमारे मन को सहला गया. हवाएं बेचैन थीं हमारे मन की ही तरह…
कुछ ऐसे ही मौसम में मैं ने चारू का हाथ पकड़ा था. मेरा यों अचानक हाथ पकड़ना उस के लिए काफी था. चेहरे पर पसीना आ गया था. उस ने चोर नजरों से मेरी ओर देखते हुए कहा था, ‘‘क्या कर रहे हो? हम बच्चे नहीं, सब देख रहे हैं हमारी तरफ…’’
मैं ने लापरवाही से कहा. ‘‘सब. वैसे भी यह हाथ तुम्हें उम्रभर पकड़ कर चलना है फिर दुनिया की क्या परवाह करना. मैं दुनिया की परवाह नहीं करता.’’
‘‘पर मुझे तो है,’’ चारू ने हाथ छुड़ाते हुए कहा.
मैं ने शरारत भरी आंखों से उस की ओर देख कर कहा, ‘‘क्या मु झ से प्यार दुनिया से पूछ कर किया था? इस का मतलब तुम्हारे लिए दुनिया पहले है मैं बाद में आता हूं,’’ मैं ने झूठी नाराजगी दिखाते हुए मुंह घुमा लिया.
वह तड़प उठी, ‘‘इस का क्या मतलब? क्या अब भी मु झे अपना प्रेम जताना पड़ेगा? यह बचपना है. मेरे लिए तुम क्या हो यह तुम अच्छी तरह से जानते हो. क्या हाथ पकड़ भर लेने से प्रेम जाहिर हो जाता है? यह दिखावा है. सच कहूं तो आजकल की पीढ़ी की चोंचलेबाजी…’’
मेरी पकड़ ढ़ीली हो गई थी पर विश्वास और भी पक्का और गहरा हो चुका था. अपने प्यार पर, उस की पवित्रता पर वह सिर्फ मेरी है सिर्फ मेरी…
वेटर ने एक बार फिर हमें बड़ी उम्मीद से देखा. शायद वह हमारे मंगाए खाने के
हिसाब का मन ही मन अपनी टिप से हिसाबकिताब कर रहा था. लाजिम भी था सिर्फ चाय और्डर करने वाले 2 ही तरह के लोग होते
हैं या तो प्रेमी युगल या फिर टाइम पास करने वाले ग्राहक.
‘‘ऋषभ तुम कुछ लोगे?’’ उस ने सिर झुकाए झुकाए ही पूछा.
हवा से लहराते बाल एक जिद्दी बच्चे की तरह उस के चेहरे पर बारबार आ रहे थे. उस ने अपनी लंबीलंबी उंगलियों से अपने बालों को पकड़ कर कानों के पीछे फंसा दिया और उस शरारती बच्चे की शरारत को शांत कर दिया. वह चुपचाप बैठी थी मेरे सामने. सोचता हूं कैसा महसूस करते होंगे उस जमाने के प्रेमी जो अपना प्रेम उन गुलाबी पन्नों के हवाले कर सुकून से जवाब आने का इंतजार करते होंगे पर आज के युग में प्रेम तो रहा पर प्रेम पत्र गुम हो गए. वैसे भी हमारा प्रेम टीनऐजर का प्रेम नहीं था. हम ने एकदूसरे को प्रेम पत्र तो नहीं लिखे थे पर मोबाइल की लाइट जब देर रात स्याह अंधेरे में अचानक जलती और एक नाम उभर कर आता उस से मेरा चेहरा खिल जाता.
हमारा प्रेम पिज्जा और बर्गर वाला प्रेम नहीं था. हम ने अपने प्रेम पत्र एकदूसरे के सामने बैठ कर कभी कुल्हड़ तो कभी कांच के गिलास तो कभी इस होटल के सफेद कपों के साथ एकदूसरे की आंखों में आंखें डाल कर लिखे थे. सच कहूं तो हमारी उम्र में प्रेम पत्र जितने लिखे नहीं जाते, उन से कहीं अधिक वे घोल दिए जाते हैं चाय की छोटीछोटी चुसकियों में…
हमारा प्रेम भी कुछ ऐसा ही था. उस की लंबीलंबी पतली उंगलियों में फंसा चम्मच आज बहुत देर तक चीनी को चाय में घोलता रहा. शायद ऐसा कुछ था जिसे वह चाय के साथ घोल कर पी जाना चाहती थी. अचानक उस की उंगलियां रुकीं और गोलगोल घूमती चाय में बनता भंवर भी स्थिर होता चला गया. वैसे भी इधर कई मुलाकातों में मैं ने उस के व्यवहार में बेचैनी महसूस की थी. होंठों से ज्यादा बोलने वाली उस की आंखें अचानक शांत हो चली थीं, ‘‘ऋ षभ, यह हमारी आखिरी मुलाकात है.’’
