Bollywood star kids : फिल्म इंडस्ट्री एक ऐसी जगह है, जहां पर हर किसी को भी अपना टेलैंट दिखाने का पूरा मौका मिलता है. इस क्षेत्र में न तो कोई उम्र की सीमा है न ही जन्म का बंधन और न ही अमीरगरीब, ज्ञानी और अज्ञानी की कोई रोकटोक है. यही वजह है कि पूरे भारत से छोटे शहरों और गांवों, कसबों से आए हुए कई आम लोग भी स्टार बन गए.
फिल्म इंडस्ट्री में सिर्फ एक ही चीज देखा और परखा जाता है और वह है एक कलाकार का टेलैंट, जिस के चलते बरसों से कई आम इंसान फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मुंबई आए और नाम, शोहरत व ढेर सारा पैसा कमा कर हमेशा के लिए दर्शकों के दिलों में घर कर गए.
फिल्म इंडस्ट्री में जहां बाहर से आए लोगों ने अपनी अलग पहचान बनाई, वहीं पीढ़ी दर पीढ़ी भी कई कलाकारों ने ऐक्टिंग के प्रोफैशन को आगे बढ़ाया.
कपूर खानदान के पृथ्वीराज कपूर, राज कपूर, ऋषि कपूर और रणबीर कपूर की 4 पीढ़ियों ने फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है. मगर ज्यादातर देखा गया है कि फिल्म स्टार्स के बेटे या बेटियां अपने मांपिता का ही प्रोफैशन आगे बढ़ाते हैं और कई बौलीवुड हिट हीरोज के बेटे सफल भी हुए हैं.
लेकिन एक बात यह भी देखी गई है की बौलीवुड स्टार्स की बेटियां उतनी सफल नहीं हुईं जितनी कि स्टार्स के बेटे बतौर हीरो सफल हुए. बौलीवुड ऐक्टर्स की बेटियां खासतौर पर नामदाम नहीं कमा पाईं, जैसे हेमा मालिनी व धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल, श्रीदेवी की बेटियां जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर, सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान आदि कई हीरोइनें हैं जो फिल्मों में सफलता पाने में असफल रही हैं.
आखिर इस के पीछे क्या वजह है? ऐसे कौन से कारण हैं जिस ने स्टार्स की बेटियों को सफल होने में अड़चनें पैदा कीं, पेश हैं इसी सिलसिले पर एक नजर.
बौलीवुड स्टार्स की बेटियां ऐक्टिंग को पैशन के तौर पर लेती है, गंभीर तौर पर नहीं
बौलीवुड स्टार्स की अपार सफलता के चलते उन के फैंस और दर्शक उन स्टार्स के बच्चों को भी रूपहले परदे पर देखना चाहते हैं, जिस के चलते करण जौहर जैसे मेकर स्टार के बच्चों को खासतौर पर अपनी फिल्मों में लौंच करते हैं.
जहां एक ओर फिल्म इंडस्ट्री के बाहर से आए कलाकारों को एक फिल्म पाने के लिए कड़ी मेहनत और मशक्कत करनी पड़ती है, वहीं स्टार्स के बच्चों को थाली में परोस कर फिल्में मिल जाती हैं. इस के चलते सुपरस्टार्स के बच्चों में ऐक्टिंग करने का पैशन तो होता है लेकिन ऐक्टिंग को ले कर गंभीरता कम होती है, जिस के चलते कई फिल्में करने के बावजूद भी उन की ऐक्टिंग में वह दमखम नजर नहीं आती जो बाहर से आई हीरोइनों के ऐक्टिंग में नजर आती है, जैसे अगर पहले की बात करें तो वैजयंती माला, रीना रौय, मीना कुमारी, माला सिन्हा, मधुबाला आदि कई हीरोइनें हैं जिन के अभिनय को आज भी याद किया जाता है. इसी तरह अगर आज की हीरोइनों की बात करें तो माधुरी दीक्षित, कंगना रनौत, दीपिका पादुकोण, कियारा आडवाणी आदि कई हीरोइनों ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी है. वहीं दूसरी तरफ सुपरस्टार की बेटियां जाह्नवी कपूर, सारा अली खान, अनन्या पांडे आदि कई स्टार बेटियां कई फिल्में करने के बावजूद भी अपने अभिनय का डंका नहीं बजा पा रहीं.
इस के पीछे एक खास वजह यह भी है कि स्टार पुत्रियां जो हीरोइन बनने की तरफ अग्रसर हैं वे अपने अभिनय से ज्यादा अपने फिगर और खूबसूरती पर ध्यान देती हैं और किसी ऐक्टिंग वर्कशौप के बजाय जिम और पार्लर में ज्यादा नजर आती हैं, जिस के चलते इन को फिल्में तो मिल जाती हैं लेकिन दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में ये नाकामयाब होती हैं.
सुपरस्टार की बेटी होना भी सफलता के आड़े आता है
कई बार सुपरस्टार की बेटी होना भी स्टारपुत्री के सफल कैरियर के आड़े आ जाता है क्योंकि जो मेकर किसी स्टार की पुत्री को अपनी फिल्मों में लेते हैं, उन पर उन स्टारों का दबाव होता है जिस की बेटी उस मेकर की फिल्म कर रही होती है. जैसेकि काफी मुश्किलों के बाद जब ईशा देओल ने फिल्मों में काम करना शुरू किया तो देओल परिवार की तरफ से मेकर पर प्रैशर बना रहता था समय की पाबंदी का, बेटी के साथ उचित व्यवहार का, रोमांटिक सीन और ऐक्सपोज न करने को ले कर, जिस के चलते कई मेकर्स किसी स्टार की बेटी को अपनी फिल्म में लेने से कतराते थे इस डर से कि कहीं उन से कुछ गलती हो गई तो उस हीरोइन पुत्री का स्टार पिता उस मेकर को छोड़ेगा नहीं, जिस वजह से स्टार की बेटी खुल कर काम नहीं कर पाती और मेकर्स भी उन को अपनी फिल्मों में लेने से डरने लगे.
देओल परिवार की तरह संजय दत्त भी अपनी बेटी के हीरोइन बनने के सख्त खिलाफ हैं. संजय दत्त ने तो खुलेतौर पर कह भी दिया था कि जिस ने भी उन की बेटी को अपनी फिल्म में कास्ट किया, संजय दत्त उस निर्माता को छोड़ेंगे नहीं. संजय दत्त के इस ऐलान के बाद किसी भी मेकर ने संजय दत्त की बेटी त्रिशाला को फिल्म औफर नहीं की, जबकि त्रिशाला फिल्मों में काम करने की इच्छुक थी.
बौलीवुड स्टार्स की फ्लौप हीरोइन बेटियां
बौलीवुड स्टार शाहरुख खान जहां अपनी बेटी सुहाना खान को हीरोइन बनाने में जुटे हुए हैं, वहीं सुहाना ऐक्टिंग से फिलहाल कोसों दूर है. वहीं कई ऐसे स्टार्स हैं जिन की बेटियों ने फिल्मों में बतौर हीरोइन शुरुआत तो की, लेकिन बतौर हीरोइन सफलता हासिल नहीं कर पाईं जैसे सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी, अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर, तनुजा की बेटी तनिषा मुखर्जी, श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी और खुशी कपूर, सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान, चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे, संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर, शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा, शर्मिला टैगोर की बेटी सोहा अली खान आदि कई स्टार पुत्रियां हैं जो बतौर हीरोइन फ्लौप रही हैं.
