Love Story: खत्म हुआ तूफान

Love Story: शाम के 5 बज रहे थे, 170 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं तथा समंदर की कई फुट ऊंची लहरों का शोर किसी भी इंसान को भयभीत करने के लिए काफी था. ऐसे में एक लड़की का बचाओबचाओ का स्वर आकाश के कानों में पड़ा. बगैर परवाह किए वह चक्रवाती तूफान ‘हुदहुद’ के चक्रव्यूह को भेदता हुआ पानी में कूद पड़ा और उसे बचा कर किनारे की तरफ ले आया. वह उस लड़की को पहचानता नहीं था, मगर बचाने का हर संभव प्रयास कर रहा था. समुद्रतट पर उसे लिटा कर वह उस के शरीर में भरा पानी निकालने लगा. थोड़ी देर में लड़की ने आंखें खोल दीं. उसे होश आ गया था मगर वह ठंड से कांप रही थी. आकाश कुछ देर उसे देखता रहा. फिर उसे गोद में उठा कर सुरक्षित स्थान पर ले आया.

वह लड़की अभी भी भयभीत थी और आकाश को लगातार देख रही थी. ऐसा लग रहा था जैसे वह उस के साथ स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हो. आकाश उसे ले कर दूर एक टूटेफूटे घर की तरफ बढ़ गया. घर के दरवाजे पर एक बूढ़ी खड़ी थी. आगंतुक की गोद में एक लड़की को देख बूढ़ी ने उन्हें अंदर आने दिया और पूछा, ‘‘क्या यह तुम्हारी बीवी है?’’

‘‘नहीं, दरअसल यह लड़की तूफान में फंस गई थी और डूब रही थी, इसलिए मैं इसे बचा कर यहां ले आया,’’ आकाश ने कहा.

‘‘अच्छा किया तुम ने. इसे ठंड लग रही होगी. ऐसा करो, तुम इसे मेरे बिस्तर पर लिटा दो. मैं इस के कपड़े बदल देती हूं. इस तूफान ने तो हमारा जीना ही दूभर कर रखा है. खाने के ऐसे लाले पड़ रहे हैं कि लूट मची हुई है. कल एक ट्रक सामान भर कर आने वाला था. खानेपीने की चीजें थीं उस में. मगर यहां पहुंचने से पहले ही सबों ने उसे लूट लिया. हमारे पास तक कुछ पहुंचा ही नहीं. अभी मेरा मरद गया है. शायद कुछ ले कर लौटे,’’ बूढ़ी बोली.

करीब 50 साल की थी वह महिला मगर दुख और परेशानियां उस की उम्र बढ़ा कर दिखा रही थीं. बूढ़ी के पास जो भी कपड़े थे, वह उन्हें ही ले आई और लड़की को पहनाने लगी. आकाश दूसरे कोने में खड़ा हो गया और कमरे का मुआयना करने लगा. यह एक छोटा सा कमरा था, जिस में बैड और किचन के कुछ छोटेमोटे सामानों के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा था. एक कोने में खाली बरतन पड़े थे और बाईं तरफ एक रस्सी बंधी थी जिस पर 2-4 फटे कपड़े लटके हुए थे. 2 दिनों में हुदहुद की मार हर किसी के घर पर नजर आने लगी थी. बहुत से लोग मर चुके थे, तो बहुतों के घर बह गए थे. पूरे गांव में खौफ और बरबादी का मंजर था. ऐसे में आकाश को विशाखापटनम पहुंचना जरूरी था.

जब वह निकला था अपने गांव से, तो उसे हुदहुद के आने की खबर नहीं थी. मगर रास्ते में इस तूफान में वह पूरी तरह फंस गया था. उस की प्रेमिका दिशा उसी के कहने पर हमेशा के लिए अपना घर छोड़ कर उस से मिलने पहुंच चुकी थी और एक होटल में ठहरी हुई थी. आकाश उस के पास जाने की हड़बड़ी में था, मगर बीच में यह वाकेआ हो गया. वह क्या करता? लग रहा था जैसे रास्ता लंबा होता जा रहा है. बूढ़ी ने अब तक लड़की के कपड़े बदल दिए थे और उस पर कंबल डाल दिया था. इस के बाद वह गरमगरम चाय बना लाई और दोनों के हाथों में 1-1 प्याला दे दिया.

लड़की अभी भी काफी परेशान और घबराई हुई लग रही थी. आकाश ने लड़की को समझाने का प्रयास किया कि वह घबराए न. वैसे आज वह खुद भी कम परेशान न था. एक तरफ तूफान का जोर और दूसरी तरफ प्रेमिका के पास पहुंचने की जल्दी. उस पर इस तूफान में मिली लड़की की जिम्मेदारी. उसे समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. करीब 2-3 घंटे उस घर में गुजारने के बाद आकाश ने आगे जाना तय किया. मगर इस लड़की का क्या किया जाए, जो अभी भी बहुत ही घबराई हुई थी और ठीक से चल भी नहीं पा रही थी?

आकाश ने लड़की से पूछा, ‘‘अब बताओ, कहां छोड़ूं तुम्हें? तुम्हारा घर कहां है?’’

लड़की फफकफफक कर रोने लगी फिर रोतेरोते ही बोली, ‘‘मेरा घर तो डूब गया. मेरे तो केवल बाबा थे, उन्हें भी लहरें अपने साथ ले गईं. अब कोई नहीं है मेरा.’’ वह बोल कर फिर रोने लगी. आकाश उस के माथे पर हाथ फिराने लगा और बोला, ‘‘प्लीज, रोओ मत. मैं हूं न. कोई इंतजाम कर दूंगा. अभी चलो मेरे साथ, मैं ले चलता हूं तुम्हें.’’

थोड़ी देर में जब लड़की थोड़ी सामान्य हो गई तो आकाश ने आगे जाने की सोची. उस ने सहारा दे कर लड़की को उठाया तो वह दर्द से कराह उठी. शायद उस के पैर में गहरी चोट लगी थी. आकाश ने फिर से उसे गोद में उठा लिया और बाहर निकल आया. वह अब और रुक नहीं सकता था. काफी आगे जाने पर उसे एक बस मिल गई, जो विशाखापटनम ही जा रही थी. उस ने लड़की को बस में बैठाया और खुद भी बैठ गया. लड़की अब उसे कृतज्ञता और अपनेपन से देख रही थी. आकाश ने मुसकरा कर उस का सिर सहलाया और पहली बार गौर से लड़की को देखा. लंबे काले बालों वाली लड़की देखने में काफी खूबसूरत थी. रंग बिलकुल गोरा, चमकता हुआ. वह एकटक आकाश की तरफ ही देख रही थी. आकाश भी थोड़ी देर उसे देखता रहा फिर सहसा ही नजरें हटा लीं. उसे जल्द से जल्द अपनी प्रेमिका के पास पहुंचना था. वह दिशा को याद करने लगा. दिशा बहुत खूबसूरत नहीं पर अलग सा आकर्षण था उस के पूरे वजूद में. आकाश पूरी तरह दिशा की यादों में खो गया. लेकिन बस अचानक झटके से रुक गई तो उस का ध्यान बंट गया.

दोबारा बस चलने पर आकाश एक बार फिर से दिशा के बारे में सोचने की कोशिश करने लगा मगर अब बारबार उस के जेहन में बगल में बैठी लड़की का खयाल आने लगा था. इतनी सुंदर है, अकेली कहां जाएगी? सहानुभूति के अलावा शायद एक अजीब तरह का रिश्ता भी जुड़ने लगा था उन के बीच. इसे प्यास लग रही होगी, उस ने सोचा. एक जगह बस रुकते ही आकाश की नजर सामने दुकान पर गई. पानी की 1 लिटर की बोतल उठाते हुए उस ने पूछा, ‘‘कितने की है?’’

‘‘100 रुपए की.’’

‘‘क्या? पानी की बोतल इतनी महंगी?’’

‘‘क्या करें भैया, इस तूफान की वजह से चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं.’’

आकाश ने पानी की बोतल खरीद ली और लड़की को पीने को दी. बाद में थोड़ा पानी उस ने भी पी लिया.

विशाखापटनम बस स्टौप आ चुका था. आकाश ने लड़की को सहारा दे कर नीचे उतारा और रिकशा ढूंढ़ने लगा. बड़ी मुश्किल से एक रिकशा वाला मिला. उस पर बैठ कर वह होटल की तरफ चल पड़ा. रास्ते में वह सोच रहा था कि इसे मां के पास छोड़ दूंगा. गांव में सहारा मिल जाएगा बेचारी को वरना इस अकेली लड़की को देख कोई इस के साथ क्या कर बैठे या कहां पहुंचा दे कुछ कहा नहीं जा सकता और फिर इस के बाबा भी नहीं रहे, घर भी बह गया. हुदहुद तूफान ने इस लड़की की जिंदगी सड़क पर ला कर खड़ी कर दी.

उधर दिशा होटल में बैठी लगातार टीवी समाचार पर नजरें टिकाए बैठी थी, जिस में आ रहा था: ‘चक्रवाती तूफान हुदहुद से प्रभावित आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों का सर्वेक्षण करने और स्थिति का जायजा लेने प्रधानमंत्री विशाखापटनम पहुंचे. गौरतलब है कि इस चक्रवाती तूफान में 24 लोगों की जान गई है और यह तटीय आंध्र प्रदेश में अपने पीछे भारी तबाही के निशान छोड़ गया है.

‘चक्रवात के कारण मची तबाही की दास्तां यह है कि सड़कों पर जड़ों के साथ उखड़े पेड़, बिजली के खंभे और तारें आदि पड़े हैं. चक्रवात के कारण जिले में 15 मौतें हो गईं. स्थिति सामान्य करने के लिए संघर्ष जारी है.’दिशा का मन वैसे ही घबरा रहा था, उस पर हुदहुद के समाचारों से परेशान हो वह कई दफा आकाश को फोन कर चुकी थी. मगर उस से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था. तभी दरवाजे की घंटी बजी.

वह दौड़ती हुई आई और दरवाजा खोला तो सामने खड़े आकाश को देख कर खुशी से उछल पड़ी. मगर यह क्या, बगल में एक सकुचाई, सुंदर सी लड़की. आकाश नेउस का हाथ पकड़ कर बैड पर बैठाया और फिर दिशा की तरफ मुखातिब हुआ. दिशा की आंखों में परेशानी साफ झलक रही थी. न चाहते हुए भी उस के चेहरे पर शिकन की लकीरें आ गई थीं. ‘यह कौन है?’ उस की निगाहों में यही प्रश्न था, जिसे भांपते हुए आकाश ने उसे किनारे लाते हुए कहा, ‘‘ऐक्चुअली, यह सुनीता है. दरअसल, यह तूफान में फंस गई थी. मैं ने इसे बचाया. इस का घर, बाबा, सब तूफान में बह गए. इसलिए मुझे साथ लाना पड़ा.’’

दिशा ने फिर लड़की की तरफ देखा तो उस के चेहरे पर शिकन और बढ़ गई. आकाश की ओर देखती हुई वह बोली, ‘‘तुम दोनों पूरे रास्ते साथ थे?’’

‘‘हां दिशा, मैं इसे अकेला नहीं छोड़ सकता था. यह घबराई हुई थी.’’

दिशा आकाश का हाथ पकड़ती हुई बोली, ‘‘इसे जाने दो. मुझे तो बस इस बात की खुशी है कि तुम सकुशल लौट आए. तुम्हें कुछ हुआ नहीं. सच बहुत डर गई थी मैं,’’ कहती हुई वह आकाश के सीने से लग गई.

आकाश ने प्यार से उसे बांहों में बांधा और बोला, ‘‘रास्ते भर बस तुम्हारे बारे में ही सोचता रहा.’’

मगर यह क्या, बोलतेबोलते उस की आवाज अटक गई. कहीं वह झूठ तो नहीं बोल रहा, उस ने सोचा.

तभी वह लड़की वहीं बैठेबैठे बोल पड़ी, ‘‘मुझे भूख लग रही है. कल से कुछ नहीं खाया.’’

‘‘मैं अभी कुछ मंगवाता हूं,’’ कहते हुए आकाश ने दिशा का हाथ छोड़ दिया और आगे बढ़ा तो दिशा उसे रोक कर बोली, ‘‘तुम बैठो. मेरे पास खाने की कुछ चीजें पड़ी हैं. अभी ही मंगवाया था उन्हें वही खिला देती हूं. भूख तो तुम्हें भी लगी होगी न? चलो हम दोनों बाहर जा कर कुछ खा लेते हैं.’’

आकाश समझ रहा था कि दिशा उस लड़की के साथ कंफर्टेबल नहीं है. वह उस के साथ अकेले वक्त बिताना चाहती है. उसे खुद भी उस लड़की की उपस्थिति अजीब लग रही थी. इतनी दूर से उस की दिशा सिर्फ उस की खातिर आई है और वह उसे गले भी नहीं लगा पा रहा है.

‘‘चलो,’’ आकाश उठ कर खड़ा हो गया. दिशा ने खाने की चीजें लड़की के आगे रखीं और आकाश के साथ बाहर निकल आई.

‘‘मैं तुम्हारी खातिर अपना कल छोड़ आई हूं आकाश. सिर्फ तुम ही अब मेरा आज, मेरा सब कुछ हो और मैं चाहती हूं कि तुम भी मेरे बन कर रहो,’’ दिशा आकाश की नजरों में झांक रही थी. वह उन आंखों में सिर्फ खुद को देखना चाहती थी.

आकाश ने पलकें झुका लीं. वह दिशा के मन की बेचैनी समझ सकता था.

उस ने दिशा का हाथ थाम कर कहा, ‘‘ऐसा ही होगा.’’ दिशा मुसकराई. पर उस मुसकराहट में संशय साफ नजर आ रहा था. आकाश और दिशा खाते वक्त खामोश थे पर दोनों के मन में तूफान मचा हुआ था. कहां पता था कि हुदहुद का यह तूफान उन के जीवन में भी तूफान ले आएगा.

‘‘बहुत सुंदर है वह लड़की,’’ अचानक दिशा बोल पड़ी.

‘‘तो?’’ आकाश ने अजीब नजरों से उस की तरफ देखा. दिशा का यह रवैया उसे नागवार गुजरा था.

‘‘बस यों ही कह रही हूं,’’ वह मुसकराई, ‘‘मुझे तुम पर पूरा विश्वास है. पर आज क्या यह हमारे साथ ही रहेगी?’’

‘‘हूं. अब क्या करूं, बताओ? अकेला कैसे छोड़ दूं इसे? मैं खुद परेशान हूं. कहां हम अपनी जिंदगी के इतने कठिन मोड़ पर खड़े हैं और कहां यह लड़की इस वक्त हमारी जिंदगी में…’’

‘‘परेशानी बढ़ाने आ गई है.’’ आगे के शब्द दिशा ने पूरे किए तो आकाश मुसकरा कर रह गया.

‘‘चलो इस की बातें छोड़ो. मैं इसे मां के पास छोड़ आऊंगा. वहां घर के काम में मदद कर दिया करेगी या अंकल के यहां छोड़ दूंगा. तुम यह सोचो कि अब आगे क्या करना है. अपने मांबाप को मैं काफी हद तक सहमत कर चुका हूं, इस शादी के लिए. बस तुम्हें देख लेंगे तो बाकी का एतराज भी जाता रहेगा.’’

आकाश ने दिशा का मूड ठीक करने का प्रयास किया तो दिशा के चेहरे पर प्यार की लाली फैल गई. दोनों खापी कर पुन: होटल लौट आए. वह लड़की अब काफी हद तक सामान्य हो चुकी थी.

रात में दोनों लड़कियां बैड पर और आकाश सोफे पर सो गया. अचानक 3-4 बजे के करीब आकाश की आंखें खुलीं तो देखा कि वह लड़की उस के सोफे के कोने पर बैठी है और उठ कर वाशरूम की तरफ जाने की कोशिश कर रही है. मगर पैर में चोट की वजह से ठीक से उठ नहीं पा रही है.

आकाश को उठा देख वह लाचार नजरों से उस की तरफ देखती हुई बोली, ‘‘मैं उधर जा रही थी तो चला नहीं गया, सो…’’

आकाश ने चुपचाप उसे पकड़ कर उठाया और वाशरूम तक ले गया.

इस दौरान दिशा की आंखें भी खुल चुकी थीं. वह इन दोनों को इस तरह साथ देख कर चौंक पड़ी. दिशा को उठा देख आकाश भी सकपका गया. फिर भी उस ने चुपचाप लड़की को बैड पर लिटाया और फिर दिशा की तरफ मुखातिब हुआ. वह करवट बदल कर सोने का उपक्रम करने लगी. आकाश भी आ कर लेट गया.

उधर दिशा रात भर करवटें बदलती रही. उसे नींद नहीं आ रही थी. दिमाग में बस वही दृश्य घूम रहा था, जो उस ने देखा था. आकाश कितने प्यार से उसे थामे हुए था और वह लड़की किन नजरों से उस की तरफ देख रही थी. पहले भी उस ने देखा है कि वह लड़की आकाश को वैसी ही नजरों से देखती है. और फिर वह इतनी खूबसूरत है कि कोई भी पिघल जाए.

