Diwali Beauty Tips : दीवाली का त्योहार रोशनी, खुशियों और खूबसूरती का प्रतीक है. इस खास मौके पर हर महिला चाहती है कि उस की त्वचा खिले, चेहरा चमके और उस का लुक सब से अलग नजर आए. लेकिन खूबसूरत दिखने के लिए हैवी मेकअप करना जरूरी नहीं है. थोड़ी सी स्किनकेयर, सही मेकअप और अपने स्टाइल पर ध्यान दे कर आप भी इस दीवाली दीए की तरह चमक सकती हैं.

मेकअप से पहले त्वचा को बनाएं ग्लोइंग

खूबसूरत मेकअप का असली राज है हैल्दी त्वचा. दीवाली से कुछ दिन पहले ही अपनी स्किनकेयर रूटीन पर ध्यान देना शुरू कर दें. सुबह और रात को माइल्ड क्लींजर से चेहरा साफ करें और अपनी त्वचा के अनुसार मोइस्चराइजर लगाएं. दिन में बाहर निकलते समय सनस्क्रीन लगाना न भूलें.

अगर आप की त्वचा रूखी है, तो हाइड्रेटिंग मोइस्चराइजर चुनें. वहीं औयली या कौंबिनेशन स्किन के लिए हलका, नौन कौमेडोजेनिक मोइस्चराइजर बेहतर विकल्प हो सकता है.

त्योहार से ठीक पहले किसी नए फेशियल, कैमिकल्स पील्स या तेज स्क्रब का प्रयोग करने से बचें, क्योंकि इस से त्वचा में जलन या लालिमा हो सकती है. याद रखें, ग्लो पाने के लिए त्वचा को परेशान करना नहीं, बल्कि उस की सही देखभाल करना जरूरी है.

नो मेकअप मेकअप से पाएं नैचुरल ग्लो

अगर आप दीवाली पर फ्रैश और एलिगेंट दिखना चाहती हैं, तो नो मेकअप मेकअप लुक ट्राई करें. सब से पहले मोइस्चराइजर लगाएं और जरूरत के अनुसार हलका प्राइमर इस्तेमाल करें. इस के बाद स्किनटोन से मैच करता हुआ बीबी क्रीम या हलका फाउंडेशन लगाएं.

डार्क सर्कल्स या दागधब्बों को छिपाने के लिए थोड़ा सा कंसीलर इस्तेमाल कर सकती हैं. गालों पर पीच या सौफ्ट पिंक ब्लश लगाएं. इस से चेहरा फ्रैश और नैचुरल दिखाई देगा.

आंखों की खूबसूरत बढ़ाने के लिए पतला काजल, हलका आईलाइनर और मसकारा लगाएं. आखिर में न्यूड पिंक, पीच या रोज ब्राउन लिपस्टिक लगा कर अपने लुक को पूरा करें.

अगर आप को थोड़ा फैस्टिव टच चाहिए, तो आंखों के कोनों पर हलका शिमर या गालों पर थोड़ा सा हाइलाइटर लगा सकती हैं.

आउटफिट और ज्वैलरी से बढ़ाएं खूबसूरती

दीवाली पर खूबसूरत दिखने के लिए महंगे कपड़े खरीदना जरूरी नहीं है. अपनी अलमारी में रखी साड़ी, अनारकली सूट या एथनिक कुरती को नए अंदाज में स्टाइल करें.

पेस्टल शेड्स, रौयल ब्लू, मैरून, ग्रीन और गोल्डन जैसे रंग त्योहार के मौके पर अच्छे लगते हैं. अगर आप का आउटफिट सिंपल है, तो स्टेटमैंट इयररिंग्स, चूड़ियां या एक खूबसूरत नैकलेस आप के लुक को खास बना सकते हैं.

ध्यान रखें कि कपड़े और ज्वैलरी एकदूसरे के साथ संतुलित हों. अगर आप ने हैवी इयररिंग्स पहने हैं, तो बाकी ऐक्सैसरीज को हलका रख सकती हैं.

बालों को दें फैस्टिव टच

आप के बाल भी आप के पूरे लुक को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं. खुले, सौफ्ट वेव्स वाले बाल, लो बन या स्लीक पोनीटेल दीवाली के लिए अच्छे विकल्प हैं.

अगर आप पारंपरिक लुक चाहती हैं, तो बन में गजरा या छोटे फूल लगा सकती हैं. वहीं खुले बालों के साथ एक सुंदर हेयर ऐक्सैसरीज आप के लुक में चार चांद लगा सकती हैं.

बालों को स्टाइल करने से पहले हीट प्रोटेक्टैंट का इस्तेमाल करें, खासकर अगर आप स्ट्रैटनर या कर्लर का उपयोग करती हैं.

असली ग्लो के लिए खुद को भी दें समय

त्योहारों की तैयारियों में महिलाएं अकसर घर, बच्चों और मेहमानों की जिम्मेदारियों में इतनी व्यस्त हो जाती हैं कि खुद के लिए समय ही नहीं निकाल पातीं.

इस दीवाली अपनी खूबसूरती के साथसाथ अपने आराम का भी ध्यान रखें. पर्याप्त नींद लें, पानी पिएं और संतुलित भोजन करें. मेकअप हटा कर सोएं और त्वचा को साफ रखना न भूलें.

आखिरकार, खूबसूरती सिर्फ मेकअप या महंगे कपड़ों में नहीं, बल्कि आप के आत्मविश्वास और चेहरे की मुसकान में भी होती है. इस दीवाली खुद को थोड़ा समय दें, अपनी पसंद का लुक अपनाएं और दीए की तरह अपनी खूबसूरती से हर तरफ रोशनी बिखेरें क्योंकि जब आप अंदर से खुश होती हैं, तो आप का चेहरा भी अपनेआप खिल उठता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...