Sangram Singh : भारत के संग्राम सिंह ने ब्यूनस आयर्स में इतिहास रचते हुए अर्जेंटीना की धरती पर MMA मुकाबला जीतने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया. इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी लगातार तीसरी जीत भी दर्ज की.

फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर के खिलाफ संग्राम ने बेहद दमदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को मात्र 1 मिनट 45 सेकंड में खत्म कर दिया. मुकाबले की शुरुआत तेज रही, जहां फ्लोरियन ने अपनी स्पीड और किक्स से दबाव बनाने की कोशिश की, जिसमें एक जोरदार किक संग्राम की पसलियों पर भी लगी.
लेकिन यही पल मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.संग्राम ने फ्लोरियन की किक को बीच में ही पकड़ लिया और अपने कुश्ती कौशल का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने पूरी तरह नियंत्रण बना लिया और एक सटीक चोकहोल्ड में जकड़ लिया। रेफरी के बार-बार पूछने के बाद आखिरकार फ्लोरियन को सरेंडर करना पड़ा.

यह जीत संग्राम की लगातार तीसरी अंतरराष्ट्रीय MMA जीत है, इससे पहले वे त्बिलिसी (जॉर्जिया) और एम्स्टर्डम (नीदरलैंड्स) में भी जीत दर्ज कर चुके हैं. डबल कॉमनवेल्थ हेवीवेट चैंपियन रहे संग्राम ने इस मुकाबले में अपने कुश्ती के अनुभव का शानदार इस्तेमाल किया. 83 किलो वर्ग में उतरने के लिए उन्होंने कड़ी ट्रेनिंग और सख्त अनुशासन का पालन किया.

जीत के बाद संग्राम ने कहा कि उनके लिए जीत या हार से ज्यादा सीख मायने रखती है. उन्होंने इस जीत को अपने सपने के सच होने जैसा बताया और अपने कोच भूपेश को इसका श्रेय दिया, जो पिछले 25 वर्षों से उनके साथ हैं.

दिलचस्प बात यह रही कि विदेशी जमीन पर होने के बावजूद पूरे स्टेडियम में दर्शक उनके समर्थन में नजर आए, जिसे संग्राम ने बेहद खास और भावुक पल बताया. लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय जीत के साथ संग्राम सिंह अब सिर्फ भारत का प्रतिनिधित्व ही नहीं कर रहे, बल्कि वैश्विक MMA मंच पर अपनी मजबूत पहचान भी बना रहे हैं.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...