दिशा सुबहसुबह उठी और बाहर निकल आई. पार्क में बेचैनी से चहलकदमी करती रही. फिर जब वह थक गई तो वापस कमरे की ओर लौट पड़ी. मगर दरवाजे पर पहुंचते ही उस के पांव ठिठक गए. उस ने परदे के अंदर झांक कर देखा. वह लड़की अभी भी आकाश की तरफ देख रही थी. वह आगे बढ़ती या कुछ सोचती, इस से पहले ही उस लड़की ने आकाश का हाथ पकड़ लिया. आकाश ने मुड़ कर उस की तरफ देखा तो वह पास आ गई और धीरे से बोली, ‘‘आकाश, मैं तुम्हें बहुत प्यार करने लगी हूं. प्लीज मुझे कभी अकेला मत छोड़ना मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहना चाहती हूं…’’

दिशा के सीने में आग सी लग गई और मन में तूफान सा मच गया. आकाश भी दो पल के लिए निरुत्तर हो गया. दिशा को लगा अब अंदर जा कर उस लड़की के बाल पकड़ कर खींचती हुई बाहर ले आएगी. तभी लड़की का हाथ आहिस्ता से परे सरकाते हुए आकाश ने दृढ़ शब्दों में कहा, ‘‘मैं दिशा से प्यार करता हूं और सारी जिंदगी उसी का बन कर रहूंगा. जो तुम चाहती हो वह नहीं हो सकता. मगर हां, मैं तुम्हें तकलीफ में अकेला नहीं छोड़ूंगा. तुम मेरी जिम्मेदारी बन गई हो. इसी शहर में मेरे अंकल रहते हैं, जो डाक्टर हैं उन की कोई संतान नहीं. वे वृद्ध हैं और उन की वाइफ बीमार रहती हैं. तुम उन की सेवा कर देना और वे तुम्हें बेटी की तरह प्यार देंगे.’’

लड़की ने कुछ नहीं कहा. बस खामोश नजरों से आकाश की तरफ देखती रही. फिर धीरे से बोली, ‘‘मुझे नहीं पता था कि आप दिशा से प्यार करते हैं. मुझ से बहुत बड़ी गलती हो गई शायद. मगर मैं कभी भी आप को भूल नहीं पाऊंगी. आप मुझे जहां भेजना चाहते हैं, भेज दें. मुझे पूरा विश्वास है आप पर,’’ कह कर वह खामोश हो गई.

इधर दरवाजे पर खड़ी दिशा के लिए अपने आंसुओं को रोक पाना कठिन हो रहा था. वह रोती हुई पार्क की तरफ भाग गई ताकि अपने मन में उठ रहे तूफान पर काबू पा सके. मन के गलियारों में उमड़ताघुमड़ता यह तूफान अब थमता जा रहा था. उसे ऐसा लग रहा था जैसे उस के मन में उठी बेचैन लहरें धीरेधीरे शांत होती जा रही हैं. हुदहुद ने जो तूफान उस की जिंदगी में उठाया था, उसे आकाश की वफा ने एक झटके में प्यार के रंगों से सराबोर कर दिया था. वह पूरी तरह इस तूफान के साए से मुक्त हो चुकी थी. आकाश के प्रति उस का प्रेम और भी गहरा हो गया था.

Love Story

Love Story: सयाना इश्क- क्यों अच्छा लाइफ पार्टनर नहीं बन सकता संजय

Love Story: इक्कीस वर्षीया पीहू ने जब कहा, ”मम्मी, प्लीज, डिस्टर्ब न करना, जरा एक कौल है,” तो नंदिता को हंसी आ गई. खूब जानती है वह ऐसी कौल्स. वह भी तो गुजरी है उम्र के इस पड़ाव से.

”हां, ठीक है,” इतना ही कह कर नंदिता ने पास में रखी पत्रिका उठा ली. पर मन आज अपनी इकलौती बेटी पीहू में अटका था.

पीहू सीए कर रही है. उस की इसी में रुचि थी तो उस ने और उस के पति विनय ने बेटी को अपना कैरियर चुनने की पूरी छूट दी थी. मुंबई में ही एसी बस से वह कालेज आयाजाया करती थी. पीहू और नंदिता की आपस की बौन्डिंग कमाल की थी. पीहू के कई लड़के, जो स्कूल से उस के दोस्त थे, के घर आनेजाने में कोई पाबंदी या मनाही नहीं रही. अब तक कभी ऐसा नहीं हुआ था कि नंदिता को यह लगा हो कि पीहू की किसी विशेष लड़के में कोई खास रुचि है. उलटा, लड़कों के जाने के बाद नंदिता ही पीहू को छेड़ती, ‘पीहू, इन में से कौन तुम्हें सब से ज्यादा अच्छा लगता है?’

पीहू अपनी बड़ी बड़ी खूबसूरत आंखों से मां को घूरती और फिर हंस देती, ‘आप क्यों पूछ रही हैं, मुझे पता है. जासूसी करने की कोई जरूरत नहीं. इन में से कोई मुझे अलग से वैसे पसंद नहीं है जैसे आप सोच रही हैं.’

नंदिता हंस पड़ती और बेटी के गाल पर किस कर देती.

इधर 6 महीनों से पीहू में अगर कोई बदलाव आता तो यह कैसे संभव होता कि उस की दोस्त जैसी मां नंदिता से छिपा रहता. नंदिता ने नोट किया था कि अब पीहू घर आने के बाद अपने फोन से चिपकी रहती है. कहीं भी फोन इधरउधर नहीं रखती है. पहले उस का फोन कहीं भी पड़ा रहता था. वह अपने काम करते हुए कभी फोन नहीं देखती थी. अब तो मम्मी, पापा से बात करते हुए भी वह अकसर फोन चैक करती रहती. हां, यह नया बदलाव था.

नंदिता पूरी तरह से समझ रही थी कि किसी लड़के से बात करती है पीहू और यह उन लड़कों में से नहीं है जो घर आते रहे हैं. पीहू के बचपन के दोस्त हैं क्योंकि पीहू बाकी सब से उस के पास बैठ कर भी फोन करती रहती पर यह जो नया फोन आता है, इस पर पीहू अलर्ट हो जाती है.

आजकल नंदिता को पीहू को औब्ज़र्व करने में बड़ा मजा आता. पीहू के कालेज जाने के बाद अगर नंदिता कभी उसे फोन करती तो वह हमेशा ही बहुत जल्दी में रख देती. विनय एक व्यस्त इंसान थे. नंदिता के मन में पीहू के साथ चल रहा यह खेल उस ने विनय को नहीं बताया था. कुछ बातें मां और बेटी की ही होती हैं, यह मानती थी नंदिता. नंदिता एक दिन जोर से हंस पड़ी जब उस ने देखा, पीहू नहाने जाते हुए भी फोन ले कर जा रही थी. नंदिता ने उसे छेड़ा, ‘अरे, फोन को भी नहलाने जा रही हो क्या? बाथरूम में भी फोन?’

पीहू झेंप गई, ‘मम्मी, गाने सुनूंगी.’

नंदिता को हंसी आ गई.

पीहू का फोन अकसर रात 9 बजे जरूर आता. उस समय पीहू अपने रूम में बिलकुल अकेली रहने की कोशिश करती. कभीकभी शरारत में यों ही नंदिता किसी काम से उस के रूम में जाती तो पीहू के अलर्ट चेहरे को देख मन ही मन नंदिता को खूब हंसी आती. मेरी बिटिया, तुम अभी इतनी सयानी नहीं हुई कि अपने चेहरे के बदलते रंग अपनी मां से छिपा लोगी. फोन किसी लड़के का ही है, यह बहुत क्लियर हो गया था क्योंकि पीहू के पास से निकलते हुए फोन से बाहर आती आवाज नंदिता को सुनाई दे गई तो शक की गुंजाइश थी ही नहीं.

एक दिन विनय भी औफिस की तैयारी कर रहे थे, पीहू के भी निकलने का टाइम था. उस ने जल्दीजल्दी में किचन में ही फोन चार्ज होने लगा दिया और नहाने चली गई. फोन बजा तो नंदिता ने नजर डाली और हंस पड़ी. नंबर ‘माय लव’ के नाम से सेव्ड था. फिर ‘माय लव’ की व्हाट्सऐप कौल भी आ गई. नंदिता मुसकरा रही थी. आज पकड़े गए, बच्चू, व्हाट्सऐप कौल पर लड़के की फोटो थी. नंदिता ने गौर से देखा, लड़का तो काफी स्मार्ट है, ठीक है पीहू की पसंद. इतने में भागती सी पीहू आई, तनावभरे स्वर में पूछा, ”मम्मी, मेरा फोन बजा क्या?”

”हां, बज तो रहा था.”

”किस का था?” पीहू ने चौकन्ने स्वर में पूछा. नंदिता समझ गई कि बेटी जानना चाह रही है कि मां को तो कुछ पता तो नहीं चला.

पीहू बेदिंग गाउन में खड़ी अब तक फोन चार्जर से निकाल चुकी थी. नंदिता ने अपनेआप को व्यस्त दिखाते हुए कहा, ”पता नहीं, टाइम नहीं था देखने का, रोटी बना रही थी. इस समय कुछ होश नहीं रहता मुझे फोनवोन देखने का.”

पीहू ने सामान्य होते हुए छेड़ा, ”हां, हां, पता है, आप इस समय 2 टिफ़िन और नाश्ता बना रही हैं, बहुत बिजी हैं,” और नंदिता को किस कर के किचन से निकल गई. विनय और पीहू के जाने के बाद नंदिता अपने खयालों में गुम हो गई, ठीक है, अगर पीहू के जीवन में कोई लड़का आया भी है तो इस में कोई बुराई वाली बात तो है नहीं. उम्र है प्यार की, प्यार होगा ही, कोई अच्छा लगेगा ही. आखिरकार मैं ने और विनय ने भी तो प्रेम विवाह किया था. आह, क्या दिन थे, सब नयानया लगता था. अगर कोई लड़का पीहू को पसंद है तो अच्छा है. इस उम्र में प्यार नहीं होगा तो कब होगा. रात को सोते समय उस की ख़ास स्माइल देख विनय ने पूछा, ”क्या बात है?”

”कुछ तो है, गेस करो.‘’

”तुम ही बताओ.‘’

”तुम्हारी बेटी को शायद प्यार हो गया है.‘’

विनय जोर से हंसे, ”इतनी खुश हो रही हो. उस ने खुद बताया है या अंदाजा लगाती घूम रही हो.‘’

”नहीं, उस ने तो नहीं बताया, मेरा अंदाजा है.”

”अच्छा, उस ने नहीं बताया?”

”नहीं.‘’

”तो फिर पहले उसे बताने दो.‘’

”नहीं, मैं सही सोच रही हूं.‘’

”देखते हैं.‘’

पर बात इतनी सरल रूप में भी सामने नहीं आई जैसे नंदिता और विनय ने सोचा था. एक संडे पीहू ने सुबह कहा, ”मम्मी, पापा, आज मेरा एक दोस्त घर आएगा.‘’

नंदिता और विनय ने एकदूसरे को देखा, नंदिता ने आंखों ही आंखों में जैसे विनय से कहा, देखा, मेरा अंदाजा!”

विनय मुसकराए, ”अच्छा, कौन है?”

”संजय, वह भी सीए कर रहा है. बस, में ही साथ आतेजाते दोस्ती हुई. मैं चाहती हूं आप दोनों उस से मिल लें.‘’

नंदिता मुसकराई, ”क्यों नहीं, जरूर मिलेंगे.”

इतने में पीहू का फोन बजा तो नंदिता ने कनखियों से देखा, ‘माय लव’ का ही फोन था. वह विनय को देख हंस दी, पीहू दूसरे रूम में फोन करने चली गई.

शाम को संजय आया. नंदिता तो पीहू के फोन में उस दिन किचन में ही इस ‘माय लव’ की फोटो देख चुकी थी. संजय जल्दी ही नंदिता और विनय से फ्री हो गया. नंदिता को वह काफी बातूनी लगा. विनय को ठीक ही लगा. बहुत देर वह बैठा रहा. उस ने अपनी फेमिली के बारे में कुछ इस तरह बताया, ”पापा ने जौब छोड़ कर अपना बिजनैस शुरू किया है. किसी जौब में बहुत देर तक नहीं टिक रहे थे. अब अपना काम शुरू कर दिया है तो यहां तो उन्हें टिकना ही पड़ेगा. मम्मी को किट्टी पार्टी से फुरसत नहीं मिलती, बड़ी बहन को बौयफ्रैंड्स से.’’

नंदिता और विनय इस बात पर एकदूसरे का मुंह देखने लगे. पर संजय जो भी था, मेहमान था, पीहू उसे कुर्बान हो जाने वाली नजरों से देखती रही थी. चायनाश्ते के साथ गपें चलती रहीं. संजय के जाने के बाद पीहू ने नंदिता के गले में बांहें डाल दीं, ”मम्मी, कैसा लगा संजय?”

”ठीक है.‘’

”मम्मी, मैं चाहती हूं आप एक बार उस के पेरैंट्स से भी जल्दी मिल लें.‘’

”क्यों?”

”मैं उस से शादी करना चाहती हूं.‘’

अब नंदिता को एक झटका लगा, ”अभी तो सीए फाइनल के एक्जाम्स बाकी हैं, बहुत मेहनत के दिन हैं ये तो. और अभी उम्र ही क्या है तुम्हारी.”

”ओह्ह, मम्मी, पढ़ाई तो हम साथ रह कर भी कर लेंगे. आप को तो पता ही है मैं अपने कैरियर को ले कर सीरियस हूं.‘’

”सीरियस हो तो बेटा, इस समय सिर्फ पढ़ाई के ही दिन हैं, अभी शादी के लिए रुका जा सकता है.‘’

”पर संजय अभी शादी करना चाहता है, और मैं भी. मम्मी, आप को पता है, लड़कियां उस के कूल ऐटिट्यूड की दीवानी हैं, सब जान देती हैं उस के बेफिक्र नेचर पर.’’

”चलो, अभी तुम कुछ पढ़ लो, फिर बात करते हैं,” किसी तरह अपने गुस्से पर कंट्रोल रखते हुए नंदिता कह कर किचन की तरफ चली गई.

अब तक विनय बिलकुल चुप थे. वे अल्पभाषी थे. अभी मांबेटी के बीच में बोलना उन्हें ठीक नहीं लगा. नंदिता पीहू से बात कर ही रही है, तो ठीक है. दोनों एकसाथ शुरू हो जाएंगे तो बात बिगड़ सकती है. यह सोच कर वे बस अभी तक सुन ही रहे थे. अब जब नंदिता किचन में और पीहू पैर पटकते अपने रूम में चली गई तो वे किचन में गए और कुछ बिना कहे बस अपना हाथ नंदिता के कंधे पर रख दिया. नंदिता इस मौन में छिपे हुए उन के मन के भाव भी समझ गई.

अब पीहू अलग ही मूड में रहती. कभी भी ज़िद करने लगती कि आप लोग संजय के पेरैंट्स से कब मिलोगे, जल्दी मिल कर हमारी शादी की बात करो. संजय भी कभी कभी घर आने लगा था. पीहू उस के आने पर खिलीखिली घूमती. अकेले में विनय ने नंदिता से कहा, ”हमें पीहू की पसंद पर कोई आपत्ति नहीं है, पर पहले पढ़ तो ले. सीए की फाइनल परीक्षा का टाइम है, इसे क्या हो गया है, कैसे पढ़ेगी, ध्यान इतना बंट गया है.”

विनय की चिंता जायज थी. नंदिता ने मन ही मन बहुतकुछ सोचा और एक दिन बहुत हलकेफुलके मूड में पीहू के पास जा कर लेट गई. पीहू भी अच्छे मूड में थी. नंदिता ने बात शुरू की, ”पीहू, हमें संजय पसंद है, पर तुम भी हमारी इकलौती बेटी हो और तुम आज तक अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे कर अपना कैरियर बनाने की बात करती रही हो जो हमें गर्व से भर देता था. संजय को पसंद करना, उस से शादी करने की इच्छा होना, इस में कुछ भी गलत नहीं.” फिर नंदिता ने अपने उसी ख़ास स्टाइल में मजाक करना शुरू किया जिस स्टाइल से मांबेटी अब तक बात करती आई थीं, ”तुम्हारी उम्र में प्यार नहीं होगा तो क्या हमारी उम्र में होगा. मेरी बेटी को प्यार फाइनली हो ही गया किसी से, इस बात को तो मैं एंजौए कर रही हूं पर पीहू, मेरी जान, इस हीरो को भी तो अपने पैरों पर खड़े हो जाने दो. अपने पापा से पैसे मांग मांग कर थोड़े ही तुम्हारे शौक पूरे करेगा और अभी तो उस के पापा ही सैट नहीं हुए,” नंदिता के यह कहने के ढंग पर पीहू को हंसी आ गई. नंदिता ने आगे कहा, ”देखो, हम संजय के पेरैंट्स से जल्दी ही जरूर मिलेंगे. तुम जहां कहोगी, हम तुम्हारी शादी कर देंगे. पर तुम्हें हमारी एक बात माननी पड़ेगी.‘’

पीहू इस बात पर चौकन्नी हुई तो नंदिता हंस दी. पीहू ने पूछा, ”कौन सी बात?”

”अभी सब तरफ से ध्यान हटा कर सीए की तैयारी में लगा दो, बैठ जाओ पढ़ने. फिर जो कहोगी, हो जाएगा. सीए करते ही शादी कर लेना, हम खुश ही होंगे.‘’

पीहू ने इस बात पर सहमति दे दी तो नंदिता ने चैन की सांस ली और विनय को भी यह बातचीत बताई तो उन की भी चिंता कम हुई. पीहू फिर सचमुच रातदिन पढ़ाई में जुट गई. वह हमेशा यही कहती थी कि वह एक ही बार में सीए क्लियर करने के लिए जीतोड़ मेहनत करेगी, बारबार वही चीज नहीं पढ़ती रहेगी. नंदिता ने सुना, पीहू फोन पर कह रही थी. नंदिता ने अंदाजा लगाया संजय से ही बात कर रही होगी, ”नहीं, अब एग्जाम्स के बाद ही मिलेंगे, बहुत मुश्किल है पहली बार में पास होना, बहुत मेहनत करेंगे.‘’

संजय ने क्या कहा, वह तो नंदिता कैसे सुनती, पर कान पीहू की बात की तरफ लगे थे जो कह रही थी, ”नहीं, नहीं, मैं इतना हलके में नहीं ले सकती पढ़ाई. मुझे पहली बार में ही पास होना है. तुम भी सब छोड़ कर पढ़ाई में ध्यान लगाओ.”

