मुंबई की पौश एरिया में रहने वाली निहारिका ने एक पर्स को अपनी फ्रैंड निशा को रीगिफ्ट किया क्योंकि पिछले साल निहारिका के किसी रिश्तेदार ने उसे उस के बर्थडे पर दिया था. हालांकि निहारिका के पास कई पर्स हैं, इसलिए उस ने उसे संभाल कर अलमारी में रख दिया और निशा के अचानक उस के बर्थडे पर बुलाने पर उस ने अपने गिफ्ट को रीपैक किया और निशा को दे दिया. निशा को पर्स पसंद आया और उस ने उसे यूज भी किया.

यह सही है कि निहारिका ने उस पर्स को जतन से रखा और उसे समय आने पर अपने दोस्त को दे दिया, जो उसे अच्छा लगा.

असल में रीगिफ्टिंग एक अच्छा औप्शन है, जिस के माध्यम से व्यक्ति अपने गिफ्ट को किसी को दे सकता है. यह कई मानों में एक बेहतरीन और समझदारी भरा फैसला होता है. रीगिफ्टिंग अच्छा होने के मुख्य कारण निम्न हैं :

पैसों की बचत

जब आप को किसी शादी, जन्मदिन या त्योहार पर किसी को गिफ्ट देना होता है, तो आप को बाजार जा कर नया सामान नहीं खरीदना पड़ता. आप अपने पास रखे अनचाहे, लेकिन अच्छे गिफ्ट को उन्हें दे सकते हैं, जिस से आप का सीधा कैश बचता है. इस के अलावा नया गिफ्ट ढूंढ़ने के लिए मार्केट जाने, मौल के चक्कर काटने में जो समय और गाड़ी का फ्यूल खर्च होता है, रीगिफ्टिंग से वह सब बच जाता है.

अकसर रीगिफ्ट किए जाने वाले सामान पहले से ही अच्छी पैकिंग या बौक्स में आते हैं. आप को बस ऊपर का नाम या कार्ड बदलना होता है, जिस से महंगी पैकिंग का खर्च भी कई बार बच जाता है.

चीजों का सही इस्तेमाल

अगर कोई गिफ्ट आप के काम का नहीं है, तो उसे अलमारी में बंद रखने या फेंकने के बजाय किसी ऐसे इंसान को देना बेहतर है, जो उस का सच में इस्तेमाल कर सके. कई बार हमें ऐसे गिफ्ट मिलते हैं, जो हमारे काम के नहीं होते, जैसे कोई लैंप शैड, शोपीस, क्रौकरी, बैडशीट, पर्स या बुक घर में पड़ेपड़े खराब होने या धूल खाने के बजाय, जब आप उसे किसी जरूरतमंद को दे देते हैं, तो उस वस्तु की पूरी वैल्यू वसूल हो जाती है.

कचरा कम होना

जब आप कोई मिला उपहार किसी और को देते हैं, तो बाजार में नया सामान कम बिकता है. इस से फैक्ट्रियों में उत्पादन और पैकेजिंग का कचरा घटता है और घर में रखी अनचाही चीजें बेकार समझ कर फेंकने के बजाय, दोबारा उपयोग में आ जाती हैं. नई चीजें बनाने में जो ऊर्जा और सामग्री लगती है, उस की भी बचत होती है. इस से बेकार पड़ी चीजें कचरे के डब्बे में जाने से बच जाती हैं और पर्यावरण में कचरा कम होता है.

घर में जगह बनना

रीगिफ्टिंग घर को व्यवस्थित रखने और स्पेस बनाने का एक शानदार तरीका है. जब आप उन चीजों को घर से बाहर निकालते हैं, जो आप के काम की नहीं हैं, तो घर में अपनेआप जगह बन जाती है. अनचाहे गिफ्ट्स घर में बेकार की जगह घेरते हैं, खासकर मुंबई जैसे शहर में जहां हमेशा जगह की कमी होती है। ऐसे में हरकोई इसे पसंद करता है.

साथ ही रीगिफ्टिंग करने से आप के घर में फालतू सामान इकट्ठा नहीं होता. अगर आप के पास पहले से ही मिक्सर ग्राइंडर या टोस्टर है और शादी या एनिवर्सरी पर वैसा ही एक और मिल जाए, तो उसे रीगिफ्ट करने से किचन कैबिनेट्स में कीमती जगह बचती है. इस के अलावा लोग अकसर नापसंद या गैर जरूरी गिफ्ट्स को बैड के अंदर या वार्डरोब के ऊपर बक्से में भर कर रख देते हैं. रीगिफ्टिंग से ये स्टोरेज स्पेस पूरी तरह खाली हो जाते हैं.

गिफ्ट देने का सुख

भले ही वह चीज आप को गिफ्ट में मिली हो, लेकिन जब आप उसे किसी और को पूरी खुशी के साथ देते हैं, तो सामने वाले के चेहरे पर मुसकान आती है और आप के रिश्ते भी मजबूत होते हैं.

रीगिफ्ट करते वक्त रखें ध्यान

जब भी आप रीगिफ्ट करते हैं, तो कुछ बातों का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है, ताकि लेने वाले को बुरा न लगे और आप का इंप्रेशन भी खराब न हो.

कुछ सुझाव निम्न हैं :

गिफ्ट की कंडीशन : गिफ्ट पूरी तरह से नया और अनयूज्ड यानी बिना इस्तेमाल किया हुआ होना चाहिए.

सही पैकिंग : पैकिंग कटीफटी नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा हो, तो फिर से नया गिफ्ट रैप से उस की पैकिंग करें.

पुराना नाम और टैग को हटाना न भूलें : गिफ्ट के ऊपर से पुराने गिफ्टर का नाम, विशिंग कार्ड या प्राइस टैग अच्छी तरह से हटा दें.

गिफ्ट देने वाले का ध्यान रखें : जिस इंसान ने आप को वह गिफ्ट दिया था, उसे भूल कर भी वह गिफ्ट वापस मत दें. साथ ही उस के किसी करीबी दोस्त या रिश्तेदार को भी वह गिफ्ट न दें, नहीं तो बात खुल सकती है.

पर्सनलाइज्ड चीजें रीगिफ्ट न करें

अगर गिफ्ट पर आप का नाम लिखा है या कोई पर्सनल नोट है, तो उसे रीगिफ्ट न करें.

सामने वाले की पसंद का हो : सिर्फ घर खाली करने के लिए किसी को कुछ भी न थमा दें। ऐसा कभी न करें। गिफ्ट ऐसा हो, जो अगले इंसान के काम आ सकें.

इस प्रकार रीगिफ्टिंग आज एक अच्छा औप्शन है, जो हर तरीके से देने वाले के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन इस में जरूरत है, समझदारी की, ताकि आप का रिश्ता देने वाले व्यक्ति के साथ खराब न हो और आप अपने गिफ्ट का सही वैल्यू पा सकें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...