Self Reliant Women : 34 साल की राधिका नागपुर में अपने दो बच्चों के साथ रहती है. वह एक स्कूल में टीचर है. पिछले 12 साल में वो जहाँ भी गई किसी के साथ गई. कभी पति के साथ मायके, कभी ससुराल और कभी बच्चों के साथ हिल स्टेशन. पिछले महीने उसने पहली बार अकेले टिकट बुक किया – नागपुर से दिल्ली. जाने का कोई खास कारण नहीं था. बस मन किया कि इंडिया गेट को अकेले देखना है बिना किसी के “चलो चलो” बोले.
फ्लाइट में जब एयर होस्टेस ने पूछा, “आपको क्या चाहिए मैडम?” तो वो चौंक गई. 12 साल बाद किसी ने उससे पूछा था कि उसे क्या चाहिए. पति, बच्चे, सास क्या खाएंगे ये पूछते पूछते उसने खुद से पूछना छोड़ दिया था.
ये कहानी सिर्फ राधिका की नहीं है. सालों से महिलाओं ने खुद को इंडिविडुअल नहीं माना. कभी कहीं अकेले जाना हो तो सौ बार सोचती हैं. उन का वजूद परिवार से ही रहा है. मगर अब हालत बदल रहे हैं. आजकल अक्सर 30-35 साल की महिलाएं हों या अधिक उम्र की वे अकेली, हाथ में छोटा ट्रॉली बैग, कंधे पर बैकपैक लिए निकल पड़ती हैं. उनके चेहरे पर अब डर नहीं बल्कि चमक होती है. यह चमक है आजादी की. किसी और पर निर्भर न रहने की ख़ुशी की.
कुछ समय पहले तक भी भारत में महिलाओं के लिए अकेली यात्रा का मतलब मजबूरी था. पति ने बुलाया है जाना पड़ा. इंटरव्यू है तो जाना पड़ा. लेकिन अब इसका मतलब है अपनी मर्जी. दुनिया देखने की चाह. अपनी आजादी को महसूस करने को तमन्ना. भारत में 2023 से 2025 के बीच अकेली महिला यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़त हुई है.
अब केवल दिन ही नहीं बल्कि सैकड़ों महिलाएं आधी रात के बाद भी अकेली एयरपोर्ट पहुंचती हैं, खुद ही टर्मिनल पर जाती हैं और अपनी फ्लाइट से पहले घंटों वहां बिताना पसंद करती हैं. दिल्ली एयरपोर्ट की पैसेंजर प्रोफाइल स्टडी के मुताबिक अकेले ट्रैवल करने वाले पैसेंजर का हिस्सा 2024 में 72.7 परसेंट से बढ़कर 2025 में 82.3 परसेंट हो गया. उस सेगमेंट में महिलाओं ने सबसे ज़्यादा बढ़त दर्ज की.
इसका मतलब क्या है? इसका मतलब है उस महिला ने अपने मन की आजादी पा ली है. उसे अब किसी का इंतजार नहीं. वो किसी के भरोसे नहीं कि कोई छुट्टी ले, कोई साथ चले, कोई पैसे दे. वो आत्मनिर्भर हो गई है. कॉंफिडेंट हो गई है और वो अपने बलबूते पर कहीं भी जा सकती है.
पर आजादी का दूसरा नाम लापरवाही नहीं. आजादी का मतलब है ज्यादा होशियार होना. इसलिए अकेले ट्रेवल कर रही खासकर फ्लाइट लेने वाली महिलाओं और लड़कियों को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए-
उड़ान से पहले जमीन पर ही जीत लो आधी जंग
1: टिकट खुद बुक करो और अपना मोबाइल नंबर डालो
अपने पति, भाई, पिता से टिकट बुक मत करवाओ. खुद IRCTC की तरह फ्लाइट बुक करना सीखो. अपना ईमेल और अपना फोन नंबर डालो ताकि फ्लाइट 2 -3 घंटे लेट हो तो SMS आपको आए किसी और को नहीं. पहली बार विंडो सीट मत लो क्योंकि आपको बार-बार वॉशरूम जाना पड़ा या उठना पड़ा तो आप किसी अनजान आदमी को नहीं उठाओगी.
2: दिन की फ्लाइट चुनो
पहली 2-3 यात्राएं हमेशा दिन में लैंड होने वाली लो. आप नए शहर में शाम 4 बजे उतरोगी तो आपके पास 3 घंटे उजाला है. होटल ढूंढने और रास्ते समझने में आसानी होगी. रात 11 बजे उतरेंगे तो हर गली डरावनी लगेगी.
3: एक दोस्त को “साइलेंट गार्ड” बनाओ
मम्मी को लाइव लोकेशन मत दो वरना वो हर 10 मिनट में फोन करके डराएंगी. अपनी एक सबसे समझदार, कम बोलने वाले दोस्त को चुनो. उसे बोलो कि मैं तुझे लाइव लोकेशन भेज रही हूं. जब तक मैं खुद ‘पहुंच गई’ न बोलूं तू फोन मत करना. कोई इमरजेंसी होने पर वह कॉल कर ही लेगी. साथ ही घर पर किसी के पास अपना फ्लाइट नंबर, होटल का नाम, होटल का नंबर वगैरह लिखकर रख जाओ –
4: तीन जगह पैसा रखो
सारा पैसा एक पर्स में मत रखो. 2000 कैश पर्स में, 3000 बैग की अंदर वाली गुप्त चेन में, 1000 फोन के कवर के पीछे. एक UPI में, एक दूसरे अकाउंट में. अगर पर्स चोरी भी हो गया तो आप एयरपोर्ट पर किसी से मदद मांगती नहीं फिरोगी.
