stories : हजारों  लोगों की भीड़ में अगर कोई एक चेहरा तलाशना हो तो कितना मुश्किल होगा और वह भी तब जब बदन पर लाठियां बरस रही हों.

आदित्य एक जानेमाने अखबार का जर्नलिस्ट, जिस ने दर्जनों विरोध प्रदर्शन कवर किए थे लेकिन उत्तराखंड के इस बर्फीले पहाड़ पर जो पिछले 3 दिनों से चल रहा था, वह सब से अलग था. इसलिए आज सुबह ही वह

उत्तरांचल के पहाड़ों में चल रहे प्रोटैस्टों पर अपनी रिपोर्ट बनाने आया था. उस की सुबह और शाम लोगों के धरनों, उन के विचारों, क्रोध और लोक गीतों के बीच गुजरता, जहां देवदार और चीड़ के जंगलों को बचाने के लिए हजारों लोगों ने एक अटूट इंसानी जंजीर बना रखी थी.

रात के समय कोई जरूरी बात या घटना उस से छूट न जाए इसलिए किसी होटल में रुकने के बजाय धरने वाली जगह ही पास के गांव के एक घर में इजाजत ले कर आदित्य ठहर गया और गांव वाले भी यह सोच कर कि शायद आदित्य का आर्टिकल सरकार को जनता के पक्ष में ले आए उसे अपने साथ पूरे विश्वास से रहने देते हैं.

गांव के एक घर में ठहर कर उन का प्यार देख कर, मेहमाननवाजी पा कर आदित्य सोचता कि क्या कोई रिजोर्ट यह अपनापन दे पाएगा? नहीं न. तो फिर बड़े आलीशान रिजोर्ट बनाने के लिए घाटियों के, पहाड़ों के पेड़ क्यों काटे जा रहे हैं? आज सरकार और प्राइवेट कंपनियों की ये सैकड़ों कुल्हाडि़यां सिर्फ पेड़ नहीं बल्कि यहां के लोगों का प्यार, विश्वास और सदियों से संभाले इतिहास को भी काट रही हैं, जिस की भरपाई कोई भी मुआवजा पूरा नहीं कर पाएगा और फिर पहाड़ों में कटाई प्राकृतिक आपदा को भी तो न्योता देगी. पहली रात अपने इन्हीं विचारों को आदित्य अपनी रिपोर्ट में उतार कर सो गया.

अगली दोपहर का सूरज बर्फीली चोटियों में कुछ खास गरमाहट नहीं दे रहा था, ऊपर से ठंडी हवा की मार भी प्रदर्शनकारियों के बदन को कंपा रही थी. लेकिन आदित्य को उन कांपते बदनों में मजबूत हौसले साफ नजर आ रहे थे. वह अपने कैमरे से बुजुर्ग प्रदर्शनकारी चेहरों की  झुर्रियों, महिलाओं की पहाड़ी शालों और युवाओं की रंगबिरंगे टोपियों की तसवीरें ले रहा था. उन के नारों को भी अपने मन में उतार रहा था.

शाम होतेहोते तापमान काफी नीचे गिर चुका था. लोग अपना हौसला खो रहे थे जिस से पूरी पहाड़ी में घने अंधेरे के साथ सन्नाटा भी छा गया. न कोई नारा, न कोई लोक गीत. रोशनी के नाम पर बस कुछ मशालें और लालटेनें जल रही थीं. आदित्य भी ठंड के मारे कैमरे को बंद कर अपनी हथेलियों को आपस में रगड़ते एक ठंडी चट्टान पर बैठ गया और बुरी तरह कांपने लगा. उसे एहसास हुआ कि उस ने पहाड़ों की इस जानलेवा ठंड को बहुत हलके में लिया था.

आदित्य को यों कांपता देख एक महिला ने कहा, ‘‘बेटा, हम यहीं की मिट्टी के हैं, हमारा इस के लिए लड़ना जयाज है. मगर तुम क्यों अपनी जान से खेल रहे हो?’’

एक और बुजुर्ग भी बोले, ‘‘जाओ अंदर गांव में जाओ. आग के पास बैठो. तुम दूसरे शहर के बच्चे हो पहाड़ों की ठंड तुम्हारी दुश्मन है.’’

