नीली आंखों के गहरे रहस्य: भाग-4

बहुत शातिर दिमाग लड़की है, फोन पर कोई ऐसी बात नहीं की जिस से उस का कोई क्लू पकड़ा जाए. जानती है आजकल फोन पर कुछ ऐसावैसा बोल दिया तो रिकौर्डिंग के जरिए खेल खत्म हो सकता है. यह बात साधना सच कह रही थी.

‘‘तीसरे दिन सुबह ही उस का फोन आ गया,’’ सर, 2 दिन हो गए लेकिन आप ने मेरा काम नहीं किया.

‘‘मैं तुम से मिलना चाहता हूं.’’

‘‘किसलिए?’’

‘‘वह तो मैं तुम्हें मिलने पर ही बताऊंगा.’’

‘‘ठीक है. लेकिन मिलने की जगह मैं बताऊंगी. बस, एक गुजारिश है कि आप कुछ ऐसावैसा मत करना. नुकसान आप का ही होगा क्योंकि आप की अमानत…’’

‘‘नहीं, मैं कुछ नहीं करूंगा. और अकेला ही आऊंगा.’’

‘‘तो ठीक है, आज शाम 8 बजे रेलवेस्टेशन के पूछताछ काउंटर के पास हमारी मुलाकात होगी.’’

यह सुन कर मुझे और साधना को आश्चर्य हुआ कि भीड़भाड़ वाले रेलवेस्टेशन पर बुला रही है. हम तो सोच रहे थे फिल्मों की तरह किसी सुनसान जगह पर बुलाएगी. इतने चिंतित महौल में भी हम पतिपत्नी मुसकरा पड़े.

‘‘साधना, हम ने उसे बोल तो दिया है लेकिन उस से बात क्या करनी है?’’

‘‘कुछ नहीं, बिलकुल चुप रहना. सिर्फ उस की नीली आंखों को ताकना.’’

‘‘यहां जान पर बनी है और तुम्हें मजाक सूझ रहा है.’’

‘‘जैसा मैं कह रही हूं वैसा ही करना. वह बोले तो कहना, मीठी, मैं आखिरी बार तुम से आलिंगन करना चाहता हूं और उस वक्त धीरे से कहना, तुम मेरे साथ ऐसा क्यों कर रही हो. मैं ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है.’’

‘‘अगर वह आलिंगन के लिए राजी न हुई तो?’’

‘‘मैनेजर साहब, यह सब वह पैसे के लिए कर रही है तो उसे आलिंगन से परहेज क्यों होगा? और वैसे भी, वह आप के साथ…’’

‘‘प्लीज साधना, वह भयानक हादसा मुझे याद मत दिलाओ. मैं कांप जाता हूं.’’

‘‘आप अपनेआप को दोषी महसूस मत करो. वह सब क्षणिक आवेश में हुआ था,’’ उस ने मुझे सांत्वना दी.

‘‘सच साधना, तुम बहुत अच्छी हो. तुम्हारी जगह कोई और होती तो शायद मुझे कभी माफ नहीं करती,’’ उसे बांहों में भर कर मैं ने भीगे स्वर में कहा.

‘‘पतिपत्नी का रिश्ता इतना कमजोर नहीं होता कि एक झटके में टूट जाए. पूरे 28 साल गुजारे हैं आप के साथ. कौफीहाउस वाली घटना को देख कर लगा कि शायद आप भटक गए हो लेकिन जब आप की आंखों में देखा तो उस में सचाई नजर आई.’’

शाम के 6 बजे से ही घबराहट शुरू हो गई. रेलवेस्टेशन घर से आधे घंटे की दूरी पर था. ठीक 7 बजे मैं घर से रेलवेस्टेशन के लिए रवाना हो गया. स्कूटी पार्क कर के प्लेटफौर्म का टिकट ले कर यों ही स्टेशन पर टहलने लगा. चाय की स्टौल और बुक स्टौल दोनों ही मेरी पसंदीदा जगहें थीं. इंतजार के क्षणों में चाय के साथ पत्रिका पढ़ने का आनंद लेता था. लेकिन आज चाय और पत्रिका में भी मन नहीं लगा.

8 बजने में जैसे ही 10 मिनट शेष रह गए, मैं पूछताछ खिड़की के पास आ गया. वह ठीक 8 बजे पूछताछ खिड़की पर कुछ पूछताछ करती नजर आ गई. मेरी धड़कनें तेज हो गईं. माथे से पसीने की बूंदें टपकने लगीं.

जैसे ही उस ने अपनी नीली आंखों के इशारे से मुझे अपने पास आने को कहा तो मैं चाबी जैसे खिलौने की तरह उस की तरफ चल पड़ा और एकटक उस की नीली आंखों को ताकने लगा.

‘‘कुछ बोल क्यों नहीं रहे हो? जो कहना है जल्दी कहो,’’ यह बात वह मोबाइल पर बोल रही थी लेकिन मुझे पता था मुझ से कह रही है.

उस की तरह मैं ने भी मोबाइल पर कहा, ‘‘मैं तुम से आलिंगन करना चाहता हूं.’’

‘‘ठीक है, ठीक है, जल्दी करो,’’ कहती हुई वह एक कोने में आ गई.

‘‘तुम मेरे साथ ऐसा क्यों कर रही हो? मैं ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है?’’

‘‘मैं ने कुछ नहीं किया है. मैं बेकुसूर हूं,’’ कहते हुए सैकंड्स में अलग हो गई और तुरंत वहां से चली गई.

हम पतिपत्नी की नींद और भूख दोनों ही उड़ चुकी थी. मामला और पेचीदा होता जा रहा था.

‘‘साधना, अब क्या करें?’’ मैं ने बेचैन स्वर में पूछा.

‘‘आप कुछ मत करो. वह ही संपर्क करेगी क्योंकि जरूरत उस की है. रकम उसे चाहिए.’’

‘‘कहीं ऐसा न हो वह चिढ़ जाए और वीडियो व फोटो जोनल औफिस ले जाए.’’

‘‘वह ऐसा भूल कर भी नहीं करेगी. वह शतरंज की माहिर खिलाड़ी है और जानती है अगली चाल कब और कैसे चलनी है,’’ साधना ने यह कहा तो इतने तनाव में होने के बावजूद मैं हंस पड़ा और बोला, ‘‘लगता है अब तुम ने भी अपनी कमर कस ली है उस से पंगा लेने के लिए.’’

‘‘आप निर्दोष हो. वह जरूर पकड़ी जाएगी और उस का खेल खत्म हो जाएगा. चलो, अब चैन की नींद सोते हैं. 4-5 दिनों से तो ढंग से सो भी नहीं पाए हैं. घर भी अस्तव्यस्त पड़ा है. गंदे कपड़े का ढेर हो गया है.’’

सुबह साधना ने चाय का कप पकड़ाते हुए कहा, ‘‘आप चिंतामुक्त हो कर बैंक जाओ. मैं बाई के साथ मिल कर पूरा घर व्यवस्थित कर लूंगी क्योंकि इन दिनों मौके का फायदा उठा कर उस ने भी खूब लापरवाही बरती थी.’’ यह कह कर उस ने वाश्ंिग मशीन में पानी का पाइप लगा दिया और कपड़े इकट्ठा करने लगी.

मेरी पैंट और शर्ट धोने से पहले उन की जेबें वह जरूर चैक करती थी. जैसे ही उस ने पैंट की जेब टटोली तो उस में एक मुड़ातुड़ा विजिटिंग कार्ड निकला जिस पर लिखा था- नैना ब्यूटीपार्लर. साथ ही पता और मोबाइल नंबर भी था. दूसरी तरफ जल्दबाजी में पैंसिल से लिखा था- ‘सर, मैं बेकुसूर हूं. भरोसा कीजिए मुझ पर.’

यह विजिटिंग कार्ड मेरी जेब में कैसे आया? तभी ध्यान आया कल शाम को रेलवेस्टेशन पर आलिंगन करते वक्त मीठी ने रख दिया होगा यानी मीठी निर्दोष है. उस से यह सब कोई करा रहा है. विजिटिंग कार्ड पर लिखा मोबाइल नंबर मिलाया तो वह स्विचऔफ था.

‘‘साधना, हमें तुरंत ब्यूटीपार्लर चलना चाहिए. शायद, वहां कुछ पता चले.’’

‘‘ठीक है, मैं अभी तैयार होती हूं.’’

लेकिन तभी मेरा मोबाइल नंबर बज उठा, ‘‘सर, क्यों लेट कर रहे हैं आप? नुकसान आप का ही होगा. प्लीज, आप हमारा काम कर दीजिए. हम सबकुछ मिटा देंगे. आप भरोसा करें मुझ पर.’’

‘‘मीठी, मैं कैसे यकीन करूं कि तुम सबकुछ डिलीट कर दोगी. हो सकता है रकम मिलने के बाद भी भविष्य में तुम मुझे ब्लैकमेल कर के पैसे ऐंठती रहो?’’

‘‘मैं अपनी मां की कसम खा कर कहती हूं, काम हो जाने के बाद सबकुछ खत्म कर दूंगी.’’

