family relationships : परिवार एक पेड़ जैसा होता है. सब शाखाएं साथसाथ हरीभरी रहें तो पेड़ सुंदर लगता है लेकिन अगर एक भी शाखा सूखने लगे तो पूरे पेड़ की रौनक फीकी पड़ जाती है. इसी तरह अकसर हमारे परिवार में कोई भाई या बहन ऐसी स्थिति में आ जाती है जहां वह अकेली रह जाती है यानी किसी के जीवनसाथी की मृत्यु हो जाती है, किसी का तलाक हो जाता है, किसी का साथी उसे छोड़ कर चला जाता है और कोई उम्रभर शादी ही नहीं करता तो हम कहते तो हैं कि वह अकेला है.
मगर उस का अकेलापन सिर्फ एक कमरे का अकेलापन नहीं होता. वह भीड़ में भी अकेला होता है. भरे पूरे परिवार, शादी ब्याह और त्योहारों के बीच उसे सब से ज्यादा अपनी खाली जगह महसूस होती है. ऐसे में परिवार खास कर सिबलिंग की भूमिका सब से बड़ी हो जाती है. सवाल यह नहीं है कि साथ दें या नहीं, सवाल यह है कि कैसे दें, कितना दें, कब तक दें और किस तरह का व्यवहार रखें कि हमारा साथ उस के लिए बो झ नहीं बल्कि मरहम बन जाए?
अकेलेपन के 3 अलगअलग चेहरे
हर अकेलेपन की वजह अलग है इसलिए हर अकेले व्यक्ति को संभालने का तरीका भी अलगअलग होगा:
जब साथी दुनिया छोड़ जाए: यह सब से गहरा जख्म है. इस में व्यक्ति अकेला ही नहीं, शौक में भी होता है. उसे गिल्ट, गुस्सा, उदासी सब एकसाथ घेर लेते हैं. 6 महीने से 1 साल तक वह सामान्य नहीं हो पाता. इस समय उसे सलाह नहीं बल्कि सिर्फ किसी की उपस्थिति चाहिए. अपने सिबलिंग से मानसिक सपोर्ट चाहिए.
जब साथी छोड़ कर चला जाए या तलाक हो जाए: इस में दुख के साथसाथ अपमान, असफलता और समाज के सवालों का बो झ भी होता है खासकर लड़कियों के लिए ‘लोग क्या कहेंगे’ का दबाव सब से ज्यादा होता है. यहां उसे आत्मसम्मान वापस दिलाना सब से जरूरी है.
जब वह खुद शादी न करे: यह अकेलापन चुना हुआ है, थोपा हुआ नहीं. ऐसे भाईबहन को अकसर परिवार दया की नजर से देखता है जो गलत है. उसे तरस नहीं बल्कि उस के फैसले के लिए सम्मान चाहिए. 35-40 की उम्र के बाद समाज, रिश्तेदारों के सवाल और भविष्य की चिंता उसे भी सताने लगती है.
किस तरह से साथ दें
भावनात्मक साथ: अकेले व्यक्ति को सब से ज्यादा जरूरत होती है कि कोई उसे बिना जज किए सुने.
क्या करें
रोज 10 मिनट का बिना काम वाला फोन करें. सिर्फ हालचाल पूछने के लिए.
उसे बोलने दें. बीच में ‘ऐसा मत सोचो,’ ‘तुम्हारी गलती है’ कह कर उस की बात मत काटिए.
त्योहारों या वीकैंड पर उसे अकेला न छोडि़ए. खाने पर बुला लीजिए.
उस के पुराने जीवनसाथी या शादी के बारे में बेवजह कुरेद कर सवाल न पूछिए.
व्यावहारिक साथ: अकेले रहने पर दुनिया के छोटेछोटे काम पहाड़ लगते हैं. ऐसे में आप उसे कई तरह से हैल्प कर सकते हैं जैसे:
बीमार होने पर डाक्टर के पास ले जाना, बैंक, बिजलीपानी के बिल भर देना, घर की मरम्मत में मदद कर देना.