आदित्य ने एक मुसकान भरी और कहा, ‘‘हम सब एक ही मिट्टी के तो हैं… बस कुछ यहां हैं और कुछ दूसरे शहर… और बाबा पहाड़ की ठंड दुश्मन हुई तो क्या. पहाड़ तो अपना हैं न?’’

‘‘वाह शहर वालों का मन इतना साफ है जान कर अच्छा लगा,’’ पीछे से आई आवाज पर आदित्य ने सिर उठा कर देखा तो एक खूबसूरत लड़की ने उस की तरफ चाय का एक बड़ा गिलास बढ़ाया, ‘‘इसे पी लो, इस से पहले कि हाथ पत्थर बन जाएं.’’

उस लड़की ने रंगीन ऊनी फेरन और मोटा स्कार्फ पहन रखा था लेकिन आदित्य का ध्यान उस के चेहरे ने खींचा जो इस अंधेरी रात में भी सितारे सा चमक रहा था.

लड़की को देख बुजुर्ग ने कहा, ‘‘वाह तारा सब के लिए चाय ले आई.’’

अपने मन में तारासितारा कहते हुए आदित्य ने ‘‘थैंक यू’’ कह कांपते हाथों से गिलास लिया. उस कड़क चाय के 2 घुंट शरीर में जाते ही मानों आदित्य के सीने में वापस जान फूंक दी.

लड़की बाकी लोगों को चाय दे रही थी कि पीछे से आदित्य ने कहा, ‘‘मैं आदित्य.’’

तारा उसे एक मुसकान दे चली गई. अब आदित्य केवल तारा को देख रहा था. वह उस अंधेरे में लगातार यहांवहां दौड़

रही थी. अपने दोस्तों के साथ कभी चाय कभी खाना तो कभी किसी को कंबल बांट रही थी. तारा का बांटा खाना कुछ देर बाद आदित्य को भी मिला. खाने में 4-5 तरह की सब्जी वाली खिचड़ी थी और एक चौकलेट भी. आदित्य ने एक निवाला ही लिया था कि तारा उस की बगल में आ कर बैठ गई.

‘‘कैसा लगा?’’ तारा ने पूछा.

‘‘क्या तुम ने बनाई है यह खिचड़ी?’’

‘‘नहीं मेरी मां ने. नीचे घाटी में हमारा छोटा सा ढाबा है. मैं ने तो यह चौकलेट बनाई है.’’

आदित्य ने यह सुनते ही खिचड़ी छोड़ चौकलेट खाई.

यह देख तारा ने कहा, ‘‘बड़े अजीब आदमी हो. लोग स्वीट डिश खाने के बाद खाते हैं न.’’

आदित्य ने मुसकान के साथ कहा, ‘‘जो पसंद हो वह पहले खा लो. वैसे चौकलेट अच्छी बनाई है तुम ने.’’

‘‘सच्ची? वैसे मु झे अपने गांव में अपनी बेकरी खोलनी है. ‘पहाड़ी बेकरी’ कैसा है नाम अच्छा है न?’’

आदित्य ने तारा की बात पर हां जताई तो उस ने कहा, ‘‘मैं ने इंटरनैट पर काफी वीडियो देख चौकलेट, मफिन, बैड बनाना सीख लिया है. अब जल्द ही अपनी बेकरी खोलूंगी. वैसे भी हमें यहां किसी रिजोर्ट के महंगे खाने की जरूरत नहीं बल्कि जरूरत है लोगों का सिखाना. जब हम सीख जाएंगे तो क्या खुद के लिए रोजगार नहीं बना लेंगे? अपना काम शुरू कर लेंगे.’’

आदित्य को तारा की बात बहुत तर्क भरी लगी. उस ने सोच लिया कि अपनी रिपोर्ट में वह इस बात को भी सामने लाएगा.

आदित्य ने पूछा, ‘‘वैसे तुम और तुम्हारे दोस्त काफी फुरतीले हो. देर रात तक काम कर रहे हो तुम सब. अब सुबह ताकत रहेगी कुछ करने की?’’