‘‘क्यों?’’ यह सवाल मेरे होंठों ने नहीं मेरी आंखों ने पूछा था.
मेरी आंखों में उग आए सवालों को नजरअंदाज करते हुए उस ने अपनी आंखें फेर लीं. मैं उसे देखता रह गया. अंदर का प्रेमी कहीं कोने में दुबक गया था और पुरुष जाग चुका था. न जाने कितने सवाल मनमस्तिष्क पर दस्तक दे रहे थे पर मैं ने कुछ भी नहीं पूछा और सवालों को डांट कर शांत करा दिया. वह जा रही थी मेरी जिंदगी से पर मैं ने भी उसे कहां रोका था. रोकना भी क्यों, वह मेरे जीवन में आई भी अपनी मरजी से थी और जा भी अपनी मरजी से रही थी. वैसे भी जाने वाले को कोई भला कहां रोक पाया है.
मेरे ठंडे व्यवहार को देख वह चुपचाप अपनी जगह से उठ गई और मु झे मेरे अकेलेपन के साथ छोड़ कर चली गई. शायद उसे मेरी आंखों में प्रेमी कम पुरुष ज्यादा दिखाई दिया था.
मैं मुसकरा पड़ा. स्लेटी रंग की खादी की साड़ी, औक्सीडाइज ज्वैलरी, बांएं हाथ में घड़ी और उंगलियों से कंघी कर बनाया गया बेतरतीब सा ढीला जूड़ा सब मेरी पसंद का. मेरी पसंद? इन बीते 5 सालों में कब चारू की पसंद मेरी पसंद बन गई मु झे पता भी नहीं चला. वह जा रही थी मु झ से दूर बहुत दूर… मैं ने उसे जाने दिया.
क्या जरूरी है कि हर लड़ाई लड़ी जाए? हर बात पर एक लंबी अंतहीन बहस की जाए? हर दुख का इलाज हो जरूरी तो नहीं, हर बार अपनी बात कही जाए, सम झाई जाए, प्यार जताया जाए, प्यार के लिए मिन्नतें की जाएं या फिर मन्नतें की जाए कि सब पहले जैसा हो जाएं और वह हो भी जाए, यह जरूरी तो नहीं?
चारू जा चुकी थी उस होटल से ही नहीं मेरी जिंदगी से भी. सामने रखे चाय के प्याले में अभी भी थोड़ी सी चाय थी. उस की वाइन कलर की लिपस्टिक के निशान कुछ देर पहले उस के यहां होने के सुबूत के तौर पर अभी भी चाय के प्याले पर देखे जा सकते थे. रजनीगंधा की खुशबू अभी भी फिजाओं में थी.
निराशा से मेरा मन डूबता जा रहा था. मैं कोस रहा था खुद को कि क्यों,
क्यों नहीं पूछा मैं ने उस से दोबारा कभी न मिलने का कारण. वह झटके से उठा और चारू के प्याले में बची चाय को एक घूंट में पी गया जैसे खुद से कहना चाह रहा हो कि हम ने एकदूसरे से पूछा नहीं कि क्यों यह रिश्ता टूट रहा है. शायद दोनों को इस का अंदाजा पहले दिन से था जब हम ने प्यार भरी आंखों से प्रेम पत्र लिखने शुरू किए थे. तब दोनों एक ही क्लास में पढ़ते थे. नोटस ऐक्सचेंज करते थे. पढ़ाई पूरी करने के बाद भी मिलते रहे. चारू तरहतरह के कोर्स कर रही थी. मैं तरहतरह की नौकरियों को उलटपलट रहा था. दोनों के जीवन में स्भामिक नहीं था.
दोनों के मन तो कब के मिल चुके थे पर दोनों को एहसास था कि दोनों अलगअलग दुनिया के हिस्से थे. हमारे आर्थिक स्तर में जमीनआसमान का फर्क था. मेरी कभी हिम्मत नहीं हुई कि मैं उस से कह सकूं कि क्या हम हमेशा साथसाथ रह सकते हैं? उस ने भी नहीं कहा क्योंकि वह मेरी हिम्मत भी परखना चाहती थी. अगर मैं हिम्मत करता तो शायद वह सब कुछ छोड़ कर मेरे साथ चली आती. पर मु झ से यह नहीं हो सका.
‘‘तुम कहीं भी रहो पर मेरे जीवन में, मु झ में हमेशा रहोगी थोड़ाथोड़ा.’’