अगर आप की बहन अकेली रहती है और कामकाजी है तो उस के बच्चों की कभी स्कूल से लाने या होमवर्क में मदद करना.
मदद एहसान की तरह नहीं बल्कि प्यार की तरह करें. ‘मैं ने तेरे लिए इतना किया’ कह कर कभी एहसान न जताएं.
सामाजिक साथ: हमारे समाज में अकेले व्यक्ति को अकसर हर न्योते से बाहर कर दिया जाता है. ‘ये कपल्स पार्टी है,’ ‘यहां सब परिवार वाले हैं’ कह कर उसे बुलाया नहीं जाता. ऐसे में जरूरत है कि उसे परिवार के हर फंक्शन में बराबर से शामिल करें. उसे साइड में न बैठाएं. बच्चों से उस का रिश्ता बनवा कर रखें, मामा, मौसी, बूआ का रिश्ता बहुत बड़ा सहारा होता है.
अगर वह इंसान इंडिपैंडैंट हो तब अगर आप का भाई या बहन नौकरी करती है, खुद कमा रही है, अपना घर खुद संभाल रही है तो उस के साथ का तरीका अलग होना चाहिए. ऐसे इंडिपैंडैंट इंसान को पैसे से ज्यादा इज्जत और स्पेस की जरूरत होती है. उसे लगता है कि लोग उसे बेचारा सम झ कर मदद कर रहे हैं जो उस के आत्मसम्मान को चोट पहुंचाता है.
ऐसे में उस के फैसलों पर सवाल मत उठाइए. ‘तू अकेला है, तु झ से नहीं होगा.’ की जगह ‘तु झे जरूरत लगे तो मैं हूं’ कहिए. उस की इंडिपैंडैंस को उस की ताकत बनने दीजिए, कमजोरी नहीं. उसे परिवार में किसी भी तरह के एहसान या बो झ का एहसास न दिलाइए. बस इतना जताते रहिए कि इंडिपैंडैंट होने का मतलब अकेले पड़ जाना नहीं है.
अगर वह इंसान डिपैंडैंट हो तब
वहीं अगर आप का भाई या बहन आप पर डिपैंडैंट है, चाहे आर्थिक रूप से, भावनात्मक रूप से या उम्र की वजह से तो जिम्मेदारी और भी बड़ी हो जाती है. यहां साथ का मतलब सिर्फ दिलासा नहीं बल्कि एक ठोस सहारा देना है.
मगर यहां सब से जरूरी है कि आप उसे पूरी तरह अपने ऊपर निर्भर न बनाएं. अगर वह आर्थिक रूप से आप पर निर्भर है तो उसे छोटीछोटी बचत, कोई हुनर, कोई पार्टटाइम काम सिखाने में मदद करें.
अगर वह भावनात्मक रूप से आप पर निर्भर है तो धीरेधीरे उसे अपने दोस्त, अपने सामाजिक दायरे से जोड़ें ताकि उस की पूरी दुनिया सिर्फ आप न हों. मदद इस तरह करें कि वह धीरेधीरे डिपैंडैंट से इंडिपैंडैंट की तरफ बढ़े क्योंकि सच्चा साथ वही है जो सामने वाले को अपने पैरों पर खड़ा करना सिखाए.
कब तक साथ दें
साथ तब तक दें जब तक जरूरत हो पर उसे कमजोर बनाए बिना. दरअसल, जिंदगी में कोई भी शौक लगने के बाद शुरुआत के 1-2 साल उसे सब से ज्यादा सहारे की जरूरत होती है. धीरेधीरे उसे ‘आत्मनिर्भरता’ की ओर ले जाएं. आप का लक्ष्य उसे बैसाखी देना नहीं है बल्कि उसे फिर से अपने पैरों पर चलना सिखाना है.
किस रूप में साथ दें
तुलना कभी न करें: ‘तेरी उम्र के सब के बच्चे हो गए’ या ‘देख तेरी भाभी कितना संभालती है’ ये वाक्य रिश्ते को खत्म कर देते हैं और उस की तकलीफ को बढ़ाने वाले होते हैं.