तारा ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘शहर के लोगों की तरह हम फास्ट फूड खा कर कोलैस्ट्रौल बढ़ाए नहीं बल्कि शुद्ध देसी खानपान कर फुरतीले नौजवान हैं.’’

आदित्य हंस दिया और तारा अपना खाना खत्म कर जाने लगी.

‘‘कल सुबह आओगी?’’ आदित्य ने पूछा.

‘‘नहींनहीं. सुबह स्कूल जाना होता है.’’

तारा तो जवाब दे चली गई लेकिन उस के जवाब ने आदित्य का सिर चक्करा दिया. वह खुद से सवालजवाब करने लगा कि स्कूल, क्या अभी भी स्कूल में पढ़ती है. क्या मैं स्कूल की लड़की के सपने ले रहा था. छि:.. छि…, नहींनहीं दिखने में मासूम, कम उम्र लगती है लेकिन इतनी भी नहीं कि स्कूल में पढ़ती हो. तो क्या पढ़ाती है? नहीं शक्ल से टीचर तो नहीं लगती और उस का तो ढाबा है.

अगली सुबह प्रोटैस्ट में थोड़ा समय देने के बाद आदित्य नीचे घाटी की ओर चल दिया. आखिर उसे तारा का स्कूल जो देखना था यानी अपने दिमाग में चल रहे तूफान को शांत जो करना था. जब वह घाटी पहुंचा तो कुछ कदम तय करते ही उसे तारा का ढाबा दिख गया. उस ने ढाबे में देखा तो शायद तारा की मां कुछ पका रही थीं. आदित्य को देख उन्होंने ने कहा, ‘‘तुम वह रिपोर्टर हो न? कुछ खाओगे?’’

आदित्य ने  झट से कहा, ‘‘नहींनहीं अभी नहीं मैं थोड़ा गांव देख लूं रिपोर्टिंग के लिए.’’

आदित्य जैसेजैसे गांव में आगे जा रहा था तो उसे पता चल रहा था कि वह गांव में काफी फेमस हो गया है. करीब हर गांव वाला उसे जानता है, उस का हालचाल पूछ रहा है.

अपनी तलाश आसान करने के लिए उस ने एक आदमी से पूछा, ‘‘स्कूल कहां है?’’

आदमी ने उल्टा प्रश्न किया, ‘‘कौन सा? बच्चों का या औरतों का?’’

आदित्य ने दिमाग पर जोर दिया और कहा, ‘‘औरतों का.’’

रास्ता मिलते ही आदित्य महिला स्कूल पहुंच गया. वह कोई आम स्कूल नहीं बल्कि स्किल लर्निंग स्कूल था. आदित्य ने देखा कि क्लास में महिलाओं को लिखनापढ़ना सिखाया जा रहा है और दूसरी ओर चीड़ के पत्तों से घर की सजावट का सामान बनाया जा रहा था. आदित्य इन दृश्यों को अपने कैमरे में कैद करने लगा कि इसी बीच एक तसवीर में तारा का चेहरा भी दमक उठा.

तारा अपने काम में इतनी व्यस्त थी कि उस का आदित्य पर ध्यान ही नहीं गया.

आदित्य भी तसवीरों के साथ खामोशी से वहां से निकल कुछ दूर ही गया था कि कानों में आवाज पड़ी, ‘‘अच्छा बिना इजाजत का तसवीर ली और चल दिए.’’

आदित्य पीछे पलटा तो तारा को पाया. तारा ने कहा, ‘‘चलो तुम्हें कुछ खिलातेपिलाते हैं.’’

तारा उसे अपने ढाबे पर ले गई और मंडुआ की रोटी, बाड़ी और बाल मिठाई परोसी. आदित्य ने बड़े चाव से खाना शुरू किया.

‘‘वैसे यहां कैसे आना हुआ?’’

मैं ने सोचा एक बार तुम्हारे गांव भी घूम आऊं. वैसे वही तुम्हारा स्कूल था?’’

