महेश भट्ट की बेटी आलिया भट्ट ने अपने अभिनय करियर की शुरूआत ‘‘स्टूडेंट आफ द ईअर’’ से की थी, तब से वह दस फिल्में कर चुकी हैं. अब होली के अवसर पर उनकी ग्यारहवीं फिल्म प्रदर्शित होने वाली है, पर आलिया भट्ट का मानना है कि उनके अभिनय करियर की यह पहली फिल्म है.
जी हां आलिया भट्ट अपनी अभिनय यात्रा के सवाल पर कहती हैं, ‘‘मेरी कई फिल्मों का मजा दर्शक ले चुके हैं. मैंने वरूण धवन के साथ फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईअर’ के साथ करियर शुरू किया था. उसके बाद मैंने वरूण धवन के साथ ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनियां’ की और अब वरूण धवन के साथ मेरी तीसरी फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ होली के मौके पर आने वाली है. इसके बावजूद मैं इसे अपनी पहली फिल्म मानती हूं और इस फिल्म को लेकर काफी नर्वस भी हूं. मैं हमेशा भूल जाती हूं कि मेरी कोई यात्रा रही है. मुझे लगता है कि हमेशा ऐसा ही रहना चाहिए. इससे उत्साह बना रहता है. नयापन बना रहता है. और हम ज्यादा मेहनत के साथ काम करते हैं. मुझे लगता है कि दुल्हनिया की इमेज मुझ पर बहुत ज्यादा फिट बैठती है. इसलिए अब फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ से मुझे काफी उम्मीदे हैं.’’
