शादी के बाद बच्चा कब प्लान करना चाहिए, यह मुख्य रूप से एक स्त्री की उम्र, सेहत, और पति-पत्नी की आपसी समझ पर निर्भर करता है. अगर 20 से 25 साल की उम्र के दायरे में शादी हुई है, तो तुरंत बच्चा पैदा करने की जल्दी नहीं होती. आप 1 से 2 साल का समय ले सकती हैं. इस दौरान आप दोनों एक दूसरे को समझ सकते हैं और मानसिक व आर्थिक रूप से खुद को मजबूत कर सकते हैं.
इस बारें में राय अलग – अलग है, क्योंकि कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण अब तक मिला नहीं है. रिलेशनशिप काउन्सलर राशिदा मानती है कि 25 से 30 साल की उम्र में शादी होने पर ज्यादा देर करना ठीक नहीं होता, क्योंकि शादी के 1 साल के भीतर ही बच्चे की योजना बना लेनी चाहिए, क्योंकि 30 साल के बाद स्त्रियों की फर्टिलिटी धीरे-धीरे कम होने लगती है. 30 से 35 साल की उम्र में शादी होने पर बिना अधिक देर किये बच्चा प्लान करना चाहिए, क्योंकि इस उम्र के बाद गर्भधारण में कठिनाई या गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है.
प्रेग्नेंसी से पहले जाने, कुछ जरूरी बातें
इस बारें में मुंबई के सूर्या हॉस्पिटल की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. कीर्ति शंखधर बताती है कि प्रेग्नेंसी पर बातचीत, माँ बनने का फैसला लेने से काफी पहले शुरू होनी चाहिए. आप अपने जीवन में क्या चाहती हैं, भविष्य में माँ बनना चाहती हैं या नहीं और आपकी सेहत इस फैसले पर कैसा असर डाल सकती है, इन बातों को पहले से समझ लेना अच्छा रहता है.
अगर आपकी उम्र 30 के आसपास है, तो आपको लग सकता है कि इस बारे में सोचने के लिए अभी काफी समय है. अगर आपकी नई-नई शादी हुई हो और आप जिंदगी को नए सिरे से सेट कर रही हों, प्रमोशन की तैयारी में हों, घर खरीदने के लिए बचत कर रही हों या फिलहाल मां बनने के लिए तैयार न हों, तो ये सभी वजहें जायज हैं. परेशानी तब आती है, जब प्रेग्नेंसी के साथ उससे जुड़ी काम की जानकारी लेना भी टाल दिया जाता है. सही जानकारी आपको सही फैसला लेने में मदद करती है.
बच्चे के आने से पहले रिश्ते और आर्थिक पहलू को करें मजबूत
रिलेशनशिप काउन्सलर का मानना है कि शादी के पहले 1 से 2 साल का गैप रखना अच्छा माना जाता है. इस शुरुआती दौर में दोनों के बीच संवाद, आदतें और तालमेल बेहतर होता है. बच्चा आने के बाद जिम्मेदारियां और रातों की नींद प्रभावित होती है, इसलिए रिश्ते का मजबूत होना जरूरी है.
इसके अलावा प्रेग्नेंसी से पहले आर्थिक स्थिरता को भी समझ लेना चाहिए, क्योंकि बच्चे के पालन-पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा का खर्च उठाने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम होना जरूरी है. प्रेगनेंसी प्लान करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेकर जरूरी हेल्थ टेस्ट करवा लेना चाहिए.
प्रजनन क्षमता नहीं होती कम
आज कल की अधिकतर लड़कियां सेटल्ड होने के बाद ही शादी करना पसंद करती है, जिससे उनकी उम्र थोड़ी अधिक हो जाती है. साइन्टिफिकली भी यह देखा गया है कि 30 साल की होते ही किसी स्त्री की प्रजनन क्षमता अचानक कम नहीं हो जाती, उम्र के साथ इसमें धीरे-धीरे बदलाव आता है और हर महिला में इसकी रफ्तार अलग हो सकती है. हर वुमन के पास जन्म से ही एग्स की संख्या सीमित होती है. कई बार इस उम्र में गर्भधारण में ज्यादा समय लग सकता है. गर्भपात और क्रोमोसोमल असामान्यताओं का जोखिम भी थोड़ी बढ़ सकती है.