‘‘मुझे तुम्हारी झूठी कसम पर भरोसा नहीं है. अगर तुम इतनी बड़ी रकम मांग रही हो तो मेरी भी एक शर्त है. अगर तुम उसे मानोगी, तब ही मैं तुम्हारे अकाउंट में पैसा डालूंगा.’’

‘‘क्या शर्त है?’’

‘‘फोन पर नहीं बता सकता, इसलिए तुम्हें मुझ से मिलना होगा.’’

‘‘लेकिन आप मेरी बताई हुई जगह पर ही मुझ से मिलने आएंगे. कब, कहां और कितने बजे आना है, यह मैं आप को मैसेज कर दूंगी. लेकिन अकेले आना और मोबाइल मत लाना और न ही कोई होशियारी दिखाना. अगर आप ने जरा भी स्मार्टगीरी दिखाई तो…आगे आप खुद ही समझदार हैं,’’ इस बार उस का स्वर चेतावनी से भरा था.

‘‘मीठी, जैसा तुम कहती हो वैसा ही होगा. मैं 2 लाख रुपए कैश ले कर भी आऊंगा. अगर तुम्हें मेरी शर्त मंजूर होगी तो वह 2 लाख रुपए तुम्हें एडवांस दे दूंगा और बाकी दूसरे दिन बैंक खुलते ही…’’

2 लाख रुपए का दाना उस के सामने डालने का आइडिया साधना ने इसलिए दिया था जिस से वह लालच के जाल में फंस जाए.

‘‘कहीं वह नकली हुए तो?’’

‘‘इस की जांच के लिए तुम अपने किसी भरोसेमंद इंसान को ला सकती हो लेकिन मैं अकेला ही आऊंगा. और हां, बैंक के समय पर नहीं आ सकता क्योंकि क्लोजिंग का महीना है, काम ज्यादा है. इसलिए सुबह 9 बजे के पहले या शाम 5 बजे के बाद.’’

‘‘ठीक है, मैं आप को बता दूंगी.’’

‘‘साधना, कहीं यह सीआईडीगीरी करतेकरते हम लोग ही न फंस जाएं?’’

‘‘ऐसा कुछ नहीं होगा.’’

‘‘कहीं, वह 2 लाख रुपए ले कर ही रफूचक्कर हो गई तो?’’

‘‘इस समय उस के दिमाग में 2 लाख रुपए नहीं, 25 लाख रुपए फीड हैं, इसलिए वह कोई गलत कदम नहीं उठाएगी.’’

शाम को उस का मैसेज आ गया. इस बार उस ने एक मंदिर में रात 9 बजे बुलाया था.

उस का बुलाना, मेरा जाना यह सब चूहेबिल्ली का खेल सा लगने लगा था. मैं मानसिक रूप से परेशान हो उठा था लेकिन साधना ने मुझे हौसला देते हुए कहा, ‘‘उस के सामने शर्त रखते वक्त यह बिलकुल भी मत दर्शाना कि आप अपनी बदनामी से डर रहे हो.’’

एक छोटे से कैरीबैग में रुपए रख  कर मैं मंदिर चला गया. मंदिर में  भीड़ ठीकठाक थी. मंदिर के बाहर चारों तरफ नजर दौड़ाई लेकिन वह कहीं नजर नहीं आई. मैं मंदिर के अंदर गया तो वहां एक कोने में आंखें मूंद कर प्रार्थना सी करती बैठी थी वह. वहां एक पुजारी भी बैठा था. इक्कादुक्का लोग वहां थे.

‘‘अकेले आए हो? आंखें बंद किए ही उस ने पूछा.’’

‘‘हां.’’

‘‘मोबाइल लाए हो?’’

‘‘नहीं.’’

‘‘सामान लाए हो?’’

‘‘हां.’’

‘‘तो फिर उस की झलक दिखाओ.’’

‘‘पहले मेरी शर्त सुनो, अगर मानोगी तभी सामान मिलेगा,’’ मैं ने साहसपूर्वक कहा.

‘‘क्या शर्त है?’’

‘‘तुम ने धोखे से मेरा वीडियो बनाया है, फोटो खींचे हैं. अब मैं एक छोटा सा वीडियो बनाना चाहता हूं, जिस में हम दोनों होंगे. उस में कुछ करना नहीं है, सिर्फ बोलना है.’’

‘‘यह कैसी बेहूदा शर्त है?’’ वह उत्तेजित स्वर में बोली.

‘‘अगर नहीं मंजूर है तो कोई बात नहीं, मैं अपना सामान वापस ले जाता हूं और तुम जो करना चाहो, करती रहना,’’ यह कहते वक्त मेरे पसीना आ गया. तीर निशाने पर लगा. वह नरम हो गई, ‘‘क्या बोलना है?’’

उस में तुम मुझ से कहोगी, ‘‘सर, मेरे ब्यूटीपार्लर के लिए 5 लाख रुपए का लोन पास करा दीजिए. और मैं कहूंगा, आप का लोन पास नहीं हो सकता क्योंकि आप की कोई प्रौपर्टी नहीं है जिस के आधार पर हम आप को लोन दें.’’

‘‘लेकिन सर, मेरे पास आप को रिश्वत देते हुए फोटो हैं जो मैं ने धोखे से खिंचवाए. साथ ही, एक वीडियो भी है. इन्हें आप के जोनल औफिस में ले जा कर आप के खिलाफ शिकायत कर दूंगी कि आप ने मेरा लोन पास करवाने के एवज में मुझ से रिश्वत की मांग की थी. आप की नौकरी तो जाएगी ही, साथ ही, कहीं मुंह दिखाने के काबिल भी न रहेंगे.

‘‘बस मीठी, तुम्हें इतना ही बोलना है.’’

‘‘ऐसा करने के पीछे आप का मकसद क्या है?’’

‘‘अगर शर्त मानने के बाद भी मैं तुरा सामान न दूं यानी तुम्हारे साथ धोखा करूं तो तुम तुरंत मेरी शिकायत कर देना और अगर तुम ने मेरे साथ धोखा किया यानी पूरा माल डकारने के बाद भी मुझे ब्लैकमेल किया तो मैं उस वीडियो के सहारे कानून का दरवाजा खटखटाऊंगा. फंसोगी तुम भी.’’

‘‘मुझे अपनी नौकरी और बदनामी का डर है और तुम्हें पैसे प्यारे हैं, इसलिए अगर हम दोनों ही पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करें तो फायदा हम दोनों का ही है. काम हो जाने के बाद हम दोनों सबकुछ डिलीट कर देंगे और फिर से अजनबी हो जाएंगे.’’

‘‘मुझे सोचने का समय दो.’’

‘‘नहीं, अब समय नहीं है. जल्दी जवाब दो हां या न में. अगर हां है तो यह सामान रखो पेशगी के तौर पर.’’

‘‘यहीं बैठो, मैं अभी आती हूं,’’ कह कर वह बाहर चली गई और वहां बैठा पुजारी मुझे घूरने लगा.

‘‘क्या बात है पंडितजी?’’

‘‘कुछ नहीं बच्चा. देख रहा हूं तुम इतनी देर से मंदिर में कर क्या रहे हो? अगर पूजा हो गई हो तो घर जाओ.’’

‘‘जब मन करेगा तब चला जाऊंगा,’’ मैं ने रूखा सा जवाब दिया. मन में आया कह दूं तू क्यों यहां चढ़े हुए फल, मिठाई, मेवा और रुपए पर अपनी गिद्ध दृष्टि लगाए बैठा है.

10 मिनट बाद मीठी आ गई और उसी स्थान पर पूर्व की तरह ध्यानमग्न हो कर बैठ गई. ‘‘मुझे आप की शर्त मंजूर है.’’

‘‘तो फिर कल सुबह किसी जगह पर वीडियो बना लेते हैं और फिर बैंक जाते ही तुम्हारा सामान ठिकाने पर पहुंचा दूंगा.’’

‘‘काम की जगह मैं ही तय करूंगी और आप को मैसेज कर दूंगी जो अभी सामान लाए हो वह सामने बैठे पुजारीजी को बैग सहित सौंप दो.’’

मैं ने आश्चर्य से उस पुजारी को देखा तो वह कुटिलता से मुसकरा पड़ा. उसे बैग सौंप कर जैसे ही मुड़ा, वह बोला, ‘‘शुद्धता की जांच होने के बाद जाइए.’’ मैं ठिठक कर रुक गया.

कुछ मिनटों में ही पुजारी का स्वर गूंजा, ‘‘भक्तगणों, सब शुद्ध मन से प्रार्थना करो. सब शुद्ध है.’’

यह सुन कर मैं चल पड़ा. घर पहुंच कर साधना से बोला, ‘‘उस ने मेरी शर्त मान ली है लेकिन मुझे लगता है कहीं वह घर जा कर अपना इरादा न बदल दे और 2 लाख रुपए हड़प कर जाए.’’

‘‘आप निश्ंिचत रहो. वह शर्त जरूर पूरी करेगी क्योंकि उसे 2 लाख रुपए का दाना मिल चुका है और बाकी 23 लाख रुपए उस की आंखों के सामने नाच रहे हैं. बस, उस के एसएमएस का इंतजार करो.’’

