Teen Mental Health : टीनेज यानी 13 से 19 साल की उम्र. यह वो समय है जब इंसान का शरीर तो बड़ा हो रहा होता है लेकिन दिमाग अभी भी बन रहा होता है. साइंस कहती है कि इस उम्र में हमारा प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स जो सही-गलत का फैसला लेता है पूरी तरह से विकसित नहीं होता. इसी वजह से टीनएजर में दो चीजें सबसे ज्यादा होती हैं- एक नई पहचान की तलाश और दूसरा कहीं बिलोंग करने की तीव्र इच्छा.

ब्रेनवाशिंग करने वाले लोग चाहे वो कोई ग्रुप हो, कोई व्यक्ति हो, कोई ऑनलाइन कम्युनिटी हो या कोई विचारधारा हो, इसी दो कमजोरी पर वार करते हैं. वे आपको कहते हैं, “तुम स्पेशल हो, दुनिया तुम्हें नहीं समझती सिर्फ हम समझते हैं.”

एक टीनएजर को इससे ज्यादा आकर्षक बात कोई नहीं लगती.

ब्रेनवॉशिंग का मतलब कोई जादू नहीं है. ये मनोवैज्ञानिक तकनीकों का एक सेट है जिससे धीरे धीरे तुम्हारी अपनी सोच को हटाकर किसी और की सोच को तुम्हारे मन में डाल दिया जाता है.

टीनएजर्स ही सबसे आसान टारगेट क्यों होते हैं

1. आइडेंटिटी क्राइसिस– टीनेज में हर बच्चा खुद से पूछता है – मैं कौन हूँ? मेरा मकसद क्या है? इस सवाल का जवाब जब घर या स्कूल में नहीं मिलता तो बाहर का कोई भी व्यक्ति उसे एक रेडीमेड पहचान दे कर भटका सकता है. जैसे “तुम एक योद्धा हो”, “तुम चुने हुए हो”, “तुम इस सिस्टम के खिलाफ हो”. ऐसी बातें टीनएजर को आकर्षित कर लेती हैं.

2. दिमाग का विकास– न्यूरोसाइंस के अनुसार टीनएज दिमाग में डोपामाइन के प्रति संवेदनशीलता बहुत ज्यादा होती है. यानी तारीफ, लाइक, कमेंट, “भाई तूने सही कहा” – इनसे जो खुशी मिलती है वो एडल्ट से 3 गुना ज्यादा होती है. ब्रेनवाशिंग करने वाले इसी रिवॉर्ड सिस्टम का इस्तेमाल करते हैं.

3. इमोशनल ब्रेन हावी होना– टीनेज में एमिग्डाला जो इमोशन का सेंटर है बहुत एक्टिव होता है. इसलिए लॉजिक से ज्यादा इमोशन से फैसले लिए जाते हैं. डर, गुस्सा, गिल्ट, प्यार – इन इमोशन्स के सहारे किसी को भी कंट्रोल करना आसान हो जाता है.

4. सोशल आइसोलेशन का डर– इस उम्र में दोस्तों से अलग होना मौत जैसा लगता है. “अगर तूने ऐसा नहीं किया तो हम तुझे ग्रुप से निकाल देंगे” – ये धमकी एक टीनएजर के लिए ब्रेनवाशिंग का सबसे बड़ा हथियार है.

ब्रेनवाशिंग की 6 सबसे आम तकनीक जो आजकल इस्तेमाल होती हैं

1. लव बॉम्बिंग और फिर डीवैल्युएशन- शुरुआत में तुम्हें बहुत ज्यादा प्यार, अटेंशन, तारीफ दी जाएगी. तुमसे कहा जाएगा तुम सबसे अलग हो. फिर धीरे धीरे उसी प्यार को कंडीशनल बना दिया जाएगा – “अगर तुम मेरी बात मानोगे तभी तुम अच्छे हो.”

2. रिपीटेशन और एल्गोरिदम- सोशल मीडिया इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. तुमने एक बार कोई वीडियो देखा जैसे “दुनिया खत्म हो रही है” या “सब लड़कियां/लड़के ऐसे ही होते हैं” तो एल्गोरिदम तुम्हें उसी तरह के 100 वीडियो और दिखाएगा. 100 बार एक ही बात सुनकर दिमाग उसे सच मानने लगता है. इसे इल्यूसरी ट्रुथ इफेक्ट कहते हैं.

3. हम बनाम वो नैरेटिव-: “हम सही हैं बाकी पूरी दुनिया गलत है, बेवकूफ है, तुम्हारे खिलाफ है.” जब तुम्हें दुनिया से काट दिया जाता है तो तुम सिर्फ उसी ग्रुप पर निर्भर हो जाते हो. यही कल्ट, एक्सट्रीम ग्रुप्स और कई टॉक्सिक ऑनलाइन कम्युनिटीज के काम करने का तरीका है.

4. छोटे-छोटे समझौते- तुमसे कभी सीधे बड़ी चीज नहीं मांगी जाएगी. पहले कहा जाएगा कि बस ये एक वीडियो शेयर कर दो. फिर बस एक कमेंट कर दो. फिर बस एक मीटिंग में आ जाओ. हर छोटा समझौता तुम्हें अगले बड़े समझौते के लिए तैयार करता है.