बिछड़ कर के भी वह मु झ में जिंदा थी सालोंसाल. उस के जाने के बाद जीवन में कुछ खास नहीं बदला था बस निशा के मेरी जिंदगी में आने के अलावा. निशा मेरी पत्नी थी. मेरे ठंडे स्वभाव को उसे सम झते देर नहीं लगी थी. वह किसी और से जानती इस से पहले मैं ने ही अपना अतीत उस के सामने खोल कर रख दिया था. एक बार भी नहीं सोचा कि उसे कैसा लगेगा. वह छली गई थी दूसरों से नहीं मु झ से. मैं उस का गुरूर था पर एक पल में उस का वह गुरूर टूट चुका था. उसे बता कर मैं हलका हो चुका था. दिल का बो झ कहीं न कहीं हलका हो चुका था पर मैं यह नहीं सम झ पाया कि मैं ने अपना बो झ अब उस के सीने पर रख दिया है.
निशा को मेरे अतीत का पता चल चुका था. उस की सिसकियों की आवाज मैं ने कई दिनों तक महसूस की थी. सूजी हुई आंखों में तैरते लाल डोरे बीती रात की चुगलियां कर ही देते थे. हम एक कमरे एक बिस्तर को सा झा करते थे पर तन और मन से आज भी जुड़ नहीं पाए थे. मेरी रातें बेचैनी में बदलती करवटों में बीत रही थी. निशा बगल में चुपचाप पड़ी रहती थी. मैं गुनहगार था उस का. उस का तो कोई कुसूर भी नहीं था.
चारू मेरे जीवन से जा कर भी नहीं जा पाई थी. उस के लौटने की कोई संभावना नहीं थी. शहर के किसी बड़े बिजनैस मैन से उस की शादी हुई थी. अपने नए जीवन में वह काफी खुश थी. मैं उस की खुशी में खुश होना चाहता था पर खुशी न जाने क्यों उस से रूठ गई थी. मैं चाहता था कि पहले जैसा ही हो जाऊं पर सच कहूं तो वक्त के थपेड़ों में मु झे याद ही नहीं कि मैं वास्तव में पहले कैसा था?
उस दिन न जाने क्यों मु झे बिलकुल नींद नहीं आ रही थी. निशा भी शायद जाग रही थी. उस ने धीरे से साइड लैंप जलाया, ‘‘अभी तक जाग रहे हैं?’’
‘‘नींद नहीं आ रही.’’ मैं ने ठंडा सा जवाब दिया.
‘‘नींद नहीं आती या फिर सपने आप को सोने नहीं देते?’’
मैं ने चौंक कर उस के चेहरे की ओर देखा. कितनी आसानी से वह कह गई थी मेरे दिल की बात. मैं बहुत देर तक उस के चेहरे को पढ़ने की कोशिश करता रहा. उस के चेहरे पर एक भी भाव नहीं था जिसे मैं पढ़ सकता. वह एक झटके से उठी और उस ने अलमारी खोली. चारू के झुमके उस ने मेरे हाथों पर रख दिए. उस दिन मैं चारू को इन्हें ही तो देने गया था. मैं सकपका गया शायद निशा से इस बात की उम्मीद नहीं थी.
‘‘मेरी दादी कहती थीं किसी आदमी की जुड़ी यादें सिरहाने पर रख कर सोइए, फिर उस के सपने नहीं सताते.’’
कब तक उस के नाम के झूठे सपने देख कर मैं अपने मन को तसल्ली देता रहता. मैं भी तो उन सपनों से बाहर आ जाना चाहता था. जीवन में बहुत कुछ बदल चुका था. निशा शांत थी बिलकुल शांत एक झील की तरह… उस ने मेरे हाथों को अपने हाथों में ले कर कहा. ‘‘जो बदल गया उसे बदल जाने दो. उस का उम्रभर मातम क्या मनाना. सुख चाहे दुख में बदला हो आगे बढ़ कर उसे वैसे ही गले लगा लो जैसे सुख को लगाया था.’’
मैं सोच रहा था, क्या पहला प्यार सिर्फ परियों की कहानियों में पूरा होता है? चारू भी तो मेरे लिए एक परी की ही तरह थी और मैं उस का राजकुमार पर हमारी कहानी तो कभी पूरी नहीं हुई. मैं अंधेरे में एक ऐसे जुगनू की तलाश कर रहा था जो किसी और के जीवन में उजाला कर रहा था पर मेरे जीवन में उजाला करने वाली तो निशा थी. दुबलीपतली साधारण सी दिखने वाली निशा, अंदर से इतनी मजबूत होगी यह मैं ने कभी सोचा भी नहीं था. अपने पति के अतीत को जान कर भी वह इतनी सहज बनी रही? क्या हमें अपने जीवन में ऐसी परियों का सम्मान नहीं करना चाहिए? हम क्यों उस जुगनू को पकड़ने की कोशिश करते हैं जो कभी हाथ नहीं आता.
