solo travel tips : सोलो ट्रेवल के बारे में कह देना आसान होता है कि भाई, चलो जाओ अकेले घूमने! क्या फर्क पड़ता है? लेकिन किसी भी ट्रेवल में हम आमतौर पर गप्पें ज्यादा मारते हैं और चीजें कम देखते हैं. अब आपको गप्पें मारने वाला मिलेगा नहीं. अब आप खुद अकेले तो गप्पें नहीं मार सकते, इसलिए आपके पास कुछ चीजें ऐसी होनी चाहिए जिससे आप टाइम पास कर सकें. क्योंकि सोलो ट्रेवल का मतलब सिर्फ अकेला होना नहीं है, बल्कि उस अकेलेपन को खुद के साथ बिताए गए एक खुशनुमा समय में बदलना है. जब साथ में बातें करने वाला कोई न हो, तो आपकी हॉबीज (शौक) ही आपकी सबसे अच्छी साथी बनती हैं. जब आप सोलो ट्रेवल कर रहे होते हैं, तो आपके पास हर चीज को गहराई से देखने और समझने का बहुत समय होता है.

दरअसल, वो लोग जिन्हें फोटोग्राफी का शौक हो, वो लोग जिन्हें पढ़ने का शौक हो. जिन्हें पेंटिंग का शौक हो, एडवेंचर का शौक हो, ये उन लोगों के लिए है. यहां कुछ तरीके दिए गए हैं जिनसे आप अपने सोलो ट्रेवल को यादगार बना सकते हैं.

सोलो ट्रेवल पर हो किताबों का साथ

सोलो ट्रेवल पर किताबें पढ़ने का अलग ही मजा है. घर पर हम अक्सर समय निकालकर या जल्दी-जल्दी पढ़ते हैं, लेकिन ट्रेवल के दौरान ‘स्लो रीडिंग’ करें. दो पन्ने पढ़ने के बाद थोड़ा रुकें, सामने के दृश्य को देखें, उस विचार पर थोड़ा सोचें और फिर आगे बढ़ें. सोलो ट्रेवल आपको बिना किसी हड़बड़ी के पढ़ने की सबसे बड़ी आजादी देता है.

अगर पढ़ने का शौक है, तो अपने साथ कैंडल-लाइट या बालकनी में बैठकर पढ़ने के लिए पसंदीदा किताबें या ई-रीडर रखें. बालकनी में अगर रोशनी कम हो, तो अपने साथ एक छोटा क्लिप-ऑन रीडिंग लाइट रखें. यह बिना दूसरों को परेशान किए आपके पन्नों पर सही रोशनी देता है.

सोलो ट्रेवल में भारी-भरकम या बहुत ज्यादा जटिल थ्रिलर के बजाय ऐसी किताबें साथ रखें जो पढ़ने में सहज हों जैसे यात्रा वृत्तांत, संस्मरण या जीवनदर्शन से जुड़ी किताबें.

आप जिस जगह जा रहे हैं, अगर वहां का कोई प्रसिद्ध स्थानीय लेखक या वहां के इतिहास/संस्कृति पर लिखी कोई किताब हो, तो उसे पढ़ना उस जगह से जुड़ने का एक नया नजरिया देता है.

बालकनी में बैठकर पढ़ते समय पास में चाय, कॉफी या वहां की कोई लोकल हॉट ड्रिंक हो, तो पढ़ने का मजा दोगुना हो जाता है. अब अगर बालकनी का इतना ही लुत्फ उठाना है तो ये भी जरूरी है कि आपके रूम के साथ बालकनी हो.

अगर फोटोग्राफी या स्केचिंग का शौक है, तो ऐसी जगहों पर वक्त बिताएं जहां हड़बड़ी न हो जैसे किसी कैफे या किसी पहाड़ी ढलान पर बैठकर प्राकृतिक दृश्यों को फ्रेम करना.

डायरी लिखें और खुद से मिलें

सोलो ट्रेवल में गप्पें मारने का सबसे बेहतरीन विकल्प है खुद से बातें करना. दिनभर आपने क्या देखा, क्या महसूस किया या कोई नया विचार आया, उसे अपनी डायरी में लिखें.

सिर्फ यह मत लिखिए कि आपने क्या देखा, बल्कि यह लिखिए कि आपको कैसा महसूस हुआ.

इसके लिए शांत और अपनी मनपसंद जगह ढूंढें. जैसे कि किसी स्थानीय कैफे या पार्क में बैठ जाएं. आसपास के लोगों के हाव-भाव, वहां की हवा की खुशबू, स्थानीय बोली के शब्द या सूरज की ढलती रोशनी को शब्दों में उकेरें. यह आदत आपकी सोच को बहुत गहरा और संवेदनशील बनाती है. अपनी किसी पुरानी याद या फिर कोई बुक लिखना चाहते हैं तो वह भी कर सकते हैं.

‘ट्रेवल मेमोरी बुक’

अब आप सोच रहे होंगे कि यह क्या बला है. अरे भाई, इसे तो नाम से ही समझा जा सकता है मतलब कि आप जिस जगह आएं हैं वहां की खूबसूरत चीजों और यादों को रंगों में उड़ेल दें. वहां की किसी पुरानी इमारत, कैफे की खिड़की या पहाड़ की आउटलाइन को कागज पर उतारें. सिर्फ यहीं नहीं बल्कि वहां के कल्चर, वहां का पहनावा, वहां की पोशाकें वहां के जनजीवन को पेंटिंग में उकेर दें. वहां के स्थानीय टिकट, सूखे फूल, कैफे के बिल या इस्तेमाल किए गए नैपकिन को डायरी में चिपकाएं और बहुत सी यादें समेटकर अपनी पेंटिंग बुक में ले जाएं.

