कामेडी की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी स्टैंडअप कामेडियन भारती सिंह ने काफी संघर्ष के बाद इस मुकाम को हासिल की है. बचपन में पिता का साया उठ जाने के बाद भारती की मां और उनके मोटापे ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की. उनका मानना है कि कामेडियन मंच पर कितना भी सबको हंसाए, पर उसके भी जीवन में समस्याएं आती हैं. मंच पर पहुंचते ही उसे भूलकर सबको हंसाना पड़ता है.
पिस्तौल शूटिंग और तीरंदाजी में माहिर भारती को आर्थिक समस्या के कारण अपनी शौक को बीच में ही छोड़ना पड़ा. ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज’ में ‘लल्ली’ की भूमिका काफी चर्चित रही. वह इसे अपना टर्निंग प्वाइंट मानती है. स्वभाव से हंसमुख और विनम्र भारती इस समय एंड टीवी पर ‘कामेडी दंगल’ में जज की भूमिका निभा रही हैं. उनसे बात करना रोचक था, पेश है अंश.
किसी शो को चुनते वक्त किस बात का ध्यान रखती हैं? किस बात से डर लगता है?
मैं हमेशा चाहती हूं कि मेरी किसी भी शो में मेरे काम की पुनरावृत्ति न हो. हर शो अलग हो, हर शो में मैं लोगों को हंसाऊं, कभी वे ये न कहें कि ये तो पहले भी मैंने देखा है, यही मेरी चुनौती होती है और इसका ही मुझे डर लगा रहता है.