‘‘हां. एक संस्था की पहल है. महिलाओं को स्किल सिखाने की, रोजगार कमाने की. मैं ने शहर में रह कर सोशियोलौजी में मास्टर किया था फिर लगा कि अगर मेरी पढ़ाई मेरे ही लोगों के काम नहीं आई तो फायदा क्या. इसलिए एक एनजीओ के साथ जुड़ कर वापस यहां आ गई और यह स्कूल या कहें अपनी क्र्रिएटिव वर्कशौप खोली.’’

आदित्य को तारा की सादगी में छिपी साफ नीयत और भी आकर्षित करने लगी.

आदित्य कुछ कहता कि तारा ने एक गंभीर स्वर में कहा, ‘‘लोग

पहाड़ों में पहाड़ों की सुंदरता, उस की हरियाली देखने आते हैं, यहां की वादियों में सुकून ढूंढ़ने आते हैं तो जब पेड़ काट कर यहां भी मौल और होटल बना देंगे तो यह भी तो शहर की तरह शोरशराबे से भर जाएगा. फिर लोग सुकून के लिए, हरियाली के लिए कहां जाएंगे और क्या पेट काट कर ये लोग हमारी सांसें नहीं काट रहे? मेरा घर, मेरा गांव नीचे घाटी में है. ये पेड़ इस पहाड़ की मिट्टी को बांध कर रखते हैं. अगर इन्हें काट दिया गया तो अगली बारिश का लैंडस्लाइड हमारे पूरे गांव को बहा ले जाएगा.’’

आदित्य तारा के गंभीर स्वरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पाया. वह बस उस का शांत चेहरा देखता रह गया.

आदित्य की नजरों से अपना चेहरा हटा

तारा बोली, ‘‘चलो मु झे काम है. शाम को चाय ले कर आऊंगी.’’

आज शाम पिछली से ज्यादा शर्द थी और माहौल में ज्यादा गरमी जिस की वजह काफी देर से सरकार, पास कि गांवों के सरपंच और रिजोर्ट वालों की चली आ रही मीटिंग थी. दोपहर से शाम हो चुकी थी लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया था. मगर तारा के ढाबे से सब के लिए चाय जरूर आ गई. आज तारा और उस के दोस्तों के साथ आदित्य ने भी सब को चाय बांटी. फिर दोनों अपनीअपनी चाय लिए हाथ सेंकने आग के पास बैठ गए.

‘‘बहुत देर से बातचीत चल रही है. पता नहीं अंदर क्या हो रहा है?’’

आदित्य तारा को हौसला देते हुए बोला, ‘‘फैसला तुम लोगों के पक्ष में ही होगा.’’

‘‘अच्छा अपने ऐक्सपीरियंस से बोल रहे हो?’’

‘‘नहीं भावनाओं से.’’

आदित्य की बात पर तारा मुसकरा दी. तभी कुछ दूर हलचल होने लगी. तारा, आदित्य सब देखने के लिए थोड़ा ही आगे बढ़े थे कि पाया अब सरकारी अधिकारी गांव के सरपंच और रिजोर्ट के लोगों के बीच हो रहे विवाद को शांत करने की कोशिश कर रहे थे.

इसी बीच रिजोर्ट के आदमी ने कहा, ‘‘अरे बेवकूफो अगर रिजोर्ट बनेगा तो तुम्हें

नौकरियां भी तो मिलेंगी.’’

इस पर इस बहस में तारा कूद पड़ी, ‘‘अच्छा कोई भी अच्छी और बड़ी नौकरी तो तुम यह कह कर नहीं दोगे कि गांव के युवाओं के पास कोई बड़ी मैनेजमेंट की डिगरी नहीं, कोई भी बड़े स्कूलकालेज से नहीं पढ़ा, किसी की इंग्लिश अच्छी नहीं. तो बोलो हम क्या सिर्फ कचरा साफ करेंगे. पहले तुम और तुम्हारे रिजोर्ट में आने वाले हमारे पहाड़ों को गंदा करें और फिर उस गंदगी को हम साफ करें. हम इतने भी बेवकूफ नहीं जो तुम्हारे दिखावे में आ जाए.’’