फोटोग्राफी करें एक स्टोरी के साथ

आप फोटोग्राफर हैं तो इसका मतलब यह नहीं है कि वहां जो आपको नेचुरल ब्यूटी दिख रही है आपको बस उसका फोटो लेना है, बल्कि आपको फोटोग्राफ उस जगह की करनी है जो किसी न किसी चीज की कहानी बयां कर रही हो. जैसे कि वहां की संस्कृति को कैमरे में कैद करें. दरअसल, जब आप सोलो ट्रेवल कर रहे होते हैं, तो आपके पास हर चीज को गहराई से देखने और समझने का बहुत समय होता है. कोई भी जगह वहां के लोगों से बनती है. किसी स्थानीय बाजार में सब्जी बेचती बुजुर्ग महिला, पहाड़ी रास्तों पर भारी बोझ ले जाता मजदूर, या फिर गांव के बाहर खेलते हुए बच्चे, इनकी तस्वीरें उस जगह की असल जिंदगी को दर्शाती हैं.

लेकिन इस बात का भी ध्यान रखें जिनकी भी तस्वीरें ले रहे हैं उनसे पूछकर ही लें. चोरी-छिपे फोटो लेने की कोशिश न करें. तस्वीरें खींचने से पहले उनसे मुस्कुराकर बात करें या अनुमति लें. बड़ी-बड़ी इमारतों और वादियों के अलावा, उस जगह के छोटे-छोटे हिस्सों को कैमरे में कैद करें जो वहां का इतिहास बताते हैं.

किसी पुराने घर का जंग लगा दरवाजा, हाथ से बनी हुई कोई कलाकृति, चाय की दुकान पर खौलता हुआ पानी, या फिर किसी स्थानीय व्यक्ति के काम करते हुए थके और अनुभवी हाथ. ये छोटी चीजें बहुत गहरी कहानियां कहती हैं.

वहां का लोकल हुनर और आर्ट सीखना

जिस जगह आप ठहरे हैं, वहां की स्थानीय कला को समझने की कोशिश करें. अगर किसी गांव या पहाड़ी इलाके में हैं, तो वहां की पारंपरिक बुनाई, मिट्टी के बर्तन बनाना, या वहां का खास खाना पकाने का तरीका सीखने में 1-2 घंटे बिताएं. इससे आपका टाइम भी पास होगा और कुछ नया सीखने का मौका भी मिलेगा.

अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद लें

होटल पहुंचते ही आसपास के लोकल केमिस्ट से कोई छोटी-मोटी सामान (जैसे पानी की बोतल या विक्स) खरीदें और उनका नंबर ले लें. होटल रिसेप्शन से पास के डॉक्टर या हॉस्पिटल का इमरजेंसी नंबर जरूर पूछकर रखें.

अपने घर पर किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अपनी पूरी यात्रा का प्लान, होटल का पता और कमरा नंबर जरूर बताकर रखें. दिन में एक या दो बार अपनी लोकेशन अपडेट करते रहें.

छोटी-मोटी तकलीफों (जैसे सिरदर्द, पेट खराब, बुखार, या पेनकिलर) की दवाइयां अपने साथ ही लेकर चलें ताकि रात-बिरात भटकना न पड़े.

सोलो ट्रेवल पर धार्मिक तीर्थस्थलों से दूरी बनाएं

दलालों और अत्यधिक व्यावसायिक भीड़ वाले धार्मिक स्थलों से सोलो ट्रेवलर को बचना चाहिए. इसलिए सोलो ट्रेवल में रिलीजियस ट्रेवल बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए. अगर जहां जा रहे हो उसके आसपास कोई धार्मिक पॉइंट या मंदिर हो तो भी उस जगह को इग्नोर करो.

सोलो ट्रेवल के लिए तीर्थ स्थल कभी भी मत जाओ. वहां तंग करने के लिए आपको बहुत से दलाल मिल जाएंगे लेकिन हिल स्टेशन पर ऐसा कोई दलाल नहीं मिलेगा. हरिद्वार और ऋषिकेश में किसी की नजर आप पर पड़ ही जाएगी और वो आपके पीछे लग जाएंगे. इसलिए सोलो ट्रेवल में रिलीजियस ट्रेवल बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए.

आप जहां घूमने जा रहे हो उसके आसपास कोई धार्मिक पॉइंट या मंदिर हो तो भी उस जगह को इग्नोर करो. क्योंकि बड़े धार्मिक स्थलों पर अक्सर एजेंट, फर्जी गाइड, पंडित या दलाल अकेले यात्री को आसानी से अपना निशाना बना लेते हैं. वे विशेष दर्शन, VIP एंट्री या पूजा-पाठ के नाम पर अनुचित पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं. किसी एक जगह पर दर्शन या एंट्री के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने से आपका पूरा दिन खराब हो सकता है, जिसे आप किसी खूबसूरत जगह पर बैठकर पढ़ने, स्केचिंग करने या फोटोग्राफी में बिता सकते थे.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...