बरसात को अगर रोमांस का मौसम भी कहा जाते तो गलत नहीं होगा. बारिश का मौसम आते ही माहौल आशिकाना हो जाता है. रिम-झिम बरसते बादलों से फिजा खिलखिला उठती है.
रोमांस का ये मौसम बॉलीवुड को भी खूब पसंद आता है. दौर चाहे जो भी हो बारिश का खुमार हिंदी सिनेमा में कभी कम नहीं हुआ. बारिश में भीगती हीरोइन को देख हीरो का मचलता दिल कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर हिट करा चुका है. राजकपूर से लेकर अर्जुन कपूर तक लगभग हर नए पुराने एक्टर ने बारिश के गाने पर रोमांस किया है.
एक बार फिर बारिश का मौसम आ चुका है ऐसे में देखते हैं बॉलीवुड के वो गानें जिसे देखने के बाद किसी के भी दिल को आशिक बनते देर नहीं लगती.
प्यार हुआ इकरार हुआ (श्री 420)
शो मैन राज कपूर और नरगिस दत्त की फिल्म ‘श्री 420’ का गाना ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ आज भी बॉलीवुड के सदाबहार गानों में से एक है. मुंबई की सड़कों पर एक छाते के नीचे राज कपूर और नरगिस का भींगना आज भी लोगों को अक्सर बारिश के मौसम में याद आ जाता है. इस गाने की खास बात थी इसकी बोल और म्यूजिक. लता मंगेशकर और मुकेश ने इस गाने को आवाज दी है.