उस का एसएमएस आ गया. सुबह उस की तय की गई जगह पर वीडियो बना ली और उस को बाकी 23 लाख रुपए की रकम बैंक पहुंचते ही उस के आकउंट में डालने को कह कर मैं तुरंत अपनी पूर्व योजनानुसार टैक्सी से अपने जोनल औफिस, दिल्ली के लिए निकल पड़ा और अपना मोबाइल स्विच औफ कर लिया. औफिस पहुंचते ही जेडएम साहब से मिलने की स्लिप लगा दी. शीघ्र ही उन से मुलाकात हो गई.

‘‘सर, एक लड़की मुझे ब्लैकमेल कर रही है क्योंकि मैं ने उस का अयोग्य लोन पास नहीं किया है,’’ कहते हुए मैं ने वह वीडियो और फोटो दिखा दीं.

‘‘इन फोटो में तो आप क्लीयर नोट लेते हुए दिख रहे हो.’’

‘‘सर, यह लड़की बेहद शातिर दिमाग है, यह नोटों की गड्डियां मुझे देती हुई बोली थी, आप चैक कर के बता दीजिए, ये असली हैं या नकली? क्योंकि आप बैंक में हैं.’’

वीडियो देखते ही जेडएम साहब भड़क गए, ‘‘मिस्टर आनंद, आप बैंक में गरिमामय पद पर आसीन हैं और ऐसी आशोभनीय हरकत करते हुए आप को शर्म नहीं आई?’’

‘‘सर, जब विजिट के लिए मैं उस के घर गया तब उस ने कोल्डड्रिंक में कुछ ऐसा नशीला पदार्थ मिला दिया कि मुझे खुद ही होश नहीं रहा,’’ मैं ने सफाई देते हुए कहा.

‘‘फिर भी गलती आप की है. आप विजिट करने गए थे या कोल्डडिं्रक पीने?’’

‘‘सर, मानता हूं गलती मेरी है लेकिन जब हम कहीं जाते हैं तो सामने वाला चायकौफी या कोल्डडिं्रक तो हमारे लाख मना करने के बावजूद पिलाता है.

‘‘सर, इस प्रकरण में अगर मैं दोषी पाया जाऊं तो मैं सजा और बदनामी के लिए तैयार हूं लेकिन एक जिम्मेदार बैंक मैनेजर होने के नाते मैं ने उस का काम नहीं किया जो हमारी बैंक नीति के खिलाफ था. मैं ने भी पूरी सतर्कता बरतते हुए एक ऐसा वीडियो बना लिया है जिस से शायद मैं बेगुनाह साबित हो जाऊं.’’

वीडियो देख कर वे बोले, ‘‘अगर वह लड़की आप के खिलाफ शिकायत करती है तो शायद यह वीडियो आप के फेवर में काम करे,’’ फिर वे मुसकराते हुए बोले, ‘‘इस मामले में आप ने भी बड़ी होशियारी दिखाई है.’’

‘‘क्या करें सर, जब से इंटरनैट युग की शुरुआत हुई है तब से हर इंसान सजग और स्मार्ट हो गया है. बैंक मैनेजर की व्यथा कोई नहीं समझता. बैंक मैनेजर बैंक में तलवार की धार के नीचे काम करता है क्योंकि कोई भी जालसाजी, धोखाधड़ी, फ्रौड और डकैती जैसे संगीन अपराध होते हैं तो सब से पहले शक की सूई बैंक मैनेजर पर ही ठहरती है.’’

‘‘शायद आप ठीक कह रहे हैं क्योंकि मैं बैंक मैनेजर के पद पर भी रह चुका हूं. अगर वह लड़की आप के खिलाफ शिकायत करती है तो जांच कमेटी बैठेगी और वह ही फैसला करेगी कि दोषी कौन है आप या वह लड़की?’’

‘‘सर, वह लड़की शिकायत जरूर करेगी क्योंकि उस के अकाउंट में जब पैसा नहीं आएगा तब वह मुझे फोन करेगी और मैं पैसा देने से साफ इनकार कर दूंगा. ऐसे में वह तिलमिला कर मेरे खिलाफ शिकायत करेगी.’’

मैं शाम तक वापस घर आ गया. मोबाइल औन किया तो देखा उस की पचासों मिस्डकौल थीं. उस का फोन आ गया.

‘‘सर, क्या बात है? सुबह से आप का मोबाइल स्विचऔफ जा रहा है और सामान अभी तक ठिकाने पर भी नहीं पहुंचा है.’’

‘‘और न अब कभी पहुंचेगा. तुम्हें जो करना है, करो’’ मैं ने कड़क स्वर में कहा.

‘‘आप को अपनी शर्त याद है न. मैं आप को रातभर का समय दे रही हूं सोचने के लिए. सुबह बैंक खुलते ही मेरा काम कर देना, नहीं तो…’’

‘‘नहीं तो, क्या करोगी?’’

‘‘वह तो आप को भी पता है कि मैं क्या करूंगी. आप ने मेरे साथ धोखा किया है. अब आप अंजाम भुगतने के लिए तैयार हो जाइए,’’ वह जख्मी शेरनी की तरह दहाड़ी.

थोड़े दिनों बाद, जोनल औफिस से फोन आया, जांच कमेटी में मैं निर्दोष साबित हुआ था. मुझे गहरी साजिश के तहत फंसाया गया था. सब पूर्व नियोजित योजना के अनुसार रचा हुआ षडयंत्र था. वह वीडियो और फोटो भी उसी साजिश के हिस्सा थे. यह सब स्वयं मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया था. मुख्य आरोपी के साथसाथ इस में संलग्न सभी सहयोगी अपराधियों को भी सजा हुई. वह वीडियो और फोटो सब डिलीट कर दिए गए.

मेरे द्वारा साहसिक कदम उठाने की भी सराहना हुई कि मैं ने अपनी नौकरी और बदनामी की परवा न करते हुए एक जिम्मेदार बैंक मैनेजर का फर्ज अदा किया और जोनल औफिस में जा कर सबकुछ साफसाफ बता दिया.

इन सब का मुख्य आरोपी कौन था मीठी, उस की मां या कोई अन्य? यह एक रहस्य था और मेरे लिए जिज्ञासा.

अचानक मीठी का फोन आ गया, ‘‘सर, मैं बेकुसूर हूं. प्लीज, आप मुझ से मिलिए. पूरी सचाई बता कर अपने दिल का बोझ हलका करना चाहती हूं.’’

मैं खुद को रोक न सका और उस से मिलने जेल गया. वह मुझे देख कर फूटफूट कर रो पड़ी.

‘‘सर, मुझे यकीन था कि आप मुझ से मिलने जरूर आएंगे. अब मैं आप को सचाई बताती हूं. पहले सचाई क्यों नहीं बताई, यह सब आप को सुनने के बाद पता चल जाएगा. हम आगरा के नहीं, बल्कि अलीगढ़ के पास एक गांव के हैं. हम 2 बहनें हैं. 2 साल पहले हमारे मातापिता का देहांत एक बस दुर्घटना में हो गया था. हमारे सौतेले चाचा पिता की जायदाद चाहते थे, इसलिए वे हम दोनों बहनों को मजबूर कर रहे थे कि हम अपना हिस्सा उन के नाम कर दें. लेकिन हम ने ऐसा नहीं किया और चुपचाप गांव छोड़ कर अलीगढ़ आ गए.

‘‘हम ने एक छोटा सा कमरा किराए पर ले लिया. बहन ने कालेज में दाखिला ले लिया और मैं एक ब्यूटीपार्लर में काम करने लगी.

‘‘चाचा को हमारे रहने का ठिकाना पता चल गया और वे हमें परेशान करने लगे. चाचा से हमें नजात दिलाई हमारे मकानमालिक के बेटे मोहित ने. वह हमारी बहुत मदद करता था और मुझे बहन मानता था.

‘‘हमारा गुजारा मुश्किल से होता था. ब्यूटीपार्लर वाली आंटी ने मुझे पैसा कमाने का शौर्टकट रास्ता बताया और मुझे 50 प्रतिशत का साझीदार बनाया. मुझे आप से बैंक में मिल कर ब्यूटीपार्लर खोलने के लिए लोन, मां की बीमारी, गहने गिरवी रखवाना, धोखे से वीडियो और फोटो की कहानी उन्हीं ने रची. एक बार को तो मेरे मन में भी लालच आ गया लेकिन मेरी अंतरात्मा इस के लिए राजी नहीं हुई. मैं ने साफ इनकार कर दिया तो उन्होंने मेरी बहन को गायब करवा दिया और कहा, ‘अगर तुम यह काम नहीं करोगी तो तुम्हारी बहन को बेच दूंगी.’

‘‘अपनी बहन की खातिर मैं ने यह सब किया.’’

‘‘मतलब ब्यूटीपार्लर वाली ने तुम से यह सब करवाया और तुम्हारी मां का रोल भी अदा किया.’’