दूसरी शादी के लिए दबाव न डालें: यह उस का फैसला है. आप सु झाव एक बार दे सकते हैं पर रोजरोज का दबाव उसे आप से दूर कर देगा.
उसे परिवार का बो झ न सम झें: कई बार जानेअनजाने हम कह देते हैं ‘तुम्हारी वजह से मम्मीपापा परेशान हैं’ ऐक्चुअली वह पहले से ही गिल्ट में है. उसे और गिल्ट न दें.
उस के सामने उस के अकेलेपन का मजाक न बनाएं: दोस्तों में, रिश्तेदारों में ‘इस की तो कोई सुनता ही नहीं’ या ‘यह तो सिंगल है’ जैसे मजाक उसे अंदर तक तोड़ देते हैं.
बच्चों को उस के खिलाफ न करें: ‘मामा तो अकेले हैं, उन का क्या’ या ‘बूआ के पास तो कोई काम नहीं’ बच्चों के मन में ऐसी बातें डालना बहुत गलत है.
कैसा व्यवहार रखें
इज्जत वाला: उसे हर पारिवारिक फैसले में शामिल करें. प्रौपर्टी हो या बच्चों की शादी, उस की राय लें.
सामान्य: उसे स्पैशल ट्रीटमैंट की जरूरत नहीं, नौर्मल ट्रीटमैंट की जरूरत है.
भरोसे वाला: उस की कही हुई निजी बातें पूरे परिवार में न फैलाएं. वह आप पर भरोसा कर के दिल की बात कहता है.
उत्साह बढ़ाने वाला: उस के छोटेछोटे कदमों की तारीफ करें. ‘तू ने अकेले घर कितना अच्छा संभाला’ ‘तेरी हिम्मत सच में बड़ी है.’
याद रखिए आप का साथ उसे यह नहीं बताता कि वह कमजोर है बल्कि यह बताता है कि वह अकेला नहीं है और किसी अपने के लिए यह एहसास ही सब से बड़ी दवा है. कंधा बनिए, परछाईं मत बनिए. इतने पास रहिए कि उसे हाथ बढ़ाते ही आप का हाथ मिल जाए और इतनी दूरी भी कि वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना सीख जाए.
लिमिट बहुत जरूरी है
साथ देने में सब से बड़ी गलती हम यही करते हैं कि हम या तो बहुत ज्यादा घुस जाते हैं या बिलकुल दूर हो जाते हैं.
सीमा तय करें: आप को उस का जीवन नहीं जीना है केवल उसे जीने में मदद करनी है. उस के हर फैसले पर कि क्या खाना है, कहां जाना है, किस से मिलना है जैसी छोटीछोटी बातों पर टोकाटाकी न करें.
उस की प्राइवेसी का सम्मान करें: अकेला होने का मतलब यह नहीं कि उस का कोई निजी जीवन नहीं. उस के दोस्त हो सकते हैं, उस का अपना रूटीन हो सकता है. हर बात की जासूसी न करें.
सहानुभूति नहीं, समानुभूति रखें: बेचारा कह कर दया दिखाना उसे छोटा बना देता है. उस के साथ वैसा ही सामान्य व्यवहार करें जैसा बाकी भाईबहनों के साथ करते हैं. मजाक करें, हंसें, बहस करें.
आर्थिक और कानूनी साथ
यह सब से नाजुक मुद्दा है. मदद करनी है पर हिसाब से:
अगर भाई विधुर है या बहन विधवा है तो प्रौपर्टी, इंश्योरैंस, पैंशन के कागजों में उस की मदद करें.
पैसे सीधे देने के बजाय उस की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर काम करें. कोई छोटा कोर्स, कोई काम शुरू करने में मदद, सेविंग्स प्लान बनवाना.
कभी भी उस की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी खुद पर न लें. इस से आप भी थक जाएंगे और वह भी पूरी तरह आप पर निर्भर रहने का आदी हो जाएगा.