नंदिता जानती थी कि उस ने हमेशा पीहू को स्वस्थ माहौल दिया है. वह अपने पेरैंट्स से कुछ भी, कभी भी कह सकती थी. यह बात भी पीहू नंदिता को बताने आ गई, बोली, ”मुझे अभी बहुत गुस्सा आया संजय पर, कह रहा है कि सीए के एग्जाम्स तो कितने भी दे सकते हैं. फेल हो जाएंगें तो दोबारा दे देंगे.” और फिर अपने रूम में जा कर पढ़ने बैठ गई.

नंदिता पीहू की हैल्थ का पूरा ध्यान रखती, देख रही थी, रातदिन पढ़ाई में लग चुकी है पीहू. संजय कभी घर आता तो भी उस से सीए के चैप्टर्स, बुक, पेपर्स की ही बात करती रहती. संजय इन बातों से बोर हो कर जल्दी ही जाने लगा. वह कहीं आइसक्रीम खाने की या ऐसे ही बाहर चलने की ज़िद करता तो कभी पीहू चली भी जाती तो जल्दी ही लौट आती. जैसेजैसे परीक्षा के दिन नजदीक आने लगे. वह बिलकुल किताबों में खोती गई. और सब के जीवन में वह ख़ुशी का दिन आ भी गया जब पीहू ने पहली बार में ही सीए पास कर लिया. संजय बुरी तरह फेल हुआ था. पीहू को उस पर गुस्सा आ रहा था, बोली, “मम्मी, देखा आप ने, अब भी उसे कुछ फर्क नहीं पड़ा, कह रहा है कि अगली बार देखेगा, नहीं तो अपना दूसरा कैरियर सोचेगा.”

नंदिता ने गंभीर बन कर कहा, ”देखो, हम बहुत खुश हैं, तुम ने मेरी बात मान कर पढ़ाई पर ध्यान दिया. अब हमारी बारी है तुम्हारी बात मानने की. बोलो, संजय के पेरैंट्स से मिलने हम कब उस के घर जाएं?”

”अभी रुको, मम्मी, अब तो प्रौपर जौब शुरू हो जाएगा मेरा उसी बिग फोर कंपनी में जहां मैं आर्टिकलशिप कर रही थी. अब औफिस जाने में अलग ही मजा आएगा. ओह्ह, मम्मी, मैं आप दोनों को बड़ी पार्टी देने वाली हूं.”

पीहू नंदिता और विनय से लिपट गई.

अगले कुछ दिन पीहू बहुत व्यस्त रही. अब जौब शुरू हो गया था. अच्छी सैलरी हाथ में आने की जो ख़ुशी थी, उस से चेहरे की चमक अलग ही दिखती. फोन पर ‘माय लव’ की जगह संजय नाम ने ले ली थी. संजय अब पीहू की छुट्टी के दिन ही आता. दोनों साथसाथ मूवी देखने भी जाते, खातेपीते, पर अब नंदिता को वह बेटी का ख़ास बौयफ्रैंड नहीं, एक अच्छा दोस्त ही लग रहा था. पीहू अब उस से शादी की बात कभी न करती. उलटा, ऐसे कहती, ”मम्मी, संजय बिलकुल सीरियस नहीं है अपने कैरियर में. मुझे तो लगता है इन की फेमिली बहुत ही लापरवाह है. कोई भी सैट ही नहीं होता. कोई भी कभी कुछ करता है, कभी कुछ. इन के घर जाओ तो सब अस्तव्यस्त दिखता है. मेरा तो मन ही घबरा जाता है. फौरन ही आने के लिए खड़ी हो जाती हूं.‘’

नंदिता सब सुन कर बहुतकुछ सोचने लगी. सीए के एग्जाम्स 6 महीने बाद फिर आए. संजय ने फिर पढ़ाई में कमी रखी, फिर फेल हुआ. पीहू को संजय पर बहुत गुस्सा आया, बोली, ”बहुत लापरवाह है, इस से नहीं होगा सीए. अब बोल रहा है, फिर 6 महीने में एग्जाम्स तो देगा पर बहुत ज्यादा मेहनत नहीं कर पाएगा.’’

नंदिता ने यों ही हलके से मूड में कहा, ”अब इसे शादी की जल्दी नहीं, पीहू?”

”है, अब भी बहुत ज़िद करता है, शादी कर लेते हैं, मैं पढ़ता रहूंगा बाद में.”

विनय ने पूछा, ”तुम क्या सोचती हो?”

”अभी मुझे समय चाहिए. पहले यह देख लूं कि यह अपनी लाइफ को ले कर कितना सीरियस है. बाकी तो बाद की बातें हैं.”

उस रात नंदिता को ख़ुशी के मारे नींद नहीं आ रही थी. पीहू तो बहुत समझदार है, प्यार भी किया है तो एकदम दीवानी बन कर नहीं घूमी, होशोहवास कायम रखे हुए, गलत फैसले के मूड में नहीं है पीहू. नंदिता को पीहू पर रहरह कर प्यार आ रहा था, सोच रही थी कि अच्छा है, आज का इश्क थोड़ा सयाना, प्रैक्टिकल हो गया है, थोड़ा अलर्ट हो गया है, यह जरूरी भी है.

पीहू रात में लेटीलेटी ठंडे दिमाग से सोच रही थी, संजय की बेफिक्री, उस के कूल नैचर पर फ़िदा हो कर ही उस के साथ जीवन में आगे नहीं बढ़ा जा सकता. संजय और उस का पूरा परिवार लापरवाह है. मैं ने पढ़ाई में बहुत मेहनत की है. इस प्यार मोहब्बत में कहीं अपना कोई नुकसान न कर के बैठ जाऊं. संजय अच्छा दोस्त हो सकता है पर लाइफपार्टनर तो बिलकुल भी नहीं.

और ऐसा भी नहीं है कि संजय उस से शादी न करने के मेरे फैसले से मजनू बन कर घूमता रहेगा. उसे लाइफ में बस टाइमपास से मतलब है, यह भी मैं समझ चुकी हूं. ऐसा भी नहीं है कि मैं कोई वादा तोड़ रही हूं और उसे धोखा दे रही हूं. वह खुद ही तो कहता है कि वह लाइफ में किसी भी बात को सीरियसली नहीं लेगा. फिर क्यों बंधा जाए ऐसे इंसान से. अब वह जमाना भी नहीं कि सिर्फ भावनाओं के सहारे भविष्य का कोई फैसला लिया जाए. मैं कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाऊंगी जिस से मुझे कभी बाद में पछताना पड़े. जल्दबाजी में फैसला ले कर रोज न जाने कितनी ही लड़कियां अपना नुकसान कर बैठती हैं. न, न, अब जब भी इश्क होगा, सयाना होगा, कोई बेवकूफी नहीं करेगा.

Love Story

Empower her : गृहशोभा ऐंपॉवरहर इवेंट, दिल्ली

Empower her : 31 जनवरी 2026 की सुबह सिर्फ यादगार नहीं बल्कि एक अप्रतिम भी बन गई. जब ठीक सुबह 11 बजे दिल्ली में लावण्या बैंक्वेट में दिल्ली प्रैस ने अपना गृहशोभा ऐंपॉवरहर सीजन 4 इवेंट का आयोजन किया.

दिल्ली प्रैस द्वारा गृहशोभा के पहले कई इवेंट मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, लखनऊ और बैंगलुरु में हो चुके हैं. गृहशोभा का हमेशा से ही एक उद्देश्य रहा है और वो है महिला सशक्तीकरण. जिस के लिए वह निरंतर प्रयास करते आ रहे है. और इस तरह के ऐंपॉवरमैंट प्रोग्राम उसी उद्देश्य की पूर्ति के गवाह बनते है.

इस इवेंट की ऐंकर अंकिता मंडल ने अपने जोश भरे अंदाज से कार्यक्रम का आगाज किया. अंकिता ने आये सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत तो किया ही. साथ सभी पार्टनर और स्पौंसर का आभार भी यक्त किया.

किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी- ज्वैलरी पार्टनर, भारत गैस बीपीसीएल- सुरक्षा भागीदार, रेडक्लिफ लैब्स- स्वास्थ्य और कल्याण भागीदार, मधुसूदन- एसोसिएट स्पौंसर, केएमएफ नंदिनी- एसोसिएट स्पौंसर, वर्धमान निटिंग यार्न- एसोसिएट स्पौंसर, रोजा हर्बलकेयर- ग्लोइंग स्किन पार्टनर, श्री और सैम किचनवेयर- फार बैटर होम्स.

वर्धमान निटिंग यार्न के ओपनिंग गेम के द्वारा सभी का जोश और बढ़ाने के बाद ऐंकर अंकिता ने कार्यक्रम की पहली गैस्ट स्पीकर डा. (रुह्ल ष्टशद्य) गार्गी विकास का स्वागत किया. डा. गार्गी, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ में 20 साल का एक्सपीरियंस रखती है. वह आर्म्ड फोर्सेस मैडिकल कालेज, पुणे की पूर्व छात्रा है और एमएस प्रसूति एवं स्त्री रोग में स्वर्ण पदक विजेता और आर्मी हौस्पिटल (आर ऐंड आर), दिल्ली और कमांड हौस्पिटल, लखनऊ में अपनी सेवा प्रदान कर चुकी है. उन्होंने हाई रिस्क वाली प्रैगनैंसी से ले कर प्रजनन देखभाल तक, एडवांस्ड लेप्रोस्कोपिक सर्जरी से ले कर किशोर स्वास्थ्य तक जीवन के हर चरण में हजारों महिलाओं का मार्गदर्शन किया है. अपना यही एक्सपीरियंस और बहुत सी इंपौर्टैंट हैल्थ टिप्स उन्होंने ने मौजूदा अतिथियों के साथ भी सा?ा किया.

हैल्थ वैलनैस की बात को आगे बढ़ाते हुए दूसरे गेस्ट स्पीकर का स्वागत का हुआ. और स्टेज पर आई डा. नेहा प्रभाकर. डाक्टर नेहा एक कुशल एमडी पैथोलाजिस्ट जिनके पास निदान और प्रयोगशाला चिकित्सा में 8+ से अधिक वर्षों का अनुभव है. डा. नेहा ने हेमेटोलाजी, साइटोलाजी, हिस्टोपैथोलाजी में काम किया है. वह क्लीनिकल पैथोलाजी और बायोकैमिस्ट्री, स्वास्थ्य परीक्षण पर एक मजबूत दृष्टिकोण प्रदान करती है.

उन्होंने ढ्ढढ्ढरू अहमदाबाद से हैल्थकेयर मैनेजमेंट में भी प्रशिक्षण लिया है और एनएबीएल मानकों के तहत प्रयोगशाला गुणवत्ता प्रणालियों के लिए प्रमाणित लेखा परीक्षक है. डा. नेहा ने इवेंट में अपना एक्सपीरियंस तो शेयर किया ही साथ अच्छे लैब और रिपोर्ट्स की गंभीरता को भी सम?ाया.

साथ ही सत्र के बाद रेडक्लिफ लैब्स द्वारा एक क्विज गेम भी कराया गया.

गेम के बाद इवेंट के सुरक्षा भागीदार- भारत गैस बीपीसीएल के गेस्ट स्पीकर ने स्टेज पर आ कर भारत गैस और सुरक्षा के बारे अतिथियों से चर्चा की.

दूसरा सत्र रहा- कौन्फिडैंस ऐंड पर्सनल ग्रोथ का. जहां डा. (एचसी) नीलेश्वरी ए.बी. वर्ल्डवाइड इंस्टिट्यूट औफ ग्रूमिंग ऐंड पेजेंट्स- ङ्खढ्ढत्रक्क मिराकुलूक्स के संस्थापकनिदेशक और फेमिना मिस इंडिया के आधिकारिक टेलैंट पार्टनर का स्वागत किया गया. डा. नीलेश्वरी वह एक जीवनशैली विशेषज्ञ हैं, सौंदर्य, कल्याण और सौंदर्य विशेषज्ञ हैं. उन्हें मिस यूनाइटेड नेशंस क्लासिक 2024 और वैलनैस, ग्रूमिंग और पेजेंट्री में उत्कृष्टता के लिए कई पुरस्कार मिले हैं. इवेंट में उन्होंने सभी को कौन्फिडैंस और ग्रूमिंग की कुछ इंपौर्टैंट टिप्स दी. अगले सत्र से पहले दो गेम हुए.

रोजा हर्बलकेयर- ग्लोइंग स्किन पार्टनर के ब्रैंड इंट्रो के बाद एक क्विज गेम हुआ, जिस में जीते गए विजेता को गिफ्ट भी मिले.

मधुसूदन से मिस्टर प्रशांत वर्मा और मिस्टर अब्राहम स्टेज पर आए और मधुसूदन ब्रैंड के प्रोडक्ट्स के बारे अतिथियों को बताया. साथ ही फिर एक क्विज गेम भी हुआ. जहां विजेता को मनमोहक उपहार मिले.

तीसरा सत्र: महिलाओं के लिए कैरियर अवसर पर रहा. जहां मिस. पूनम महाजन स्टेज पर आई. पूनम एक ञ्जश्वष्ठ× स्पीकर, उद्यमी, ब्रैंड रणनीतिकार और संकट प्रबंधन विशेषज्ञ, लेखक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं. वह एपेक्स मीडिया- ब्रैंड क्रिएटर्स की संस्थापक और निदेशक हैं. साथ ही राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास परिषद के महासचिव के रूप में भी कार्य करती हैं. पत्रकारिता, पीआर, ब्रैंडिंग और संकट संचार में 2 दशकों से अधिक के अनुभव के साथ वह व्यापक रूप से ‘क्राइसिस थ्राइवर’ के रूप में जानी जाती है. आज, वह कौरपोरेट्स, स्टार्टअप्स, लीडर्स और चेंजमेकर्स को सलाह देती हैं. महिला एवं बाल विकास, मानवाधिकार और समानता पहल से जुड़ी है. इवेंट में भी पूनम ने महिला विकास और कैरियर के बहुत से पहलुओं पर चर्चा की और उन का आत्मविश्वास बढ़ाया.

इस के बाद मिस मीनाक्षी द्वारा श्री और सैम किचनवेयर की शानदार प्रेजेंटेशन के बाद एक क्विज गेम हुआ. जहां 5 सवालों का सही जवाब देने वाले विजेता को आकर्षक उपहार मिले.

अगला गेम सेगमैंट किसना डायमंड्स ऐंड गोल्ड ज्वेलरी का रहा, जिस में वह अपने अतिथियों के बीच एक अनोखा क्विज ले कर के आए. और क्विज गेम में पूछे गए 5 सवालों का सही जवाब दे, विजेता बने अतिथियों को किसना ने आकर्षित गिफ्ट दिए.

अगला सत्र ज्वैलरी सेगमैंट का रहा. जहां किसना डायमंड ऐंड गोल्ड ज्वैलरी की ओर से मिस्टर करण कुमार, एरिया औपरेशन मैनेजर स्टेज पर आए. मिस्टर करण ने अपने सालों के अनुभव और ज्ञान से डायमंड ऐंड गोल्ड ज्वैलरी की शुद्धता और गुणवता को बहुत अच्छे ढंग से समझाई. जो हमें गोल्ड और डायमंड ज्वैलरी लेते समय जरूर देखनी और समझनी चाहिए.

कार्यक्रम के अंत से ठीक पहले किसना डायमंड ऐंड गोल्ड ज्वैलरी की तरफ से एक लकी ड्रा हुआ, जिस में विजेता को एक मनमोहक गिफ्ट मिला.

कार्यक्रम के आखिरी चरण में सभी अतिथियों ने लंच के बाद दिल्ली प्रैस गृहशोभा के ऐंपॉवरहर प्रोगाम की दिल से सहराना की और ये भी कहा कि वह अगले इवेंट का बेसब्री से इंतजार करेगी.

Poor road maintenance : मौत के गड्ढे, जिम्मेदार कौन

Poor road maintenance : सड़कों का मैनेजमैंट देशभर में बद से बदतर होता जा रहा है. न केवल सड़कों पर गड्डे जब मरजी आ जाते हैं, सड़कों के मोड़, उन पर खुदाई, उन पर मलबा डालना भी जानलेवा होता जा रहा है. दिल्ली में पिछले माह 2 युवाओं की मौत सिर्फ इसलिए हुई कि सड़क किसी गहरे गड्डे में जा रही है, चलाने वालों को पता ही नहीं चला.

नोएडा में एक कार एक बिल्डिंग के बेसमैंट के लिए खुदे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिस में कितने ही फुट पानी भरा था और भीड़ के सामने धीरेधीरे युवा चालक के साथ कार डूब गई. दूसरे मामले में सड़क पर जलबोर्ड के खोदे 15 फुट गहरे गड्ढे में बाइक समेत युवा चालक जा गिरा.

चाहे दोनों मामलों में थोड़ी गलती चालकों की हो, यह पक्का है कि देशभर में सड़क मैनेज करने वाले यूज करने वालों की तकलीफों के  प्रति बेखबर ही रहते हैं. अब एयरकंडीशंड कमरों में बैठे रोड इंजीनियरों को टैंडरों की ज्यादा चिंता रहती है, यूजर्स की कम. सड़कों पर दुर्घटनाओं के लिए रोड इंजीनियरिंग और रोड मैनेजमैंट ज्यादा जिम्मेदार हैं बजाय ड्राइवरों की गलती के.