‘‘नहीं सर, वे आंटी भी बेकुसूर थीं. उन से भी कोई यह सब करवा रहा था. आंटी को फोन पर ही सब दिशानिर्देश दिया जाता था क्योंकि ऐसा न करने पर उन की बेटी के ऊपर तेजाब डालने की धमकी दी गई थी. उन के नानुकुर करने पर एक बार तो तेजाब डालने की कोशिश भी की गई थी. आंटी की इकलौती बेटी थी. आंटी मजबूर थीं.’’

‘‘तो फिर कौन करवा रहा था? तुम्हारा सौतेला चाचा?’’

‘‘नहीं, चाचा भी नहीं.’’

‘‘तो फिर तुम खुद ही होगी. तुम्हारी नीली आंखों की गहराई में न जाने कितने रहस्य छिपे हैं?’’

‘‘सर, यह सारी साजिश मेरी छोटी बहन और उस के बेरोजगार बौयफ्रैंड की रची हुई थी. दोनों 25 लाख रुपए मिलने के बाद भाग कर शादी करना चाहते थे.’’

‘‘वह लड़का कौन था?’’

‘‘वह मोहित है, वह और मेरी छोटी बहन दोनों ही जेल में हैं.’’

‘‘तुम जेल से छूट कर कहां जाओगी? और क्या करोगी?’’

‘‘अब मैं यहां से छूट कर सीधे अपने गांव जाऊंगी और अपने हक के लिए लड़ूंगी. पिता की जायदाद बेच कर आधा हिस्सा बहन को दे दूंगी और अपने हिस्से की रकम से एक प्रशिक्षण केंद्र खोलूंगी जिस में जरूरतमंद गरीब औरतों और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई, बुनाई आदि कार्यों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा,’’ यह कहते वक्त उस की नीली आंखों में एक चमक सी आ गई थी.

अनुपमा की जिंदगी में आएगा तूफान, मां को बर्बाद करेगा समर

रुपाली गांगुली और गौरव खन्ना स्टारर ‘अनुपमा’ इन दिनों काफी चर्चाओं में है. शो के मेकर्स टीआरपी लिस्ट में नंबर वन रहने के लिए काफी जद्दोजहद में लगे है. ‘अनुपमा’ को नंबर वन पर बनाए रखने के लिए मेकर्स भी लगातार नया-नया एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं, लेकिन शो का लेटेस्ट ट्रैक ने दर्शकों का दिमाग हिला कर रख दिया.

बीते दिन रुपाली गांगुली के ‘अनुपमा’ में देखने को मिला कि समर और डिंपल मालती देवी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन कर आते हैं. वहीं जब समर वापिस आकर बताता है कि उसने मालती देवी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है तो पूरा परिवार हैरान रह जाता है. हालांकि रुपाली गांगुली के ‘अनुपमा’ में आने वाले ट्विस्ट यहीं पर खत्म नहीं होते हैं.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Anupama (@rupali_gaurav__)

डिंपल पर बरसेगी किंजल

रुपाली गांगुली और गौरव खन्ना स्टारर ‘अनुपमा’ में देखने को मिलेगा कि समर ने मालती देवी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन करने पर सब लोग नराज हो जाते है. समर के इस फैसले से पूरा परिवार हैरान हो जाता है. बापूजी से लेकर तोषू तक समर को कहते हैं कि तू घर का अच्छा बच्चा है तो तू ये गलती कैसे कर सकता है. तोषू समर से कहता है कि गलतियां सिर्फ पाखी और तोषू करते हैं तू कैसे कर सकता है? इसपर डिंपल बीच में आ जाती है और तोषू के नकारा होने का मजाक बनाती है. ऐसे में किंजल का पारा चढ़ जाता है और वह डिंपल को चार बातें सुनाने लगती है.

अपने बाप को उल्टा जबाव देगा

रुपाली गांगुली और गौरव खन्ना स्टारर ‘अनुपमा’ में आगे देखने को मिलेगा कि तोषू के बाद वनराज समर से सवाल करेगा. ऐसे में परेशान होकर समर चिल्ला कर बोलता है कि मैं थक गया हूं अच्छा बच्चा बनकर. नहीं हूं मैं अच्छा बच्चा, मुझे मम्मी की तरह अपनी अच्छाइयों की कीमत नहीं चुकानी है. समर का यह रूप देखकर अनुपमा हैरान रह जाती है. वहीं दूसरी ओर समर मालती देवी के नुकसान के बारे में बात करता है, जिससे अनुज भड़क जाता है और कहता है कि लाकर दो मालती देवी के नुकसान का बिल, मैं अभी भर दूंगा.

RRKPK: आलिया भट्ट-रणबीर कपूर ने स्क्रीनिंग पर साथ में मारी एंट्री, देखें फोटो

बॉलीवुड एक्ट्रेस अलिया भट्ट और रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ सिनेमाघरों में 28 जुलाई को रिलीज हो रही है. वहीं अलिया भट्ट और रणवीर सिंह की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ फिल्म की एंडवास टिकट मंगलवार से बुक शुरु हो गई है. ऐसे में फिल्मी जगत की निगांहे इस शुक्रवार को रिलीज होने वाली फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ पर है पहल दिन ये फिल्म किनती कमाई करती है.

मुबंई में बॉलीवुड स्टार्स के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई. इस स्क्रीनिंग में कई सितारों ने शिरकत की. स्क्रीनिंग के दौरान आलिया भट्ट अपने पति रणबीर कपूर के साथ बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आई थीं. दोनों ने इस इवेंट में ग्रैंड एंट्री मारी थी.

आलिया भट्ट-रणबीर कपूर ने साथ में मारी एंट्री

अभी हाल ही में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की स्क्रीनिंग रखी गई थी, जिसमें कई सितारों ने अपने कदम रखें. वहीं सबका ध्यान आलिया भट्ट-रणबीर कपूर ने खींच लिया. रणबीर कपूर और आलिया भट्ट बेहद ही कूल लुक में दिखाई दिए. देखें इन कपल की तस्वीरें.

एक जैसी डैस पहनकर आलिया भट्ट और रणबीर कपूर पहुंचे

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में ये कपल काफी क्यूट लग रहा है. आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की स्क्रीनिंग पर साथ में एंट्री की. दोनो की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई है. वहीं रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने फिल्म की स्क्रीनिंग पर  एक जैसी टी-शर्ट पहने पहुंचे थे. इस इवेंट में रणवीर की तरह नजर आए.  आलिया और रणवीर की टीर्सट पर लिखा हुआ था, टीम ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’. तस्वीरों में काफी खुश दिखाई दे रही है आलिया. आलिया भट्ट की तस्वीरें उनके फैंस काफी शेयर कर रहे है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by raniiscoming👠💅 (@justforaliaa)

अलग अंदाज में दिखें रणवीर सिंह

‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ की स्क्रीनिंग पर रणवीर सिंह एक अलग ही अंदाज में नजर आए, लेकिन उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण इस इवेंट में नजर नहीं आई. सबकी नजर उनकी पत्नी पर थी, हालांकि अभिनेत्री ने फैंस को काफी नराज कर दिया. वहीं रेड करपेट पर विक्की कौशल और कैटरीना कैफ एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए. कैटरीना वाइट गाउन में बेहद खूबसूरत लग रही थी.

Monsoon Skincare Tips: ग्लोइंग स्किन के लिए फॉलो करें ये आसान टिप्स

मौनसून का मौसम चल रहा है बारिश होने से गर्मी कम हो जाती है लेकिन उमस बढ़ जाती है.मौनसून में अपनी त्वचा का खास ख्याल रखें. नमी के कारण स्किन पर कील, मुंहासे और ब्लैकहेड्स की समास्या उत्पन्न हो जाती हैं. स्किन की जुड़ी समास्याओं से निजात मिल सकता है इसके लिए आपको स्किन केयर रुटीन बनाना होगा. जिससे इन समास्याओं से छुटकारा मिल सके.

इसके अलावा आपकी खाने की आदतें, स्लीप शेड्यूल और आपकी लाइफस्टाइल से स्किन प्रॉब्लम कम करने में मदद करेगी. आज हम आपके लिए कुछ चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी स्किन के लिए हानिकारक साबित हो सकते है. इसलिए इन चीजों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए.

  1. आर्टिफिशियल स्वीटनर

ग्लोइंग स्किन के पाने के लिए सबसे पहले आप आर्टिफिशियल स्वीटनर का इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए. खाने के साथ-साथ पीने के पदार्थ में भी इसका उपयोग नहीं करना चाहिए. ये आपकी स्किन के लिए बेहद हानिकारक हैं. ये आपके ब्लड शुगर लेवल को असंतुलित कर देता है, साथ ही इसके सेवन से आपका वजन बढ़ने लगता है, जिससे स्किन समस्याएं होती है. तो वहीं कोल्ड ड्रिंक्स में सबसे ज्यादा शुगर पाया जाता है, इसलिए इसका सेवन करना स्किन प्रॉब्लम को बुलावा देना है.

