Beauty Tips at Home : खूबसूरत   दिखना, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अच्छेअच्छे फोटो पोस्ट करना हर लड़की को पसंद है. हरकोई चाहती है कि उस का लुक सब से खूबसूरत और खास नजर आए चाहे वह कोई त्योहार हो या फिर घर पर होने वाली कोई छोटी सी पार्टी.

मगर हरकोई इस के लिए न तो पैसे खर्च कर सकती है और न ही इतना समय दे सकती है. उस पर भी हर बार पार्लर जाना, महंगे मेकअप पैकेज लेना और घंटों तैयार होने में समय बिताना न तो आसान है और न ही जरूरी. अगर आप भी उन में से एक हैं तो कुछ आसान मेकअप ट्रिक्स अपना कर आप घर पर ही पार्लर जैसा लुक पा सकती हैं.

इस के लिए आप को न बहुत ज्यादा महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने की जरूरत है और न ही मेहनत करने की बल्कि जरूरत है तो सिर्फ सही तकनीक, थोड़ीसी प्रैक्टिस और अपनी स्किन के अनुसार मेकअप चुनने की.

आइए, जानते हैं घर पर खूबसूरत और ट्रेंडी लुक पाने के आसान तरीके:

मेकअप से पहले करें त्वचा को तैयार

एक अच्छे मेकअप की सब से पहली जरूरत है अच्छे बेस की. अगर त्वचा साफ और हाइड्रेटेड है तो मेकअप ज्यादा नैचुरल दिखेगा और लंबे समय तक बना रहेगा. सब से पहले अपने चेहरे को माइल्ड फेसवाश से साफ करें और त्वचा के अनुसार मौइस्चराइजर लगाएं. दिन में त्योहार की तैयारी कर रही हैं और धूप में निकलना है तो सनस्क्रीन लगाना न भूलें.

सीधे मेकअप लगाने से बचें. पहले त्वचा को कुछ मिनट दें ताकि सभी प्रोडक्ट्स अच्छी तरह त्वचा में समा जाएं. त्वचा रूखी है तो हाइड्रेटिंग मौइस्चराइजर का इस्तेमाल करें. औयली स्किन के लिए हलका, औयलफ्री मौइस्चराइजर चुनना सही होगा. याद रखें, मेकअप कितना अच्छा दिखेगा वह अच्छी स्किन केयर पर ही निर्भर करता है.

हलके बेस से पाएं नैचुरल ग्लो

त्योहारों पर मेकअप के लिए हैवी बेस के बजाय ऐसा बेस चुनें जो चेहरे को फ्रैश और चमकदार बनाए. अगर आप की त्वचा पर ज्यादा दागधब्बे नहीं हैं तो हलका टिंटेड मौइस्चराइजर या स्किन टिंट इस्तेमाल कर सकती हैं. ज्यादा कवरेज चाहिए तो अपनी त्वचा के रंग से मेल खाता फाउंडेशन चुनें.

फाउंडेशन को अच्छी तरह ब्लैंड करें. ध्यान रखें कि चेहरे और गरदन के रंग में अंतर न दिखे. डार्क सर्कल्स या छोटे दाग छिपाने के लिए कंसीलर का इस्तेमाल करें. फाउंडेशन और कंसीलर लगाने के बाद चेहरे के उन हिस्सों पर थोड़ा सा फेस पाउडर जरूर लगाएं, जहां पसीने या त्वचा के तेल की वजह से ज्यादा चमक दिखाई देती है जैसे माथा, नाक और ठुड्डी पर. फाउंडेशन ज्यादा न लगाएं वरना चेहरा भारी दिख सकता है.

आंखों हैं आकर्षण का केंद्र

मेकअप में सब से ज्यादा आकर्षण का केंद्र होती हैं आंखें. पीच, पिंक, ब्राउन या हलके शिमर वाले आईशैडो आप के लुक को खूबसूरत और ट्रेंडी बना सकते हैं. अगर ड्रैस के मैचिंग का कलरफुल आईशैडो यूज करना हो तो उसे हलका ही रखें. गोल्डन, ब्रौंज और कौपर जैसे शेड्स पारंपरिक कपड़ों के साथ बेहद आकर्षक लगते हैं. ओरवर होने से सारा फोकस सिर्फ आईशैडो पर ही फिक्स हो जाएगा.

आंखों के ऊपरी हिस्से पर हलका शेड लगाएं और बाहरी कोनों पर अपना शेड चुनें और लगा कर अच्छी तरह ब्लैंड करें. इस के बाद पतला आईलाइनर लगाएं और पलकों को घना और लंबा दिखाने के लिए मसकारा लगाएं. अगर आप को काजल पसंद है तो इस का इस्तेमाल भी कर सकती हैं.

