fertility preservation : अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर एक अमेरिकी अभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से हिंदी फिल्मों में काम करती हैं. हिंदी फिल्मों में अपने दमदार किरदार की वजह से हमेशा उन को सराहा गया. साल 2020 में जहां उन को फिल्म ‘गिल्टी’ के लिए फिल्मफेयर और ओटीटी अवार्ड के लिए नामांकित किया गया, वहीं वेब सीरीज ‘रे’ के जरीए उन्होंने ओटीटी में शुरुआत की. इस के अलावा ‘जिगरा’, ‘ओ माई डार्लिंग’, ‘मोनिका’ आदि फिल्मों में काम किया.
एक अलग पहचान
आकांक्षा ने अभिनय से धीरेधीरे मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की शुरुआत की. लेकिन इस बार प्रतिभावान अभिनेत्री आकांक्षा ने अपने ऐक्टिंग कैरियर के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के एक बेहद निजी फैसले पर खुल कर बात की है. आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवाए हैं और इस फैसले तक पहुंचने की पूरी मुश्किल और भावनात्मक यात्रा भी साझा की.
आकांक्षा के अनुसार, इस फैसले के पीछे कई सारी जिम्मेदारी हैं जैसे कैरियर और पर्सनल लाइफ आदि. पिछले 2 हफ्तों की शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के बारे में बताते हुए आकांक्षा ने अपनी तकलीफ और भावना शेयर करते हुए बताया कि यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिस से कई महिलाएं गुजरती हैं, लेकिन खुल कर बात कम ही करती हैं.
महिला का शरीर कमाल का
वे कहती हैं कि मैं ने अपने एग्स फ्रीज करवाए. सच कहूं तो इसे शेयर करने का कोई प्लान नहीं था, लेकिन आज लगा कि यही सही दिन है. महिला का शरीर वाकई कमाल का होता है. हर दिन खुद को मोटी सुई से इंजैक्शन लगाना, हारमोन का असर, सूजन, मूड स्विंग, लगातार स्कैन, दवाइयां, आईवी ड्रिप और आखिर में सर्जरी. लेकिन बस इतना कहना चाहती हूं कि महिलाएं वाकई जबरदस्त होती हैं और मैं अपने शरीर की समझदारी और ताकत को देख कर हैरान हूं.
अब मैं उस काम के लिए तैयार हूं जो मैं करना चाहती हूं, स्पोर्टी कपड़े पहन कर अपनी दिनचर्या में लौटने की कोशिश. हालांकि बिल्डिंग के आसपास 20 मिनट चलना भी मुश्किल लग रहा था. लेकिन सच कहूं तो उतना ही काफी लगा क्योंकि इस शरीर ने अभीअभी कुछ तो कमाल किया है.
खुल कर रखे विचार
फ्रीज कराने जैसा विषय, जिस पर अकसर धीमी आवाज में बात होती है, आकांक्षा ने उस पर खुल कर अपने विचार रखे. ज्यादातर लोग महिलाओं की पसंद, सही समय और कैरियर, सपनों व निजी जिंदगी के बीच संतुलन की बात करते हैं लेकिन आकांक्षा ने अपने लिए जरूरी फैसले को ले कर बात की.
वर्क फ्रंट की बात करें तो आकांक्षा रंजन कपूर के लिए आने वाला समय काफी व्यस्त रहने वाला है. वे जल्द ही फिल्म ‘इक्का’ में नजर आएंगी, जो एक कोर्टरूम ड्रामा है. इस फिल्म में उन के साथ सनी देओल और अक्षय खन्ना भी दिखाई देंगे, जबकि इस का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा कर रहे हैं.
