हम से ढोल बजवा कर कहा जाता है कि धर्म परिवार को जोड़ता है, धर्म से घर में शांति आती है. मगर अगर आप अपने आसपास के 10 परिवारों को ध्यान से देखेंगे तो आप को 7 परिवार ऐसे मिलेंगे जहां झगड़े की जड़ में कहीं न कहीं धर्म, पंथ, पूजा पद्धति या गुरु भक्ति है. दरअसल, धर्म परिवारों को तोड़ता है, रिश्तों में भेद लाता है और फैमिली को बरबाद करता है. यह धर्म की सोचीसम झी कौंस्पिरेसी है कि घर टूटे और लोग पूजाप्रार्थनाओं के लिए गुरुओं के पास आएं.
जब धार्मिक विश्वास व्यक्ति के निजी जीवन से आगे बढ़ कर यह तय करने लगे कि किस से विवाह किया जा सकता है, बच्चे कैसे पाले जाएंगे, क्या खाया जाएगा, कौन से रीतिरिवाज माने जाएंगे और असहमति रखने वाले सदस्य के साथ कैसा व्यवहार होगा यानी जब धर्म घर की व्यवस्था, फैसलों और रिश्तों पर हावी हो तब वे परिवार को जोड़ता नहीं बल्कि तोड़ता है क्योंकि उस का स्वार्थ कंट्रोल करने में, सौल्व करने में नहीं.
सोच पर हमला
परिवार टूटने की शुरुआत विचारों से होती है. धर्म की सब से पहली शिक्षा यही होती है कि उस का रास्ता ही सच्चा है बाकी सब गलत हैं. जब घर का एक सदस्य इस सोच को घर में ले आता है तो घर में 2 हिस्से हो जाते हैं- एक सही वाला और दूसरा गलत वाला. सही वाला खुद को बड़ा सम झने लगता है और गलत वाले को सुधारने की कोशिश करने लगता है.
उदाहरण के लिए घर में पहले सब एकसाथ खाना खाते थे. अब एक सदस्य कहता है कि मैं इस दिन यह नहीं खाऊंगा, उस दिन वह नहीं खाऊंगा, तुम्हारा बनाया हुआ मैं नहीं खाऊंगा क्योंकि तुम ने मेरी तरह पूजा नहीं की या सुबह उठ कर स्नान नहीं किया. इस तरह एक ही किचन में 2-3 तरह का खाना बनने लगता है. मां थक जाती है, पत्नी चिढ़ जाती है और खाने की टेबल जो परिवार को जोड़ती थी वही तोड़ने लगती है.
यही सोच आगे चल कर त्योहारों पर लड़ाई की वजह बन जाती है. दिवाली कैसे मनानी है, होली पर क्या करना है, बच्चे का जन्मदिन मंदिर में होगा या घर में जैसी हर बात पर धर्म बीच में आ जाता है.
रिश्तों में भेदभाव
धर्म रिश्तों को खून से नहीं बल्कि धर्म से तोलता है. अगर बेटा कह दे कि मेरा मंदिर जाने का मन नहीं है तो वह तुरंत नास्तिक और संस्कारहीन घोषित हो जाता है. अगर बहू कह दे कि मैं करवाचौथ का व्रत नहीं रखूंगी तो उस से कहा जाता है कि तू परिवार की परंपरा तोड़ रही है. अगर पत्नी आप के गुरु को नहीं मानती तो वह बुरी बहू है. अगर दामाद दूसरे धर्म का है तो वह दुश्मन है.
सोचिए एक मां ने 9 महीने पेट में रखा, 20 साल पालापोसा लेकिन एक दिन बेटे ने कह दिया कि मैं इस गुरु को नहीं मानता तो मां उसी बेटे को पराया मान लेती है. यह ताकत धर्म में है कि वह 20 साल के प्यार को एक दिन में खत्म कर दे. भाईभाई की लड़ाई का भी यही हाल है. पहले प्रौपर्टी के लिए लड़ते थे और अब पिताजी की आत्मा की शांति के लिए लड़ते हैं. एक कहता है पंडित को बुलाओ, दूसरा कहता है ग्रंथी बुलाओ, तीसरा कहता है मेरे गुरुजी ही सब करेंगे. एक कार खरीदने और मकान बनवाने तक धर्म बीच में आ जाता है कि कौन सा मौडल किस दिन खरीदें और घर के किस कोने में खिड़की हो या किस कोने में शू रैक.
पैसा, समय और ऊर्जा की बरबादी
किसी भी परिवार को बरबाद करना हो तो उस के 3 खंभे तोड़ दो- पैसा, समय और मन की शांति. धर्म कई बार तीनों पर एकसाथ हमला करता है.
पैसे की बरबादी: घर में बच्चे की फीस 10 हजार है. उस के लिए सोचना पड़ रहा है. लेकिन गुरुजी के आश्रम में 1 लाख का दान देने के लिए तुरंत पैसा निकल आता है. घर की छत टपक रही है. उसे ठीक कराने के लिए पैसा नहीं है पर धर्मशाला में पत्थर लगवाने के लिए 2 लाख हैं. परिवार कर्ज में डूबता है पर बाहर नाम होता है कि बड़ा दानी है.
