Bald Look Trend: निशा को कालेज में एक बाल्ड लुक वाले लड़का सुमित से प्यार हुआ और 2 साल बाद उस ने उस से शादी भी कर ली. सुमित एक कौरपोरेट संस्था में काम करता है. निशा को सुमित के बाल्ड होने का कोई गम नहीं, क्योंकि उसे ऐसे लड़के अधिक हैंडसम और स्मार्ट लगते हैं. चाहता तो सुमित विग पहन सकता था, लेकिन निशा को सुमित का बाल्ड हेयर लुक अधिक पसंद है, इसलिए सुमित के बारबार कहने पर भी निशा ने हेयर ट्रांसप्लांट करवाने से मना कर दिया.
असल में सुमित के परिवार में कई पुरुष गंजेपन के शिकार हैं, इसलिए केवल 21 साल की उम्र में उस के भी बाल कम होने लगे. इस के लिए उस ने कई प्रकार के इलाज कराए, लेकिन बाल जस के तस ही रहे. उस के सिर पर कई खाली पैच बन गए. अंत में उस ने सिर के पूरे बाल मुंडवा लिए. उस के इस लुक को सभी ने पसंद किया और निशा को भी उस का यह लुक काफी पसंद है.
वजह क्या
आजकल यह देखा जा रहा है कि तनाव के चलते आज के युवाओं के बाल तेजी से झड़ रहे हैं और वे कम उम्र में गंजेपन का शिकार हो रहे हैं. आसपास, समाज और परिवार में गंजेपन को अच्छा नहीं माना जाता. इस से बचने के लिए युवा आकर्षक बने रहने के लिए हेयर ट्रांसप्लांट कराने से भी गुरेज नहीं रखते, जिस से कई बार उन्हे कई जोखिमों से गुजरना पड़ता है.
ऐसे युवाओं के लिए हम एक अच्छी खबर ले कर आए हैं और अब उन्हें अपने गंजेपन को ले कर किसी प्रकार की चिंता नहीं होनी चाहिए.
प्रभावशाली व्यक्तित्व
एक रिसर्च में खुलासा किया गया है कि गंजे लड़कों को लड़कियां ज्यादा पसंद करती हैं. पेनसिलवेनिया यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है कि लड़कियां गंजे लड़कों को ज्यादा पसंद करती हैं. ऐसे में यदि आप हेयर ट्रांसप्लांट करवाने के बाद अपने हेयरस्टाइल से लड़कियों को इंप्रेस करने की सोच रहे हैं, तो आप का यह प्रयास व्यर्थ जाएगा. मतलब यह कि अगर आप के बाल झड़ जाएं, तो अब आप को मन में हीनता पालने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि आप के गंजे लुक पर ही लड़कियां मर मिटेंगी.
एक रिपोर्ट के मुताबिक हलके या घने बालों वाले लोगों की तुलना में गंजे लोग ज्यादा प्रभावशाली व्यक्तित्व के माने जाते हैं. यूनिवर्सिटी में शोधकर्ताओं ने करीब 552 युवकों व युवतियों से पुरुषों को ले कर लिखित और मौखिक जानकारी इकट्ठा की, जिन में घने हेयर वाले पुरुषों से अधिक, प्राकृतिक रूप से बाल्ड लड़कों को अधिक आकर्षक माना गया.
ईमानदारी, समझदारी और मैच्योरिटी के मामले में गंजे पुरुष काफी आगे हैं, जिन्हें लड़कियां अधिक पसंद करती हैं.
बाल्ड हेड पुरुष अधिक आकर्षक
हाल ही में हुए दूसरे सर्वेक्षण में भी इस बात की पुष्टि हुई है कि ज्यादातर लड़कियों ने गंजे पुरुषों को अनाकर्षक के बजाय आकर्षक पाया. केवल 19% ने गंजापन को अनाकर्षक पाया, जबकि 44% ने कहा कि उन्हें यह पसंद है.
अनेक अध्ययनों से यह भी पता चला है कि आज की आत्मनिर्भर लड़कियां जितनी अधिक उम्र की होती जाती हैं, उतनी ही अधिक वे बाल्ड हेडेड पुरुषों को पसंद करती हैं. इस के लिए किसी शरीरिक विशेषताओं का होना जरूरी नहीं. जरूरत होती है, स्मार्टनैस और पहनावे की, जो आप के व्यक्तित्व के अनुसार होने की जरूरत होती है.