5: फोटोकॉपी का जादू
अपने आधार, टिकट, होटल बुकिंग की 2 प्रिंट निकालो. एक हैंडबैग में, एक सूटकेस में रखें . फोन में बैटरी खत्म हो गई, नेटवर्क नहीं है तो यही कागज काम आएगा.
एयरपोर्ट पर सावधानी
6: “मेरा बैग देख लेना” – कभी मत बोलो
और किसी का बैग देखने के लिए भी हाँ मत बोलो. एयरपोर्ट पर ये नियम नंबर वन है. आपका बैग आपकी जिम्मेदारी.
7: बोर्डिंग पास का शो ऑफ मत करो
बोर्डिंग पास की फोटो इंस्टा स्टोरी पर मत डालो. उसमें आपका पूरा नाम, PNR होता है. कोई भी आपकी पूरी यात्रा और आपका फोन नंबर निकाल सकता है. होटल पहुंचकर, यात्रा खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ डालना.
लैंडिंग के बाद
टैक्सी के लिए बाहर वाले भैया नहीं अंदर वाला काउंटर यानी टैक्सी बूथ सही है. एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही बीसियों लोग चिल्लाएंगे – “मैडम टैक्सी, मैडम ओला?”
किसी को मत सुनो. एयरपोर्ट के अंदर ही गेट से निकलने से पहले सरकारी प्रीपेड टैक्सी का काउंटर होता है. वहाँ जाओ, पर्ची कटवाओ या एयरपोर्ट के WiFi से ही Uber / Ola बुक करो. ऑटो में बैठो तो बैठने से पहले नंबर प्लेट की फोटो अपनी दोस्त को भेजो. और हाँ ड्राइवर को होटल का नाम मत बताओ गूगल मैप खुद चलाओ.
होटल में रिसेप्शनिस्ट नहीं बल्कि मैनेजर या महिला स्टाफ से बात करो. चेक इन करते वक्त रूम नंबर जोर से मत बोलो. कमरे में जाते ही पहला काम दरवाजा अंदर से लॉक करो, सेफ्टी लैच लगाओ और देखो खिड़की बंद होती है या नहीं. बाथरूम में एक बार जा कर सब चेक कर लो.
खाने या घूमने की जगह रिसेप्शन पर लड़के से मत पूछो. वहाँ अक्सर कमीशन वाला टूर बेचते हैं. होटल में जो भी महिला स्टाफ दिखे जैसे हाउसकीपिंग या होटल मैनेजर वगैरह से पूछो कि कहां अच्छा खाना मिलेगा. किसी अच्छे रेस्टोरेंट में जा कर खाओ. छोटी मोटी जगह बैठ कर मत खाओ. अपने होटल में खाना है तो रूम सर्विस मत लो बल्कि होटल में नीचे सब के साथ बैठ कर खाओ. लॉबी में बैठकर चाय पियो. आप जितना दिखोगी उतनी नॉर्मल लगोगी. छुपोगी तो ज्यादा नोटिस होंगी.
“मैं अकेली हूँ” ये लाइन भूल जाओ. कोई भी पूछे जैसे टैक्सी वाला, होटल वाला, चाय वाला कि आप “अकेली आई हो?” तो आपका जवाब एक ही होना चाहिए ,मुस्कुराकर, कॉन्फिडेंस के साथ कि नहीं, मेरी बहन/दोस्त आ रही है वो ट्रैफिक में है. ये झूठ नहीं बल्कि आपकी सुरक्षा है.
नए शहर में – छोटी छोटी बातें
नए शहर में पहले दिन बहुत चमकीले, बहुत छोटे या महंगे कपड़े मत पहनो. आप टूरिस्ट नहीं बल्कि लोकल लगो ऐसे कपड़े पहनो. कुर्ता-जींस सबसे सेफ ड्रेस है.
एक नकली कॉल हमेशा तैयार रखो
फोन में एक अलार्म जैसा. जब भी लगे कोई पीछा कर रहा है या कोई ज्यादा बात कर रहा है तो फोन कान पर लगाओ और बोलो, “हाँ हाँ, मैं उसी गली में हूँ तू नीचे आ जा. मैं 2 मिनट में पहुँच रही हूं.” सामने वाले को लगेगा कोई आ रहा है.
फोटो किससे खिंचवानी है इस का भी ख्याल रखो
किसी अकेले लड़के को अपना iPhone मत दो. हमेशा किसी फैमिली को यानी पति-पत्नी, बच्चों वाली माँ को बोलो कि प्लीज एक फोटो खींच देंगे? वो सबसे अच्छी फोटो खींचेंगे और फोन लेकर भागेंगे भी नहीं.
होटल का कार्ड हमेशा पर्स में रखो
होटल के कार्ड पर एड्रेस और फोन नंबर होता है. ऑटो या टैक्सी वाले को वही दिखा दो आपको एक्सप्लेन नहीं करना पड़ेगा.
अपनी पहली सोलो हवाई उड़ान के बाद वह महिला या लड़की जब वापस आएगी तो उसके बैग में सिर्फ कपड़े नहीं होंगे. उसमें एक नई आदत होगी. खुद से पूछे बिना फैसला लेने की आदत. उस में कॉन्फिडेंस होगा. खुद से फैसले लेने का कॉन्फिडेंस. अगली बार जब कोई पूछेगा कि अकेली चली जाएगी? तो वो कहेगी अकेली नहीं अपने साथ जाउंगी.
