Diwali Celebration : आप ने अपना शहर, अपना घर छोड़ा है. एक सूटकेस, एक बैग और एक लैपटौप ले कर जौब के लिए या पढ़ने के लिए दूसरे शहर में आई हैं. अब आप का नया घर केवल 250 स्क्वायर फुट का एक कमरा या वन बीएचके फ्लैट है. एक आलमारी है जिस में आप की पूरी दुनिया फिट है. एक छोटी सी किचन और एक बालकनी है जहां कपड़े सूखते हैं. इस घर में जगह कम है और यह आप की सब से बड़ी ताकत है क्योंकि जगह कम है तो आप को चुनना पड़ता है कि अपने साथ क्या रखना है और क्या छोड़ना है. इसी चुनाव में पहली चीज जो आप को छोड़नी चाहिए वे है पुराने रीतिरिवाजों का भारीभरकम बैगे.

दीवाली टास्क लिस्ट नहीं है

बचपन से हम ने दीवाली के दिन क्या देखा है? मां सुबह 4 बजे उठीं और पापा सो रहे हैं. मां ने पूरा घर धोया और पापा ने बैठ कर अखबार पढ़ा. मां ने रंगोली के लिए 3 घंटे कमर   झुका कर मेहनत की और पापा ने कहा थोड़ा और बड़ा बना लो. मां ने दिनभर भूखे रह कर व्रत किया और बाजार जा कर पूजा का सामान खरीदा फिर शाम को 20 लोगों का खाना बनाया. जबकि पापा छत पर जा कर पटाखे फोड़ते रहे.

जब सबकुछ अच्छे से निबट गया तो रात में दादी ने मां की तारीफ  करते हुए पापा से कहा कि मेरी बहू तो लक्ष्मी है. मगर मां से कोई छोटी सी भी गलती हो गई होती तो यही दादी मां को कोस रही होतीं. जाहिर है हम ने त्योहार को औरत के लिए एक बहुत बड़ी परीक्षा का दिन बना दिया है.

देखा जाए तो दीवाली का मतलब रोशनी है. पर किस के लिए? अगर रोशनी जलाने के लिए एक औरत को पूरा दिन अंधेरे में थकना पड़े तो वो रोशनी किस काम की?

जब आप दूसरे शहर में अकेली रह रही हैं तो यह सच सब से साफ दिखता है. यहां आप के पास न वह बड़ा परिवार है जिस की खुशी के लिए आप खुद को थकाएं, न वह बड़ा आंगन है जहां 50-60 दीए रखेंगी और न वह समय है कि आप औफिस के काम के साथ 4 घंटे पूजा मैनेज कर पाएंगी. दूसरे शहर में रहना मतलब सिर्फ पिन कोड बदलना नहीं होता. जरूरी है सोच बदलना.

त्योहारों के नियम किस ने लिखे और किस के लिए लिखे

व्रत कौन रखता है? औरत. उपवास कौन रखती है? औरत. किचन और चौका कौन साफ रखता है? औरत. पूरे घर की साफसफाई कौन करेगा? औरत. पूजा की सारी तैयारी कौन करेगा? औरत. बच्चों को संस्कार कौन देगा? औरत. लेकिन प्रौपर्टी किस के नाम है? पुरुष के नाम. बड़े फैसले कौन लेगा? पुरुष. बाहर की दुनिया, पैसा, बिजनैस, नौकरी- किस का? पुरुष का.

यह संयोग नहीं है बल्कि सिस्टम है. षड्यंत्र है. औरतों के खिलाफ सदियों से तैयार किए गए बंधनों का तानाबाना है. उन्हें गुलाम बनाए रखने का शिगूफा है. जैंडर के आधार पर भेदभाव का धार्मिक तरीका है. इसे सम  झना होगा.

स्ट्रैस की डिजाइन

दीवाली के समय किसे सब से ज्यादा स्ट्रैस है? किसे सब से कम नींद मिल रही है? महिला को क्योंकि रिवाजों की लिस्ट सब से लंबी उसी के लिए है. इतने धार्मिक कर्म, इतने नियम, इतनी विधियां कि त्योहार खत्म होतेहोते औरत थक कर चूर हो जाती है. त्योहार उस के लिए रिचार्ज नहीं डिस्चार्ज की वजह बन जाता है. यही तो मकसद था. उसे इतना थका दो कि वह सवाल ही न पूछ पाए कि यह सब क्यों करना है? किस के लिए करना है?

जब आप एक जैंडर को पूरे दिन पूजा, व्रत, चौका, रंगोली में उल  झा दोगे तो उस के पास 2 चीजें कभी नहीं बचेंगी:

पहली: मसल्स यानी शारीरिक ताकत क्योंकि उसे हमेशा कहा गया है कि भारी काम मत करो तुम नाजुक हो. इसलिए बैठो, साफसफाई करो, रंगोली बनाओ, घर सजाओ, दीए जलाओ और पूजा की तैयारी करो.

दूसरी चीज है: मिल्कियत यानी आर्थिक ताकत. औरत का पूरा दिन तो उन कामों में व्यर्थ चला जाता है जिन के बदले उसे कोई पैसा नहीं मिलता और घर में भी जिस का कोई हिसाब, कोई नाम नहीं होता है.