2. हेल्थी फैट्स

अगर खाने में हेल्थी फैट्स का सेवन नही करेंगे तो स्किन प्रॉब्लम हो सकती है. इसलिए आपको ओमेगा-3 से भरपूर फूड्स जैसे- अखरोट, मैकरल फिश, सालमन फिश, चिया सीड्स आदि खाना चाहिए. ओमेगा-3 आपके दिल के साथ-साथ स्किन के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है.

3. डिटॉक्स ड्रिंक

मौनसून में डिटॉक्स ड्रिंक पीना आपकी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद होता है. यह स्किन को प्यूरिफाई करके हेल्दी रखती है. इसलिए आप विटामिन सी से भरपूर संतरे का जूस, लेमन शिकंजी, और वॉटर मेलन डिटॉक्स ड्रिंक के लिए सबसे बेस्ट है.

4. हाइड्रेट रहें

स्किन की सभी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए खुद को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है. इसलिए दिन में कम से कम 6 से 8 गिलास पानी जरूर पिएं. इससे बॉडी डीटॉक्स होती है औऱ स्किन भी साफ रहती है.

मां बनने पर सैक्स से दूरी क्यों

सुमन को लग रहा था कि उस की जिंदगी अब खत्म हो चुकी है. जिस आदमी से शादी करने के लिए उस ने अपने पूरे खानदान से लड़ाई मोल ली, जिस के लिए उस ने अपना शानदार कैरियर छोड़ दिया. अपना शहर छोड़ दिया, आज किसी और के साथ जिस्मानी संबंध बनाए बैठा है.

इस खुलासे ने सुमन को तोड़ कर रख दिया. अपनी दोस्त तसनीम से फोन पर अपना दुख सुना कर सुमन बहुत रोई. तसनीम सुमन की बचपन की दोस्त है. दोनों एकदूसरे से तमाम बातें शेयर करती हैं. सुमन और जगदीश ने जब परिवार वालों की मरजी के खिलाफ कोर्ट मैरिज की, तब भी गवाह के तौर पर तसनीम साथ खड़ी थी और जब सुमन ने उसे बताया कि जगदीश के संबंध किसी दूसरी औरत से हैं तो वह सहसा यकीन नहीं कर पाई.

एक बच्चे का बाप बनने के बाद जगदीश सुमन को धोखा कैसे दे सकता है? वह तो सुमन से बहुत प्यार करता है और अपने बच्चे पर तो जान छिड़कता है.

तसनीम ने सुमन से डिटेल में पूरी बात जाननी चाही तो सुमन ने बताया कि जगदीश के औफिस बैग की चोर पौकेट में उसे कंडोम का पैकेट मिला है, जबकि उन दोनों के बीच शादी के बाद कभी इस का इस्तेमाल नहीं हुआ.

दरअसल, सुमन को सब्जी वाले को खुले पैसे देने थे और उस के पास खुले पैसे नहीं थे. सुमन ने यह सोच कर जगदीश का बैग खंगाला कि किसी पौकेट से चेंज मिल जाए तो उस के हाथ कंडोम का पैकेट लग गया, जिसे देख कर उस के होश उड़ गए.

सुमन ने जगदीश के सामने वह पैकेट रख कर जवाब मांगा तो वह घबरा गया. उस के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगीं. एकाएक चोरी पकड़े जाने से जगदीश हड़बड़ा उठा और तेजी घर से बाहर निकल गया. देर रात जब लौटा तो सुमन उस पर फट पड़ी. बात बहुत बढ़ गई तो जगदीश ने भी उस से कह दिया कि जब घर में खाना न मिले तो आदमी कहीं तो भूख शांत करेगा.

आखिर सुमन के सामने बात पूरी तरह साफ हो गई कि जगदीश का किसी अन्य औरत से संबंध है. कई दिन से दोनों के बीच बातचीत बंद है. रिश्ते में दरार पड़ गई है. जगदीश अपने 6 माह के बच्चे से भी अब उस तरह नहीं खेलता जैसे पहले खेलता था. सुमन जब रोरो के थक गई तब उस ने अपना दर्द तसनीम को बताया.

गलती किस की

तसनीम और उस के पति हारून ने जगदीश को अपने घर बुला कर बात की तो जो वजह सामने आई उस में सुमन की गलती ज्यादा लगी. दरअसल, प्रैगनैंट होने के बाद से ले कर डिलिवरी तक सुमन और जगदीश अपने होने वाले बच्चे को ले कर बहुत खुश और उत्साहित थे. दोनों ने उस के लिए खूब शौपिंग भी की थी. पूरी प्रैगनैंसी में जगदीश ने सुमन का भरपूर खयाल रखा.

इस बीच जगदीश ने कभी सुमन से सहवास की मांग नहीं की. मगर बच्चे के 6 महीने का होने के बाद भी सुमन पति से दूर ही रहती है. कभी थकान का बहाना तो कभी बच्चे की देखभाल का. वह जगदीश के साथ संबंध बनाने को तैयार ही नहीं है. आखिर जगदीश अपनी इच्छाओं को कब तक मारता. वह तंग आ कर एक सैक्स वर्कर के घर जाने लगा. इन्फैक्शन वगैरह से बचने के लिए उस ने कंडोम रखना शुरू कर दिया.

जब तसनीम ने सुमन से उस की सैक्स लाइफ के बारे में पूछा तो वह बोली, ‘‘बेबी होने के बाद मेरा मन ही नहीं होता. अजीब वितृष्णा सी हो गई है. एक तो बच्चा सारी रात जगाता है. फिर दिन में घर का काम और बच्चे का काम उसे इतना थका देता है कि मुझे ऊपर से सैक्स बहुत बो?ा दिखाई देता है.’’

तसनीम ने जब जगदीश की जरूरत उसे सम?ाई तो सुमन को भी इस बात का एहसास हुआ कि गलती उस की भी है. डेढ़ साल से ऊपर हो गया मगर एक बिस्तर पर होते हुए भी दोनों एकदूसरे से कितनी दूर हो गए हैं.

अनेक कारण हैं

सुमन जैसी कहानी कई महिलाओं की है. बच्चा होने के बाद बहुत सारी महिलाओं से सैक्स ड्राइव मंद पड़ जाती है. वैसे तो डाक्टर्स गर्भावस्था के दौरान भी सैक्स से नहीं रोकते हैं जब तक महिला को कोई मैडिकल परेशानी न हो. नौर्मल डिलिवरी के 2 महीने बाद स्त्री का शरीर सहवास के लिए तैयार हो जाता है, मगर अनेक महिलाएं बच्चा होने के बाद सैक्स से दूर हो जाती हैं और उन के पति अपनी शारीरिक जरूरत पूरी करने के लिए बाहर भटकने लगते हैं.

आखिर बच्चा होने के बाद औरत सैक्स के लिए उस तरह क्यों तैयार नहीं हो पाती है जैसे पहले होती थी. इस के अनेक कारण हैं. गाइनोकोलौजिस्ट डा. नीना बहल कहती हैं, ‘‘डिलिवरी के बाद औरत के शरीर में बहुत बदलाव आते हैं. नौर्मल डिलिवरी हो या सिजेरियन, मां के शरीर में खून और ताकत की काफी क्षति होती है. फिर इस समय महिलाओं को हारमोनल बदलाव के कारण डिप्रैशन भी महसूस होता है. इस की वजह से नई मांओं में सैक्स ड्राइव कम हो जाती है. आमतौर पर यह देखने को मिलता है कि शिशु को जन्म देने के बाद अधिकतर महिलाओं की सैक्स में इच्छा बिलकुल नहीं होती है.

जिन के 1-2 बच्चे हो चुके होते हैं वे जिंदगी की दूसरी जरूरतों जैसे बच्चों की परवरिश, उन की पढ़ाई, उन्हें स्कूल से लाना ले जाना, उन के खाने, कपड़े का ध्यान रखना आदि में ज्यादा इन्वौल्व हो जाती हैं क्योंकि उन के पति इन कामों में उन की कोई मदद नहीं करते हैं. वे सोचते हैं कि बच्चा पैदा करने और पालने की जिम्मेदारी सिर्फ पत्नी की है. ऐसे में पत्नी पति को वक्त नहीं दे पाती है.’’

शारीरिक बदलाव और समय की कमी के अलावा भी कई कारण हैं जो महिलाओं में सैक्स के प्रति अरुचि पैदा करते हैं जैसे:

  1. थकान

दिनभर और रात में भी बारबार जाग कर शिशु की देखभाल में लगे रहने की वजह से अकसर मांओं को हर वक्त शारीरिक और मानसिक थकान बनी रहती है. डिलिवरी के बाद महिलाएं अपनी जिंदगी में बाकी चीजों पर ध्यान नहीं देती हैं और सारा समय अपने नवजात की देखभाल में लगी रहती हैं. इस से मांओं की यौनइच्छा में कमी आती है. पति को यह बात सम?ानी चाहिए कि उस की पत्नी ही सिर्फ मां नहीं बनी है बल्कि वह भी बाप बना है तो बच्चे के प्रति उस की भी कुछ जिम्मेदारी बनती है. अगर बच्चे की थोड़ी देर पति भी देखभाल कर ले तो पत्नी को रिलैक्स होने के लिए कुछ समय मिल जाएगा.