हमारे यहां सड़कें गरीब की लुगाई, सब की भौजाई की तरह हैं जिन्हें किसी भी तरह बरबाद किया जा सकता है. सड़कों के नामकरण के लिए हल्ला मचाने वाले सड़कों के मैनेजमैंट की नहीं सोचते. सड़कों पर रातोंरात मंदिर उग आते हैं. सड़क मरम्मत करने के नाम पर हफ्तों सड़क पर रोड़ी, ईंटें, पत्थर पड़े रहते हैं. जल, बिजली, फोन विभाग जब मरजी, जहां मरजी एक छोटा सा सावधान का बोर्ड लगा कर या तो मलबा डाल देते हैं या उसे खोद डालते हैं.

कहीं तो इंजीनियरिंग इतनी बेवकूफी की होती है कि ब्रिज को अधूरा छोड़ दिया जाता है और वही फ्लाईओवर अचानक

90 के कोण पर मोड़ पर मुड़ जाता है. वहीं सड़क के बीच में अचानक आइलैंड बना कर उसे 2 हिस्सों में बांट दिया जाता है तो कहीं यू पिन मोड़ को बेहद नुकीला बना दिया जाता है.

सब से ज्यादा दोषी सरकारी इंजीनियर होते हैं पर सब से ज्यादा सुरक्षित वे ही रहते हैं और सब से ज्यादा सजा उन घरों को मिलती है जिन के परिवार बेबात में इंजीनियरों के कारण अपने परिवार के एक दुलारे को खो बैठते हैं. जहां मरने वाला इकलौता कमाऊ हो वहां तो इस का दंश वर्षों पत्नियां, बच्चे, पेरैंट्स ?ोलते हैं. सरकारी इंजीनियरों को कभी पकड़ा नहीं जाता. उन की कारगुजारी या निकम्मापन फाइलों में दबा रह जाता है.

सड़कें शहरी जीवन के लिए लाइफलाइन हैं और इन का सही मैनेजमैंट पहली प्रायोरिटी होना चाहिए पर ये सब से ज्यादा इग्नोर की जाती हैं. न सही सड़कों के लिए शाबाशी मिलती है, न खराब सड़कों के लिए सजा. ठेकेदारों का और्डर कैंसिल हो जाता है. प्राइवेट बिल्डर कहीं मिल जाए तो उसे जेल में ठूंस दिया जाता है पर उस से रोते परिवारों को क्या मिलता है? अगर कहीं 2-4 लाख अखबारी सुर्खियों में आने के लिए कोई नेता दे भी दे तो कुछ बनता नहीं है.

Kahani: प्रिया- क्या था प्रिया के खुशहाल परिवार का सच?

Kahani: जैसे ही प्लेन के पहियों ने रनवे को छुआ, विकास के दिल की धड़कनें तेज हो गईं. वह 3 साल बाद मां के बेहद जोर देने पर अपनी बहन के विवाह में शामिल होने के लिए इंडिया आया था. इस से पहले भी कितने मौके आए, लेकिन वह काम का बहाना बना कर टालता रहा. लेकिन इस बार वह अपनी बहन नीलू को मना नहीं कर सका. दिल्ली से उसे पानीपत जाना था, वहां फिर उस की याद आएगी. वह सोच रहा था कि यह कैसी मजबूरी है? वह उसे भूल क्यों नहीं जाता? क्यों आखिर क्यों? कोई किसी से इतना प्यार करता है कि अपना वजूद तक भूल जाता है? प्रिया अब किसी और की हो चुकी थी. लेकिन विकास उस की जुदाई सह नहीं पाया था, इसलिए पहले उस ने शहर और फिर एक दिन देश ही छोड़ दिया. भूल जाना चाहता था वह सब कुछ. उस ने खुद को पूरी तरह बिजनैस में लगा दिया था.

पलकों पर नमी सी महसूस हुई तो उस ने इधरउधर देखा. सभी अपनीअपनी सीट पर अपने खयालों में गुम थे. विकास एक गहरी सांस लेते हुए खुद को नौर्मल करने की कोशिश करने लगा.

बाहर आ कर उस ने टैक्सी ली और ड्राइवर को पता समझा कर पिछली सीट पर सिर टिका कर बाहर देखने लगा. दिल्ली की सड़कों पर लगता है जीवन चलता नहीं, बल्कि भागता है. तभी उस का मोबाइल बज उठा. विकास अमर का नाम देख कर मुसकराया और बोला, ‘‘बस, पहुंच ही रहा हूं.’’

विकास जब अपने सभी अरमानों को दफना कर खामोशी से लंदन आया था, तो कुछ ही दिनों बाद उस की मुलाकात अमर से हुई थी, जो अपनी कंपनी की तरफ से ट्रेनिंग के सिलसिले में लंदन आया हुआ था. दोनों के फ्लैट पासपास ही थे. दोनों में दोस्ती हो गई थी. इसी बीच अमर का ऐक्सिडैंट हुआ तो विकास ने दिनरात उस का खयाल रखा, जिस कारण दोनों एकदूसरे के अच्छे दोस्त बन गए.

अमर ट्रेनिंग पूरी कर के भारत लौट आया. फिर कुछ दिनों बाद उस का विवाह भी हो गया. अब दोनों फोन पर बातें करते थे. दोस्ती का रिश्ता कायम था. अमर के बारबार कहने पर विकास ने उस से मिलते हुए पानीपत जाने का प्रोग्राम बनाया था. अमर के बारे में सोचते हुए उस ने टैक्सी ड्राइवर को पैसे दे कर डोरबैल बजा दी.

कुछ ही पलों में अमर का मुसकराता चेहरा गेट पर नजर आया, ‘‘सौरी यार, तुम्हें लेने एअरपोर्ट नहीं आ पाया.’’

‘‘कोई बात नहीं, बस अचानक आने का प्रोग्राम बना. मम्मी की जिद थी कि बहन की शादी में जरूर आऊं. एअरपोर्ट से ही मैं ने तुम्हें फोन किया था. सोचा तुम से मिलता जाऊं. सच पूछो तो घर वालों के साथसाथ मुझे तुम्हारी दोस्ती, तुम्हारा प्यार भी खींच लाया है.’’

अमर मुसकराता हुआ विकास के गले लग गया. फिर बातें करतेकरते विकास को ड्राइंगरूम में ले कर आया.

‘‘कैसा लगा घर?’’ अमर ने पूछा.

‘‘बहुत शांति है तुम्हारे घर में, लगता है स्वर्ग में रह रहे हो?’’

‘‘औफकोर्स, लेकिन बस एक ही अप्सरा है इस स्वर्ग में,’’ और फिर दोनों के की हंसी से ड्राइंगरूम गूंज उठा.

थोड़ी देर बाद अमर उठ कर अंदर गया और फिर गोद में एक बच्चे को ले कर आया और बोला, ‘‘विकास, इस से मिलो. सनी है यह.’’

विकास ने उठ कर सनी को गोद में लिया. बच्चा था ही ऐसा कि देख कर उस पर प्यार आ जाए.

‘‘अमर, खाना तैयार है,’’ कहते हुए वह गुलाबी साड़ी में अंदर आई तो विकास को लगा जैसे दिल की धड़कनें अभी बंद हो जाएंगी. और फिर वह अचानक उठ खड़ा हुआ.

‘‘विकास, यह प्रिया है, तुम्हारी भाभी,’’ प्रिया की नजरों में पहचान का कोई भाव नहीं था.

‘‘आप बैठिए न, अमर आप को बहुत याद करते हैं. और आज तो आप के फोन के बाद से आप की ही बातें चल रही हैं.’’

बेवफा, धोखेबाज, विकास मन ही मन उस के अनजान बनने पर कुढ़ कर रह गया.

प्रिया मुसकराते हुए अमर के पास बैठ गई. फिर कहने लगी, ‘‘अमर, खाना मैं ने टेबल पर लगा दिया है, सनी के सोने का टाइम हो रहा है. मैं इसे सुला कर आती हूं,’’ और वह बच्चे को ले कर चली गई.

अमर कहने लगा, ‘‘विकास, इस घर की सारी खूबसूरती और शांति प्रिया से है.’’

उधर विकास सोचने लगा कि इस बेवफा को वह एक पल में गलत साबित कर सकता है. विकास के दिल में प्रिया के खिलाफ नफरत का तूफान उठ रहा था. कुछ जख्म ऐसे होते हैं, जो दिखाई देते हैं, लेकिन दिखाई न देने वाले जख्म ज्यादा तकलीफ देते हैं. बीते दिनों का एहसास एक बार फिर विकास के मन में जाग उठा. यकीनन मेरा डर प्रिया के दिल में उतर चुका होगा, फिर वह बोला, ‘‘अमर, भाभी हमारे साथ खाना नहीं खाएंगी?’’

‘‘तुम शुरू करो, मैं बुलाता हूं,’’ लेकिन अमर के बुलाने से पहले ही वह आ गई और आते ही कहने लगी, ‘‘मैं सनी को सुलाने गई थी, वैसे मुझे भी बड़ी जोर की भूख लगी है,’’ और वह कुरसी खींच कर विकास के सामने बैठ गई.

विकास सोच रहा था यह प्यार भी अजीब चीज है. हम हमेशा उसी चीज से प्यार करते हैं, जो हमारे बस में नहीं होती. सब जानते हुए भी मजबूर हो जाते हैं. प्रिया का चेहरा आज भी खिलते गुलाब जैसा था. आज भी उस पर नजरें टिक नहीं रही थीं. जब तक लड़कियों की शादी नहीं हो जाती तब तक उन्हें लगता है वे अपने प्यार के बिना मर जाएंगी, लेकिन फिर वही लड़कियां अपने पति के प्यार में इतना आगे निकल जाती हैं कि उन्हें अपना अतीत किसी बेवकूफी से कम नहीं लगता.

विकास के मन में आया कि वह उस के हंसतेबसते घर को बरबाद कर दे… अगर वह बेचैन है तो प्रिया को भी कोई हक नहीं है चैन से रहने का…

‘‘विकास, तुम खा कम और सोच ज्यादा रहे हो.’’

‘‘नहीं, ऐसी बात नहीं,’’ अमर के कहने पर वह चौंका.

‘‘लगता है खाना पसंद नहीं आया आप को,’’ प्रिया कहते हुए मुसकराई.

‘‘नहीं, खाना तो बहुत टेस्टी है.’’

‘‘प्रिया खाना बहुत अच्छा बनाती है,’’ अमर ने कहा तो वह हंस दी, फिर उठते हुए बोली, ‘‘आप लोग बातें करो, मैं चाय बना कर लाती हूं.’’

कुछ ही देर में प्रिया ट्रे उठाए आ गई. और बोली, ‘‘आप बता रहे थे आप के दोस्त शाम को चले जाएंगे… कम से कम 1 दिन तो आप को इन्हें रोकना चाहिए…’’

विकास उस की बातों से हैरान रह गया. उस के हिसाब से तो प्रिया उस से पीछा छुड़ाने की कोशिश करती.

‘‘अरे, मैं कहां जाने दूंगा इसे… कम से कम 1 दिन तो इसे यहां ठहरना ही पड़ेगा.’’

फिर विकास ने भी ज्यादा नानुकर नहीं की. वह मन में प्रिया से सारे हिसाब बराबर करने का फैसला कर चुका था. चाय के बाद अमर उसे थोड़ी देर आराम करने के लिए दूसरे रूम में छोड़ गया.

नर्म बैड, ठंडा कमरा, अभी लेट कर आंखें बंद की ही थीं कि प्रिया एक बार फिर सामने आ गई जिसे वर्षों बाद भी मन भुला नहीं पाया था…

उन के पड़ोस में जो नया परिवार आया था वह प्रिया का ही था. जल्द ही विकास की बहन नीलू की प्रिया से दोस्ती हो गई. अकसर उस की प्रिया से मुलाकात हो जाती थी. कभीकभी विकास भी उन दोनों की बातों में शामिल हो जाता था. गपशप के दौरान विकास को लगता कि प्रिया भी उसे पसंद करती है. उस की आंखों के पैगाम प्रिया के दिल तक पहुंच जाते. पता नहीं किस पल, किस वक्त वह इस तिलिस्म में कैद हुआ था, जिसे प्यार कहते हैं. लेकिन उस के दिल की बात कभी जबान तक नहीं आई थी.

घर में बड़ा बेटा होने के कारण विकास मांबाप का दुलारा था. उस ने एमबीए करने के बाद जब बिजनैस शुरू किया तो उस की इच्छा देखते हुए उस की मम्मी ने प्रिया की जन्मपत्री मंगा ली थी. लेकिन जब वह नहीं मिली तो दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुए. विकास के तनबदन में आग लग गई. वह इस अंधविश्वास के कारण प्रिया से दूर नहीं रह सकता था. अत: उस ने मन की तसल्ली के लिए नीलू को प्रिया के मन का हाल जानने के लिए भेजा. हालांकि अब तक प्रिया से उस की कोई ऐसी गंभीर बात नहीं हुई थी फिर भी अगर वह विकास का साथ दे तो वे कोर्ट मैरिज कर सकते हैं.

लेकिन प्रिया के जवाब से विकास के दिल को बहुत ठेस पहुंची थी. उस का कहना था कि वह विकास की भावनाओं की कद्र करती है. वह उसे पसंद करती है, लेकिन वह विवाह मातापिता की सहमति से ही करेगी. विकास का बुरा हाल था. वह सोचता, वह सब कुछ क्या था? वह उसे देख कर मुसकराना, उस से बातें करना, क्या प्रिया उस की भावनाओं से खेलती रही? विकास को एक पल चैन नहीं आ रहा था. उसे लगा प्रिया ने उस के साथ धोखा किया है. उस के बाद प्रिया से बात नहीं हुई.

धीरेधीरे प्रिया ने घर आना भी छोड़ दिया. अब विकास का यहां दम घुटने लगा था. कुछ दिनों बाद वह लंदन आ गया. कभीकभी उसे लगता कि शायद यह एक दिमागी कमी है, जिसे इश्क कहते हैं. अतीत में खोए विकास को कब नींद आ गई, पता ही नहीं चला.

जागने पर नहाने के बाद विकास ने स्वयं को फ्रैश महसूस किया. सारी थकान खत्म हो चुकी थी. दरवाजा खोल कर वह बाहर आया, प्रिया चाय की ट्रे मेज पर रख ही रही थी. हलके मेकअप ने उस के चेहरे को और भी निखार दिया था. विकास की नजर प्रिया के चेहरे पर जम कर रह गई. फिर उस ने पूछा, ‘‘अमर कहां है?’’

‘‘कुछ सामान लेने गए हैं, आते ही होंगे.’’

‘‘तुम चाय में साथ नहीं दोगी?’’ विकास का बेचैन दिल एक बार फिर उस की कंपनी के लिए मचलने लगा.

‘‘आप लीजिए, मैं किचन में बिजी हूं,’’ कह कर वह किचन की तरफ बढ़ गई.

विकास सोचने लगा, आखिर थी न बेवफा औरत, कैसे टिक सकती थी मेरे सामने. मगर मैं इतना बेवकूफ नहीं हूं प्रिया, यह तुम्हें जल्द ही पता चल जाएगा. और फिर अंदर की ईर्ष्या ने उसे ज्यादा देर बैठने नहीं दिया.

प्रिया किचन में थी और वह किचन के दरवाजे पर खड़ा उसे देख रहा था. समय ने उस के सौंदर्य में कमी के बजाय वृद्धि ही की थी.

‘‘क्या देख रहे हैं आप?’’ प्रिया लगी तो काम में थी, लेकिन ध्यान विकास पर ही था.

विकास बोला, ‘‘तुम जैसी लड़कियां प्यार किसी से करती हैं और शादी किसी और से, कैसे बिताती हैं ऐसा दोहरा जीवन?’’

प्रिया काम करते हुए ही बोली, ‘‘आप मुझ से क्यों पूछ रहे हैं?’’

‘‘तुम इतनी अनजान क्यों बन रही हो? तुम मुझे क्यों बेवकूफ बनाती रहीं? क्या मैं इतना पागल नजर आता था?’’

विकास की तेज आवाज पर प्रिया ने हैरान हो कर उस की तरफ देखा, फिर आंच धीमी की और विकास की आंखों में देखती हुई बोली, ‘‘विकास, आप की पहली गलतफहमी यह है कि मैं ने आप को बेवकूफ बनाया. मैं ने आप से कभी थोड़ीबहुत जो बातें कीं वह मेरी गलती थी, लेकिन वे बातें प्यारमुहब्बत की तो थीं नहीं, आप ने अपनेआप को किसी भ्रम में डाल लिया शायद… जब मेरे मम्मीपापा ने आप के रिश्ते को मना किया तो मुझे दुख हुआ था, लेकिन ऐसा नहीं कि मैं खुद को संभाल न सकूं. मैं ने फिर आप के बारे में नहीं सोचा.’’

‘‘तुम झूठ बोल रही हो. तुम ने नीलू से क्यों कहा था कि मैं तुम्हें अच्छा लगता हूं, लेकिन तुम ने मेरा साथ नहीं दिया… जब मैं पूरी तरह तुम्हारे प्यार में डूब गया तो तुम ने मेरा दिल तोड़ दिया… अमर के जीवन में आने से पहले तुम ने यह खेल न जाने कितनों के साथ खेला होगा.’’

‘‘विकास,’’ प्रिया गुस्से से बोली, ‘‘शायद आप जानते होंगे कि रिश्ते तो हर लड़की के लिए आते हैं. आप का भेजा हुआ प्रपोजल कोई अनोखा नहीं था फर्क सिर्फ इतना था कि मैं आप को जानती थी.

