Colored lenses trend : इन दिनों आंखों में कलर्ड लेंस लगाने का काफी ज्यादा क्रेज है. कलर कौंटैक्ट लेंस आप को आंखों के रंग को बदलने और कभी भी कहीं भी बोल्ड लुक बनाने में मदद करते है. चाहे आप अपने रोजमर्रा के लुक को इनहैंस करना चाहते हों या हैलोवीन और अन्य विशेष अवसरों के लिए एक क्रेजी डिजाइन चुनना चाहते हों, कलर्ड लेंस इस के लिए परफैक्ट है. इन लेंस की वजह से पूरा लुक बदल जाता है और थोड़ा ज्यादा स्टाइलिश दिखने लगता है.

मार्केट में कई सारे कलर के लेंस आते हैं जो वन टाइम इस्तेमाल करने से ले कर कई महीनों तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं. लेकिन कलर लेंस को चुनते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है.

रंगीन कौंटैक्ट लेंस कब और कहां लगा कर जाएं..

महिलाएं शादी, पार्टी से ले कर हर मौके पर आंखों में अलगअलग कलर के लेंस लगा रही हैं.

शादियों या त्योहारों (जैसे दीवाली, रक्षाबंधन पर हेजल (Hazel), हनी ब्राउन (Honey Brown) या हलका ग्रे (Grey) रंग के लेंस सब से ज्यादा पसंद किए जाते हैं.

अगर आप किसी क्लब, बर्थडे पार्टी या न्यू ईयर बैश में जा रहे हैं, तो थोड़े बोल्ड रंगों के साथ ऐक्सपेरिमैंट कर सकते हैं.

कौन सा चुनें

नाइट लाइट्स में ऐक्वा ब्लू (Aqua Blue), स्टर्लिंग ग्रे (Sterling Grey) या ग्रीन (Green) जैसे ओपेक लेंस आंखों को बहुत ही अट्रैक्टिव और स्टनिंग लुक देते हैं.

अगर आप कोई प्रोफैशनल फोटोशूट करवा रहे हैं या इंस्टाग्राम रील्स/यूट्यूब वीडियो बनाते हैं, तो कलर लेंस कैमरे पर आप की आंखों को बड़ा और ऐक्सप्रेसिव दिखाते हैं. कैमरे की लाइट्स में लेंस के शेड्स बहुत अच्छे से निखर कर आते हैं.

औफिस या डेली लुक के लिए डार्क ब्राउन (Dark Brown) या प्योर हेजल (Pure Hazel) के इनहैंसमेंट टिंट्स चुनें. ये सामने वाले को सीधे तौर पर पता भी नहीं चलने देते कि आप ने लेंस पहने हैं और आप की आंखें गहरी व खूबसूरत दिखती हैं.

कलर्ड लेंस किस तरह के आते हैं

इनहैंसमेंट टिंट्स (Enhancement Tints)

ये लेंस थोड़े पारदर्शी होते हैं. ये आप की आंखों का रंग पूरी तरह से नहीं बदलते, बल्कि आप के प्राकृतिक आई कलर को और गहरा व चमकदार बना देते हैं. यह हलकी रंग की आंखों (लाइट ब्राउन या ग्रे) वाले लोगों पर सब से अच्छा लगता है.

 

ओपेक कलर टिंट्स (Opaque Color Tints)

ये पूरी तरह से अपारदर्शी होते हैं. ये आंखों के प्राकृतिक रंग को पूरी तरह से ढक कर एक नया रंग दे देते हैं. अगर आप की आंखें गहरी काली या डार्क ब्राउन हैं और आप उन्हें नीला, हरा या हेजल लुक देना चाहते हैं, तो यही लेंस काम आते हैं.

कस्टम मेड या कौस्ट्यूम लेंस (Costume Lenses)

इन्हें कौस्प्ले या थियेट्रिकल लेंस भी कहा जाता है. ये खास तरह के पैटर्न और डिजाइन वाले होते हैं जो आंखों को बिलकुल ड्रामेटिक लुक देते हैं, जैसे पूरी तरह से ब्लैकआउट आंखें या बिल्ली जैसी पुतली.

इन का इस्तेमाल फिल्मों, थीम पार्टियों या हैलोवीन पर किया जाता है.

लेंस को कितने समय तक यूज किया जा सकता है

वन डे लेंस

यह लेंस सब से ज्यादा सेफ होते है क्योंकि इन्हें एक बार सुबह पहनो और रात को उतार कर फेंक दो. ये री यूज नहीं किए जाते इसलिए इन की साफसफाई का झंझट भी नहीं होता.