2. डिप्रैशन

कई महिलाएं डिलिवरी के बाद डिप्रैशन का शिकार हो जाती हैं. प्रसव के बाद स्ट्रैस, ऐंग्जाइटी और थकान सब मिल कर महिला के मानसिक स्वास्थ्य पर असर डालते हैं. इस से महिला की यौनइच्छा में कमी आती है. डिलिवरी के बाद शरीर में आए बदलावों, हारमोन, शिशु की जिम्मेदारी और पति के साथ रिश्ते में थोड़ी दूरी आने की वजह से मानसिक स्ट्रैस तो बढ़ ही जाता है, कभीकभी यह गहरे अवसाद का रूप भी ले लेता है. इस का सीधा असर सैक्स लाइफ पर पड़ता है. औरत में सैक्स की इच्छा तभी होती है जब उस का मन हलका और उमंग से भरा हो, शरीर में ऊर्जा महसूस हो और अपने पति से उसे प्रेम हो.

3. हारमोनल बदलाव और ब्रैस्ट फीडिंग

डिलिवरी के बाद हारमोनल लैवल में बहुत बड़ा बदलाव आता है. ऐस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरौन जैसे हारमोन तेजी से गिरते हैं जिस से नैचुरल लूब्रिकेशन की प्रक्रिया में गड़बड़ी होती है. इस से महिलाओं की यौनइच्छा में कमी आती है. ब्रैस्ट फीडिंग कराने वाली माताओं की यौनइच्छा में कमी आना आम बात है. ब्रैस्ट फीडिंग ऐस्ट्रोजन हारमोन बनाने को प्रभावित करता है और इस से महिलाओं में सैक्स के प्रति अरुचि पैदा होती है.

4. मोटापे की चिंता

प्रैगनैंसी के दौरान हर महिला का कम या ज्यादा वजन बढ़ता ही है. शरीर और लुक में आए इस बदलाव को देख कर अकसर महिलाएं टैंशन में रहती हैं. ऐसे मोठे थुलथुल शरीर को पति के सामने खोलने में उन्हें हिचकिचाहट होती है. वे इस चिंता में रहती हैं कि किस तरह जल्दी से जल्दी बढ़े वजन को घटा कर पहले जैसी शेप में आ जाएं. बढ़े वजन के कारण उन के मन में असुरक्षा और बौडी इमेज को ले कर चिंता घर कर लेती है. इस तरह के स्ट्रैस में होने पर भी सैक्स की इच्छा में कमी आती है.

अपनी सैक्स ड्राइव कम होने के संबंध में आप किसी ऐक्सपर्ट या फिर किसी सहेली की सलाह ले सकती हैं. इस बात का ध्यान रखें कि शिशु को जन्म देना एक खास एहसास है और इस के बाद आने वाले बदलावों में कोई बुरी बात नहीं है इसलिए अपने वेट या किसी और बौडी चेंज को ले कर चिंता करने की जरूरत नहीं है.

5. एकदूसरे को समझें

अगर महिलाएं खुद पर थोड़ा ध्यान दें, तो वे अपनी सैक्स लाइफ को फिर से पहले की तरह ऐंजौय कर सकती हैं. हारमोनल चेंज के कारण उत्पन्न अवसाद के लिए डाक्टर की सलाह पर दवा ली जा सकती है ताकि बदलाव पर कंट्रोल हो सके. इस के अलावा अपने पार्टनर से बात कर अपनी फीलिंग्स के बारे में बताएं. बच्चे की देखभाल में पति की भी मदद लें. पति को एहसास अवश्य कराएं कि बच्चे को पालना उनकी भी जिम्मेदारी है.

रात में बच्चे के रोने पर हर बार आप ही जागें यह जरूरी नहीं. आप का पार्टनर भी उठ कर बच्चे को सुला सकता है. इस से पति को आप की थकान का एहसास भी हो सकेगा.

इस तरह मिलजुल कर बच्चे की देखभाल करने से दोनों के बीच निकटता आएगी. आप एकदूसरे की फीलिंग्स से भी रूबरू होंगे और आप की सैक्स लाइफ पुन: पटरी पर लौट आएगी.

कोई उचित रास्ता: स्वार्थी रज्जी क्या अपनी गृहस्थी संभाल पाई?

‘‘मैं बहुत परेशान हूं, सोम. कोई मुझ से प्यार नहीं करता. मैं कभी किसी का बुरा नहीं करती, फिर भी मेरे साथ सदा बुरा ही होता है. मैं किसी का कभी अनिष्ट नहीं चाहती, सदा अपने काम से काम रखती हूं, फिर भी समय आने पर कोई मेरा साथ नहीं देता. कोई मुझ से यह नहीं पूछता कि मुझे क्या चाहिए, मुझे कोई तकलीफ तो नहीं. मैं पूरा दिन उदास रहूं, तब चुप रहूं, तब भी मुझ से कोई नहीं पूछता कि मैं चुप क्यों हूं.’’

आज रज्जी अपनी हालत पर रो रही है तो जरा सा अच्छा भी लग रहा है मुझे. कुछ महसूस होगा तभी तो बदल पाएगी स्वयं को. अपने पांव में कांटा चुभेगा तभी तो किसी दूसरे का दर्द समझ में आएगा.

मेरी छोटी बहन रज्जी. बड़ी प्यारी, बड़ी लाड़ली. बचपन से आज तक लाड़प्यार में पलीबढ़ी. कभी किसी ने कुछ नहीं कहा, स्याह करे या सफेद करे. अकसर बेटी की गलती किसी और के सिर पर डाल कर मांबाप उसे बचा लिया करते थे. कभी शीशे का कीमती गिलास टूट जाता या अचार का मर्तबान, मां मुझे जिम्मेदार ठहरा कर सारा गुस्सा निकाल लिया करतीं. एक बार तो मैं 4 दिन से घर पर भी नहीं था, टूर पर गया था. पीछे रज्जी ने टेपरिकौर्डर तोड़ दिया. जैसे ही मैं वापस आया, रज्जी ने चीखनाचिल्लाना शुरू कर दिया. तब पहली बार मेरे पिता भी हैरान रह गए थे.

‘‘यह लड़का तो 4 दिन से घर पर भी नहीं था. अभी 2 घंटे पहले आया और मैं इसे अपने साथ ले गया. बेचारे का बैग भी बरामदे में पड़ा है. यह कब आया और कब इस ने टेपरिकौर्डर तोड़ा. 4 दिन से मैं ने तो तेरे टेपरिकौर्डर की आवाज तक नहीं सुनी. तू क्या इंतजार कर रही थी कि कब सोम आए और कब तू इस पर इलजाम लगाए.’’

बीए फाइनल में थी तब रज्जी. इतनी भी बच्ची नहीं थी कि सहीगलत का ज्ञान तक न हो. कोई नई बात नहीं थी यह मेरे लिए, फिर भी पहली बार पिता का सहारा सुखद लगा था. मुझे कोई सजा-ए-मौत नहीं मिल जाती, फिर भी सवाल सत्यअसत्य का था. बिना कुछ किए इतने साल मैं ने रज्जी की करनी की सजा भोगी थी. उस दफा जब पिताजी ने मेरी वकालत की तब आंखें भर आई थीं मेरी. हैरानपरेशान रह गए थे पिताजी.

‘‘यह बेटी को कैसे पाल रही हो, कृष्णा. कल क्या होगा इस का जब यह पराए घर जाएगी?’’

स्तब्ध रह गया था मैं. अकसर मां को बेटा अधिक प्रिय होता है लेकिन मेरी मां ने हाथ ही झाड़ दिए थे.

‘‘चले ही तो जाना है इसे पराए घर. क्यों कोस रहे हो?’’

‘‘सवाल कोसने का नहीं है. सवाल इस बात का है कि जराजरा सी बात का दोष किसी दूसरे पर डाल देना कहां तक उचित है. अगर कुछ टूटफूट गया भी है तो उस की जिम्मेदारी लेने में कैसा डर? यहां क्या फांसी का फंदा लटका है जिस में रज्जी को कोई लटका डालेगा. कोई गलती हो जाए तो उसे मानने की आदत होनी चाहिए इंसान में. किसी और में भी आक्रोश पनपता है जब उसे बिना बात अपमान सहना पड़ता है.’’

‘‘कोई बात नहीं. भाई है सोम रज्जी का. गाली सुन कर कमजोर नहीं हो जाएगा.’’

‘‘खबरदार, आइंदा ऐसा नहीं होगा. मेरा बच्चा तुम्हारी बेटी की वजह से बेइज्जती नहीं कराएगा.’’

पुरानी बात है यह. तब इसी बात पर हमारा परिवार बंट सा गया था. तेरी बच्ची, मेरा बच्चा. पिताजी देर तक आहत रहे थे. नाराज रहे थे मां पर. क्योंकि मां का लाड़प्यार रज्जी को पहले दरजे की स्वार्थी और ढीठ बना रहा था.

‘‘समझ में नहीं आता सुकेश भी क्यों मेरी जराजरा सी बात पर तुनके से रहते हैं.’’