तारा की बात ने रिजोर्ट वालों के मुंह पर ताला लगा दिया. तारा ने फिर सरकारी अधिकारियों को देख कर कहा, ‘‘यहां रिजोर्ट नहीं, शिक्षा की जरूरत है. पिछले 20 सालों से सिर्फ 10वीं क्लास तक का स्कूल है. बच्चे दूर गांव या शहर जाते आगे पढ़ने और कुछ तो आगे पढ़ने जाते ही नहीं. अब बताओ यहां रिजोर्ट की जरूरत है या शिक्षा की? अगर हम पढें़गे, कोई स्किल सीखेंगे तो अपने रोजगार के रास्ते खुद नहीं बना लेंगे. जब आप ने कुछ नहीं किया तो एक एनजीओ ने यहां की औरतों को अपनीअपनी कला से रोजगार कमाना सिखाया. क्या यह आप की जिम्मेदारी नहीं थी जो दूसरे निभा रहे हैं?’’

तारा की बात सुन सरकारी अधिकारी अपना मुंह छिपा चल दिए और वादियों में तारा के लिए बजी तालियां गूंज उठीं.

तारा का यों मुंहतोड़ जवाब देना आदित्य की नजरों में उस की इज्जत और बढ़ा चुका था और उस के दिल की धड़कन भी. रात तारा तो अपने घर चली गई मगर उस का चेहरा पूरी रात आदित्य की आंखों पर छाया रहा.

अगली सुबह तारा सब के लिए नाश्ता ले कर आई. आदित्य और तारा एक बानफायर के पास बैठ नाश्ता करने लगे.

‘‘तारा द फाइटर आज स्कूल की छुट्टी?’’

‘‘जी आदित्य द रिपोर्टर आज संडे है.’’

एक छोटी सी हंसी के बाद आदित्य ने कहा, ‘‘तारा मु झे तुम से कुछ कहना है.’’

‘‘अच्छा कहो.’’

‘‘मु झे तुम बहुत पसंद आई. ऐसे माहौल में यों डट कर अपनी बात कहना, अपने हक के लिए लड़ना हरकोई नहीं कर सकता.’’

‘‘मु झे तो यहां सब मेरे जैसे दिख रहे हैं. देखो चारों तरफ जितने लोग हैं सब तो अपने हक, अपने घर, पहाड़ों के लिए ही लड़ रहे हैं और तुम भी तो. भले तुम हमारे गांव के नहीं मगर अपने काम के लिए तुम भी यहां लड़ रहे हो इतनी ठंड में.’’

आदित्य मुसकान लिए बोला, ‘‘अच्छा कुछ और भी तुम से कहना है. मैं तुम को बहुत पसंद करता हूं. मेरा मतलब…’’

आदित्य अपनी बात पूरी करता कि उस से पहले एक शोर गूंजा. सब उस शोर की ओर भागे.

देखा तो भारी मशीनों की गड़गड़ाहट पूरी घाटी में गूंज उठी और पुलिस बल रास्ता साफ करने के लिए आ गया. गांव वालों ने एकदूसरे के हाथ और कस कर पकड़ लिए.

आदित्य इस तनाव को कैमरे में कैद करने के लिए आगे बढ़ा. तभी पुलिस और गांव वालों की धक्कामुक्की, बरसती लाठियां और भगदड़ में न जाने कैसे जलती मशाल टैंट के पास रखी सूखी घास पर गिर गई और पहले घास ने आग पकड़ी और फिर टैंट ने.

आग को देखते ही चीखपुकार मच गई. आदित्य ने कैमरा छोड़ तारा को

तलाशना शुरू किया. लाठियों की मार के बीच से दौड़ते आदित्य की नजर जलते टैंट पर पड़ी और उस की ओर भागती तारा पर. तारा ने आग को बु झाने के लिए एक भारी ऊनी कंबल उस पर डाल दिया लेकिन हवा का रुख आग को उसी की तरफ धकेल रहा था.

तारा उस की चपेट में आती कि उस से पहले ही आदित्य ने उसे पीछे खींच लिया और दूसरी ओर से कुछ गांव वालों ने बालटियों से पानी डाल आग को शांत किया.

इस हंगामे के बीच आदित्य तारा का चेहरा, हाथ जांच कर उस पर चिल्लाया, ‘‘क्या तुम पागल हो?’’ आदित्य की सांसें अटकी हुई थीं, ‘‘तुम जल जाती.’’