‘‘मैं ने नीलू को बताया था कि आप मुझे बुरे नहीं लगते. आप बुरे थे भी नहीं. एक अच्छे इंसान में जो खूबियां होनी चाहिए वे सब आप में थीं. लेकिन जब मेरे मम्मीपापा की मरजी नहीं थी तो मैं आप का साथ देने की सोच भी नहीं सकती थी. अगर मैं मांबाप की मरजी के खिलाफ आप का साथ देती तो एक भागी हुई लड़की कहलाती और ऐसे प्यार का क्या फायदा जो इज्जत न दे सके? मैं ने आप के बारे में सोचा जरूर था, लेकिन आप से प्यार कभी नहीं किया. आप शायद एकतरफा मेरे लिए अपने दिल में जगह बना चुके थे, इसलिए मेरी शादी को आप ने बेवफाई माना. कुछ समय बाद मेरी अमर के साथ शादी हो गई, यकीन करें मैं ने आप के साथ कोई मजाक नहीं किया था. उस के बाद मैं ने कभी आप के बारे में सोचा भी नहीं. अमर का प्यार मुझे उन के अलावा कुछ और सोचने भी नहीं देता.’’

प्रिया की आवाज में अमर के लिए प्यार भरा हुआ था और विकास सोच रहा था, वह कितना बेवकूफ था अपने एकतरफा प्यार में… अपने जीवन का इतना लंबा समय बरबाद करता रहा.

‘‘क्या सोचने लगे, विकास?’’ किचन की तपिश ने उस के चेहरे को और खूबसूरत बना दिया था.

‘काश, तुम मेरी प्रिया होतीं. तुम्हारी यह खूबसूरती मेरे जीवन में होती, मेरा प्यार एकतरफा न होता,’ फिर अचानक शर्मिंदगी के एहसास ने विकास को घेर लिया कि यह सब वह अपने दोस्त की पत्नी के बारे में सोच रहा है.

प्रिया ध्यान से उस के चेहरे के उतारचढ़ाव को देख रही थी. वह उसे चुप देख कर बोली, ‘‘आप ड्राइंगरूम में बैठिए, यहां गरमी है, मैं अभी आती हूं.’’

विकास चुपचाप हारे कदमों से ड्राइंगरूम में आ गया, जहां सनी अभी तक खेल रहा था. कुछ देर में प्रिया भी आ गई और वहीं बैठ गई. दोनों काफी देर चुप रहे.

दिल ने एक बार फिर उकसाया तो विकास बोल उठा, ‘‘अगर मैं अमर को बता दूं कि मैं तुम्हें जानता हूं, बल्कि प्रपोज भी कर चुका हूं तो?’’ कह कर विकास ने उस के चेहरे पर नजरें जमा दीं.

प्रिया की गहरी आंखों में पल भर के लिए उलझन छाई, फिर धीरे से बोली, ‘‘यह जो पुरुष होता है न बड़ा अजीब होता है. अच्छाई पर आए तो फरिश्तों को भी मात कर दे और बुराई पर आए तो शैतान भी पनाह मांगे. आप का दिल जो चाहे, वह करो. आप अपने अधूरे प्यार का गुस्सा मेरे शांत जीवन को खत्म कर के उतारना चाहते हैं, अमर के सामने मेरा अपमान करना चाहते हैं जबकि आप का और मेरा ऐसा कोई रिश्ता था ही नहीं. क्या मेरा अपराध यही है कि मैं ने अपने मम्मीपापा की इच्छा के बिना आप का साथ नहीं दिया,’’ कहतेकहते प्रिया की आंखें भर आईं.

वह ठीक कह रही थी. विकास के दिमाग को उस की बातें स्वीकार्य थीं, लेकिन उस का दिल अब भी नहीं मान रहा था. और फिर दिमाग दिल पर हावी हो गया. विकास ने महसूस किया कि दिल और दिमाग में रस्साकशी चले तो दिमाग की बात मान लेनी चाहिए. इसीलिए शायद कुदरत ने बुद्धि को हृदय के ऊपर बैठाया है.

प्रिया की बातों ने विकास को शर्मिंदा सा कर दिया था. उस का मन ग्लानि से भर उठा. उस ने प्रिया को देखा तो उस के उदास चेहरे के घेरे में कैद सा हो गया. अपनी छोटी सोच पर उसे कुछ बोला ही नहीं गया, फिर हिम्मत कर के बोला, ‘‘आई एम सौरी, प्रिया, मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए. मैं गलत सोच रहा था,’’ फिर दोनों थोड़ी देर चुपचाप बैठे रहे.

कुछ ही देर में अमर आ गया. फिर सब ने खाना खाया, दोनों दोस्त बीते दिनों की बातें दोहराते रहे. प्रिया काम समेटती रही.

विकास के चलने का समय आया तो अमर गाड़ी निकालने लगा. प्रिया बोली, ‘‘आप फिर कब आएंगे?’’

‘‘शायद अब कभी नहीं.’’

‘‘क्यों?’’

‘‘तुम्हें मुझे अपने घर बुलाते हुए डर नहीं लग रहा है?’’

‘‘वह क्यों?’’ प्रिया ने हैरानी से पूछा.

‘‘मैं तुम्हारा कोई नुकसान कर दूं तो?’’

‘‘मुझे पता है आप ऐसा कभी नहीं कर सकते.’’

‘‘वह क्यों?’’ अब हैरान होने की बारी विकास की थी.

‘‘इसलिए कि आप बहुत अच्छे इंसान हैं. आप अमर के दोस्त हैं, जब चाहें आ सकते हैं.’’

‘‘प्रिया बहुत शांति है तुम्हारे घर में, तुम्हारे जीवन में, मेरी कामना है कि यह हमेशा रहे,’’ विकास मुसकराया.

‘‘आप घर बसा लें ऐसी शांति आप को भी मिल जाएगी,’’ प्रिया की आंखों में खुशी दिखाई दे रही थी.

विरोधी भावों के तूफान से जूझने के

बाद विकास का मन पंख सा हलका हो गया था. मन का बोझ उतरने पर बड़ी शांति मिल रही थी, यही विकल्प था दीवाने मन का. विकास को लगा इतने वर्षों की थकान जैसे खत्म हो गई है.

Kahani

Thriller Story: मैं अहिल्या नहीं नंदिनी हूं

Thriller Story: ‘आखिर मेरा दोष क्या है जो मैं अपमान की पीड़ा से गुजर रही हूं? नाते रिश्तेदार, पास-पड़ोस यहां तक कि मेरा पति भी मुझे दोषी समझ रहा है. कहता है वह मुझ से शादी कर के पछता रहा है और लोग कहते हैं मुझे अपनी मर्यादा में रहना चाहिए था. पासपड़ोस की औरतें मुझे देखते ही बोल पड़ती हैं कि मुझ जैसी चरित्रहीन औरत का तो मुंह भी देखना पाप है. जो मेरी पक्की सहेलियां थीं वे भी मुझे रिश्ता तोड़ चुकी हैं. लेकिन मेरा दोष क्या है? यही सवाल मैं बारबार पूछती हूं सब से. मैं तो अपनी मर्यादा में ही थी. क्यों समाज के लोगों ने मुझे ही धर्मकर्म के कामों से दूर कर दिया यह बोल कर कि हिंदू धर्म में ऐसी औरत का कोई स्थान नहीं?’ अपने ही खयालों में खोई नंदिनी को यह भी भान नहीं रहा कि पीछे से गाड़ी वाला हौर्न पर हौर्न बजाए जा रहा है.

‘‘ओ बहनजी, मरना है क्या’’ जब उस अजनबी ने यह कहा तो वह चौंक कर पलटी.

‘‘बहनजी? नहींनहीं मैं किसी की कोई बहनवहन नहीं हूं,’’ बोल कर नंदिनी सरपट भागी और वह इंसान उसे देखता रह गया, फिर अपने कंधे उचका कर यह बोल कर आगे बढ़ गया कि लगता है कोई पागल औरत है.

घर आ कर नंदिनी दीवार की ओट से

लग कर बैठ गई. जरा सुस्ताने के बाद उस ने

पूरे घर को बड़े गौर से निहारा. सबकुछ तो वैसे ही था. सोफा, पलंग, टेबलकुरसी, अलमारी,

सब अपनीअपनी जगह व्यवस्थित रखे हुए.

मगर नंदिनी की ही जिंदगी क्यों इतनी अव्यवस्थित हो गई? क्यों उसे आज अपना ही घर पराया सा लगने लगा था? जो पति अकसर यह कहा करता था कि वह उस से बहुत प्यार करता है वही आज क्यों उस का चेहरा भी नहीं देखना चाहता?

जिन माता-पिता की वह संस्कारी बेटी थी, क्यों उन्होंने भी उस का बहिष्कार कर

दिया? ये सारे सवाल नंदिनी के दिल को मथे जा रहे थे. आखिर किस से कहे वह अपने दिल का दर्द और कहां जाए? मन कर रहा था उस का कि जोरजोर से चीखेचिल्लाए और कहे दुनिया वालों से कि उस की कोई गलती नहीं है.

अरे, उस ने तो इस इंसान को अपना भाई समझा था. लेकिन उस के मन में नंदिनी के लिए खोट था वह उसे कहां पता था.

‘‘दीदी’’, हिचकते हुए नंदिनी ने अपनी बड़ी बहन को फोन लगाया, ‘‘क्या आप भी मुझे ही गलत समझ रही हैं? आप को भी यही लगता है कि मैं ही उस इंसान पर गलत नजर रखती थी? नहीं दीदी ऐसी बात नहीं, बल्कि झूठा वह इंसान है, पर यह बात मैं कैसे समझाऊं सब को? मन तो कर रहा है कि मैं कहीं भाग जाऊं या फिर मर जाऊं ताकि इस जिंदगी से छुटकारा मिले,’’ कह कर नंदिनी सिसक पड़ी.

‘‘मरने या कहीं भाग जाने से क्या होगा नंदिनी? लोग तो तब भी वही कहेंगे न और मैं गुस्सा तुम से इस बात पर नहीं हूं कि तुम गलत हो. भरोसा है मुझे तुम पर, लेकिन गुस्सा मुझे

इस बात पर आ रहा है कि क्यों तुम ने उस

इंसान को माफ कर दिया? क्यों नहीं उस के खिलाफ थाने में रिपोर्ट लिखाई, जिस ने तुम्हें कहीं का नहीं छोड़ा? तुम ने उसे अपना भाई

माना था न? रिश्तों की आड़ में पहले तो उस ने तुम्हारी आबरू लूटी और फिर उसी रिश्ते की दुहाई दे कर बच निकला और तुम ने भी तरस

खा कर उसे माफ कर दिया? क्यों, आखिर

क्यों नंदिनी?’’

‘‘उस के बच्चों की सोच कर दीदी, उस की पत्नी मेरे कदमों में गिर गिड़गिड़ाने लगी, बोली कि अगर उस का पति जेल चला जाएगा, तो वह मर जाएगी और फिर उस के बच्चे सड़क पर भीख मांगेंगे. दया आ गई मुझे उस के बच्चों पर दीदी और कुछ नहीं, सोचा उस के कर्मों की सजा उस के भोेलेभाले बच्चों को क्यों मिले.’’

‘‘अच्छा, और तुम्हारे बच्चे का क्या, जो

तुम से दूर चला गया? चलो

मान भी गए कि तुम ने उस के बच्चों का सोच कर कुछ नहीं कहा और न ही पुलिस में रपट लिखाई, लेकिन उस ने क्या किया तुम्हारे साथ? तुम्हें बदनाम कर खुद साफ बच निकला. पता भी है तुम्हें कि लोग तुम्हें ले कर क्याक्या बातें बना रहे हैं? कौन पिताभाई या पति यह बात सहन कर पाएगा भला? तुम्हारी सहेली रमा, सब से कहती फिर रही है कि भाईभाई कह कर तुम ने उस के पति को फंसाने की कोशिश की. मेरी तो समझ में नहीं आ रहा है कि तुम क्यों कर रही हो ये सब?’’ ‘‘तुम कोई अहिल्या नहीं, जो दोषी न होते हुए भी पत्थर की शिला बन जाओ और कलंकिनी कहलाओ और इंतजार करो किसी राम के आने का जो तुम्हें तार सके. तुम आज की नारी हो नंदिनी आज की. भूल गई उस लड़के को, जो कालेज की हर लड़की को परेशान करता था और जब एक दिन उस ने मुझ पर हाथ डालने की कोशिश की, तो कैसे तुम उसे घसीटते हुए प्रिंसिपल के पास ले गई थी.

प्रिंसिपल को उस लड़के को कालेज से निकालना पड़ा था. जब उस लड़के के घमंडी पैसे वाले बाप ने तुम्हें धमकाने की कोशिश की, तब भी तुम नहीं डरी और न ही अपने शब्द वापस लिए थे. तो फिर आज कैसे तुम चुप रह गई नंदिनी? छल और बलपूर्वक जिस रावण ने तुम्हें छला उस का ध्वंस तुम्हें ही करना होगा. लोगों का क्या है. वे तो जो सुनेंगे वही दोहराएंगे. लेकिन तुम्हें यह साबित करना होगा कि तुम सही हो गलत वह इंसान है.’’

अपनी बहन की कही 1-1 बात नंदिनी को सही लग रही थी. पर वह साबित

कैसे करे कि वह सही है? कोसने लगी वह उस दिन को जब पहली बार वह रूपेश और रमा से मिली थी.

विकास और रूपेश दोनों बहुत अच्छे दोस्त थे और इसी वजह से नंदिनी और रमा भी अच्छी सहेलियां बन चुकी थीं. रूपेश नंदिनी को भाभी कह कर बुलाता था और नंदिनी उसे रूपेश भैया कह कर संबोधित करती थी. कहीं न कहीं रूपेश में उसे अपने भाई का अक्स दिखाई देता जो अब इस दुनिया में नही रहा.

जब भी रूपेश नंदिनी के घर आता वह उस के लिए वही सब करती, जो कभी अपने भाई के लिए किया करती थी. लेकिन रमा को ये सब अच्छा नहीं लगता. उसे लगता कि वह जानबूझ कर रूपेश के सामने अच्छा बनने की कोशिश करती है, दिखाती है कि वह उस से बेहतर है. कह भी देता कभी रूपेश कि सीखो कुछ नंदिनी भाभी से. चिढ़ उठती वह उस की बातों से, पर कुछ बोलती नहीं.

नंदिनी की सुंदरता, उस के गुण और जवानी को देख रमा जल उठती क्योंकि वह बेडौल औरत थी. इतनी थुलथुल कि जब चलती, तो उस का पूरा शरीर हिलता. कितना चाहा उस ने कि नंदिनी की तरह बन जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. वह जानती थी कि नंदिनी उस से हर मामले में 20 है और इसी बात से वह उस से जलती थी पर दिखाती नहीं थी.

दोनों के घर पासपास होने के कारण

अकसर वे एकदूसरे के घर आतेजाते रहते थे. नंदिनी के हाथों का बनाया खाना खा कर रूपेश बोले बिना नहीं रह पाता कि उस के हाथों में तो जादू है. कहता अगर रमा को भी वह कुछ बनाना सिखा दे, तो उस पर कृपा होगी, क्योंकि रोजरोज एक ही तरह का खाना खाखा कर वह ऊब जाता है. उस की बातों पर नंदिनी और विकास हंस पड़ते. लेकिन रमा चिढ़ उठती और कहती कि अब वह उस के लिए कभी खाना नहीं बनाएगी.

दोनों परिवारों के बीच इतनी मित्रता हो गई थी कि अकसर वे साथ घूमने निकल जाते. छुट्टी वाले दिन भी साथ फिल्म देखने जाते या फिर लौंग ड्राइव पर. कभी रमा अपने मायके जाती तो नंदिनी रूपेश के खानेपीने का ध्यान रखती और जब कभी नंदिनी कहीं चली जाती तो रमा विकास के खानेपीने का ध्यान रखती थी.

उस रोज भी यही हुआ था. रमा अपने भाई की शादी में गई थी, इसलिए रूपेश के खानेपीने की जिम्मेदारी नंदिनी पर ही थी. विकास भी औफिस के काम से शहर से बाहर गया था. कामवाली भी उस दिन नहीं आई थी. नंदिनी खाना पकाने के साथसाथ कपड़े भी धो रही थी. इसी बीच रूपेश आ गया, ‘‘भाभी,’’ उस ने हमेशा की तरह बाहर से ही आवाज लगाई.

‘‘अरे, भैया आ जाओ दरवाजा खुला ही है,’’ कह कर वह अपना काम करती रही.

रूपेश हमेशा की तरह सोफे पर बैठ गया और फिर टेबल पर पड़ा अखबार उठा कर पढ़ने लगा. तभी उस की नजर नंदिनी पर पड़ी, तो वह भौचक्का रह गया. भीगी सफेद साड़ी में नंदिनी का पूरा बदन साफ दिखाई दे रहा था और जब वह कपड़े सुखाने डालने के लिए अपने हाथ ऊपर उठाती तो उस का सुडौल वक्षस्थल का उभार और अधिक उभर आता. रूपेश अपलक देखे जा रहा था. उस के उरोज की सुडौलता देख कर उस का मन बेचैन हो उठा और उस ने अपनी नजर फेर ली, पर फिर बारबार उस की नजर वहीं जा कर टिक जाती.

‘‘भैया, चाय बनाऊं क्या?’’ कह कर नंदिनी ने जब अपनी साड़ी का पल्लू कमर में खोसा तो उस का गोरागोरा पूरा पेट दिखने लगा.

नंदिनी के मादक संगमरमरी जिस्म को देख रूपेश का पूरा शरीर थरथराने लगा. उसकी आंखें चौंधिया गईं और उत्तेजना की लहर पूरे जिस्म में फैल गई. आज से पहले नंदिनी को उस ने इस प्रकार कभी नहीं देखा था. नंदिनी को इस अवस्था में देख उस का अंगअंग फड़कने लगा और बेचैन रूपेश ने क्षण भर में ही एक फैसला ले लिया. नंदिनी कुछ समझ पाती उस

से पहले ही उस ने उसे अपनी बांहों में भींच लिया और फिर अपने जलते होंठ उस के अधरों पर रख दिए और जोरजोर से उस के होंठों को चूसने लगा.