5. सवाल पूछने पर रोक- ब्रेनवाशिंग की सबसे बड़ी पहचान है यहाँ सवाल पूछना मना है. अगर तुम पूछो “ऐसा क्यों?” तो जवाब मिलेगा – “तुम्हारा विश्वास कमजोर है”, “तुम नेगेटिव सोचते हो”, “तुम अभी समझने लायक नहीं हुए.” जबकि एक हेल्दी एनवायरनमेंट में हमेशा सवालों का स्वागत किया जाता है.

6. इन्फॉर्मेशन ओवरलोड और थकान- रात भर की मीटिंग, लगातार मैसेज, लगातार वीडियो, नींद पूरी न होना जैसे हालत में जब दिमाग थका होता है तो वो सोचना बंद कर देता है और जो भी कहा जा रहा है मान लेता है.

कैसे पहचानें कि आपका ब्रेनवॉश हो रहा है

1. आपने अपने पुराने दोस्तों और परिवार से मिलना बंद कर दिया है.
2. आपके मन में हर समय डर रहता है कि अगर आपने ग्रुप छोड़ा तो आप अकेले रह जाएंगे या आपके साथ कुछ बुरा होगा.
3. आप काले सफेद में सोचने लगे हैं – सब कुछ या तो 100% अच्छा है या 100% बुरा.
4. आप बिना सबूत के उन बातों पर विश्वास करने लगे हैं जो पहले आपको अजीब लगती थीं.
5. आपको लगता है कि सिर्फ आपका ग्रुप / आइडल / इन्फ्लुएंसर ही सच जानता है.
6. आप अपने ही विचारों पर गिल्ट महसूस करते हैं.
7. आपको अपनी दिनचर्या, पैसे, पासवर्ड सब पर किसी और का कंट्रोल लगने लगा है.
8. आप थके हुए, एंग्जायटी में और कन्फ्यूजन में रहने लगे हैं.
9. ग्रुप छोड़ने के बारे में सोचते ही आपको बहुत डर या अपराध बोध होता है.
10. आप उन लोगों को दुश्मन समझने लगे हैं जो आपसे प्यार करते थे.

इससे बचने का प्रैक्टिकल सिस्टम

बचने का मतलब दुनिया से दूर भागना नहीं है. मतलब है एक मेंटल इम्यून सिस्टम बनाना.

1. 24 घंटे का नियम- कोई भी बड़ी बात, कोई बड़ा फैसला, कोई नया ग्रुप जॉइन करना, किसी के लिए पैसे देना, किसी विचारधारा को अपना जीवन बनाना ये सब करने से पहले 24 घंटे का गैप लें. ब्रेनवाशिंग हमेशा जल्दबाजी में काम करती है यानी कहा जाता है “अभी करो वरना मौका चला जाएगा.” इन से बचने के लिए जरूरी है आप एकदम से फैसले न लें.

2. विश्वसनीयता चेक करें- कोई भी जानकारी जो आपकी भावना को बहुत ज्यादा ट्रिगर करे जैसे बहुत ज्यादा गुस्सा, बहुत ज्यादा डर, बहुत ज्यादा जोश आ जाए तो उस पर विश्वास करने से पहले 3-4 अलग अलग विश्वसनीय सोर्स से चेक करें. एक यूट्यूब वीडियो कभी सोर्स नहीं होता.

3. अपनी पहचान को डाइवर्सिफाई करें- आप सिर्फ एक चीज नहीं हो. आप सिर्फ एक फैन, एक ग्रुप के मेंबर, एक आइडियोलॉजी नहीं हो. आप एक स्टूडेंट भी हो, एक बेटा/बेटी भी, एक दोस्त भी, एक खिलाड़ी भी, एक आर्टिस्ट भी. जितनी ज्यादा पहचानें होंगी एक पहचान के टूटने से आप बिखरोगे नहीं.
4. थॉट डिटॉक्स- रोज रात 10 मिनट लिखें- “आज मैंने क्या नया सीखा? क्या ऐसी बात थी जिस पर मुझे शक हुआ? क्या मैंने आज कोई ऐसा काम किया जो मैं नहीं करना चाहता था?”
लिखने से दिमाग में चल रही अनकही बातें सामने आ जाती हैं और आप उन के प्रति सावधान हो सकते हैं.

5. डिजिटल हाइजीन- अपने फोन में टाइम लिमिट सेट करो. एल्गोरिदम को रीसेट करो. हफ्ते में एक दिन नो-स्क्रॉल डे रखो. जो अकाउंट आपको हर समय गुस्सा, जलन, हीन भावना देते हैं उन्हें अनफॉलो करना कमजोरी नहीं सेल्फ डिफेंस है.

टीनेज में ब्रेनवॉश होना गलती नहीं है. ये इस बात का सबूत है कि आप में भरोसा करने का, जुड़ने का, किसी बड़े मकसद का हिस्सा बनने का साहस है. बस इस साहस को सही दिशा चाहिए.अपनी सोच पर पहरा रखना सीखें. यही इस उम्र की सबसे बड़ी स्किल है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...