Gender Inequality : आपने कभी नोटिस किया है कि एक ही दुकान पर, एक ही शेल्फ पर दो रेजर रखे हैं. दोनों एक ही कंपनी के हैं. दोनों का ब्लेड एक ही स्टील का है. बस एक नीला है और एक गुलाबी. नीले वाले पर लिखा है ‘फॉर मेन’ और कीमत -150 रुपये. गुलाबी वाले पर फूल बना है और लिखा है ‘फॉर वीमेन विथ एलोवेरा एंड रोज एसेंस’. कीमत- 349 रुपये.

यही है पिंक टैक्स. एक ऐसा टैक्स जिसे सरकार ने नहीं लगाया बल्कि कंपनियों ने लगाया है और हम खुशी खुशी दे रही हैं.

असल में क्या है पिंक टैक्स

पिंक टैक्स शब्द पहली बार 1990 में अमेरिका में आया. वहाँ एक स्टडी हुई – “जेंडर टैक्स”. पाया गया कि महिलाओं के प्रोडक्ट्स पुरुषों के प्रोडक्ट्स से औसतन 7% महंगे हैं. न्यूयॉर्क सिटी ने 2015 में 800 प्रोडक्ट्स की जांच की और पाया कि महिलाओं के प्रोडक्ट्स 42% ज्यादा महंगे थे.

यानी प्रोडक्ट एक सा ही है मगर जरा से फेरबदल के साथ उसे स्पेशली फॉर वीमेन बना दिया जाता है और उस के लिए दोगुनी या डेढ़ गुनी कीमत वसूल ली जाती है. प्रोडक्ट्स के अलावा सर्विसेज में भी यह भेद कायम है.

आप सैलून जाओ. लड़कों का हेयरकट – 150 रुपये , 15 मिनट.

लड़कियों का हेयरकट – ‘U-Cut’ – 600 रुपये, वही 15 मिनट.

कैंची वही, कंघी वही बाल काटने वाला भी वही.

ड्राई क्लीनिंग में –

पुरुषों की शर्ट 80 रुपये, महिलाओं की शर्ट 150 रुपये. मशीन वही है, पानी वही है. बस लेबल ‘लेडीज वियर – हैंडल विद केयर’.

पुरुषों के लिए एक ही चीज है – ‘ऑल इन वन’. एक शैंपू से बाल भी धुलेंगे, बॉडी भी धुलेगी और चेहरा भी साफ़ हो जाएगा. कीमत केवल 180 रुपये.

जबकि औरतों के लिए —

बालों के अलग प्रोडक्ट्स —शैंपू, फिर कंडीशनर, हेयर मास्क और फिर सीरम.
चेहरे के लिए अलग प्रोडक्ट्स — सुबह का क्लींजर, टोनर, सीरम, मॉइस्चराइजर, सनस्क्रीन, रात की नाइट क्रीम.
बॉडी के लिए —- अलग लोशन, अलग स्क्रब, अलग बॉडी बटर.

कॉस्मेटिक इंडस्ट्री का सबसे बड़ा झूठ है यह कहना कि औरतों की स्किन अलग होती है. आप लैब में जाइए. पुरुषों के फेस वॉश का फॉर्मूला देखिए – सल्फेट, ग्लिसरीन, नियासिनामाइड और थोड़ा सा मेंथॉल. अब महिलाओं के फेस वॉश का फॉर्मूला देखिए – सल्फेट, ग्लिसरीन, नियासिनामाइड और थोड़ा सा गुलाबजल. बेस सेम है. फर्क सिर्फ खुशबू का, रंग का और कहानी का है.

कंपनियां जानती हैं कि लड़की को सिखाया गया है सुंदर दिखना उस के लिए जरूरी है. अगर चेहरे पर एक भी दाना है तो उस का कॉन्फिडेंस कम हो जाता है. अगर बाल रूखे हैं तो उसकी शादी नहीं होगी. इस डर को कंपनियां हर विज्ञापन में बेचती हैं. लड़कियां सुन्दर दिखने के लिए कितना भी पैसा खर्च करने को तैयार हो जाती हैं.

यही वजह है कि वह पर्सनल केयर के जाल में भी फंस जाती हैं.

एक औसत भारतीय नौकरीपेशा लड़के का महीने का पर्सनल केयर बजट क्या होता है—

रेजर – 150, शेविंग क्रीम – 100, शैंपू – 180, डियो – 200, फेस क्रीम – 150.
कुल – लगभग 700-800 रुपये जिस में 2 महीने चल जाता है.

अब एक औसत नौकरीपेशा लड़की का बजट देखिए—-

सैनिटरी पैड – 300
रेजर – 350, बॉडी वॉश – 350, शैंपू – 450, कंडीशनर – 450, फेसवॉश – 300, टोनर – 400, सीरम – 700, मॉइस्चराइजर – 500, सनस्क्रीन – 600, लिप बाम – 250, बॉडी लोशन – 500, डियो – 350, हेयर ऑयल/सीरम – 500…

मेकअप के लिए फाउंडेशन 1200, लिपस्टिक 800, काजल 400, ब्लशर 400, फेस पाउडर 450 .

एक ही लेवल की सफाई और देखभाल के लिए लड़का 500 में निपट रहा है जबकि लड़की 5,000 में भी खुद को कम ही महसूस कर रही है. उसे लगता है अभी भी कुछ कमी है.

