Blackhead removal tips : चेहरे  की देखभाल करने वाले ज्यादातर लोग एक समस्या से जरूर परेशान रहते हैं, नाक पर दिखने वाले छोटेछोटे काले दाने जिन्हें ब्लैकहेड्स कहा जाता है. ये भले ही कोई गंभीर समस्या न हों लेकिन चेहरे की साफसुथरी रंगत को प्रभावित कर देते हैं. कई बार लोग इन्हें हटाने के लिए बारबार स्क्रब करते हैं या उंगलियों से दबा कर निकालने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस से फायदा कम और नुकसान ज्यादा हो सकता है. दरअसल, ब्लैकहेड्स तब बनते हैं जब त्वचा के रोमछिद्रों में अतिरिक्त तेल, धूल और मृत कोशिकाएं जमा हो जाती हैं.

हवा के संपर्क में आने पर इन का ऊपरी हिस्सा काला पड़ जाता है और ये छोटे काले बिंदुओं की तरह दिखाई देने लगते हैं. नाक पर इन की समस्या सब से ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि इस हिस्से में औयल ग्लैंड्स अधिक सक्रिय होती हैं.

नियमित सफाई जरूरी

ब्लैकहेड्स से बचने और उन्हें कम करने का पहला कदम है चेहरे की सही तरीके से सफाई करना. दिन में 2 बार किसी माइल्ड फेसवौश से चेहरा धोना काफी होता है. जरूरत से ज्यादा चेहरा साफ करने या बारबार फेसवौश इस्तेमाल करने से त्वचा रूखी हो सकती है, जिस से तेल का उत्पादन और बढ़ सकता है.

भाप और क्ले मास्क का इस्तेमाल

चेहरे पर हलकी भाप लेने से रोमछिद्र खुल जाते हैं, जिस से जमा गंदगी को साफ करना आसान हो जाता है. इस के अलावा मुलतानी मिट्टी या चारकोलयुक्त क्ले मास्क अतिरिक्त तेल को सोखने में मदद करते हैं. सप्ताह में 1 या 2 बार इन का इस्तेमाल किया जा सकता है.

एक्सफोलिएशन से मिल सकती है मदद

सप्ताह में 1 या 2 बार हलका एक्सफोलिएशन करने से मृत त्वचा कोशिकाएं हटती हैं और रोमछिद्र साफ रहते हैं. सैलिसिलिक एसिड युक्त प्रौडक्ट्स ब्लैकहेड्स को कम करने में काफी प्रभावी माने जाते हैं. हालांकि, किसी भी प्रोडक्ट का इस्तेमाल अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार ही करना चाहिए.

ब्लैकहेड्स को निचोड़ने से बचें

अकसर लोग आईने के सामने खड़े हो कर नाखूनों से ब्लैकहेड्स निकालने लगते हैं. इस से त्वचा पर लालपन, सूजन और दाग पड़ने का खतरा बढ़ जाता है. अगर ब्लैकहेड्स बहुत ज्यादा हैं, तो किसी त्वचा विशेषज्ञ से प्रोफैशनल क्लीनअप करवाना ज्यादा सुरक्षित विकल्प हो सकता है.

त्वचा की सेहत केवल बाहरी देखभाल पर निर्भर नहीं करती. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, ताजे फल और हरी सब्जियां खाना और तैलीय व अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड का सेवन सीमित करना भी त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करता है.

ब्लैकहेड्स एक आम समस्या है और इन्हें पूरी तरह खत्म करने का कोई तुरंत असर दिखाने वाला उपाय नहीं है. लेकिन नियमित स्किनकेयर, सही प्रोडक्ट्स और थोड़े धैर्य के साथ इन्हें काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. सब से जरूरी बात यह है कि त्वचा के साथ सख्ती करने के बजाय उस की जरूरतों को समझ जाए. सही देखभाल और नियमितता ही साफ और स्वस्थ त्वचा की असली कुंजी है.

-ब्लौसम कोचर

सौंदर्य विशेषज्ञा

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...