नंदिनी कुछ बोल नहीं पा रही थी. अवाक सी आंखें फाड़े उसे एकटक देखे जा रही थी. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि जिसे वह भाईर् मानती आई है आज वह उस के साथ क्या करने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि रूपेश की सरलता और सहजता देख कभी उसे ऐसा नहीं लगा था कि उस के अंदर इतना यौन आक्रमण भरा हुआ है.

रूपेश का यह रूप देख नंदिनी सिहर उठी. भरसक अपनेआप को उस से छुड़ाने का प्रयास करने लगी, पर सब बेकार था. वह अभी भी नंदिनी के होठों को चूसे जा रहा था. उस का एक हाथ नंदिनी के स्तनों पर गया. जैसे ही उस ने नंदिनी के स्तन को जोर से दबाया वह चीख के साथ बेहोश हो गई और फिर जब होश आया तब तक अनहोनी हो चुकी थी.

अपनी करनी पर माफी मांग रूपेश तो वहां से भाग निकला, लेकिन वह रात नंदिनी के लिए अमावस्या की काली रात बन गई. कैसे उस ने पूरी रात खुद में सिमट कर बिताई, वही जानती. मुंह से कोई शब्द नहीं निकल पा रहा था. बस आंखों के रास्ते आंसुओं का दरिया बहे जा रहा था. समझ में नहीं आ रहा था कि किस से कहे और कैसे? जब विकास को इस बात का पता चला तो सहानभूति दिखाने के बजाय वह उसे ही भलाबुरा कहने लगा कि जरूर दोनों का पहले से ही नाजायज रिश्ता रहा होगा और अब जब उसे पता चल गया तो वह रोनेधोने का नाटक कर रही है.

विकास और नंदिनी के घर वाले रूपेश के खिलाफ पुलिस में बलात्कार का केस दर्ज कराने घर से निकल ही रहे थे कि तभी ऐन वक्त पर वहां रमा पहुंच गई और नंदिनी के पैरों में गिर कर गिड़गिड़ाते हुए अपने पति के जीवन की भीख मांगने लगी, अपने छोटेछोटे बच्चों की दुहाई देने

लगी. रूपेश भी नंदिनी के पैरों में लोट गया. कहने लगा कि चाहे नंदिनी उसे जो भी सजा दे दे, पर पुलिस में न जाए. वरना वह मर जाएगा. अपनी बेइज्जती बरदाश्त नहीं कर पाएगा.

दोनों पति पत्नी की दशा देख नंदिनी का दिल पसीज गया. कहने लगी कि उस के साथ जो होना था सो तो हो गया, अब क्यों इतनी जिंदगियां बरबाद हों? यह सुन कर तो सब का पारा गरम हो गया. विकास तो कहने लगा कि जरूर नंदिनी और रूपेश का नाजायज रिश्ता है और इसीलिए उस ने अपना फैसला बदल दिया.

नंदिनी के मां-पापा भी गुस्से से यह बोल कर निकल गए कि अब नंदिनी से उन का कोई वास्ता नहीं है, सोच लेंगे कि उन की 1 ही बेटी है. कितना समझया नंदिनी ने सब को कि ऐसी कोई बात नहीं है और इस से क्या हो जाएगा, उलटे उस की भी बदनामी होगी सब जगह, पर किसी ने उस की बात नहीं सुनी और उसे ही दोषी मान कर वहां से चले गए.

मगर नंदिनी गलत थी, क्योंकि कुछ महीने बाद ही रमा और रूपेश ने यह बात फैलानी शुरू कर दी कि नंदिनी अच्छी औरत नहीं है. दूसरे मर्दों को फंसा कर अपनी हवस पूरी करना उस की आदत है. रूपेश को भी उस ने अपने जाल में फंसा रखा था और मौका मिलते ही उसे अपनी हवस का शिकार बना डाला और फिर रोनेधोने का नाटक करने लगी.

यह सुन कर पासपड़ोस की औरतों ने अपनेअपने मुंह पर हाथ रख लिया और ‘हायहाय’ करने लगीं. जो महल्ले की औरतें नंदिनी से रोज बातें करती थीं, अब उसे देख कर मुंह फेरने लगीं और तरहतरह की बातें बनाने लगीं. रूपेश को ले कर विकास ने भी उस पर गंदेगंदे इलजाम लगाए, कहा कि अगर वह सही थी तो क्यों नहीं उस के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया?

दुनिया की तो वह सुन ही रही थी पर जब उस का पति भी इस तरह उस पर इलजाम लगाने लगा, तो वह टूट गई. विकास की बातों ने उस का कलेजा छलनी कर दिया, ‘‘पहले तो मुझे शंका थी, पर अब वह यकीन में बदल गई. तुम जितनी सतीसावित्री दिखती हो उतनी हो नहीं. मेरी पीठ पीछे मेरे ही दोस्त के साथ… छि: और नाम क्या दे दिया इस रिश्ते को, भाईबहन का रिश्ता ताकि लोगों

को लगे कि यह तो बड़ा ही पवित्र रिश्ता है. है न? धूल झोंक रह थी मेरे आंखों में?

‘‘अरे, जो लोग मुझे टोकने तक की हिम्मत नहीं करते थे, आज वही लोग मेरी आंखों में आंखें मिला कर बात करने की जुर्रत करते हैं सिर्फ तुम्हारी वजह से. नहीं रहना अब मुझे इस घर में,’’ कह कर विकास घर से निकल गया और साथ में बच्चों को भी यह कह कर ले गया कि उस के साथ रह कर उन के भी संस्कार खराब हो जाएंगे. आज नंदिनी के साथ कोई नहीं था सिवा बदनामी के.

बड़ी हिम्मत कर एक रोज उस ने अपने मांबाप को फोन लगाया, पर उन्होंने फोन नहीं उठाया. जब विकास को फोन लगाया तो पहले तो उस ने फोन काटना चाहा, लेकिन फिर कहने लगा, ‘‘क्या यही सफाई देना चाहती हो कि तुम सही हो और लोग जो बोल रहे हैं वह गलत? तो साबित करो न, करो न साबित कि तुम सही हो और वह इंसान गलत. साबित करो कि छल से उस ने तुम्हारी इज्जत पर हाथ डाला.

‘‘माफ कर दूंगा मैं तुम्हें, लेकिन तुम ऐसा नहीं करोगी नंदिनी, पता है मुझे. इसलिए आज के बाद तुम मुझे कभी फोन मत करना,’’ कह कर विकास ने फोन पटक दिया. नंदिनी कुछ देर तक अवाक सी खड़ी रह गईर्.

‘सही तो कह रहे हैं विकास और मैं कौन सा रिश्ता निशा रही हूं और किस के साथ? जब उस ने ही रिश्ते की लाज नहीं रखी तो फिर मैं क्यों दुनिया के सामने जलील हुई जा रही हूं?’ परिवार से रुसवाई, समाज में जगहंसाई और

पति से विरह के अलावा मिला ही क्या मुझे? आज भी अपने पति के प्रति मेरी पूरी निष्ठा है. लेकिन छलपूर्वक मेरी निष्ठा को भ्रष्ट कर दिया उस दरिंदे ने. मेरा तनमन छलनी कर दिया उस ने, तो फिर क्यों मैं उस हैवान को बचाने की सोच रही हूं?

सही कहा था दीदी ने मैं कोई अहिल्या नहीं जो बिना दोष के ही शिला बन कर सदियों तक दुख भोगूं और इंतजार करूं किसी राम के आने का. मैं नंदिनी हूं नंदिनी जो गलत के खिलाफ हमेशा आवाज उठाती आई है, तो फिर आज जब मुझ पर आन पड़ी तो कैसे चुप रह गई मैं? नहीं, मैं चुप नहीं रहूंगी. बताऊंगी सब को कि उस दरिंदे ने कैसे मेरे तनमन को छलनी किया. कोमल हूं कमजोर नहीं, मन ही मन सोच कर नंदिनी ने अपनी दीदी को फोन लगाया.

नंदिनी के जीजाजी के एक दोस्त का भाई वकील था, पहले दोनों बहनें उन के पास गईं और फिर सारी बात बताई. सारी बात जानने के बाद वकील साहब कहने लगे, अगर यह फैसला रेप के तुरंत बाद लिया गया होता, तो नंदिनी का केस मजबूत होता, लेकिन सुबूतों के अभाव की वजह से अब यह केस बहुत वीक हो गया है, मुश्किल है केस जीत पाना. शायद पुलिस भी अब एफआईआर न लिखे.’’

‘‘पर वकील साहब, कोई तो रास्ता होगा न? ऐसे कैसे कुछ नहीं हो सकता? नंदिनी की दीदी बोली.

‘‘हो सकता है, अगर गुनहगार खुद ही अपना गुनाह कबूल कर ले तो,’’ वकील ने कहा.

‘‘पर वह ऐसा क्यों करेगा?’’ वकील की बातों से नंदिनी सकते में आ गई, क्योंकि उस के सामने एक बड़ी चुनौती आ खड़ी हुई थी. लेकिन उसे उस इंसान को सजा दिलवानी ही है, पर कैसे यह सोचसोच कर वह परेशान हो उठी. घर आ कर भी नंदिनी चिंता में डूबी रही. बारबार वकील की कही यह बात कि सुबूत न होने की वजह से उस का केस बहुत वीक है उस का दिमाग झझकोर देती. वह न चैन से सो पा रही थी और न ही बैठ. परेशान थी कि कैसे वह रूपेश के खिलाफ सुबूत जुटाए और कैसे उसे जल्द से जल्द सजा दिलवाए. पर कैसे? यही बात उसे समझ में नहीं आ रही थी. तभी अचानक उस के दिमाग में एक बात कौंधी और तुरंत उस ने अपनी दीदी को फोन लगा कर सारा मामला समझा दिया.

‘‘पर नंदिनी, यह काम इतना आसान नहीं

है बहन,’’ चिंतातुर उस की दीदी ने कहा. उसे लगा कि कहीं नंदिनी किसी मुसीबत में न फंस जाए.

‘‘जानती हूं दीदी, पर मुश्किल भी नहीं, मुझे हर हाल में उसे सजा दिलवानी है, तो यह रिस्क उठाना ही पड़ेगा अब. कैसे छोड़ दूं उस इंसान

को मैं दीदी, जिस ने मेरी इज्जत और आत्मसम्मान को क्षतविक्षत कर दिया. उस के कारण ही मेरा पति, बच्चा मुझ से दूर हो गए,’’ कह वह उठ खड़ी हुई.

‘‘आप यहां?’’ अचानक नंदिनी को अपने सामने देख रूपेश चौंका.

‘‘घबराइए नहीं भा… सौरी, अब तो मैं आप को भैया नहीं बुला सकती न. वैसे हम कहीं बैठ कर बातें करें?’’ कह कर नंदिनी उसे पास की ही एक कौफी शौप में ले गई. वहां उस का हाथ पकड़ कर कहने लगी, ‘‘रूपेश, आप उस बात को ले किर गिल्टी फील मत कीजिए और सच तो यह है कि मैं भी आप को चाहने लगी थी. सच कहती हूं, जलन होती थी मुझे उस मोटी रमा से जब वह आप के करीब होती.

‘‘भैया तो मैं आप को इसलिए बुलाती थी ताकि विकास और रमा बेफिक्र रहें, उन्हें शंका न हो हमारे रिश्ते पर. जानते हैं जानबूझ कर मैं ने उस रोज अपनी बाई को छुट्टी दे दी थी. लगा विकास भी बाहर गए हुए हैं तो इस से अच्छा मौका और क्या हो सकता है.’’

‘‘जैसा प्लान बना रखा था मैं ने ठीक वैसा ही किया. पारदर्शी साड़ी पहनी.

दरवाजा पहले से खुला रखना भी मेरे प्लान में शामिल था रूपेश. अगर आप न हरकत करते उस दिन तो मैं ही आप के आगोश में आ जाती. खैर, बातें तो बहुत हो गईर्ं, पर अब क्या सोचा है?’’ उस की आंखों में झांकते हुए नंदिनी बोली, ‘‘कभी विकास और रमा को हमारे रिश्ते के बारे में पता न चले यह ध्यान मैं ने हमेशा रखा,’’ कह कर रूपेश को चूम लिया और जता दिया कि वह उस से क्या चाहती है.

पहले तो रूपेश को थोड़ा अजीब लगा, लेकिन फिर नंदिनी की साफसाफ बातों से उसे पता चल गया कि वह भी उसी राह की राही है जिस का वह.

फिर तय हुआ कल दोनों एक होटल में मिलेंगे, जो शहर से दूर है.

‘‘क्या बहाना बनाया आप ने रमा से?’’ रूपेश की बांहों में समाते हुए नंदिनी ने पूछा. ‘‘यही कि औफिस के काम से दूसरे शहर जा रहा हूं और तुम ने क्या बहाना बनाया?’’

‘‘मैं क्या बहाना बनाऊंगी, विकास मेरे साथ रहते ही नहीं अब,’’ अदा से नंदिनी ने कहा, ‘‘कब का छोड़ कर चला गया वह मुझे. अच्छा ही हुआ. वैसे भी वह मुझे जरा भी पसंद नहीं था,’’ कह कर नंदिनी ने रुपेश को चूम लिया.

पक्षी को जाल में फंसाने के लिए दाना तो डालना ही पड़ता है न, सो नंदिनी वही कर रही थी. पैग नंदिनी ने ही बनाया और अब तक 3-4 पैग हो चुके थे. नशा भी चढ़ने लगा था धीरे-धीरे.

‘‘अच्छा रूपेश, सचसच बताना, क्या तुम भी मुझे पसंद करते थे?’’ बात पहले उस ने ही छेड़ी.

‘‘सच कहूं नंदिनी,’’ नशे में वह सब सहीसही बकने लगा, ‘‘जब तुम्हें

पहली बार देखा था न तभी मुझे कुछकुछ होने लगा था. लगा था कि विकास कितना खुशहाल है जो तुम जैसी सुंदर पत्नी मिली और मुझे मोटी थुलथुल… जलन होती थी मुझे विकास से. जब भी मैं तुम्हें देखता था मेरी लार टपकने लगती थी. लगता कैसे मैं तुम्हें अपनी बांहों में भर लूं और फिर गोद में उठा कर कमरे में ले जाऊं और फिर… लेकिन जब तुम मुझे भैया कह कर बुलाती थी न, तो मेरा सारा जोश ठंडा पड़ जाता. ‘‘मौका ढूंढ़ता था तुम्हारे करीब आने का और उस दिन मुझे वह मौका मिल ही गया.

‘‘तुम्हारे गोरेगोरे बदन को देख उस दिन मैं पागल हो गया. लगा अगर तभी तुम्हें न पा लूं तो फिर कभी ऐसा मौका नहीं मिलेगा. सच में मजा आ गया था उस दिन तो,’’ एक बड़ा घूंट भरते हुए वह बोला, ‘‘जो मजा तुम में है न नंदिनी वैसा कभी रमा के साथ महसूस नहीं किया मैं ने. वैसे तुम चुप क्यों हो गई नंदिनी, बोलो कुछ…’’

जैसे ही उस ने ये शब्द कहे, कमरे की लाइट औन हो गई. सामने पुलिस को देख

रूपेश की सिट्टीपिट्टी गुम हो गई. फिर जब नंदिनी के व्यंग्य से मुसकराते चेहरे को देखा,

तो समझ गया कि ये सब उसे फंसाने की साजिश थी अब वह पूरी तरह इन के चंगुल में फंस

चुका है.

फिर भी सफाई देने से बाज नहीं आया, कहने लगा, ‘‘इंस्पैक्टर साहब, म… म… मेरा कोई दोष नहीं है… इस ने मुझे यहां बुलाया था तो मैं आ गया.’’

‘‘हां, मैं ने ही तुम्हें यहां बुलाया था पर क्यों वह भी सुन लो’’, कह कर नंदिनी ने अपना सारा प्लान उसे बता दिया.

एक न चली रूपेश की, क्योंकि सारी सचाई अब पुलिस के सामने थी, सुबूत के साथ, जो नंदिनी ने अपने फोन में रिकौर्ड कर लिया था. पुलिस के डर से रूपेश ने अपना सारा गुनाह कबूल कर लिया. नंदिनी से जबरन बलात्कार और उसे बदनाम करने के जुर्म में कोर्ट ने रूपेश को 10 साल की सजा सुनाई.

गलत न होने के बाद भी नंदिनी को दुनिया के सामने जलील होना पड़ा, अपने पति बच्चों से दूर रहना पड़ा. सोच भी नहीं सकती थी वह कि जिस इंसान को उस ने दिल से भाई माना, वह उस के लिए इतनी गंदी सोच रखता था. रूपेश की सजा पर जहां नंदिनी ने सुकून की सांस ली वहीं विकास और उस के मायके वाले बहुत खुश थे.

अगर नंदिनी ने यह कदम न उठाया होता आज तो वह दरिंदा फिर किसी और नंदिनी को अपनी हवस का शिकार बना देता और फिर उसे ही दुनिया के सामने बदनाम कर खुद बच निकलता. रूपेश को उस के कर्मों की सजा मिल चुकी थी और नंदिनी को सुकून.

Thriller Story

Post holi care tips : होली के बाद इन बातों को न करें नजरअंदाज

Post holi care tips : होली की मौजमस्ती के बाद त्वचा, आंखों, फेफड़े और पेट से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज करना ठीक नहीं होता. कैमिकल रंगों से आंखों में ऐलर्जी, पेट में संक्रमण, फेफड़े की समस्या आदि कई हो जाती हैं, जिसे समय रहते डाक्टर की सलाह लेना सही होता है क्योंकि होली के उत्सव को मनाने के बाद कई बार शारीरिक समस्याओं से गुजरना पड़ता है, जिसे ठीक होने में समय लगता है.