गर्ल्स को डेट करने में नहीं समस्या
किसी बाल्ड लड़के को डेट करने की अगर बात हो, तो आप को बता दें कि हाल ही में किए गए एक अध्ययन में लगभग 800 लड़कियों का सर्वेक्षण किया गया, जिस में 92.94% प्रतिभागियों ने कहा कि किसी रिश्ते में रूपरंग की तुलना में व्यक्तित्व अधिक महत्त्वपूर्ण होता है, जो कोई भी शक्लसूरत के व्यक्ति के हाथ में होता है. बाल्ड लड़के से उन्हें डेट करने में उन्हे कोई एतराज नहीं.
मशहूर गंजे पुरुष के साथ सुंदरियों ने किया डेटिंग
हौलीवुड के गंजे सितारों के ट्रैक रिकौर्ड पर नजर डालने से पता चलता है कि सुपर मौडल्स को भी अपने सिर पर बालों की जरा भी परवाह नहीं होती. जेसन स्टैथम की सगाई दुनिया की सब से खूबसूरत महिलाओं में से एक से हुई है. विन डीजल ने भी कमाल कर दिया है और सर्फर केली स्लेटर गिसेले बुंडचेन से ले कर पामेला एंडरसन तक कई मौडलों के साथ डेट कर चुकी हैं.
इस से यह सिद्ध हो गया है कि किसी महिला के लिए आकर्षक होना पूरी तरह से मनोवैज्ञानिक होता है, इस में बाल्ड लड़के भी फिट बैठ सकते हैं.
बौलीवुड के बाल्ड हेडेड सुपरस्टार्स
बौलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर राकेश रोशन की भी बाल्ड हेडेड हैं और यही उन की सफलता का राज भी है. उन्होंने बहुत कम उम्र में अपने सिर के पूरे बाल एक फिल्म के सफल होने पर मुंडवा डाले थे. उन्होंने जब भी फिल्मों में बतौर हीरो ऐक्टिंग किया, विग पहन कर किया. उन की पत्नी पिंकी को उन का यह लुक हमेशा पसंद रहा है.
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत भी बाल्ड हेडेड हैं, लेकिन वे फिल्मों में हमेशा विग पहन कर ही अभिनय करते हैं. उन की पत्नी को उन के गंजेपन से कोई समस्या नहीं. इस के अलावा अनुपम खेर, सोनू सूद, अमिताभ बच्चन, संजय दत्त आदि सभी बाल्ड हेडेड होने के बावजूद सुपरस्टार की श्रेणी में आते हैं.
कब लगते है अनाकर्षक
गंजे पुरुष के अनाकर्षक लगने की वजह उन का सही मेकओवर न होना है. मसलन जिन पुरुषों के गंजेपन के धब्बे होते हैं या सिर के बीच में केश न हो कर चारों ओर केश हों, ऐसे लड़के इस पैटर्न गंजेपन को छिपाने की कोशिश कर रहे होते हैं. वे अकसर कम माचो मैन और कमजोर दिखाई देते हैं. इसे अकसर गंजे से हारने वाले की श्रेणी में रख दिया जाता है.
गंजेपन को आकर्षक बनाने के लिए पूरी तरह से मुंडवा देना ही सबसे उचित होता है.
बाल्ड हेड की सही देखभाल
बाल्ड हेड के रखरखाव के लिए नियमित रूप से शेव करना, सिर की त्वचा को मोइस्चराइज करना और धूप से बचाव करना महत्त्वपूर्ण है. कुछ सुझाव निम्न हैं :
- जितना अधिक शेव करेंगे, सिर की त्वचा उतनी ही चिकनी रहेगी.
- शेव करने के बाद सिर की त्वचा को मोइस्चराइजर करना महत्त्वपूर्ण है ताकि यह हाइड्रेटेड रहे और सूखापन या खुजली से बचा जा सके.
- सूरज की हानिकारक यूवी किरणों से सिर की त्वचा को बचाने के लिए बाहर जाते समय टोपी या सनस्क्रीन का उपयोग करें.
- सिर की त्वचा को साफ रखना भी महत्त्वपूर्ण है, इसलिए इसे नियमित रूप से धोएं, लेकिन बहुत अधिक नहीं
- यदि आप शैंपू का उपयोग करना चाहते हैं, तो एक हलके, सल्फेटमुक्त शैंपू का उपयोग करें.
- कंडीशनर का उपयोग करने से भी सिर की त्वचा को हाइड्रेटेड रखने में मदद मिल सकती है.
इस प्रकार यह उन लड़कों के लिए एक अच्छी खबर है जो गंजेपन की ओर बढ़ रहे हैं या गंजे हो चुके हैं. ऐसे में बाल उगाने के लिए लाखों रुपए खर्च करने की जगह आप कौन्फिडैंट हो कर घूमें, क्योंकि लड़कियों को गंजे, लेकिन आत्मविश्वास से भरे पुरुष ही ज्यादा पसंद आते हैं. Bald Look Trend