तारा को एहसास हुआ कि आदित्य ने अपनी जान को जोखिम में डाला सिर्फ उसे बचाने के लिए. तारा एकटक आदित्य को देखती रही और आदित्य अपनी फिक्र जताता रहा, ‘‘तुम्हें कुछ हो जाता तो? बोलो मैं क्या करता?’’

आदित्य की बातें सुन उस के चेहरे का डर एक प्यारी सी मुसकान में बदल गया.

‘‘अब मुसकरा क्यों रही हो? यहां मेरी जान हलक में अटकी है. अगर टैंट की आग आगे फैलती तो कुछ नहीं बचता. आगे और सूखी घास और चीड के पेड़ हैं. पूरा जंगल जलता और पहाड़ की हरियाली आग के समंदर में बदल जाती.’’

आदित्य ने लंबी सांस ली और तारा का हाथ थाम कहा, ‘‘अच्छा बहुत बढि़या काम किया लेकिन अब मेरे साथ ही रहना है.’’

इस पर तारा मुसकरा कर बोली, ‘‘लेकिन तुम तो चले जाओगे रिपोर्टिंग कर के फिर

साथ कैसे रहेंगे?’’

आदित्य तारा का सवाल सुन सोच में पड़ गया. वह कुछ कहता उस से पहले तारा के मांबाप उस का हालचाल देखने पहुंच गए.

आग की घटना के बाद पूरी घाटी में शांति छाई थी और शाम होतेहोते यह विरोध प्रदर्शन भी पहाड़ों और उन के लोगों के हक में हो गया. अदालत ने पेड़ों की कटाई पर स्टे और्डर लगा दिया. मशीनों के पहिए वापस हो लिए और पूरी घाटी जीत के आंसुओं के साथ लोक गीतों से गूंज उठी.

आदित्य ने इन जीत के पलों को अपने कैमरे में कैद किया. तारा की मां ने आदित्य का शुक्रिया किया और कहा कि रात को उन के घर आए खाना खाने.

रात के खाने में मानों आदित्य को भोज परोसा गया हो. तारा की मां ने कहा, ‘‘तुम ने मेरी बेटी की जान बचाई और आज हमारी जीत हुई तो उस खुशी में.’’

बहुत चाव से आदित्य ने खाना खत्म किया और कहा, ‘‘आंटी, मैं कल सुबह की बस से निकल जाऊंगा. मेरे लिए कुछ खास बना सकती हैं रास्ते के लिए?’’

तारा की मां ने खुशी से हां कहा लेकिन आदित्य की वापसी की बात सुन तारा का चेहरा लटक गया. घर से बाहर आदित्य और तारा

10 कदम चले ही थे कि आदित्य ने कहा, ‘‘देश की पूरी जनता देखेगी कि तुम सब ने कैसे अपने हक की लड़ाई लड़ी और अपने घर, अपने पहाड़ों को बचाया. इन पहाड़ों की पुकार देश सुनेगा और तुम्हारी तो मैं बहुत बड़ी तसवीर लगाऊंगा.’’

तारा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.

आदित्य ने कहा, ‘‘अरे कुछ तो बोलो?’’

तारा ने मुंह बना कहा, ‘‘अब जाने वाले से क्या कहे कोई.’’

आदित्य ने चुटकी ले कहा, ‘‘तो आने वाले से कह दो.’’

तारा की आंखों में चमक आ गई. उस ने उत्साह में पूछा, ‘‘तो तुम वापस आओगे?’’

आदित्य ने कहा, ‘‘हां आना तो पड़ेगा या तो तुम्हें लेने या यहां रहने.’’

तारा ने भी चुटकी ली, ‘‘मैं कहीं नहीं जाऊंगी.’’

आदित्य ने एक गहरी सांस ली और उस के करीब आ कर कहा, ‘‘तो फिर मेरे अखबार को अब मु झ से दूर रह कर काम कराने की आदत डालनी होगी.’’

तारा आदित्य की बात पर शरमा गई और फिर दोनों कुछ देर एकदूसरे के हाथों को थामे वादियों में टहलते रहे.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...