Tracksuit styling : बच्चों की गरमियों की छुट्टियों के दौरान लोग गरमी से राहत पाने और रोजमर्रा के कामों से थोड़ा विराम लेने के लिए लंबी छुट्टियों पर निकल पड़ते हैं. अब लोग यात्रा के समय ऐसे कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं जो पहनने में आरामदायक होने के साथसाथ दिखने में भी स्टाइलिश हों.

इसी बीच बौलीवुड में एक पुराना ट्रेंड फिर से लौट आया है ट्रैकसूट फैशन. जो ट्रैकसूट कभी आउटडेटेड माना जाता था, वह अब एक बार फिर ट्रैवल आउटफिट के रूप में ट्रेंड में है. बौलीवुड सितारों ने ट्रैकसूट को यात्रा के लिए अपनी पसंदीदा ड्रैस बना लिया है. कभी वे एक ही रंग के ट्रैकसूट में दिखाई देते हैं तो कभी लोगों वाले स्पोर्टी ट्रैकसूट पहनते हैं. खासकर अभिनेत्रियां यात्रा के दौरान इस का खूब इस्तेमाल कर रही हैं.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें

आकर्षक अंदाज

फैशनप्रेमी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में सफेद स्नीकर्स के साथ प्रिंटेड ट्रैकसूट में नजर आई थीं. कंगना रनौत ने भी सिंपल और एक रंग के प्रिंटेड ट्रैकसूट को अपना स्टाइल स्टेटमैंट बनाया और सादगी भरा खूबसूरत लुक हासिल किया. अनुष्का शर्मा क्रौप टौप के साथ ट्रैकसूट में दिखाई दीं, वहीं आलिया भट्ट ने डिजाइनर ट्रैकसूट पहन कर सब का ध्यान आकर्षित किया और उसे मैचिंग ब्रैंडेड पर्स के साथ खास लुक दिया. इस के अलावा दीपिका ने भी स्टाइलिश ट्राउजर के साथ आकर्षक अंदाज पेश किया.

बेहतरीन विकल्प

अब ट्रैकसूट को कई तरीकों से स्टाइल किया जा सकता है. जैकलीन फर्नांडिस और डायना पेंटी जैसी अभिनेत्रियां ब्लैक ट्रैकसूट के साथ ग्लैमरस अंदाज में नजर आ चुकी हैं, साथ ही उन्होंने सन प्रोटैक्शन सनग्लासेज भी पहने थे.

फैशन डिजाइनर बीना मिश्रा के अनुसार, ट्रैकसूट का फैशन नए बदलावों के साथ वापस आया है. अब इस में पसंदीदा रंगों और डिजाइनों के साथ स्टाइल को भी उतना ही महत्त्व दिया जाता है. यह हलका होता है और ट्रैकिंग के लिए भी बेहतरीन विकल्प है. यही वजह है कि यह आज के समय में यात्रा के लिए पहली पसंद बनता जा रहा है.

रोजमर्रा की जिंदगी में स्किनटाइट जींस, सलवार और पटियाला पहन कर महिलाएं, युवतियां अकसर बोर हो जाती हैं. ऐसे में यात्रा के दौरान वे आरामदायक कपड़े चाहते हैं. ऐसे समय में ट्रैकसूट एक बेहतरीन विकल्प साबित होता है. यह फैशनेबल भी है और आरामदायक भी, इसलिए महिलाएं इसे अपना कर बौलीवुड जैसा स्टाइल स्टेटमैंट बनाना चाहती हैं और अपनी यात्रा का आनंद लेना चाहती हैं. तो अब इंतजार किस बात का? अब अपने ट्रैवल बैग में ट्रैकसूट शामिल करना न भूलें.             –

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...