30 से पहले माँ बनना जरूरी नहीं
डॉक्टर आगे कहती है कि प्रेग्नेंसी का फैसला लेते समय डर की जगह सही मेडिकल सलाह को अहमियत देना जरूरी होता है. हर स्त्री को 30 से पहले मां बनने की सलाह देना ठीक नहीं है. साथ ही यह मान लेना भी गलत है कि आप बिना किसी चिंता के कितने भी साल इंतजार कर सकती हैं.
ऐसे में खुद और डॉक्टर की सलाह से यह जान लेना जरूरी होता है कि प्रेग्नेंसी कब धारण करना सही है और उसी के अनुसार प्लानिंग कर लेनी चाहिए. कभी भी परिवार के दबाव में फैसला लेने से बचना अच्छा होता है.
भरोसे का नहीं होता, एंटी – मुलरियन हार्मोन टेस्ट
डॉक्टर कीर्ति कहना है कि कई बार स्त्रियाँ टेस्ट के द्वारा अंडाशय के रेस्पॉन्स को जानने की कोशिश करती है, जो कई बार ठीक नहीं होता. असल में एंटी-मुलरियन हार्मोन यानि एएमएच टेस्ट का इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से अंडाशय में मौजूद ओवेरियन रिजर्व का अंदाजा लगाने के लिए किया जाता है. इससे फर्टिलिटी विशेषज्ञ को यह समझने में मदद मिल सकती है कि ट्रीटमेंट के दौरान अंडाशय कैसा रिस्पॉन्स दे सकता हैं, लेकिन यह टेस्ट ठीक – ठीक नहीं बता सकता कि आप कितने साल इंतजार कर सकती हैं और न ही भरोसे के साथ यह बता सकता है कि आप प्राकृतिक रूप से गर्भधारण कर पाएंगी या नहीं.
रिपोर्ट सामान्य आए, तो भी यह भविष्य में गर्भधारण की गारंटी नहीं है. इसी तरह एंटी-म्युलरियन हार्मोन कम आने का मतलब यह नहीं कि प्राकृतिक रूप से मां बनना असंभव है. रिपोर्ट को आपकी उम्र, पीरियड्स, मेडिकल हिस्ट्री और जांच की वजह के साथ जोड़कर समझना पड़ता है.
न हो भ्रम के शिकार
बिना जरूरत जांच कराने से कई बार सही जानकारी मिलने के बजाय भ्रम और चिंता बढ़ सकती है. जांच तभी कराएं, जब उससे किसी मेडिकल सवाल का जवाब मिलना हो. वरना हाथ में बस एक आंकड़ा आता है, जो बेवजह परेशान करता है. किसी झाड़ – फूँक या पूजा – पाठ का सहारा कभी न लें.
प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले बातों पर दे ध्यान
अक्सर प्रेग्नेंसी की तैयारी का मतलब गर्भनिरोधक उपाय बंद करना और प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आने का इंतजार करना समझा जाता है, जबकि कई अहम तैयारियां गर्भधारण से पहले की जानी चाहिए
- प्रेग्नेंसी से पहले डॉक्टर से सलाह लेने पर आपके पीरियड्स, पिछली प्रेग्नेंसी, मौजूदा बीमारियों, दवाओं, टीकाकरण और परिवार में बीमारियों के इतिहास को देखा समझा जा सकता है. अगर पीरियड्स अनियमित हैं, तो ओव्यूलेशन की जांच की जरूरत पड़ सकती है. पीसीओएस, थायरॉइड, डायबिटीज और एंडोमेट्रियोसिस जैसी समस्याओं पर भी आपकी स्थिति के हिसाब से ध्यान देना पड़ सकता है.
