Married life advice : कई लोग कभी बहुत खुश होते हैं, तो कभीकभी बहुत गुस्से में होते हैं. इसे ‘पल में तोला पल में माशा’ भी कहा जा सकता है. ऐसे लोगों के साथ निभाना बहुत मुश्किल होता है. इन को न छोड़ते बनता है न रखते बनता है. सामने वाला चकरा जाता है अब क्या करू? न निगलते बनता न उगलते. यह तो गले पड़ा है चाहे पति की या पत्नी की तरह. अब ऐसे लोगों के साथ कैसे डील करें, यह सवाल बहुत बड़ा हो जाता है.
ऐसे लोग अकसर ‘इमोशनली हाइपरऐक्टिव’ होते हैं. वे जो भी महसूस करते हैं, 100% करते हैं. अगर वे आप को टूट कर प्यार कर सकते हैं, तो वे अपनी नाराजगी भी पूरी शिद्दत से दिखाते हैं. उन के साथ डील करने की चाबी है : ‘उन के गुस्से के वक्त खुद को बचाना और उन के प्यार के वक्त रिश्ते को मजबूत करना.’
एक चुप सौ को हराता है
जब भी पार्टनर को गुस्सा आए तो आप बहस न करें बल्कि उन की बात पर चुप लगा जाएं. एक चुप सौ को हराता है. अगर आप भी गुस्सा करेंगी तो बात बिगड़ जाएगी. अगर आप चुप रहेंगी तो जल्द ही उन्हें अपनी गलती का एहसास होगा और वह आप से खुद माफी मांग लेंगे. लेकिन इस के लिए आप को थोड़ी समझदारी दिखानी पड़ेगी.
मूड देख कर उन्हें उन की गलती समझाएं
अगर आप वाकई एक गुस्सैल पार्टनर से डील करना चाहते हैं, तो सब से पहले उन के शांत होने का इंतजार करें क्योंकि हर बात का एक सही वक्त होता है. इसलिए जब पार्टनर का गुस्सा कम हो जाए तो उन का मूड देख कर बात करें. उन्हें प्यार से समझाएं कि गुस्सा किसी बात का हल नहीं और इस से उन की सेहत पर भी असर पड़ेगा. उन्हें महसूस कराएं कि गुस्से में वे क्या गलती कर देते हैं. शांत दिमाग में वे जब आप की बात समझेंगे तो माफी भी मांग लेंगे.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें
ऐंगर मैनेजमेंट थेरैपी कराएं
कई बार पुरानी किसी बुरी याद, कोई ट्रामा या फिर खराब और दुखदायी बचपन की वजह से भी पार्टनर का व्यवहार गुस्सैल हो जाता है. इस के अलावा क्या पता वे अब भी उस स्थिति से जूझ रहे हों. ऐसे में उन का गुस्सा शांत या कंट्रोल करने के लिए उन्हें ऐंगर मैनेजमेंट थेरैपी के लिए ले कर जा सकते हैं. लेकिन पहले उन से इस बारे में बात करें और उन्हें डाक्टर की मदद लेने के लिए कनवैंस करें. इस से उन्हें अपना गुस्सा शांत करने में मदद मिलेगी. इस से लाइफ में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
सुनाने से पहले सुनना सीखें
यह किसी भी रिलेशनशिप को निभाने के लिए अहम है. अपनी बात या भड़ास निकालने के लिए यह जरूरी है कि पहले सामने वाले की बात सुनी जाए कि ऐसा आखिर क्यों हुआ? उस की बात को समझें और अगर तब भी लगे कि वे गलत हैं तो उन्हें आराम से अपनी बात समझाएं. गुस्से में हर काम बिगड़ जाता है, इसलिए इस बात का ध्यान रखें.
उन के गुस्से की हवा कैसे निकालें
अगर गलती आप की तरफ से हुई है, तो उसे स्वीकार करें. पार्टनर को शांत करने के बजाए खुद गुस्सा न करें. शांत रहें.
खुद को सही साबित करने के लिए उन्हें दोषी न ठहराएं. इस से स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है.
गुस्से के दौरान कभी भी व्यक्तिगत आरोप न लगाएं या अपमानजनक बातें न कहें.
जब वे गुस्से में हों, तो उन से बहस करने के बजाय उन के लिए पानी का गिलास ले आना या उन का कोई अधूरा काम चुपचाप पूरा कर देना, उन के गुस्से की हवा निकाल देता है.
अकसर ऐसे इंटेंस लोगों के गुस्से के पीछे कुछ खास वजहें ट्रिगर्स होती हैं जैसे थकावट, काम का तनाव या कोई पुरानी बात. थोड़ा औब्जर्व करें कि उन्हें किस बात पर सब से ज्यादा गुस्सा आता है. अगर संभव हो, तो उन परिस्थितियों को पहले ही स्मार्टली हैंडल कर लें ताकि बात बहस तक पहुंचे ही नहीं.
जब प्यार लाबाबब हो तब क्या करें
अगर किसी दिन पार्टनर कुछ जयादा ही प्यार दिखा रहा हो और प्यार प्यार में हजार वादे कर रहा हो तो उसे भी बहुत ज्यादा सीरियसली लेने की जरूरत नहीं है. हो सकता है यह वादे प्यार का खुमार हो और जब यस खुमार उतरे तो वादे भी भूल जाएं. लेकिन आप इस बात को दिल से लगा झगड़ा कर रही हैं कि तुम ने तो यह कहा था, वह कहा था, यह सब करने का कोई फायदा नहीं है बल्कि अपने साथी के पैटर्न को समझें कि कब वे सच बोल रहे हैं और कब लबाबाब प्यार की खुमारी में बोल रहे हैं.
क्वालिटी टाइम बिताएं
उन के साथ बैठें, चाय पीते हुए बातें करें, वौक पर जाएं या सिर्फ एकदूसरे के साथ बिना किसी एजेंडे के वक्त बिताएं. कई बार उन का गुस्सा सिर्फ इसलिए होता है क्योंकि उन्हें आप का एटैंशन नहीं मिल रहा होता. अगर आप उन्हें नियमित रूप से क्वालिटी टाइम देंगे, तो उन का चिड़चिड़ापन और गुस्सा अपने आप 50% कम हो जाएगा.
खूबियों की तारीफ करें
उन्हें बताएं वे आप के लिए क्या अहमियत रखते हैं? बातोंबातों में उन्हें यह भी समझा दें कि मैं जानती हूं तुम मुझ से बहुत प्यार करते हो और मेरे लिए बहुत कुछ करते हो, इसलिए जब तुम गुस्से में कुछ कड़वा बोलते हो, तो मुझे बहुत दुख होता है. इस तरह आप भी अपनी प्यार की लच्छेदार बातों से उन्हें इंप्रैस करें.
चूंकि उन का प्यार भी लाजवाब है, इस का मतलब है कि वे दिल के बुरे नहीं हैं, बल्कि अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाते. जब वे शांत और प्यार के मूड में हों, तो उन के उस रूप को पूरा सम्मान और समय दें. उन का जो यह ‘लाजवाब प्यार’ है, वह आप के रिश्ते का सब से मजबूत आधार है. जब माहौल अच्छा हो, तो उन्हें जताएं कि आप को उन का यह रूप कितना पसंद है.
