Health Issue :
सवाल
कुछ दिनों पहले कुरसी से गिरने के कारण मेरे बाएं घुटने में चोट लग गई थी. 1-2 दिन कोई खास समस्या नहीं थी, लेकिन उस के बाद घुटने में सूजन आ गई. बर्फ से सिंकाई की, लेकिन कोई फायदा नहीं मिला. अब दर्द बहुत ज्यादा हो रहा है. डाक्टर को दिखाया तो उन्होंने एमआरआई और ऐक्सरे की सलाह दी है. इस का कारण मुझे समझ नहीं आया. कृपया मेरी शंका दूर करें?
जवाब
आप की समस्या और जांचों से पता चलता है कि आप को बेकर्स सिस्ट की समस्या है. ऐसे में डाक्टर आप के घुटने को छू कर गांठ की गंभीरता को महसूस करता है. यदि गांठ लगातार बड़ी हो रही है और गंभीर दर्द के साथ बुखार का कारण भी बन रही है तो डाक्टर आप को नानइनवेसिव इमेजिंग टेस्ट की सलाह देता है. इस में एमआरआई या अल्ट्रासाउंड शामिल है. एमआरआई की मदद से डाक्टर सिस्ट को अच्छी तरह देख पाता है, जिस से वह उचित इलाज बताने में समर्थ रहता है. ऐक्सरे पर गांठ का पता लगना संभव नहीं है, लेकिन डाक्टर अन्य समस्याओं जैसेकि गठिया आदि की पहचान के लिए इस की सलाह दे सकती हैं. इसलिए घबराएं नहीं, यह जांच सिर्फ समस्या की सही पहचान के लिए है.
सवाल
मेरी उम्र 38 साल है. कुछ दिनों से मेरे दाएं घुटने में दर्द हो रहा है. सूजन भी हो गई है. कृपया इस के होने का कारण और समाधान बताएं?
जवाब
इस का कारण चोट, गठिया या कोई अन्य कारण जैसेकि बेकर्स सिस्ट हो सकता है. बेकर्स सिस्ट सीनोवियल द्रव से भरी एक नर्म गांठ है, जो घुटनों के पीछे की ओर विकसित हो जाती है. इसे पोप्लिटीयल सिस्ट के नाम से जाना जाता है. गांठ दर्ददायक होती है. इस के आसपास सूजन आ जाती है. ऐसे में घुटने को मोड़ना मुश्किल हो जाता है.
यदि असल समस्या यही है तो लापरवाही दिखाना आप पर भारी पड़ सकता है. इसलिए जल्द से जल्द इस की जांच कराएं. समस्या हलकी होगी तो यह खुद ठीक हो जाएगी और डाक्टर आप को केवल आराम और हलकी दवाइयों की सलाह देगा. समस्या गंभीर होने पर आप को अन्य विकल्पों की सलाह दी जाएगी.
सवाल
मेरी उम्र 37 साल है. मुझे गठिया की समस्या है, जिस की वजह से मुझे अकसर दर्द होता रहता है, लेकिन कुछ दिनों से घुटनों में ज्यादा दर्द और सूजन हो गई है. छूने पर गांठ जैसा महसूस होता है. ऐसा क्यों?
जवाब
जब किसी को गठिया की समस्या होती है तो घुटने में बहुत अधिक तरल पदार्थ पैदा होता है, जो बेकर्स सिस्ट का निर्माण कर देता है. इलाज के बाद यह समस्या ठीक हो सकती है. इस से कोई बीमारी लंबे समय तक नहीं होती है. चूंकि आप की उम्र भी ज्यादा है, इसलिए इस उम्र में ऐसा होना आम बात है. घबराएं नहीं, लेकिन समय पर जांच कराना आवश्यक है.
