Pigmentation marks : मेरी आंखों के आसपास सूजन रहने लगी है. ऐसा क्यों होता है और इसे दूर करने के लिए क्या करना होगा?
आंखों के आसपास लिंफ इकट्ठा हो जाने की वजह से इस तरह की समस्या उत्पन्न होती है. इस का कारण मुख्यतौर पर हैल्थ प्रौब्लम्स या फिर दवा के साइड इफैक्ट्स होते हैं. यदि आप लंबे समय से किसी बीमारी से घिरी हुई हैं तो सब से पहले अपनी इंटरनल जांच करवाएं और परामर्शानुसार अपना इलाज करवाएं. इस के अलावा इस सूजन को कम करने के लिए किसी अच्छे कौस्मैटिक क्लीनिक में जाएं, वहां लिंफ को वैक्यूम मशीन के जरीए ड्रेन कर दिया जाएगा और लेजर द्वारा स्किन को रिजनरेट किया जाएगा. यह ट्रीटमैंट बेशक लंबा है, लेकिन इस से फायदा जरूर होगा.
मेरे चेहरे पर पिगमैंटेशन मार्क्स दिखाई देते हैं, जिन की दवा लेने पर वे दिखने बंद हो जाते हैं. लेकिन जैसे ही दवा का इस्तेमाल बंद करती हूं मार्क्स फिर दिखने लगते हैं. मैं क्या करूं कि यह समस्या खत्म हो जाए?
कई बार ऐसा देखा जाता है पिगमैंटेशन के मार्क्स को जल्दी कम करने के लिए उन पर स्ट्रेराइड्स का इस्तेमाल करने को दिया जाता है, ऐसा करने से मार्क्स तुरंत गायब हो जाते हैं, लेकिन जैसे ही उन का इस्तेमाल बंद कर देते हैं, वे फिर नजर आने लगते हैं. आप के साथ भी ऐसा ही हुआ है, अब इन निशानों को किसी दवा या क्रीम से ठीक कर पाना मुश्किल है. हां, आप चाहें तो किसी अच्छे कौस्मैटिक क्लीनिक से लेजर की सिटिंग्स ले सकती हैं. इस से त्वचा के नए सैल्स रिजनरेट होते हैं. ऐसे में हो सकता है कि आप की यह समस्या ठीक हो जाए.
मेरे चेहरे पर काफी बाल हैं जो बुरे लगते हैं. क्या मैं न बालों को लेडीज रेजर के इस्तेमाल से हटा सकती हूं?
चेहरे पर बालों के उग आने का कारण आमतौर पर हारमोंस में असंतुलन होता है. हारमोंस की जांच के लिए किसी अच्छे ऐंडोक्राइनोलौजिस्ट की सलाह लें. इस के अलावा रेजर के इस्तेमाल से बालों की ग्रोथ हार्ड हो जाती है, जो अच्छी नहीं लगती. इस के अलावा इस से स्किन के कट जाने का भी डर बना रहता है, साथ ही त्वचा भी काली हो जाती है. इसलिए बेहतर यही है कि आप रेजर का इस्तेमाल बंद कीजिए और इन बालों को परमानैंट रूप से हटाने के लिए पल्स लाइट ट्रीटमैंट की सिटिंग्स ले लें. यह सब से सुरक्षित और आसान विधि है. इस में निशान रहने का डर भी नहीं रहता और न ही कोई तकलीफ होती है.
मेरे फेस पर चमक नहीं रही है. क्या किसी ट्रीटमैंट से मेरे फेस की चमक वापस आ सकती है?
आप किसी भी अच्छे कौस्मैटिक क्लीनिक से माह में एक बार ट्रिपल आर फेशियल करवाएं. इन 3 आर का मकसद स्किन को रिहाइड्रेट, रिजनरेटिंग और रिजूविनेट करना होता है. इस फेशियल में शामिल प्रोडक्ट्स से त्वचा में कोलोजन बनने का प्रोसैस बढ़ जाता है, जो त्वचा को साइंस औफ एजिंग से प्रोटैक्ट करता है. इस के अलावा इस से ऐक्सफौलिएशन और नए सैल्स बनने की प्रक्रिया तेज होती है, जिस से त्वचा में नवीनीकरण दिखाई देता है. इस ट्रीटमैंट में माइक्रो मसाजर या फिर अपलिफ्टिंग मशीन द्वारा फेस को लिफ्ट किया जाता है, जिस से स्किन में कसाव आ जाता है.
मेरी उम्र 20 वर्ष है. मेरे हाथों की उंगलियों पर काले धब्बे हैं. बहुत उपाय किए पर धब्बे जाते ही नहीं. क्या करूं?
कई बार ब्लड में किसी प्रकार के इन्फैक्शन या हारमोनल प्रौब्लम होने के कारण इस प्रकार की समस्या हो सकती है. इस की पुष्टि के लिए ब्लड की जांच करवाएं और डाक्टर की सलाह से उचित दवा लें. इस के अलावा घरेलू तौर पर रोजाना ऐलोवेरा जैल का इस्तेमाल करें. इस के इस्तेमाल से कालापन जल्द ही कम हो जाएगा.
मेरी उम्र 27 वर्ष है. मेरी त्वचा तैलीय है, जिस कारण मेरे चेहरे पर बहुत ब्लैकहैड्स हैं. इन्हें निकालने के कारण चेहरे पर हलके गड्ढे हो गए हैं, जो बहुत भद्दे लगते हैं. मेरे चेहरे पर अभी से झुर्रियां भी पड़ने लगी हैं, जिन्हें ले कर मैं काफी चिंतित एवं तनाव में रहती हूं. मुझे कोई उपचार बताएं?
घर में ब्लैकहैड्स निकालने से अकसर गड्ढे पड़ जाते हैं, क्योंकि हमें उन्हें निकालने का सही तरीका नहीं पता होता. ब्लैकहैड्स निकालने के लिए किसी अच्छे कौस्मैटिक क्लीनिक से वेज पील करवाएं. इस में ब्लैकहैड्स को स्टीम व ओजोन दे कर निकाला जाता है, जिस से वे बड़ी ही आसानी से निकल जाते हैं और गड्ढे भी नहीं पड़ते. आप की स्किन डिहाइड्रेटेड है, इसीलिए आप को झुर्रियों की समस्या है. अपनी स्किन को नमी देने के लिए दिन में 12 से 15 गिलास पानी पीएं और गीली उंगलियों से शहद को पूरे फेस पर मास्क की तरह लगाएं और थोड़ी देर बाद मुंह धो लें. इस के अलावा इस समस्या को ले कर तनाव न लें, क्योंकि तनाव लेने से यह समस्या बढ़ती है. द्य
पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :
गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055
कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.
व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.