होली के बाद रखें खुद का ध्यान

असल में होली का त्योहार खुशियों, खिलखिलाहट और रंगों की बौछार का उत्सव है. यह वह समय है, जब हम पूरे परिवार और दोस्तों के संग संगीत की धुनों, मिठाइयों और अपनों के प्यार में पूरी तरह डूब जाते हैं। लेकिन जश्न के इस खुमार में हम अकसर यह भूल जाते हैं कि हमारी त्वचा, आंखें और फेफड़े उन बाहरी चीजों के संपर्क में आ रहे हैं, जिन्हें झेलने के लिए हमारा शरीर तैयार नहीं होता.

इस बारें में मुंबई की कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हौस्पिटल की इंटर्नल मैडिसिन कंसल्टेंट डाक्टर एनआर शेट्टी कहते हैं कि होली के बाद मेरे पास अकसर ऐसे मरीज आते हैं जिन की परेशानी एक छोटी सी बेचैनी से शुरू हुई थी, लेकिन वक्त पर ध्यान न देने के कारण वह एक गंभीर समस्या बन गई.

डाक्टर कहते हैं कि याद रखिए, रंगों की इस मस्ती के बीच आप की सेहत को नजरअंदाज करना आप पर भारी पड़ सकता है. होली की ज्यादातर समस्याओं का समाधान आसान है, लेकिन उस पर आप को शुरू में ही ध्यान देना जरूरी होता है.

अनचाहे कुछ बीमारियां

डाक्टर आगे कहते हैं कि आजकल लोग होली में अधिकतर सुरक्षित रंगों का प्रयोग करते हैं, लेकिन कई बार इन रंगों में प्रयोग होने वाले कैमिकल के बारे में जानकारी नहीं होती, जिसे लगाने के बाद व्यक्ति को ऐलर्जी या सांस की समस्या हो सकती है. मेरे पास आने वाले अधिकतर मरीज स्किन रिएक्शन और ऐलर्जी से परेशान होते हैं क्योंकि आज के दौर में मिलने वाले रंगों में छिपे सिंथेटिक डाई, कैमिकल्स और मेटल के बारीक कण त्वचा के सब से बड़े दुश्मन हैं. जब ये रंग घंटों स्किन पर टिके रहते हैं, तो ये अंदरूनी परतों को नुकसान पहुंचाते हैं.

डाक्टर बताते हैं कि मरीज अकसर चकत्ते, खुजली, लालिमा, सूखापन, जलन और कभीकभी छोटे छालों की शिकायत ले कर आते हैं. सब से ज्यादा खतरा वहां होता है जहां पसीना और रंगीन पानी जमा रह जाता है (जैसे गरदन या अंडरआर्म्स) यहां फंगल इन्फैक्शन बहुत तेजी से पनपता है. जिन लोगों को पहले से ऐक्जिमा या सैंसिटिव स्किन की समस्या है, उन की परेशानी और बढ़ सकती है.

होली के बाद स्किन को रगड़ कर साफ करने की गलती कई बार भारी पड़ जाती है. कई बार त्वचा पर पस वाले दाने दिखने लगते हैं, जिसे लोग नजरअंदाज कर घर पर ठीक करने की कोशिश करते रहते हैं.

इस के अलावा होली के बाद सब से बड़ी समस्या आंखों में गंभीर संक्रमण और जलन का होता है. रंग लगाते वक्त किसी कारणवश रंग का एक छोटा सा कण भी किसी तरह से आंखों में चला जाता है, तो आंखों का लाल होना, लगातार पानी आना, जलन, सूजन और चुभन जैसा महसूस होने लगता है. कुछ मरीजों को धुंधला तक दिखाई पड़ने लगता है.

आंखों की समस्या

कुछ लोगों को होली के त्योहार के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन के कारण कभीकभी आंखों की पुतलियां फैली हुई भी देखी जा सकती हैं. अकसर लोग आंखों में जलन होने पर उन्हें मसलने या रगड़ने की बड़ी गलती करते हैं, जो आंखों के कौर्निया को हमेशा के लिए जख्मी कर सकता है. आंखों में कुछ भी जाने पर तुरंत उन्हें साफ और बहते पानी के छींटों से धो देना ही सब से अच्छी बात होती है.

अगर 24 घंटे के बाद भी तकलीफ कम न हो या दर्द और धुंधलापन बढ़े, तो बिना एक पल गंवाए डाक्टर के पास पहुंचना जरूरी होता है. इस में बच्चों की शिकायतों को बिलकुल भी अनसुना न करें क्योंकि उन की आंखें बहुत नाजुक होती हैं.

फेफड़े होते हैं प्रभावित

डाक्टर का आगे कहना है कि होली के उल्लास के बीच एक बड़ा खतरा हमारी सांसों पर मंडराता है, जिसे हम अकसर भूल जाते हैं. सूखे रंगों और गुलाल के बारीक कण नाक के रास्ते हमारे फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं, जो अस्थमा, साइनस या ऐलर्जी से जूझ रहे लोगों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. लगातार छींकें आना, खांसी, गले में खराश, छाती में जकड़न और सांस फूलना आदि होने लगते हैं. इन्हें होली के बाद कभी हलके में नहीं लेना चाहिए.

अस्थमा के मरीजों के लिए तो रंग कई बार अटैक की वजह भी बन सकते हैं. साथ ही, होलिका दहन का धुआं और भीड़भाड़ वाली जगहों की घुटन इस समस्या को और भी गंभीर बना देती है.

अगर आप को सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही हो, लगातार खांसी आ रही हो या छाती में भारीपन लगे, तो घरेलू नुस्खों के भरोसे न रह कर, तुरंत मैडिकल परामर्श लें.

पेट की समस्या

होली पर पकवान, मिठाइयां और ढेर सारी मस्ती होती है और यही मस्ती हमारी पाचन शक्ति पर असर डालती है. बाहर का खाना, असुरक्षित तरीके से बनी मिठाइयां या दूषित पेयपदार्थ फूड पौइजनिंग का सब से बड़ा कारण बनते हैं. कुछ नशीले पदार्थ का सेवन भी लोग इस दिन करते हैं, जिस से कई बार पेट में मरोड़, उलटी, दस्त, पेट फूलना और बुखार जैसे संकेत दिखाई पड़ते हैं. शुरूआती लक्षणों में आराम और पर्याप्त पानी (ओआरएस) मददगार होते हैं, लेकिन अगर लगातार उलटी हो, मल में खून आए, तेज बुखार हो या शरीर में पानी की कमी महसूस हो, तो तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी होता है. बच्चों और बुजुर्गों के मामले में तो कुछ घंटे की देरी भी खतरनाक हो सकती है.

इस के अलावा इस दिन घंटों धूप में बाहर खेलना, शारीरिक भागदौड़ और पानी की कमी आप के शरीर को अंदर से सुखा देती है. इस से डिहाइड्रेशन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है मसलन मुंह का सूखना, तेज सिरदर्द, चक्कर आना, कमजोरी, पेशाब का रंग गहरा पीला होना आदि. भांग का सेवन करने वालों में अकसर गंभीर डिहाइड्रेशन, मुंह का अत्यधिक सूखना और व्यवहार में असामान्य बदलाव देखे जाते हैं. आप को जान कर हैरानी होगी कि हर साल होली के बाद ऐसे कई मरीजों को अस्पताल में भरती करना पड़ा है. केवल पानी ही काफी नहीं होता, शरीर में इलैक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने के लिए नारियल पानी या ओआरएस घोल का सेवन करना आवश्यक होता है. अधिक थकान होने पर बेहोशी या हीटस्ट्रोक की वजह बन सकता है.

इस प्रकार होली का त्योहार जितना मौजमस्ती और आनंद भरा होता है, उतना ही सावधानी बरतने की भी जरूरत होती है, ताकि त्योहार को मनाने के बाद आप को किसी प्रकार की समस्या से जूझना न पड़े. वक्त पर की गई खुद की देखभाल और जागरूकता ही यह सुनिश्चित करती है कि त्योहार की खुशियां यादगार बनें.

Empower her : गृहशोभा ऐंपॉवरहर इवेंट लखनऊ

Empower her : 14  फरवरी वेलेंटाइन डे के रूप में पूरी दुनिया में मनाया जाता है. इस दिन एक नया उत्साह देखने को मिलता है. महिलाओं के बीच यह उत्सव ज्यादा ही मशहूर है. ‘सेल्फ लव’ यानी खुद से प्यार के नाम यह दिन लखनऊ के मशहूर दयाल गेटवे कन्वेंशन सेंटर में मनाया गया. ‘गृहशोभा एंपॉवरहर’ का चौथा आयोजन लखनऊ में हुआ. यह आयोजन पूरे देश के बडे़बड़े शहरों में लगातार होता रहता है. इसके जरीए महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जाता है.

वेलेंटाइन डे के दिन दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम का आयोजन शुरू हुआ. महिलाओं में उत्साह इस तरह का था कि 1 घंटे पहले से ही महिलाएं दयाल गेटवे कन्वेंशन सेंटर में आने लगी. वह एक एक स्टाल पर जा कर चीजों को देख परख रही थी. ठीक 2 बजे माइक संभाला कार्यक्रम की एंकर नेहा ने. अब तक महिलाओं की संख्या हौल में बढ चुकी थी. हौल में ब्रेकफास्ट लग चुका था. सभी ने ब्रेक फास्ट का स्वाद लिया.

महिलाओं ने औनलाइन और औफलाइन दोनों ही तरह से अपना रजिस्ट्रेशन कराया था. कार्यक्रम में सबसे पहले नेहा ने इवेंट के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसके बाद स्पौसर का परिचय स्क्रीन पर उनकी एवी के माध्यम से दिया गया. परिचय के आखिरी राउंड में गृहशोभा पत्रिका और दिल्ली प्रैस के बारे में दर्शकों को बताया गया. महिलाओं के बीच ऐनर्जी को बढ़ाने के लिए ऐंकर नेहा के द्वारा डांस भी कराया गया. 2 बजे के बाद कार्यक्रम का गंभीर हिस्सा शुरू हुआ. इसमें पहला सैशन महिलाओं की हैल्थ से जुडा हुआ था.

‘वूमन हैल्थ ऐंड वैलनैस’

‘वूमन हैल्थ ऐंड वैलनैस’ के हिस्से की स्पीकर लखनऊ के राजेंद्र नगर अस्पताल की मशहूर डाक्टर सुनीता चंद्रा थी. वह 33 साल से लखनऊ में डाक्टर है. डाक्टर सुनीता चंद्रा ने महिलाओं को सैल्फ लव के लिए प्रेरित किया. उनका कहना था कि ‘जब तक महिला खुद को प्यार नहीं करेगी तब तक वह अपना और अपनी सेहत का ध्यान नहीं देती है. डाक्टर सुनीता चंद्रा ने कहा कि कैंसर से बचाव के लिए इंजेक्शन लगवाने के लिए महिलाएं अपनी बेटियों को लाती है लेकिन वह अपने लिए इसकी बात नहीं करती है. इससे पता चलता है कि वह कितना सैल्फ लव पर यकीन करती है.’

इसके साथ ही साथ डाक्टर सुनीता चंद्रा ने बांझपन के इलाज, माहवारी से जुड़ी परेशानियों जैसी महिलाओं की कई स्वास्थ्य समस्याओं और उसके निदान पर चर्चा की. इस दौरान कई महिलाओं ने अपने सवाल पूछे डाक्टर सुनीता चंद्रा ने इन के जवाब दिए. इसके बाद इंडियन सिल्क हाउस, ज्ञानदूध, किसना डायमंडस और वर्धमान की तरफ से गेम्स का आयोजन किया गया. विजेताओं को गिफ्ट हैंपर दिए गए.

कौन्फिडैंस, स्टाइल और पर्सनल ग्रोथ

कार्यक्त्रम का दूसरा सैशन महिलाओं के कौन्फिडैंस, स्टाइल और पर्सनल ग्रोथ से जुड़ा था. इसकी गेस्ट स्पीकर फैशन डिजाइनर और ब्रैंड कंसल्टैंट पलवी सिंह रघुवंशी थी. पलवी ने बताया कि किस तरह से एक सही डिजाइन पर्सनैल्टी के लिए जरूरी होता है. कैसे अपना बार्डरौब मैनेज करे और कपड़ों को खरीदते समय फैब्रिक को सबसे पहले देखेपरखे तब ड्रैस खरीदे. उनका कहना था कि जिन पोशाकों में पौलिस्टर की मात्रा अधिक होती है उनसे ज्यादा आरामदायक कपडे़ काटन के बने होते है. हर ड्रैस के अंदर एक टैग लगा होता है. इस पर ड्रैस के फब्रिक का पूरा विवरण लिखा होता है. ड्रैस खरीदने के पहले इसको देखे.’ इस के बाद किसना डायमंडस की तरफ से गेम्स खिलाए गए और उपहार दिया गया.

महिलाओं के लिए कैरियर के अवसर

कार्यक्रम का तीसरा सेशन महिलाओ के लिए कैरियर के अवसर पर था. इसकी गेस्ट स्पीकर शर्मिला सिंह थी. जो पायनियर इंटर कोलज में प्रिंसिपल है. शर्मिला सिंह ने कहा कि कैरियर वही चुने जिसमें आपका मन लगता हो. किसी दूसरे को देखकर कर कैरियर का चुनाव न करें. कई बार लड़कियां यह सोच कर कैरियर चुनती हैं कि शादी के बाद किसी और घर में जाना है.

शर्मिला सिंह ने कहा कि अब दौर बदल रहा है महिलाएं शादी के बाद नौकरी करती हैं. पहले की तरह वह पार्टटाइम जौब नहीं करती है. ऐसे में कैरियर का चुनाव सावधानी से करें. नौकरी को छोडे़ नहीं बल्कि घर परिवार के साथ उसको भी करती रहे. महंगाई के इस दौर में पतिपत्नी का जौब करना जरूरी होता है.

इस सैशन के दूसरे हिस्से में एलआईसी म्यूचुअल फंड के बारे में शबीना अहमद ने विस्तार से लोगों को समझाया. इस अवसर पर एलआईसी से जुडे़ सवाल जवाब भी किए गए. सही जानकारी देने वालों को इनाम भी दिया गया.

किसना सैशन

कार्यक्रम का चौथा सैशन जिसकी दर्शकों को सबसे अधिक प्रतीक्षा थी उसका संचालन किसना के एरिया आपरेशन मैनेजर रवीश तिवारी ने किया. उन्होंने किसना डायमंड्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इस सैशन में भी सवाल जवाब किए गए और विजेताओं को उपहार दिए गए. किसना की तरफ लकी ड्रा का आयोजन किया गया था. इसके लिए कूपन रजिस्ट्रेशन के समय ही डिटेल भर कर एक बाक्स में डाल दिए गए थे. स्टेज पर लकी विनर का चुनाव करने के लिए एक कूपन निकाला गया. इस कूपन में ही लकी विनर का नाम छिपा था.

लकी कूपन पर पलवी सिंह का नाम लिखा था. जैसे ही रवीश तिवारी द्वारा लकी विनर की घोषणा हुई पूरे हाल में खुशियों की लहर फैल गई. लखनऊ की रहने वाली पलवी सिंह ने कहा कि उनको यकीन नहीं हो रहा कि वही लकी विनर है. वह अपनी दोस्त रुचि रस्तोगी के साथ ‘गृहशोभा एंपॉवरहर’ में हिस्सा लेने के लिए आई थी. रवीश तिवारी ने पलवी सिंह को किसना की तरफ से डायमंड का पेडेंड दिया.

कार्यकम के अंत में बीपीसीएल के द्वारा रसोई गैस की सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई. कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई गेस्ट स्पीकर डाक्टर सुनीता चंद्रा, पलवी सिंह रघुवंशी, शर्मिला सिंह और शबीना अहमद को शैलेंद्र सिंह और साबिक वकार ने सम्मानित किया. कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वादिष्ठ भोजन का आनंद लिया. सभी को गृहशोभा की तरफ से आनंद सिह, अश्वनी शुक्ला और संदीप यादव की तरफ से गुडी बैग देकर विदा किया गया.

कार्यक्रम के पार्टनर किसना डायमंड ऐंड गोल्ड ज्वैलरी, एलआईसी म्युचूअल फंड, भारत गैस, इंडियन सिल्क हाउस, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, मोलबीबो, वर्धमान निटिंग यार्ड और ज्ञान दूध थे.

Emotional Story: सीलन- उमा बचपन की सहेली से क्यों अलग हो गई?

Emotional Story: बचपन से ही वह हमेशा नकाब में रहती थी. स्कूल के किसी बच्चे ने कभी उस का चेहरा नहीं देखा था. हां, मछलियों सी उस की आंखें अकसर चमकती रहती थीं. कभी शरारत से भरी हुई, तो कभी एकदम शांत और मासूम. लेकिन कभीकभी उन आंखों में एक डर भी दिखाई देता था. हम दोनों साथसाथ पढ़ते थे. पढ़ाई में वह बेहद अव्वल थी. जोड़घटाव तो जैसे उस की जबां पर रहता था. मुझे अक्षर ज्ञान में मजा आता था. कहानियां, कविताएं पसंद आती थीं, जबकि गणित के समीकरण, विज्ञान, ये सब उस के पसंदीदा सब्जैक्ट थे.

वह थोड़ी संकोची, किसी नदी सी शांत और मैं एकदम बातूनी. दूर से ही मेरी आवाज उसे सुनाई दे जाती थी, बिलकुल किसी समुद्र की तरह. स्कूल में अकसर ही उसे ले कर कानाफूसी होती थी. हालांकि उस कानाफूसी का हिस्सा मैं कभी नहीं बनता था, लेकिन दोस्तों के मजाक का पात्र जरूर बन जाता था. मैं रिया के परिवार के बारे में कुछ नहीं जानता था. वैसे भी बचपन की दोस्ती घरपरिवार सब से परे होती है. बचपन से ही मुझे उस का नकाब बेहद पसंद था, तब तो मैं नकाब का मतलब भी नहीं जानता था. शक्लसूरत उस की अच्छी थी, फिर भी मुझे वह नकाब में ज्यादा अच्छी लगती थी.

