Grooming tips for moms : अगर आप भी चाहती हैं कि आप की मौम आप की फ्रैंड सर्कल में स्मार्ट मौम लगें और हरकोई उन की तारीफ करें, तो इस में कुछ भी मुश्किल नहीं है, बस आप को अपनी मां का मेकओवर करना होगा. उन पर ध्यान देना होगा. फिर देखिए मां कैसे आप की बैस्ट फ्रैंड बन जाती हैं.

आरामदायक फैशनेबल कपड़े

आजकल एक ही रंग और प्रिंट के टौप और पैंट (Co-ords) बहुत ट्रेंड में हैं. इन्हें पहनना बहुत आसान है और ये ट्रेवलिंग या किटी पार्टी के लिए बैस्ट हैं. कौटन या रेयन के कोऔर्ड सेट्स मांओं के लिए सब से ज्यादा आरामदायक होते हैं.

अगर मां को इंडो वैस्टर्न पसंद है, तो लंबी मैक्सी ड्रैस एक अच्छा चुनाव है. ये ढीलेढाले होते हैं और इन में कोई फिटिंग की टैंशन नहीं होती.

घर में रहने के लिए या छोटीमोटी आउटिंग के लिए कफ्तान सब से आरामदायक विकल्प है. इस की ढीली स्लीव्स और खुला हुआ कट गरमियों के लिए अच्छा है. सिल्क या साटन के कफ्तान को बेल्ट के साथ पहन कर बहुत फैशनेबल दिखा जा सकता है.

इस के आलावा उन्हें ट्रेंडी हुडी और जौगर सेट या फिर सौफ्ट नेट फैब्रिक का लाइट ब्लू पार्टी गाउन जैसे विकल्प दें.

मां की पुरानी साड़ियों को नए फैशन में बदलें (Reuse) या साड़ी को वैस्टर्न स्टाइल में ड्रैप करें.

ट्विनिंग करें

किसी फंक्शन या आउटिंग के लिए मां और बेटी एकजैसे रंग या प्रिंट (जैसे फ्लोरल) के कपड़े पहनें.

 मैचिंग आउटफिट पहनें

पहले मां और बेटी के कपड़ों के स्टाइल में बहुत ज्यादा फर्क होता था, लेकिन फैशन इंडस्ट्री ने इस गैप को कम कर दिया है. अब कई ब्रैंड मांबेटी के लिए मैचिंग आउटफिट्स बनाते हैं, जो बाजार में आसानी से मिल जाते हैं और जिन्हें उन के खास रिश्ते को सैलिब्रेट करने के लिए डिजाइन किया जाता है.

मांबेटी के इस खास रिश्ते को और भी खास बनाने के लिए आप किसी वेकेशन, आउटिंग, फंक्शन या पार्टी के मौके पर अपनी बेटी के साथ मैचिंग आउटफिट पहन सकती हैं. इस मैचिंग आउटफिट में आप दोनों न सिर्फ खूबसूरत और अट्रैक्टिव लगेंगी, बल्कि हर किसी की नजरें आप दोनों पर ही होंगी.

मां की वार्डरोब चेंज करें

सब से पहले से मां की अलमारी से वे कपड़े हटाएं जो बहुत पुराने हो चुके हैं लेकिन मां उन्हें अभी भी पहन रही हैं. जो कपड़े उन की फिटिंग के नहीं हैं उन्हें अलमारी से हटा दें. अपनी फिटिंग के कपड़ों में वे ज्यादा स्मार्ट लगेंगी. जो कपड़े सही हो सकते हैं, उन्हें सही कराएं और बाकी किसी को दे दें.

मां को मिक्स ऐंड मैच करना बताएं

उन्हें सिखाएं कि कैसे एक पुरानी कुरती को सिगरेट पैंट या डैनिम के साथ पहन कर नया लुक दिया जा सकता है. उन की पुरानी साङियों से लहंगा या अनारकली सूट बनवाएं ताकि बेकार पड़ी साड़ी भी काम में आएं और वे साड़ी के बजाय सूट में मौडर्न लुक मिलें.

उन के लिए फैब्रिक का चुनाव करें

कई बार मां खुद पर ध्यान नहीं देतीं और किसी मौसम में कुछ भी पहन लेती हैं, इसलिए मौसम के अनुरूप वार्डरोब में कपड़े रखें जैसे कि सर्दियों में सिल्क के कपङे और गरमियों में प्योर कौटन, लिनन रखें. ये उन पर फबेंगे.

कलर भी हो ट्रेंडी

आजकल पेस्टल शेड्स (जैसे लैवेंडर, पिस्ता ग्रीन, पीच) बहुत ट्रेंड में हैं. ये चेहरे पर एक सौफ्ट ग्लो लाते हैं. इसलिए डार्क कलर को हटा दें और ट्रेंडी कलर ऊपर कर दें.

ऐक्सैसरीज भी हो कुछ खास

एक साधारण आउटफिट भी सही ऐक्सैसरीज से लाजवाब बन सकता है. इसलिए अपनी मां के लिए कुछ अच्छी ज्वैलरी लें जैसे कि औक्सीडाइज्ड झुमके या एक खूबसूरत मोती का हार उन के लुक को बदल सकता है.

अगर मां प्लेन कुरती या साड़ी पहन रही हैं, तो एक हैवी औक्सीडाइज्ड नैकलेस उन्हें बहुत ही ग्रैसफुल और ‘बोहो-चिक’ लुक देगा.