हम दोनों दुखी थे. हमारे दुख के कारण अलगअलग थे. कहते हैं 2 लोगों को जोड़ने का काम प्रेम से कहीं अधिक दुख ने किया है. मैं वर्षों से इस दुख को चुभला रहा था. न जाने कितने दिन और कितनी रातें इस दुख को चुभलाते बीती थीं पर मेरे जीवन में उस दिन की घटना के बाद धीरेधीरे कुछ बेहतर बदलने लगा था. मैं अब निशा के साथ सहज होने का प्रयास करने लगा था.
आज बौस की मैरिज ऐनिवर्सरी थी. शहर के बड़े और महंगे मैरिज लौन में एक ग्रैंड पार्टी का आयोजन था. औफिस के सभी लोगों को बुलाया गया था.
‘‘निशा, शाम को तैयार रहना, पार्टी में चलना है.’’
निशा मु झे आश्चर्य से देख रही थी. शादी के इतने दिनों बाद मैं ने पहली बार उस से कहीं साथ चलने को कहा था. शादी के बाद मैं ने आनाजाना छोड़ ही दिया था. कहीं बहुत जरूरी होता तो अकेला ही जाता पर निशा को साथ ले कर कभी गया ही नहीं. निशा ने कभी इस बात की कोई शिकायत भी नहीं की थी. शायद उस ने अपनी स्थितियों के साथ सम झौता करना सीख लिया था.
थोड़ी ही देर बाद हम उस नामीगिरामी मैरिज लौन के सामने खड़े थे. शहर का जानामाना मैरिज लौन. बड़ेबड़े लोगों की शादियां और समारोह यहीं होते थे. निशा ने हलके गुलाबी रंग की प्योर शिफौन की साड़ी पहन रखी थी. कितनी खूबसूरत लग रही थी वह. खूबसूरत तो वह पहले भी थी. लोगों के मुंह से उस की खूबसूरती और सादगी के बारे में सुना था पर आज पहली बार मैं ने उसे इतने ध्यान से देखा. उस की सादगी में भी एक खूबसूरती थी. माथे पर छोटी सी बिंदी आसमान में भोर के तारे की तरह चमक रही थी. कानों में छोटेछोटे झुमके जब भी हिलते शरारत से उस के मुंह को चूम लेते.
मैं बौस को ढूंढ़ता हुआ स्टेज तक पहुंच गया. बौस और उन की पत्नी की पीठ मेरी तरफ
थी. वे किसी से शुभकामनाएं लेने में व्यस्त थे. मैं हाथों में गुलाब का बुके लिए अपनी बारी के आने का इंतजार कर रहा था. तभी…
‘‘हैलो ऋ षभ, हाऊ आर यू मीट माई वाइफ चारू जयपुरिया.’’
सामने चारू खड़ी थी. कितना बदल गई थी चारू… खादी साड़ी की जगह किसी मशहूर ब्रैंड के गाउन ने ले ली थी. कानों में हीरे के बड़ेबड़े टौप्स और बाएं हाथ की उंगली में प्लैटिनम में जड़ा एक बड़ा से सौलिटीयर…
‘‘हैलो सर, हैलो चारू मेम…’’
जबान फिसलतेफिसलते बची. उस ने अपनी जबान को दांतों के बीच दबा लिया. एक हलकी सी मुसकान के साथ चारू जयपुरिया ने उस के अभिवादन का जवाब दिया. उस की वे आंखें जो न कुछ बोल कर भी बहुत कुछ बोल जाती थीं बिलकुल शांत पड़ी थीं. मेकअप की मोटी परत से दमकते चेहरे के पीछे खुशियां नदारद थीं. चारू के ठंडे व्यवहार से मैं स्तब्ध था जैसे उस ने मु झे पहचाना ही नहीं था. क्या वक्त के साथ मैं इतना बदल गया था या शायद उस ने पहचान कर भी नहीं पहचाना था. निशा के होंठ धीरे से बुदबुदाए, ‘‘चारू…’’
मेरा अतीत और वर्तमान एकसाथ मेरे सामने खड़े थे. मैं अपने अतीत से रूबरू होना चाहता था पर मेरा अतीत मु झे पहचानने से इनकार कर रहा था.
तभी मेरे वर्तमान ने मेरे हाथों को मजबूती से पकड़ा, ‘‘नमस्ते मैम, मैं निशा ऋ षभ की पत्नी…’’
मैं आश्चर्य से निशा के चेहरे पर पसरे आत्मविश्वास को देख रहा था. यही विश्वास तो वर्षों पहले मैं ने चारू के चेहरे पर अपने लिए देखना चाहा था पर… मैं ने निशा के हाथों को मजबूती से पकड़ लिया. निशा की आवाज मेरे कानों में गूंज रही थी.
‘‘जो बदल गया उसे बदल जाने दो. उस का उम्रभर मातम क्या मनाना.’’