- फोलिक एसिड भी इस तैयारी का अहम हिस्सा है. आमतौर पर प्रेग्नेंसी प्लान कर रही महिलाओं को गर्भधारण से कम से कम एक महीने पहले से रोजाना 400 माइक्रोग्राम फोलिक एसिड लेने की सलाह दी जाती है. हालांकि, कुछ बीमारियों या दवाओं के मामले में डॉक्टर की बताई अलग खुराक लेनी पड़ती है.
- सेहत से जुड़ी कौन सी बातें मायने रखती हैं, जिन जोखिमों को कम किया जा सकता है. उन्हें कम करना और गर्भधारण से पहले मौजूदा बीमारियों व दवाओं को ठीक से संभालना. इसके लिए किसी स्वस्थ महिला की ढेर सारी जांचें कराने की जरूरत नहीं होती.
- इस तैयारी में अपने पति या पार्टनर को भी शामिल करें. गर्भधारण केवल महिला की जिम्मेदारी नहीं है. पुरुष की प्रजनन क्षमता, कुछ बीमारियां और जीवनशैली भी गर्भधारण पर असर डाल सकती हैं. इसलिए जरूरत पड़ने पर दोनों की जांच होनी चाहिए.
कैरियर और प्रेग्नेंसी की प्लानिंग में संतुलन करना है जरूरी
आप माँ बनने के लिए मन से तैयार हों, लेकिन कैरियर पर इसके असर को लेकर चिंता हो. फिर आप पहले जिंदगी में थोड़ी स्थिरता चाहती हों. दोनों ही फैसले निजी हैं और इन्हें दूसरों की उम्मीदों के हिसाब से नहीं लिया जाना चाहिए.
आप और आपके पार्टनर चाहें, तो प्रेग्नेंसी को बिना सोचे टालते रहने की जगह सोच – समझकर योजना बना सकते हैं. अगर आप दोनों कुछ साल बाद बच्चा चाहते हैं, तो डॉक्टर से उम्र के साथ प्रजनन क्षमता में आने वाले बदलाव समझ सकते हैं. आपकी मेडिकल हिस्ट्री के हिसाब से पहले जांच की जरूरत है या नहीं, यह भी जाना जा सकता है. साथ ही गर्भधारण में उम्मीद से ज्यादा समय लगे, तो उस स्थिति के लिए भी योजना बनाई जा सकती है.
गर्भधारण में देरी होने पर डॉक्टर से मिलें
डॉक्टर से सलाह लेने का सही समय आपकी उम्र और मेडिकल हिस्ट्री पर निर्भर करता है. अगर आपकी उम्र 35 साल से कम है और नियमित रूप से बिना गर्भनिरोधक संबंध बनाने के बावजूद 12 महीने तक गर्भधारण नहीं होता, तो फर्टिलिटी विशेषज्ञ से मिलना चाहिए. 35 साल या उससे ज्यादा उम्र में यह अवधि छह महीने है. 40 साल से ज्यादा उम्र में और जल्दी सलाह लेना उपयोगी हो सकता है. अगर पीरियड्स अनियमित हैं या बंद हैं. प्रजनन से जुड़ी कोई बीमारी है या पहले से फर्टिलिटी की कोई समस्या रही है, तो डॉक्टर की सलाह लें.
इस प्रकार किसी भी स्त्री के लिए माँ बनने की कोई एक निर्धारित उम्र नहीं होती. मातृत्व का फैसला लेने से पहले अपने प्रजनन स्वास्थ्य को जान लेना आवश्यक होता है. उम्र का डर दिखाकर जल्द माँ बनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि माँ बनना एक सुनहरा एहसास है, जिसका फैसला लेने के लिए स्त्री के पास पूरी जानकारी और आजादी होनी चाहिए.