क्यों? क्योंकि सोशल सिस्टम ने उसे यही सिखाया है. बचपन से सुना है – ‘लड़कियां तो सजी धजी ही अच्छी लगती हैं’, ‘अच्छी लड़कियां तो गोरी, चिकनी, महकती हुई होनी चाहिए’.

यही असली खेल है. पिंक टैक्स सिर्फ पैसे का नहीं, पावर का टैक्स है.

जब आप 25,000 कमाती हैं और 5000 सिर्फ सजावट पर खर्च कर देती हैं तो आपके हाथ में बचता क्या है? किराया, ट्रांसपोर्ट, घर का खर्च निकाल कर आप लगभग जीरो पर आ जाती हैं. और फिर क्या होता है? आप अपने मेल पार्टनर पर डिपेंड होने लगती हैं.

“बेबी, इस महीने क्रेडिट कार्ड का बिल ज्यादा आ गया, तुम दे दोगे?”
“मम्मी ने कहा इस शादी में अच्छे कपड़े पहनने हैं, तुम दिला दोगे?”

आप कमाती हैं, फिर भी आप मांगने वाली बन जाती हैं और जहां पैसों की डिपेंडेंसी आती है वहाँ डोमिनेंस अपने आप आ जाता है. अब आप का मेल पार्टनर तय करेगा कि आप कहाँ जाएंगी, क्या पहनेंगी और किस से मिलेंगी क्योंकि उसने ‘पे’ किया है.

कंपनियां यही चाहती हैं. एक आत्मनिर्भर औरत जिसके पास बचत है और जो सवाल पूछती है वो कंपनी के लिए खतरनाक है. लेकिन एक ऐसी औरत जो हमेशा ‘और सुंदर दिखना है’ की रेस में दौड़ रही है और जो हर महीने नए प्रोडक्ट के लिए अपने पार्टनर से पैसे ले रही है वो परफेक्ट कस्टमर है और परफेक्ट गुलाम भी.

ये मत सोचिए कि ये सिर्फ कंपनी कर रही है. ये पूरा सिस्टम है.

शादी बाजार में लड़के की सैलरी देखी जाती है और लड़की की स्किन देखी जाती है. मैट्रिमोनी साइट पर “फेयर, स्लिम, होमली “लड़की की डिमांड सबसे ज्यादा है. गोरी होने के लिए लड़की 5000 की क्रीम लगाएगी ही.

एक ही ऑफिस में बिना दाढ़ी बनाया हुआ लड़का चलेगा लेकिन बिना लिपस्टिक वाली लड़की को बोला जाएगा कि आज बीमार हो क्या? थकी हुई लग रही हो.

आपने गौर किया है, कभी भी पुरुषों के प्रोडक्ट के विज्ञापन में ये नहीं कहा जाता कि ‘इसे लगाओगे तो लड़की पटेगी’. कहा जाता है कि ‘ताकत’, ‘ताजगी’, ‘सक्सेस’ के लिए इस्तेमाल करें.

औरतों के विज्ञापन में होता है ‘गोरापन’, ‘पति / बॉयफ्रेंड को ऐसे रिझाओ’, ‘सास को ऐसे इम्प्रेस करो’, ‘ऑफिस में सब तुम्हें ही देखेंगे’. यानी आपकी कीमत आपकी स्किन से तय होगी.

70-80 के दशक में फेमिनिस्ट मूवमेंट ने इसी बात पर चोट की थी. कहा था कि मेरे शरीर को कमोडिटी मत बनाओ. मेरा रंग, मेरे बाल, मेरे पीरियड्स पर बिजनेस मत करो.

फिर क्या हुआ? कंपनियों ने फेमिनिज्म को ही खरीद लिया. अब अक्सर लिपस्टिक पर लिखा होता है – ‘एम्पॉवर योर लिप्स’. हर महंगे सैनिटरी पैड पर लिखा होता है – ‘स्ट्रांग वीमेन चॉइस ‘.

यानी शोषण वही है बस पैकेजिंग पर ‘फेमिनिस्ट’ का ठप्पा लगा दिया. अब लूट को ‘सेल्फ केयर’ कहते हैं. अब 10,000 का मेकअप खरीदना ‘सेल्फ लव’ है

कैसे निकले इस जाल से

1. लेबल पढ़ना शुरू करें, विज्ञापन देखना बंद करें. पीछे इंग्रीडिएंट लिस्ट देखें. अगर पुरुषों वाले और महिलाओं वाले प्रोडक्ट में 90% केमिकल एक ही है तो सस्ता वाला लीजिए.
2. जरूरत और मार्केटिंग में फर्क कीजिए. आपको 7 स्टेप स्किन केयर नहीं केवल 3 स्टेप चाहिए – क्लींजर, मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन. बाकी सब एक्स्ट्रा है.
3. बजट तय करें. अपनी सैलरी का 10% से ज्यादा पर्सनल केयर पर मत लगाइए. बाकी पैसा सेविंग, करियर और अपनी आजादी पर लगाएं.
4. मेन प्रोडक्ट यूज करें. रेजर, शैंपू, डियो जैसी चीजें अगर पुरुषों वाली सस्ती और असरदार है तो वही लो. गुलाबी रंग के लिए 200 रुपये एक्स्ट्रा क्यों देना?

सुंदर दिखना गलत नहीं है. सजना गलत नहीं है. गलत है जब सजना मजबूरी बन जाए और तुम्हारी सैलरी खा जाए, तुम्हें किसी और का गुलाम बना दे तो क्या फायदा? आपकी लिपस्टिक का रंग आपकी पसंद होना चाहिए आपका टैक्स नहीं.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...