इयरफोन या हेडफोन का बहुत ज्यादा यूज करना आपको भारी पड़ सकता है. ये आपको कई इंफेक्शन और बीमारियां दे सकता है. इतना ही नहीं इससे आपके सुनने की क्षमता तक प्रभावित हो सकती है.
इयरफोन या हेडफोन लगाकर घंटों गाने सुनना, लंबी-लंबी मीटिंग करना या फिर सफर के दौरान बातें करना, गेम खेलना, आजकल बहुत ही आम बात है. कई बार तो बिना किसी कॉल के भी लोग कानों में इयरफोन लगाकर रखते हैं. कभी ये जरूरत होती है तो कभी स्टाइल. लेकिन इयरफोन या हेडफोन का बहुत ज्यादा यूज करना आपको भारी पड़ सकता है. ये आपको कई इंफेक्शन और बीमारियां दे सकता है. इतना ही नहीं इससे आपके सुनने की क्षमता तक प्रभावित हो सकती है. लापरवाही से इयरफोन यूज करने के क्या नुकसान हो सकते हैं, ये जानना आपके लिए जरूरी है.
इंफेक्शन का है खतरा
ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर संजय शाह के मुताबिक इयरफोन यूज करने वाले लोग अक्सर इन्हें साफ करना भूल जाते हैं. ऐसे में इनमें लगातार गंदगी और पसीना एकत्रित होता रहता है. स्किन की गर्मी इन्हें तेजी से पनपा देती है. यही कारण है कि इनमें कई प्रकार के बैक्टीरिया पैदा हो जाते हैं. ये बैक्टीरिया आपके कानों में इंफेक्शन फैला सकते हैं, जिससे आपकी सुनने की क्षमता तक प्रभावित हो सकती है. इयरफोन का ज्यादा उपयोग करना आपको कई अन्य परेशानियों में भी डाल सकता है. आपके कान के अंदर और आस-पास इंफेक्शन हो सकता है. कई बार स्किन एलर्जी या एक्जिमा होने का खतरा भी होता है.