समय की बरबादी: सुबह 2 घंटे पूजा, शाम को 2 घंटे आरती और सत्संग, हफ्ते में 2 बार आश्रम, महीने में 1 बार तीर्थ यात्रा जरूरी है. फिर घर और अपनों के लिए समय कहां बचा? पतिपत्नी में बात ही नहीं होती क्योंकि एक हमेशा पूजापाठ और धर्म कर्म के कामों में व्यस्त है. बच्चे पिता से बात करने के लिए तरसते हैं क्योंकि पिता माला जप रहा है या गुरुजी के चरणों में है. परिवार के सदस्य एक ही छत के नीचे अजनबी बन जाते हैं.
मन की शांति की बरबादी: धर्म डर पर चलता है. ऐसा नहीं किया तो पाप लगेगा, वैसा नहीं किया तो नर्क मिलेगा, व्रत नहीं रखा तो पति की उम्र कम हो जाएगी, यह नहीं किया तो बच्चे फेल हो जाएंगे. पूरा परिवार 24 घंटे डर में जीता है. जहां डर है वहां प्यार कभी नहीं पनप सकता.
औरतों और बच्चों पर सब से ज्यादा बोझ
इस पूरी व्यवस्था में सब से ज्यादा पिसती हैं औरतें. धर्म ने औरतों के लिए सब से ज्यादा नियम बनाए हैं. आदमी खाएगा मगर औरत भूखी रहेगी क्योंकि उसे व्रत करना है. आदमी बाहर घूमेगा लेकिन औरत घर में पूजा करेगी क्योंकि उसे पतिव्रता धर्म निभाना है और परिवार की खुशियों के लिए प्रार्थना करनी है. आदमी दूसरी शादी कर ले तो चलता है लेकिन औरत विधवा हो जाए तो उसे ही अशुभ मान लिया जाता है. कितनी ही औरतें धर्म के नाम पर सालों तक भूखी रह कर अपना शरीर बरबाद कर लेती हैं. उन्हें खून की कमी हो जाती है, हड्डियां कमजोर हो जाती हैं पर परिवार कहता है कि यह संस्कारी औरत है.
बच्चों पर भी बो झ है. 5-6 साल के बच्चे को सुबह 4 बजे उठा कर और नहला कर पूजा में बैठा दिया जाता है. उसे खेलना है पर उसे माला जपनी पड़ रही है. उस का बचपन छिन जाता है. वह बड़ा हो कर धर्म से नफरत करने लगता है क्योंकि धर्म ने उस का बचपन छीना है.
जैनरेशन गैप और संवाद का खत्म होना
आज की नई पीढ़ी जिसे जेन जी कहते हैं वह सवाल पूछती है कि इस का क्या लौजिक है? पुरानी पीढ़ी के पास जवाब नहीं होता. उस के पास सिर्फ एक जवाब होता है कि हमारे यहां ऐसा ही होता आ रहा है. जब सवाल का जवाब डांट से दिया जाता है तो संवाद खत्म हो जाता है. बेटा चुप हो जाता है और बेटी कमरे में बंद हो जाती है. घर में 2 जैनरेशन एकसाथ रहती हैं पर बात नहीं करतीं. एक ही घर में एक तरफ भजन चल रहा है और दूसरी तरफ कान में इयरफोन लगा कर बच्चा कुछ और सुन रहा है. दोनों एकदूसरे को गलत सम झ रहे हैं. बीच की दीवार का नाम है धर्म.
क्या करना चाहिए
घर में कोई भी धर्म को घुसने न दें. जिसे पूजा करनी है बाहर जा कर करे और जिसे नहीं करनी है न करे. दोनों का सम्मान हो.
पैसे और समय का फैसला परिवार की जरूरत देख कर हो, धार्मिक दिखावे के लिए नहीं. धार्मिक पाखंडों से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है.
बच्चों को डराया न जाए बल्कि समझाया जाए. त्योहार मजे के लिए मनाएं मजबूरी से नहीं.
रिश्तों को धर्म से बड़ा माना जाए. बेटा पहले बेटा है फिर रिश्तेदार.
जिस घर में पूछा जाता है कि तुम ने खाना खाया? तुम्हारी तबीयत ठीक है? तुम्हें किस चीज की जरूरत है? वह घर टूटता नहीं है. लेकिन जिस घर में सिर्फ पूछा जाता है कि तुम ने पूजा की? तुम ने व्रत रखा? तुम ने गुरुजी को प्रणाम किया? वह घर धीरेधीरे बिखर जाता है. इसलिए धर्म को मंदिर, मसजिद, गुरुद्वारे तक रहने दीजिए. घर में इंसानियत को रहने दीजिए. घर इंसानियत से बनता है धर्म से नहीं.