रज्जी अपने पति की बेरुखी का गिला मुझ से कर रही है. वह इंसान जो बेहद ईमानदार और सच्चा है. मैं अकसर मां से कहता भी रहता हूं. रज्जी को 24 कैरेट सोना मिला है. शुद्ध पासा सोना. और यह भी सच है कि मेरी बहन उस इंसान के लायक ही नहीं है जो निरंतर उस पासे सोने में खोट मिलाने का असफल प्रयास करती रहती है. लगता है उस इंसान की हिम्मत अब जवाब दे गई होगी जो उस ने रज्जी को वापस हमारे घर भेज दिया है.

‘‘इतना झूठ और इतनी दोगली बातें मेरी समझ से भी परे हैं. हैरान हूं मैं कि यह लड़की इतना झूठ बोल कैसे लेती है. दम नहीं घुटता इस का.’’

शर्म आ रही थी मुझे. कैसे उस सज्जन पुरुष से यह कहूं कि मुझ से क्या आशा करते हो. मैं तो खुद अपनी मां और बहन की दोगली नीतियों का भुक्तभोगी हूं.

‘‘आप ने इसे कैसे पाला है? क्या जरा भी ईमानदारी नहीं रोपी इस में?’’

लगभग रोने जैसी हालत थी सुकेश की उस पल. मैं उसे समझाबुझा कर घर से बाहर ले गया था. उस का मन पढ़ना चाहता था, विचित्र मनोस्थिति हो गई थी.

‘‘मैं तो डिप्रैशन का शिकार होता जा रहा हूं, सोम. मैं समझ नहीं पा रहा हूं इस लड़की को. हंसताखेलता हमारा परिवार इस के आने से छिन्नभिन्न हो गया है. कैसी बातें सिखाई हैं आप ने इसे. आप इसे समझाबुझा कर जरा सी तो इंसानियत सिखाइए. आप इसे सुधारने की कोशिश कीजिए वरना ऐसा न हो कि एक दिन मैं इस की जान ले लूं या अपनी…’’

सांस मेरी भी तो घुटती रही है आज तक. मेरी बहन है रज्जी. जब अपने खून की वजह से मैं सदा हैरानपरेशान रहा हूं तो सुकेश तो अलग खून है. अलग परवरिश. उस के लिए तो रज्जी एक सजा के सिवा और क्या होगी. हर साल राखी बांध कर रज्जी बहन होने की रस्म अदा करती रही है मगर मैं आज तक समझ नहीं पाया कि जरूरत पड़ने पर मैं इस लड़की की कैसे रक्षा कर पाऊंगा और इस ने मेरे सुख की कितनी कामना की होगी.

मेरी मां का वह मोह है जिस के चलते उन्हें रज्जी की बड़ी से बड़ी गलती भी कभी नजर नहीं आती. मेरे पिता मेरी मां को सही दिशा में लातेलाते हार गए और जिस पल उन्होंने अंतिम सांस ली थी उस पल मेरे कंधों पर इन दोनों की जिम्मेदारी डालतेडालते नजरों में एक असहाय भाव था, वही भाव जो सदा उन के होंठों पर भी रहा था कि पता नहीं कैसे तुम इन दोनों को सह पाओगे.

‘‘तू फिकर मत कर रज्जी, मैं मरी नहीं हूं अभी. सुकेश और उस के घर वालों को छठी का दूध न याद करा दिया तो मेरा नाम नहीं. रो मत बेटी.’’

स्तब्ध रह गया मैं. यह क्या कह रही हैं मां. रज्जी की भूलों पर परदा डाल कर सारा दोष सुकेश और उस के परिवार पर.

‘‘मेरी फूल जैसी बच्ची को रुला रहे हैं न वे लोग. उन की सात पुश्तों को न रुला दिया तो…’’

‘‘क्या करोगी तुम?’’ सहसा मैं ने सवाल किया.

चुप रह गई थीं मां. शायद इस धमकी के बाद उन्हें उम्मीद होगी कि मैं साथ चलने का आश्वासन दूंगा. मेरे सवाल की उन्हें आशा भी नहीं होगी.

‘‘और किस के पास जाओगी? क्या पुलिस में जा कर रिपोर्ट करोगी? क्या इलजाम लगाओगी सुकेश पर? यही कि वह अपनी पत्नी से ईमानदारी की आस रखता है. सच बोलने को कहता है और कहता है घर में राजनीति का खेल न खेले. रज्जी के सात खून भी माफ और सामने वाला सिर्फ इसलिए दोषी कि उस ने सांस जरा खुल कर ले ली थी या बात करते हुए उसे छींक आ गई थी.’’

मुंह खुला का खुला रह गया रज्जी और मां का.

‘‘जिस भंवर में आज रज्जी है उस की तैयारी तो तुम बचपन से कर रही हो. पिताजी इसी दिन से डर कर सदा तुम्हें समझाते रहे कि इसे इस तरह न पालो कि इस का भविष्य ही अंधकारमय हो जाए. मां, यह घर तुम्हारा है, यहां तुम्हारा राजपाट चल सकता है. तुम रज्जी को गलतसही जो चाहे सिखाओ मगर वह घर तुम्हारा नहीं है जहां रज्जी को सारी उम्र रहना है. इंसान भूखा रह कर जी सकता है, आधी रोटी से भी पेट भर सकता है मगर हर पल झूठ नहीं पचा सकता.

‘‘राजनीति एक गंदा खेल है जिस में कोई भी शरीफ आदमी जाना नहीं चाहता क्योंकि वह चैन से जीना चाहता है. इसी तरह सुकेश और उस का परिवार सीधासादा, साफसुथरा जीवन जीना चाहता है जिसे रज्जी ने राजनीति का अखाड़ा बना दिया है. जबजब गृहस्थी में दांवपेंच और झूठ का समावेश हुआ है तबतब घर उजड़ा है. रज्जी का घर बचाना चाहती हो तो इसे जलेबियां पकाना मत सिखाओ. गोलमोल बातें रिश्तों को सिर्फ उलझाती हैं.’’

मैं नहीं जानता कि मेरी बातों का असर था या अपना घर टूट जाने का डर, रज्जी स्वयं ही अपने घर वापस चली गई. रज्जी जैसा इंसान अपने अधिकार के प्रति बड़ा जागरूक होता है. पहले दरजे का स्वार्थी चरित्र जिस की नजर अपने अधिकार के साथसाथ दूसरे की चीज पर भी रहती है. सुकेश का फोन आया मेरे पास. पता चला रज्जी ने सब से माफी मांग ली है और भविष्य में कभी झूठ बोल कर घर में अशांति नहीं फैलाएगी, ऐसा वादा भी किया है. पता नहीं क्यों मुझे विश्वास नहीं हो रहा रज्जी पर. मेरी चाहत तो यही है कि मेरी बहन सदा सुखी रहे लेकिन भरोसा रत्ती भर भी नहीं है उस पर.

कुछ दिन आराम से बीत गए. सब शांत था, सब सुखी थे लेकिन दबी आग एक दिन विकराल रूप में सामने चली आएगी, यह किसी ने नहीं सोचा होगा, परंतु मुझे कुछकुछ अंदेशा अवश्य हो रहा था. पता चला सुकेश ने डिप्रैशन में कुछ खा लिया है. पतिपत्नी में फिर से कोई तनाव था. जब तक हम अस्पताल पहुंचते बहुत देर हो चुकी थी. सुकेश बेजान कफन में लिपटा सामने था.

आत्महत्या का केस था जिस वजह से पोस्टमार्टम जरूरी था. रज्जी ने विलाप करते हुए जो कहानी सब को सुनाई उस से तो सुकेश के मातापिता और ननद हक्केबक्के रह गए. रज्जी ने बताया कि उस की ननद चरित्रहीन है जिस की शरम में उस का पति जहर खा कर मर गया. बेटा तो गया ही गया बच्ची का मानसम्मान भी रज्जी ने धूल में मिला दिया. जीतेजी मर गया वह परिवार. मेरी मां ने भी दिल खोल कर रज्जी की ननद को कोसा.

शोक के साथसाथ बदहवास था सुकेश का परिवार. सत्य क्या होगा मैं समझ सकता हूं. बुरा हो मेरी मां का, मेरी बहन का जिन्हें झूठ बोलने से जरा भी डर नहीं लगता. मरने वाले की मिट्टी का इस से बड़ा अपमान, इस से बड़ा मजाक क्या होगा जिस की आत्महत्या का रंग उस की निर्दोष बहन के चेहरे पर कालिख बन कर पुत गया.

ऐसा क्या किया सुकेश ने? आत्महत्या क्यों की? मारना ही था तो रज्जी को मार डालता. सुकेश का दाहसंस्कार हुआ और उसी चिता में मेरा, मेरी मां और बहन के साथ जन्मजात रिश्ता भी जल कर राख हो गया. अच्छा नहीं किया रज्जी ने. अपना घर तो जलाया, अपनी ननद का भविष्य भी पाताल में धकेल दिया. श्मशान भूमि में खड़ा मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि कहां जाऊं? मेरा घर कहां है? क्या वह मेरा घर है जहां मेरी विधवा मां, विधवा बहन रहती है जिन के साथ हर किसी की सहानुभूति है या कहीं और जहां मैं अकेला रह कर चैन से जीना चाहता हूं?

