Selfie at airport : आजकल एअरपोर्ट पहुंचते ही सब से पहला काम होता है एक अच्छी सी सेल्फी लेना. कभी बोर्डिंग पास के साथ, कभी रनवे पर खड़े हवाईजहाज की पृष्ठभूमि में तो कभी सिक्योरिटी चेक के बाद वाली ‘रिलैक्स्ड’ तस्वीर. सोशल मीडिया के इस दौर में ‘सेल्फी की दीवानगी’ हमारी आदत बन चुकी है. फ्लाइट लेट हो तो टाइमपास, नई ड्रैस पहनी हो तो स्टेटस अपडेट और पहली हवाईयात्रा हो तो पूरी दुनिया को बताना जरूरी लगता है.
पर अब इस आदत पर लगाम कस दी गई है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने ‘एअरक्राफ्ट रूल्स, 1937’ के तहत एक सख्त आदेश जारी किया है. इस के बाद एअरपोर्ट के संवेदनशील हिस्सों में बिना लिखित अनुमति कैमरा निकालना सीधे कानूनी काररवाई को न्योता देना है.
क्या बदल गया है जानिए
सिक्योरिटी होल्ड एरिया अब ‘नो फोटो जोन’: जहां आप का सामान और आप की जांच होती है वहां अब मोबाइल से फोटो या वीडियो लेना पूरी तरह मना है. पहले अकसर यात्री यहां से गुजरते हुए रील्स बनाते दिख जाते थे पर अब इस पर कानूनी शिकंजा है.
https://youtube.com/shorts/FvB0joCEZpE?si=i_Awc6p81bj7Z9GO
टरमैक पर सेल्फी हुई गैरकानूनी: विमान से उतरते ही या चढ़ते समय विंग के पास खड़े हो कर फोटो खिंचवाना अब नियमों के खिलाफ है. टरमैक यानी वह जगह जहां विमान खड़े होते हैं, वहां फोटोग्राफी के लिए एअरपोर्ट आपरेटर की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है.