अकेले रहने वाली लड़की के लिए दीवाली

आप बदल सकती हैं रिवाज: पुराने घर में घिसेपिटे रीतिरिवाज निभाना आप की मजबूरी थी. आप वह सब इसलिए निभाती थीं क्योंकि घर और समाज के सब लोग देख रहे थे जैसे सास या मां देख रही थीं, पड़ोस देख रहा था, रिश्तेदार देख रहे थे. आप वहां वह सब नहीं करतीं तो ताने मिलते. लेकिन नए शहर में कोई नहीं देख रहा. आप की बालकनी या किचन में आप क्या करती हैं और क्या नहीं यह कोई जज नहीं कर रहा. इस का मतलब है अब त्योहार पहली बार सच में आप का हो सकता है. आप इसे अपने अंदाज में मना सकती हैं. जैसा आप को सही लगता है वैसा कर सकती हैं.

यह आप तय कीजिए कि आप को 21 दीए जलाने में मजा आता है या 2 दीए जला कर बालकनी में चाय पीने में? क्या आप के अंदर पूरे दिन भूखे रहने की शक्ति है या फिर दोस्तों के साथ बाहर खाना खा कर दीवाली ऐंजौए करना पसंद है? क्या आप की खुशी 5 किलोग्राम की रंगोली बनाने में है या अपनी छोटी सी बालकनी में एक कलरफुल लाइट की लड़ी लगाने में?

फैसला आप का होना चाहिए. दीवाली ऐंजौएमैंट का त्योहार है. यह कैलेंडर में आप को मिला एक ब्रेक है. सालभर आप भाग रही हैं, डैडलाइन, ऐग्जाम, रैंट, मैट्रो आदि के पीछे. ये 2 दिन आप को मिले हैं सांस लेने के लिए. उन्हें फिर से काम का बो  झ न बनाएं.

गिल्ट को पहचानिए क्योंकि वही जैंडर भेद का आधार है

आप को गिल्ट पक्का आएगी. आप सोचने लगेंगी कि सब पूजा कर रहे हैं केवल मैं ने नहीं की. उधर मम्मी फोन पर पूछेंगी, ‘‘बेटा तू ने पूजा नहीं की? यह तो बहुत गलत बात है. कुछ अशुभ हो जाएगा.’’

आप की गिल्ट और मजबूत हो जाएगी. आप को लगेगा कि आप से तो बहुत बड़ी भूल हो गई. यही गिल्ट सब से बड़ी सुबूत है कि ये रीतिरिवाज जैंडर भेद पर टिके हैं. कभी किसी लड़के को यह गिल्ट आती देखी है कि उस ने दीवाली पर घर नहीं धोया, व्रत नहीं किया या पूजा नहीं की तो अशुभ हो जाएगा? दरअसल, उस से कभी उम्मीद ही नहीं की गई. गिल्ट उसी को आती है जिस पर सदियों से जिम्मेदारी लादी गई है. उस गिल्ट को पहचानिए और फिर उसे वहीं छोड़ दीजिए.

तो इस दीवाली क्या करना है

पहले अपनी जगह देखिए. आप के कमरे में क्या समा सकता है? अगर बालकनी में लगे पौधों में कलरफुल लाइट की लड़ी लग सकती है तो वही कर लीजिए. यही आप की दीवाली है. जरूरी नहीं कि आप यह टैंशन लें कि पूरे घर को कैसे सजाया जाए ताकि दूर से लोग आप के घर को निहारें. आप को क्या फर्क पड़ता है कि दूसरों को आप का घर कितना अट्रैक्टिव लग रहा है? बहुत ज्यादा ताम  झाम तो आप वैसे ही नहीं कर सकतीं क्योंकि घर छोटा सा है, महल्ला नया है, आप अकेली हैं और किराए का कमरा है.

अपनेआप से पूछें कि ऐक्स्ट्रा एफर्ट कर के पूरे रीतिरिवाज के साथ दीवाली मनाने का आप का मन है क्या? सब से जरूरी यह है कि आप यह सब डर की वजह से करने की सोच रही हैं या आप का मन ऐसा चाहता है. अगर मन कह रहा है कि आज मु  झे यह सब नहीं करना बस बाहर के नजारे देखने हैं या कुछ अच्छा मंगा कर खाना है अथवा दोस्तों के साथ मस्ती करनी है तो वैसा ही करो.

दूसरे शहर में रहना सिर्फ नौकरी नहीं है. वह एक मौका है. पुरानी स्क्रिप्ट को फाड़ने का मौका. आप यहां इसलिए नहीं आई हैं कि वही सब दोहराओ जो अपने पुराने घर में होता था. आप यहां इसलिए आई हो कि अपना नया तरीका अपना सको. इसलिए इस दीवाली पुराने रीतिरिवाजों के बैगेज मत लाओ. आज आप के मन के अंदर जलने वाली रोशनी ऐसी हो जिस में आप खुद मुसकराती और चमकती हुई दिखाई दो न कि थकी हुई परेशान दिखो.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...