मंथली डिस्पोजेबल

इन्हें आप खोलने के बाद 30 दिनों तक इस्तेमाल कर सकते हैं. हर बार उतारने के बाद इन्हें लेंस सोल्यूशन से साफ कर के रखना जरूरी होता है.

लौंग टर्म या ईयरली लेंस

ये लेंस सही रखरखाव के साथ 6 महीने से ले कर 1 साल तक चलते हैं. ये उन के लिए अच्छे हैं जो रोजाना या बहुत अकसर कलर लेंस पहनना पसंद करते हैं.

लेंस खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें

-लेंस अपने स्किन टोन के अनुसार चुनें.

-हर किसी के चेहरे का रंग अलग होता  है. इसलिए अपनी स्किनटोन और कलर को ध्यान में रख कर ही लेंस का चुनाव करें. ड्रैस का रंग देख कर लेंस न लें. इस से आप का लुक अच्छा नहीं लगेगा.

-साइज और शेप के हिसाब से लें.

लेंस कई तरह के आते है उन में से आप को अपनी आंखों के साइज के हिसाब से चुनना चाहिए. अगर साइज सही नहीं होगा तो वह आप की आंखों में परेशानी करेगा. जैसेकि ढीले या गलत ढंग से फिट होने वाले लेंस आंखों में असुविधा पैदा कर सकते हैं और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ा सकते हैं. इसलिए हमेशा अपनी आंखों के आकार और स्थिति के अनुसार फिटिंग वाले लेंस चुनें.

लेंस की औनलाइन शौपिंग से बचें

कई बार सेल में सस्ता मिलने के चक्कर में हम कपड़ों के साथसाथ लेंस भी औनलाइन मंगवा लेते हैं. लेकिन ऐसा करना सही नहीं है क्योंकि लेंस हमेशा अपनी आंखों की फिटिंग के अनुसार ही होना चाहिए. इस के लिए जरूरी है कि आप किसी भी औफलाइन स्टोर से जा कर अपने लिए लेंस खरीदें और ऐक्सपर्ट की राय जरूर मानें.

इस तरह से आप को सही साइज और कलर का लेंस मिलने में आसानी होगी.

लेंस ब्रैंडेड ही लें

आजकल कई कंपनियां मार्केट में हैं, जो सस्ते लेंस भी बेचती हैं. हम कई बार पैसा बचाने के चक्कर में ऐसे लेंस खरीद लेते हैं और अपनी आंखों की सेहत के साथ कौंप्रोमाइज कर बैठते हैं जिस का नतीजा अच्छा नहीं होता.

सस्ते और घटिया गुणवत्ता वाले लेंस आंखों के लिए हानिकारक हो सकते हैं और इन में बैक्टीरिया पनपने का खतरा अधिक होता है. हमेशा ऐसे लेंस खरीदें, जो किसी मान्यताप्राप्त कंपनी द्वारा निर्मित हों और जिन में गुणवत्ता की पहचान हो.

इसलिए किसी भी औफलाइन स्टोर से जा कर अपने लिए लेंस खरीदें और ऐक्सपर्ट की राय जरूर मानें. इस तरह से आप को सही साइज और कलर का लेंस मिलने में आसानी होगी.

लेंस किसी के साथ शेयर न करें

यह आप की आंखों की बात है. यह कोई मेकअप नहीं है कि अपनी किसी दोस्त के साथ शेयर कर लिया. एकदूसरे का लेंस इस्तेमाल करने से आंखों में इन्फेक्शन हो सकता है या फिर खुजली जैसी कोई और दिक्कत भी हो सकती है.

सफाई का रखें ध्यान

कलर्ड कौंटैक्ट लेंस की सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए. इन्हें साफ रखने से संक्रमण का खतरा कम होता है और आप की आंखें स्वस्थ रहती हैं. लेंस को निकालने के बाद उन्हें लेंस साफ करने वाले लोशन से धोएं और उन्हें सुरक्षित जगह पर रखें. इस के अलावा हाथों को अच्छी तरह धो कर ही लेंस को छुएं ताकि गंदगी और बैक्टीरिया न फैलें. नियमित रूप से लेंस केस को भी साफ करें और उसे बदलते रहें.

लिमिटिड टाइम के लिए इन्हें पहनें

कलर्ड कौंटैक्ट लेंस पहनने का समय सीमित रखें ताकि आप की आंखें थकी हुई न दिखें और उन में जलन न हो. दिन में 6-8 घंटे तक इन्हें पहनना सुरक्षित माना जाता है. सोते समय या लंबे समय तक लगातार पहनने से आंखों को आराम नहीं मिलता, जिस से उन में जलन हो सकती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...