सदाबहार क्लासिक लुक के लिए मोतियों की कई परतों वाली माला बेहतरीन है. यह सिल्क साड़ियों पर बहुत रौयल लगती है.

बड़े आकार के सुनहरे या कुंदन के झुमके चेहरे पर चमक लाते हैं. अगर कान के छेद बड़े होने का डर हों, तो आप ‘कान चेन’ (Sahara chains) का उपयोग कर सकती हैं, जो आजकल बहुत फैशन में हैं.

अगर उन्हें लटकने वाले झुमके पसंद नहीं, तो बड़े साइज के स्टोन या फ्लोरल डिजाइन वाले स्टड्स ट्राई करवाएं. एक हाथ में घड़ी और दूसरे में एक चौड़ा नक्काशीदार कड़ा पहनने से लुक काफी मौडर्न लगता है.

बड़ी अंगूठी (Cocktail Ring)

एक बड़ी और सुंदर डिजाइन वाली अंगूठी पूरे हाथ की शोभा बढ़ा देती है. यह उन महिलाओं के लिए बैस्ट है जो ज्यादा ज्वैलरी पहनना पसंद नहीं करतीं.

अगर कपड़े बहुत भारी कढ़ाई वाले हैं, तो स्टेटमैंट ज्वैलरी से बचें. यह प्लेन या सिंपल प्रिंटेड कपड़ों पर सब से ज्यादा खिलती हैं.

चेहरे का आकार

गोल चेहरे वाली मांओं पर लंबे ईयररिंग्स अच्छे लगते हैं, जबकि लंबे चेहरे पर गोल या चौड़े स्टड्स ज्यादा जंचते हैं. दुपट्टे को अलगअलग तरीकों से ड्रेप करना सिखाएं.

फुटवियर भी दिलाएं स्टाइलिश

अगर आप की मां को थोड़ी हाइट चाहिए लेकिन उन्हें पेंसिल हील्स में चलने में डर लगता है, तो ब्लौक हील्स सब से सुरक्षित और फैशनेबल विकल्प है.

आजकल हाथ की कढ़ाई (Hand-embroidered) वाली या शीशे के काम (Mirror work) वाली मोजरियां बहुत चलन में हैं. ये फ्लैट होती हैं और इन्हें पहन कर दिनभर चला जा सकता है. पेस्टल रंगों की मोजरी हर रंग के सूट के साथ मैच हो जाती है.

अगर आप की मां को कैजुअल या वैस्टर्न कपड़े पहनना पसंद हैं, तो उन्हें सैंडल की जगह लोफर्स ट्राई करवाएं. ये बंद जूते होते हैं जो बहुत ही क्लासी और प्रोफैशनल लुक देते हैं. इन्हें पहनना और उतारना बहुत आसान होता है.

उम्र के साथ पैरों में हलकी सूजन आ सकती है, इसलिए हमेशा शाम के समय फुटवियर ट्राई करें (जब पैर थोड़े बड़े होते हैं) ताकि सही साइज मिल सकें.

स्टाइल के साथसाथ यह जरूर देखें कि सोल ऐंटी स्लिप हो ताकि गिरने का डर न रहे.

स्किन केयर और मेकअप

उम्र बढ़ने के साथ त्वचा नमी खोने लगती है. मेकअप से पहले स्किन को तैयार करना जरूरी है. इसलिए सनस्क्रीन सब से जरूरी ब्यूटी प्रोडक्ट है. बाहर जाते समय एसपीएफ का इस्तेमाल उन की त्वचा को दागधब्बों से बचाएगा.

भारी फाउंडेशन की जगह हलकी चीजें चुनें. रोजाना के लिए यह भारी फाउंडेशन से बेहतर है. यह त्वचा को एकसमान रंग देती है और भारी नहीं लगती.

अगर आंखों के नीचे काले घेरे हैं, तो केवल वहीं थोड़ा सा कंसीलर लगाएं. पूरे चेहरे पर ज्यादा लेयर्स लगाने से मेकअप क्रेकी दिख सकता है.

उम्र के साथ भौहें हलकी हो जाती हैं. एक डार्क ब्राउन (काला नहीं) पेंसिल से उन्हें हलका सा फील करने से चेहरा तुरंत लिफ्टेड और जवान दिखने लगता है.

किसी खास मौके के लिए एक क्लासिक रैड लिपस्टिक कभी फेल नहीं होती, बशर्ते बाकी मेकअप बहुत हलका हो. रोजाना के लिए न्यूड पिंक्स या हलके भूरे शेड्स बहुत एलिगेंट लगते हैं.

हेयरकट भी कराएं

इस के लिए मां को मनाना बहुत मुश्किल है पर आप कोशिश तो करें. हेयरकट उन के लुक को पूरी तरह बदल कर उन्हें यंग लुक देगा.

एक नया हेयरकट जैसे फेदर कट या बौब उन्हें एक मौडर्न लुक दे सकता है. अगर वे लंबे बाल रखना चाहती हैं, तो उन्हें सौफ्ट लेयर्स में कटवाएं.

अगर वे अब तक बालों में मेहंदी लगा रही हैं या फिर बाल डाई करती हैं, तो बिलकुल जेट ब्लैक (Jet Black) की जगह डार्क ब्राउन या बरगंडी चुनें. यह चेहरे पर ज्यादा नैचुरल और सौफ्ट लगता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...