दिन के कार्यक्रम के लिए हलका आई मेकअप और रात की पार्टी के लिए थोड़ा शिमरी लुक अच्छा विकल्प हो सकता है.

लिपस्टिक से पूरा करें अपना लुक

मेकअप लिपस्टिक के बिना अधूरा लगता है. सही लिप कलर आप के पूरे लुक को बदल सकता है. दिन में पूजा या परिवार के साथ समय बिताने के लिए न्यूड पिंक, पीच, रोज या सौफ्ट ब्राउन शेड्स चुन सकती हैं.

शाम की पार्टी या पारंपरिक कपड़ों के साथ रैड, मैरून, बेरी और डीप रोज जैसे रंग खूबसूरत लगते हैं. लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को मौइस्चराइज करें.

तो लंबे समय तक टिकाने के आसान तरीके

त्योहारों में मेकअप का लंबे समय तक टिके रहना भी बेहद जरूरी है क्योंकि पूजा, मेहमानों और फोटो के बीच बारबार मेकअप ठीक करने का समय नहीं मिलता. ऐसे में इन छोटीछोटी बातों का ध्यान रखें:

मेकअप से पहले त्वचा को अच्छी तरह मौइस्चराइज करें.

फाउंडेशन और कंसीलर को पतली लेयर में लगाएं.

औयली हिस्सों पर थोड़ा सैटिंग पाउडर इस्तेमाल करें.

जरूरत के अनुसार मेकअप सैटिंग स्प्रे लगाएं.

ऐक्पैरीमैंट न करें. हमेशा अपनी त्वचा के अनुकूल और अच्छी गुणवत्ता वाले प्रोडक्ट्स चुनें.

नए प्रोडक्ट को किसी खास कार्यक्र्रम से ठीक पहले इस्तेमाल करने से बचें, उस से स्किन ऐलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

हेयरस्टाइल और ऐक्सैसरीज से पूरा करें लुक

खूबसूरत दिखने में सिर्फ मेकअप ही नहीं बल्कि हेयरस्टाइल और ऐक्सैसरीज भी अपनी खास भूमिका अदा करती हैं और आप के त्योहारों वाले लुक को खास बनाती हैं.

खुले बालों में सौफ्ट कर्ल्स, हाफअप हेयरस्टाइल, स्लीक पोनीटेल या सिंपल बन आसानी से बनाया जा सकता है. ट्रैडिशनल लुक के लिए बन में गजरा लगाएं या छोटी हेयर ऐक्सैसरीज इस्तेमाल करें.

ड्रैस से मैचिंग बड़े   झुमके, बिंदी और खूबसूरत चूडि़यां आप के लुक में चार चांद लगा सकती हैं. अगर आप मिनिमल स्टाइल पसंद करती हैं तो छोटे इयररिंग्स और हलकी बिंदी भी आप के लुक को निखारने के लिए काफी है.

सही प्रोडक्टस और स्टैप्स को फौलो करें तो त्योहारों में खूबसूरत दिखने के लिए पार्लर जाने की जरूरी नहीं है. पसंदीदा आउटफिट के साथ सही स्किन केयर, हलका बेस, आकर्षक आई मेकअप, लिपस्टिक और हेयरस्टाइल अपना कर आप घर पर ही शानदार लुक पा सकती हैं.

मेकअप को अपने ऊपर थोपे नहीं क्योंकि मेकअप का उद्देश्य आप की खूबसूरती को छिपाना नहीं बल्कि उसे निखारना है. -चंद्रकला

ब्लश और हाईलाइटर से बढ़ाएं चेहरे की रौनक

ब्लश चेहरे को फ्रेश लुक देता है. गुलाबी, पीच और सौफ्ट कोरल जैसे रंग आप के चेहरे को नैचुरल और खिलखिलाता लुक दे सकते हैं. ब्लश त्वचा के रंग के अनुसार ही चुनें. गलत चुनाव पूरे मेकअप पर भारी पड़ सकता है.

हलके हाथों से गालों पर लगाएं और अच्छी तरह ब्लैंड करें. अगर आप ग्लोइंग लुक चाहती हैं तो गालों की ऊपरी हड्डियों और नाक के ऊपरी हिस्से पर थोड़ा सा हाईलाइटर लगा सकती हैं. हाईलाइटर का ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें. हाईलाइटर का ज्यादा इस्तेमाल करने से चेहरा जरूरत से ज्यादा चमकदार दिखाई दे सकता है, मेकअप भी ओवर लग सकता है, गालों और नाक की बनावट अधिक उभर सकती है और फ्लैश की वजह से फोटो में चमक जरूरत से ज्यादा नजर आ सकती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...