बड़ी क्लास में पहुंचते ही हम दोनों के स्कूल अलग हो गए. उस का दाखिला शहर के एक गर्ल्स स्कूल में हो गया, जबकि मेरा दाखिला लड़कों के स्कूल में करवा दिया गया. अब हम धीरेधीरे अपनीअपनी दिलचस्पी के काम के साथ ही पढ़ाई में भी बिजी हो गए थे, लेकिन हमारी दोस्ती बरकरार रही. पढ़ाईलिखाई से वक्त निकाल कर हम अब भी मिलते थे. वह जब तक मेरे साथ रहती, खुश रहती, खिली रहती. लेकिन उस की आंखों में हर वक्त एक डर दिखता था. मुझे कभी उस डर की वजह समझ नहीं आई. अकसर मुझे उस के परिवार के बारे में जानने की इच्छा होती. मैं उस से पूछता भी, लेकिन वह हंस कर टाल जाती.

हालांकि अब मुझे समझ आने लगा था कि नकाब की वजह कोई धर्म नहीं था, फिर ऐसा क्या था, जो उसे अपना चेहरा छिपाने को मजबूर करता था? मैं अकसर ऐसे सवालों में उलझ जाता. कालेज में भी मेरे अलावा उस की सिर्फ एक ही सहेली थी उमा, जो बचपन से उस के साथ थी. मेरे मन में उसे और उस के परिवार को करीब से जानने के कीड़े ने कुलबुलाना शुरू कर दिया था. शायद दिल के किसी कोने में प्यार के बीज ने भी जन्म ले लिया था. मैं हर मुलाकात में उस के परिवार के बारे में पूछना चाहता था, लेकिन उस की खिलखिलाहट में सब भूल जाता था. अकसर मैं अपनी कहानियों और कविताओं की काल्पनिक दुनिया उस के साथ ही बनाता और सजाता गया.

बड़े होने के साथ ही हम दोनों की मुलाकात में भी कमी आने लगी. वहीं मेरी दोस्ती का दायरा भी बढ़ा. कई नए दोस्त जिंदगी में आए. उन्हें मेरी और रिया की दोस्ती की खबर हुई. एक दिन उन्होंने मुझे उस से दूर रहने की नसीहत दे डाली. मैं ने उन्हें बहुत फटकारा. लेकिन उन के लांछन ने मुझे सकते में डाल दिया था. वे चिल्ला रहे थे, ‘जिस के लिए तू हम से लड़ रहा है. देखना, एक दिन वह तुझे ही दुत्कार कर चली जाएगी. गंदी नाली का कीड़ा है वह.’ मैं कसमसाया सा उन्हें अपने तरीके से लताड़ रहा था. पहली बार उस के लिए दोस्तों से लड़ाई की थी. मैं बचपन से ही अकेला रहा था. मातापिता के पास समय नहीं होता था, जो मेरे साथ बिता सकें. उमा और रिया के अलावा किसी से कोई दोस्ती नहीं. पहली बार किसी से दोस्ती हुई और

वह भी टूट गई. मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था. वह एक सर्द दोपहर थी. सूरज की गरमाहट कम पड़ रही थी. कई महीनों बाद हमारी मुलाकात हुई थी. उस दोपहर रिया के घर जाने की जिद मेरे सिर पर सवार थी. कहीं न कहीं दोस्तों की बातें दिल में चुभी हुई थीं.

मैं ने उस से कहा, ‘‘मुझे तुम्हारे मातापिता से मिलना है.’’

‘‘पिता का तो मुझे पता नहीं, लेकिन मेरी बहुत सी मांएं हैं. उन से मिलना है, तो चलो.’’ मैं ने हैरानी से उस के चेहरे की ओर देखा. वह मुसकराते हुए स्कूटी की ओर बढ़ी. मैं भी उस के साथ बढ़ा. उस ने फिर से अपने खूबसूरत चेहरे को बुरके से ढक लिया. शाम ढलने लगी थी. अंधेरा फैल रहा था. मैं स्कूटी पर उस के पीछे बैठ गया. मेन सड़क से होती हुई स्कूटी आगे बढ़ने लगी. उस रोज मेरे दिल की रफ्तार स्कूटी से भी ज्यादा तेज थी. अब स्कूटी बदनाम बस्ती की गलियों में हिचकोले खा रही थी.

मैं ने हड़बड़ा कर पूछा, ‘‘रास्ता भूल गई हो क्या?’’

उस ने कहा, ‘‘मैं बिलकुल सही रास्ते पर हूं.’’ उस ने वहीं एक घर के किनारे स्कूटी खड़ी कर दी. मेरे लिए वह एक बड़ा झटका था. रिया मेरा हाथ पकड़ कर तकरीबन खींचते हुए एक घर के अंदर ले गई. अब मैं सीढि़यां चढ़ रहा था. हर मंजिल पर औरतें भरी पड़ी थीं, वे भी भद्दे से मेकअप और कपड़ों में सजीधजी. अब तक फिल्मों में जैसा देखता आया था, उस से एकदम अलग… बिना किसी चकाचौंध के… हर तरफ अंधेरा, सीलन और बेहद संकरी सीढि़यां. हर मंजिल से अजीब सी बदबू आ रही थी. जाने कितनी मंजिल पार कर हम लोग सब से ऊपर वाली मंजिल पर पहुंचे. वहां भी कमोबेश वही हालत थी. हर तरफ सीलन और बदबू. बाहर से देखने पर एकदम छोटा सा कमरा, जहां लोगों के होने का अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता था. ज्यों ही मैं कमरे के अंदर पहुंचा, वहां ढेर सारी औरतें थीं. ऐसा लग रहा था, मानो वे सब एक ही परिवार की हों.

मुझे रिया के साथ देख कर उन में से कुछ की त्योरियां चढ़ गईं, लेकिन साथ वालियों को शायद रिया ने मेरे बारे में बता रखा था, उन्होंने उन के कान में कुछ कहा और फिर सब सामान्य हो गईं.

एकसाथ हंसनाबोलना, रहना… उन्हें देख कर ऐसा नहीं लग रहा था कि मैं किसी ऐसी जगह पर आ गया हूं, जो अच्छे घर के लोगों के लिए बैन है. वहां छोटेछोटे बच्चे भी थे. वे अपने बच्चों के साथ खेल रही थीं, उन से तोतली बोली में बातें कर रही थीं. घर का माहौल देख कर घबराहट और डर थोड़ा कम हुआ और मैं सहज हो गया. मेरे अंदर का लेखक जागा. उन्हें और जानने की जिज्ञासा से धीरेधीरे मैं ने उन से बातें करना शुरू कीं.

‘‘यहां कैसे आना हुआ?’’

‘‘बस आ गई… मजबूरी थी.’’

‘‘क्या मजबूरी थी?’’

‘‘घर की मजबूरी थी. अपना, अपने बच्चों का, परिवार का पेट पालना था.’’

‘‘क्या घर पर सभी जानते हैं?’’

‘‘नहीं, घर पर तो कोई नहीं जानता. सब यह जानते हैं कि मैं दिल्ली में रहती हूं, नौकरी करती हूं. कहां रहती हूं, क्या करती हूं, ये कोई भी नहीं जानता.’’

मैं ने एक और औरत को बुलाया, जिस की उम्र 45 साल के आसपास रही होगी.

मेरा पहला सवाल वही था, ‘‘कैसे आना हुआ?’’

‘‘मजबूरी.’’

‘‘कैसी?’’

‘‘घर में ससुर नहीं, पति नहीं, सिर्फ बच्चे और सास. तो रोजीरोटी के लिए किसी न किसी को तो घर से बाहर निकलना ही होता.’’

‘‘अब?’’

‘‘अब तो मैं बहुत बीमार रहती हूं. बच्चेदानी खराब हो गई है. सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए गई. डाक्टर का कहना है कि खून चाहिए, वह भी परिवार के किसी सदस्य का. अब कहां से लाएं खून?’’

‘‘क्या परिवार में वापस जाने का मन नहीं करता?’’

‘‘परिवार वाले अब मुझे अपनाएंगे नहीं. वैसे भी जब जिंदगीभर यहां कमायाखाया, तो अब क्यों जाएं वापस?’’

यह सुन कर मैं चुप हो गया… अकसर बाहर से चीजें जैसी दिखती हैं, वैसी होती नहीं हैं. उन लोगों से बातें कर के एहसास हो रहा था कि उन का यहां होना उन की कितनी बड़ी मजबूरी है. रिया दूर से ये सब देख रही थी. मेरे चेहरे के हर भावों से वह वाकिफ थी. उस के चेहरे पर मुसकान तैर रही थी. मैं ने एक और औरत को बुलाया, जो उम्र के आखिरी पड़ाव पर थी. मैं ने कहा, ‘‘आप को यहां कोई परेशानी तो नहीं है?’’

उस ने मेरी ओर देखा और फिर कुछ सोचते हुए बोली, ‘‘जब तक जवान थी, यहां भीड़ हुआ करती थी. पैसों की कोई कमी नहीं थी. लेकिन अब कोई पूछने वाला नहीं है. अब तो ऐसा होता है कि नीचे से ही दलाल ग्राहकों को भड़का कर, डराधमका कर दूसरी जगह ले जाते हैं. बस ऐसे ही गुजरबसर चल रही है. ‘‘आएदिन यहां किसी न किसी की हत्या हो जाती है या फिर किसी औरत के चेहरे पर ब्लेड मार दिया जाता है. ‘‘अब लगता है कि काश, हमारा भी घर होता. अपना परिवार होता. कम से कम जिंदगी के आखिरी दिन सुकून से तो गुजर पाते,’’ छलछलाई आंखों से चंद बूंदें उस के गालों पर लुढ़क आईं और वह न जाने किस सोच में खो गई.मुझे अचानक वह ककनू पक्षी सी लगने लगी. ऐसा लगने लगा कि मैं ककनू पक्षियों की दुनिया में आ गया हूं. मुझे घबराहट सी होने लगी. धीरेधीरे उस के हाथों की जगह बड़ेबड़े पंख उग आए. ऐसा लगा, मानो इन पंखों से थोड़ी ही देर में आग की लपटें निकलेंगी और वह उसी में जल कर राख हो जाएंगी. क्या मैं ऐसी जगह से आने वाली लड़की को अपना हमसफर बना सकता हूं? दिमाग ऐसे ही सवालों के जाल में फंस गया था.

अचानक ही मुझे बुरके में से झांकतीचमकती सी रिया की उदास डरी हुई आंखें दिखीं. मुझे अपने मातापिता  की भागदौड़ भरी जिंदगी दिख रही थी, जिन के पास मुझ से बात करने का वक्त नहीं था और साथ ही, वे दोस्त भी दिखे, जो अब भी कह रहे थे, ‘निकल जा इस दलदल से, वह तुम्हारी कभी नहीं होगी.’ मेरा वहां दम घुटने लगा. मैं वहां से बाहर भागा. बाहर आते ही रिया की अलमस्त सुबह सी चमकती हंसी ने हर सोच पर ब्रेक लगा दिया. मैं दूर से ही उसे खिलखिलाते देख रहा था. उफ, इतने दमघोंटू माहौल में भी कोई खुश रह सकता है भला क्या?

Emotional Story

Romantic Story in Hindi: पसंद अपनी-अपनी

Romantic Story in Hindi: आजकल लड़कियों की कदकाठी, रूपरंग, चेहरे की बनावट, आंखों का आकारप्रकार, बालों की लंबाई व चमक आदि को ले कर चर्चाएं होती हैं. लड़कियां सोचती हैं कि अधिक से अधिक सुंदर दिखना आज उन की जरूरत बन गई है.

इसलिए लड़कियां अधिक से अधिक खूबसूरत दिखने के लिए ऐसे विज्ञापनों और सौंदर्य प्रसाधनों की ओर भागती रहती हैं जो कुछ ही सप्ताह में सांवला रंग गोरा करने का दावा करते हैं.

खासकर, उत्तर भारत में गोरे रंग को काफी मान्यता मिल गईर् है. शादी के लिए लड़की का गोरा होना आज पहली शर्त है. वैवाहिक विज्ञापनों के अनुसार सभी लड़कों को गोरी लड़कियां ही चाहिए. मैं तो उन विज्ञापनों की हमेशा तलाश में रहती हूं जिन में गोरे, काले, सांवले, गेहुंए का सवाल न हो.

मेरी मां सांवली थीं और पापा गोरे थे. मैं मम्मी पर गई थी और सोमेश दादा पापा पर. मेरी समझ में नहीं आ रहा था कि सांवली मम्मी की शादी गोरे पापा से कैसे हो गई. मैं अकसर यह सवाल पापा से कर बैठती थी कि उन्होंने सांवली मम्मी के साथ शादी कैसे कर ली.

एक दिन मेरी बात सुन कर पापा खिलखिला कर हंस पडे़ थे.

‘‘उस समय लड़की देखने का रिवाज नहीं था, सब कुछ मांबाप ही तय करते थे. लड़के तो सुहागरात में ही पत्नी का दीदार कर पाते थे, वह भी दीपक के प्रकाश में. जिस लड़के की शादी तय हो जाती थी वह इतना खुश हो जाता था जैसे पहली बार थियेटर देखने जा रहा हो.’’

‘‘आप भी उसी तरह खुश हुए थे, पापा?’’

उत्तर में पापा की तेज हंसी से पूरा घर गूंज उठा था, जिस में मेरा सवाल डूब गया था. पापा ने बात बदल कर कहा, ‘‘देखना तेरी शादी गोरे लड़के से ही होगी…’’

पापा जब एक बार बोलना शुरू करते थे तो अपनी वाणी को विराम देना ही भूल जाते थे. अभी मैं ने विज्ञान विषय में इंटर ही किया था कि पापा ने मेरे लिए लड़के की तलाश शुरू कर दी थी. पर मेरा गहरा सांवला रंग देख कर लड़के बिदक जाते थे.

अब तक पापा के खोजे 10 लड़के मुंह बिचका कर जा चुके थे. मैं अपनी पढ़ाई में लगी रही. मम्मी, पापा से कहतीं, ‘‘अगर क्षमा की शादी नहीं हो पा रही है तो आप सोमेश की शादी क्यों नहीं कर देते?’’

22 साल की होतेहोते मैं ने एम.बी.बी.एस. कर लिया था. सोमेश दादा एल.एल.एम. कर के एक डिगरी कालिज में लेक्चरर हो गए थे. पापा मेरे लिए लड़के की तलाश अब भी कर रहे थे.

एक दिन पापा जब कालिज से पढ़ा कर लौटे तो बहुत खुश थे. आते ही उन्होंने घर में घोषणा कर दी, ‘‘क्षमा के लिए लड़के की तलाश पूरी हो गई है. लड़का चार्टर्ड एकाउंटेंट है. कल ही वह अपने मातापिता के साथ क्षमा को देखने आ रहा है. किसी प्रकार के तकल्लुफ की जरूरत नहीं है.’’

दूसरे दिन लड़का अपने मम्मीपापा के साथ मुझे देखने आया. गोराचिट्टा, 6 फुट लंबा, 15 मिनट के साक्षात्कार में मुझे पसंद कर लिया गया. मैं अविश्वासों से घिर गई थी. सोचने लगी, जरूर कोई खास बात होगी, या तो उस में कोई कमी होगी या उस के दिमाग का कोई स्क्रू ढीला होगा.

खैर, मेरी शादी हो गई. पापा के लिए तो लड़का सर्वगुण संपन्न था ही. आशंकाएं तो सिर्फ मुझे थीं. नाना प्रकार की आशंकाओं में घिरी मैं अपनी ससुराल पहुंची. घर के  सभी लोगों ने मुझे पलकों पर बैठा लिया. उस से मेरी आशंकाएं और बढ़ गईं. सुहागसेज पर मैं ने रवि से पूछा, ‘‘आप ने मुझ जैसी लड़की को कैसे पसंद किया?’’

रवि ने मुसकरा कर मेरी ओर देखा. बड़ी देख तक वह मुझे निहारते रहे. फिर कहने लगे, ‘‘दरअसल, क्षमा, गोरी लड़कियां मुझे अच्छी नहीं लगतीं. ज्यादातर गोरी लड़कियों के चेहरों की बनावट अच्छी नहीं होती. दांत तो खासतौर पर अच्छे नहीं होते. इसीलिए मुझे तुम्हारी जैसी लड़की की तलाश थी. दूसरी बात यह कि पतिपत्नी के रूपरंग में भिन्नता होनी चाहिए. जानती हो, यह सारी प्रकृति भिन्नता के आधार पर निर्मित हुई है इसीलिए इस में इतना आकर्षण है. भिन्नता इसलिए भी जरूरी है ताकि पतिपत्नी का व्यक्तित्व अलग दिखे. एकरूपता में सौंदर्य उतना नहीं झलकता जितना भिन्नता में,’’ कह कर रवि ने बत्ती बुझा दी.

मैं ने पहली बार नारीपुरुष का भेद समझा था. सुबह काफी देर से आंख खुली. मैँ ने देखा कि रवि बेड पर नहीं हैं. मैं अलसाई आंखों से इधरउधर उन्हें ढूंढ़ने लगी थी. इतने में कमरे का परदा हिला. उसी के साथ रवि एक छोटी सी टे्र में चाय के 2 प्यालों के साथ कमरे में दाखिल हुए.

‘‘आप…’’ मैं अचकचा कर बोली.

‘‘मैं ने निश्चय किया था कि पहली चाय मैं ही बना कर तुम्हें पिलाऊंगा.’’

मुझे कोई उत्तर नहीं सूझा था. मैं रवि को निहारती रह गई थी.

Romantic Story in Hindi

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें