Relationship conflicts : 2 साल के प्रेम संबंध में विक्रम और श्वेता की कई नोकजोक हुई है. लेकिन आज उन में किसी बात पर नोकजोक नहीं बल्कि एक लंबीचौड़ी बहस चल रही है. “तुम गलत हो,” “तू ऐसी ही है”, कि छींटाकशी और उस बहस को जितने की कोशिश से विक्रम परेशान होकर गुस्से में श्वेता के मुंह पर दरवाजा मार कमरे से बाहर चला गया. विक्रम का यूं दरवाजा बंद कर के कमरे से जाना श्वेता को यही जता रहा था कि इस रिश्ते में उस की कोई इज्जत नहीं जबकि असलियत में ऐसा है नहीं. विक्रम तो अपने रिश्ते को इस बहस से ऊपर रखने के लिए इस लड़ाई से पीछे हटा था. तो क्या उस का रिश्तों को बनाए रखने के लिए बहस से पीछे हटना गलत है!

इस में कोई नई बात नहीं कि लोगों के बीच बहस होती है. चाहे वह प्रेमी हो, मांबाप और बच्चे हो या औफिस के सहकर्मी हो. जहां भी लोगों में एकदूसरे से  बातचीत होगी, उठनाबैठना होगा वहां बातविचार तो सामने आएंगे ही, लोगों की भावना, उन की हां या न आपस में टकराएंगे ही. तो विषयों पर, मुद्दों पर बातचीत और बहस बहस स्वभाविक है.

मगर रिश्तों में एक बहस या तीखी बयानबाजी के दौरान पीछे हटना काफी सही फैसला होता है क्योंकि यह आप को स्थितियों को परिस्थितियों में बदलने से बचा लेता है. बहस में शारीरिक आवेश में कोई ऊंचनीच, तीखी टिप्पणियों से एकदूसरे को घायल करने में ज्यादा समय नहीं लगता. ऐसे समय में अच्छा यही रहता है कि कोई एक बहस से पीछे हट जाएं अन्यथा दोनों को किसी ऐसे पल पर अफसोस जताना पड़ जाएगा जो उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था. इसलिए बहस में दोनों साथियों को अपने भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए पीछे हट जाना ही सही रहता है.

 पीछे हटना क्यों ठीक रहता है:

  • परमानेंट चोट से बचाता है: गुस्से में बोली टिप्पणियां, अपमानित शब्द, तिरस्कार या एकदूसरे की खामियों पर निशाना कसना कई गहरे भावनात्मक घाव छोड़ जाते हैं जिन्हें भरना बहुत मुश्किल होता है. और यह एक परमानेंट चोट की तरह बना रहता है.
  • समझने की तर्कशक्ति: पीछे हटने से आप किसी बहस के हिस्सेदार न बनने के बजाय एक दर्शक बन जाते है. जो उस बहस को जितने के बजाय उसे देखनेसमझने की कोशिश करता है और यह कोशिश आप की तर्कशक्ति को बढ़ा कर आप को सही हल जानने में मदद करती है.
  • असली मुद्दे को जानना: अधिकांश झगड़ों के कारण बेबुनियाद होते हैं. जिन में न कोई तर्क होता है और न कोई ठोस वजह. और बहुत से झगड़ों का तो मुद्दा ही छिपा रहता है अर्थात् आप को रोष किसी दूसरी चीज का है लेकिन आप बहस किसी और बात पर कर रहे हो. इस लिए कई बार बहस से दो कदम दूर हट कर उसे देखने से बहस के असली मुद्दे का पता लगता है.
  • हेल्दी ब्रेक: बहस अक्सर हमारे शरीर और मन को थकाती है, उसे जरूरत से ज्यादा स्ट्रेस देती है. जिस वजह से कई बार हमारा नर्वस सिस्टम परेशान होता है, ब्लड प्रेशर दिक्कत करता है इसलिए अच्छा होगा कि बहस से एक छोटा ब्रेक ले ताकि आप के हेल्थ पर बुरा असर न पड़े.

किसी भी बहस को जीतने से कहीं ज्यादा जरुरी है अपने रिश्ते को उस बहस की मार से बचाना. बहस में पीछे हट जाना, यह नहीं दिखाता कि आप गलत है, कमजोर है या कमी आप में है बल्कि वह यह बताता है कि आप के लिए रिश्ते की गरिमा, एकदूसरे का सम्मान और भावना को चोटिल न करना अधिक महत्वपूर्ण है. किसी भी बहस में जीतते की जिद्द, उस की उत्तेजना अक्सर एकदूसरे के भरोसे, सुरक्षा और भावनात्मक नजदीकी को ठेस पहुंचती है क्योंकि अधिकतर बहस असली मुद्दे से हट कर सिर्फ उसे जितने पर केंद्रित हो जाती है और इस में बहुतसी बातों को अनदेखी हो जाती है.

बहस के दौरान ध्यान देने वाली महत्वपूर्ण बातें:

  • तबियत पर ध्यान दे: कई बार बहस के दौरान गुस्सा आने से आप की धड़कन तेज हो जाती है, जोरजोर से बात करने पर, चिल्लाने पर सांस फूलती है. कभीकभी तो शरीर में क्रोध से कंपन या मन में झुंझलाहट होने लगती है. इस तरह के किस भी शारीरिक या मानसिक अवस्था या पीड़ा को हल्के में मत ले और बहस से पीछे हट जाएं. साथ ही अपने साथ को भी बताएं कि आप क्या महसूस कर रहे हैं. अपनी बहस को विराम दे और कुछ देर विश्राम करे.
  • मन को शांत करें: इस विराम में टहलने, धीरे-धीरे सांस ले, खुद पर काबू पाएं. अपनी बहस में फट से वापसी करने की न सोचे बल्कि समय ले. पहले खुद को शांत करे ताकि शांत मन से आप चीजों को समझ सके और समझा सके.
  • आक्रोश न दिखाएं: कई बहस में हम अपना क्रोध, नाराजगी और असहमति दिखाने के लिए आसपास रखी चीजों को गुस्से में तोड़ देते हैं, इधरउधर फेंक या बिखेर देते है. जो बिल्कुल भी सही नहीं. उल्टा इस तरह का व्यवहार कर हम खुद को ही नसमझ या अड़ियल दिखाते है. इस तरह तो अगर आप दोषी न हो तो भी गलत ही दिखेंगे और सामने वाला आप से बहस तो क्या बात भी नहीं करेगा.
  • मुंह पर दरवाजा न बंद करे: अक्सर बहस से पीछे हटते वक्त, उसे छोड़ कर या खत्म कर जाते वक्त हम नाराजगी में अपनों के मुंह पर दरवाजा बंद कर देते हैं जो उन्हें बहुत खराब महसूस कराता है. इस तरह का बर्ताव उन्हें यही दिखाता है कि आप को किसी बात या शिकायत से कुछ फर्क नहीं पड़ता, तो इस तरह तो आप से कभी भी अपनी दिल की बात नहीं कह पाएंगे और यह आप के रिश्ते के लिए ठीक नहीं होगा.
  • धैर्य और खुले मन से वापसी: एक विराम में बाद आप जब भी बातचीत के लिए वापस आएं तो धैर्य दिखाएं. किसी बात की जल्दबाजी न करे. धीरेधीरे सामने वाले की बात को समझे और उन्हें अपना पक्ष समझाएं. बात पूरी और साफ़ करे. खुले मन से सुने, उन की बात को अनसुना या अनसुलझा न छोड़े. नहीं तो नाराजगी और बढ़ेगी.
  • एकमत न आ सके तो बात को जाने दे: ऐसा बहुत बार होता है कि आप अपने साथी की बात पर सहमत नहीं होते या उन का मत अलग होता है. तो एकमत न होने पर उस बात को छोड़ दे, ज्यादा खींचातानी न करे अन्यथा बहस किसी युद्ध में बदल जाएगी और आप को भी पता है कि युद्ध के परिणाम कितने विनाशक होते हैं.

अब यहां यह बात भी सच है कि अधिकांश बहस में न कोई तर्क होता है, न कोई ठोस आधार और न ही कोई सही कारण या मकसद, यह किसी प्रकार की दबी नाराजगी, खिन्नता या अकेलेपन का अनुभव होता है जो एक विरोध का छुपा रूप होता और कई बारबार तो इन में से कुछ भी नहीं सिर्फ एक गलतफ़हमी या नसमझी. तो यदि आप शांति से, आराम से बात कर गिलेशिकवे बांटे तो शायद ही कोई ऐसा मुद्दा बचेगा जिस पर बहस की जरुरत पड़े. 

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...