सच्चा भय था मेरे पिता की आंख में जब उन की मृत्यु हुई थी. सच है, मैं इन दोनों के साथ नहीं जी सकता. नहीं रह पाऊंगा अब मैं इन दोनों के साथ. किसी के हंसतेखेलते परिवार से उन का जवान बेटा छीन कर उस के परिवार का तमाशा बना दिया, कौन सजा देगा इन दोनों को? किसी भी परिवार के अंदर की कहानी भला कानून कैसे जान सकता है जो इन्हें कोई सजा मिले. सजा तो मिलनी चाहिए इन्हें, किसी का सहारा छीना है न इन्होंने, अब इन का भी सहारा छिन जाए तो पता चले आग का लगना, घर का जलना किसे कहते हैं.

सुकेश की पीड़ा मेरी पीड़ा बन कर मेरा भीतरबाहर सब जला रही है. मैं उस से आंखें कैसे मिलाऊं? क्या होगा उस की बहन का, क्या होगा उस के मांबाप का?

औफिस के काम के बहाने मैं कितने ही दिन अपने घर नहीं गया. अपने अभिन्न मित्र के घर पर रहने लगा जो मेरी सारी की सारी समस्या समझता था. कुछ दिन बीत गए. मेरे घर हो कर आया था वह.

‘‘सुकेश के मातापिता का गुजारा तो उन की पैंशन से हो जाएगा लेकिन तुम्हारी मां का क्या होगा? अब तो रज्जी भी वापस आ गई है. सुकेश के घर वालों ने उसे वापस नहीं लिया. शहरभर में उन की बेटी की बदनामी हो रही है और तुम सचाई से मुंह छिपाए मेरे घर पर रह रहे हो?’’

‘‘सचाई क्या है, यह सारा शहर जानता है. सचाई तो वही है जो रज्जी ने सब को दिखाई है. मेरी मां जो कह रही हैं, दुनिया तो उसी को सच कह रही है. मैं किस सचाई से मुंह छिपाए बैठा हूं, क्या तुम नहीं जानते हो? सुकेश की बहन बदनाम हो गई मेरे परिवार की वजह से. मैं तो इस सचाई से नजरें नहीं मिला रहा. वह सीधीसादी सी मासूम लड़की सिर्फ इस दोष की सजा भोग रही है कि रज्जी उस की भाभी है. क्या कुसूर है उस का? सिर्फ यही कि वह सुकेश की बहन है.’’

‘‘एक बार दोनों परिवारों से मिलो तो, सोम. दोनों की सुनो तो सही.’’

‘‘अपने परिवार की तो कब से सुन रहा हूं. बचपन से मैं ने भी वही भोगा है जो सुकेश और उस का परिवार भोग रहा है. अपनी मां और अपनी बहन की नसनस जानता हूं मैं. सुकेश ने इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया, वह उस के परिवार से ज्यादा कौन जानता है? मेरी तो वे सूरत भी देखना नहीं चाहेंगे. तुम सुकेश के मित्र बन कर वहां जाओ, पता तो चले क्या हुआ. मेरा एक और काम कर दो, मेरे भाई.’’

मान गया वह. औफिस के बाद वह सुकेश के घर से होता आया. मेरी तरह वह भी बेहद बेचैन था. बोला, ‘‘रज्जी को तो राजनीति में होना चाहिए था, कहां आप लोगों ने उस की शादी कर दी.’’

सांस रोक कर मैं ने उस की बात सुनी. वह आगे बोला, ‘‘कुछ दिन से सब ठीक चल रहा था. बड़े प्यार से रज्जी ने सब के मन में जगह बना ली थी. सीधासादा परिवार उस की सारी आदतें भुला कर उस पर पूर्ण विश्वास करने लगा था. सुकेश की बहन का सारा गहना उस ने अपने लौकर में रखवा लिया था. सुकेश की मां ने भी अपनी सारी जमापूंजी बहू को यानी रज्जी को दे दी ताकि वह ठीक से संभाल सके.

‘‘कुछ दिन पहले उन्हें किसी शादी में जाना था. ननद, भाभी लौकर से गहने निकालने गईं. वापसी पर ननद किसी काम से अपने कालेज चली गई. कुछ विद्यार्थी एक्स्ट्रा क्लास के लिए आने वाले थे. लगभग 3 घंटे बाद जब वह घर आई तो हैरान रह गई, क्योंकि रज्जी ने घर वालों को बताया कि गहने उस के पास हैं ही नहीं. घर में बवाल उठा. सारा का सारा इलजाम उस की ननद पर कि वही सारे के सारे गहने समेट कर किसी के साथ भाग जाने वाली है. तनाव इतना बढ़ गया कि सुकेश ने कुछ खा लिया.’’

‘‘कालेज में प्राध्यापिका है वह. पढ़ीलिखी सुलझी हुई लड़की. उसे भला भागने की क्या जरूरत थी. भागना तो रज्जी को था सब समेट कर. कुछ ऐसा होगा, इस का अंदेशा था मुझे लेकिन सुकेश आत्महत्या कर लेगा, यह नहीं सोचा था. सुकेश रज्जी की वजह से डिप्रैशन में रहने लगा था कुछ समय से. सच पूछो तो इंसान डिप्रैशन में जाता ही तब है जब उस के अपने उस के साथ धोखा करते हैं या उसे समझने की कोशिश नहीं करते. बाहर वालों की गालियां भी खा कर इंसान इतना विचलित नहीं होता जितना अपनों की बोलियां उसे परेशान करती हैं. परिवार में एक स्वस्थ माहौल की जगह लागलपेट और हेराफेरी चले तो इंसान डिप्रैशन में ही तो जाएगा. ऐसा इंसान आखिर करेगा भी तो क्या?’’

‘‘अब क्या करेगा तू, सोम?’’

समझ नहीं पा रहा हूं, क्या करूं? पर इतना सच है कि मैं रज्जी और मां के साथ नहीं रह पाऊंगा. मेरा जीवन एक दोराहे पर आ कर रुक गया है. दोराहा भी नहीं कह सकता. एक चौराहा समझो. मां और रज्जी के साथ रहना भी नहीं चाहता, सुकेश का परिवार मेरी सूरत से भी नफरत करेगा, आत्महत्या को कायरता समझता हूं और चौथा रास्ता है घर से दूर का तबादला ले कर इन दोनों को ही पीठ दिखा दूं. क्या करूं? पीठ ही दिखाना ठीक रहेगा. लड़ नहीं सकता.

कुछ रिश्ते इस तरह के होते हैं जिन से लड़ा नहीं जा सकता, जिन से न हारा जाता है न ही जीतने में खुशी या संताप होता है. इन से दूर चला जाऊं तो क्या पता इन्हें सुकेश के मांबाप की पीड़ा का जरा सा एहसास हो. क्या करूं, मैं समझ नहीं पा रहा, कोई भी रास्ता साफसाफ नजर नहीं आता. क्या आप बताएंगे मुझे कोई उचित रास्ता?

मौनसून की सीलन से बचने के लिए ट्राय करें ये 7 टिप्स

मौनसून में घर का ख्याल सबसे जरूरी होता है, क्योंकि बीमारियों की शुरूआत घर से ही होती है. बारिश से घर में नमी हो जाती है, जिससे फर्नीचर, सोफा के कवर, ज्वैलरी, गैजेट्स और इलेक्ट्रौनिक सामान का खराब होने का खतरा रहता है. पर थोड़ी सावधानी रखकर आप अपने घर के सामान को सीलन से बचा सकते हैं. इसीलिए आज हम आपको बारिश के मौसम में कैसे अपने घर की अलग-अलग चीजों की सुरक्षा करें इसके बारे में टिप्स के बारे में बताएंगे…

1. कपड़े और अलमारी का ख्याल है सबसे जरूरी

बारिश के मौसम में कपड़ों को पूरी तरह से सुखाना एक आम समस्या है, जो ज्यादातर घरों के लोग झेलते हैं. अगर कपड़े अच्छी तरह से नहीं सूखते हैं तो उनसे अजीब तरह की बदबू आती है, जो अगली धुलाई तक नहीं जाती. अपनी अलमारी को नमी मुक्त रखने के लिए उसमें कपूर की गोलियां रखें, जो नमी सोखती हैं.

बारिश में आप अपनी अलमारी साफ नहीं रखते हैं तो उसमें फफूंद लग सकता है, जिससे अलमारी से तेज बदबू आने लगती है. दाग-धब्बे हमेशा साफ करते रहें. अलमारी में कपड़े तभी रखें, जब वे अच्छी तरह से सूख जाएं.

2. मौनसून में दीमक से बचाएं लकड़ी के फर्नीचर

कीड़े-मकोड़े और दीमक बारिश के दिनों में बड़ी समस्या होते हैं. कपूर की गोलियों, लौंग और नीम की पत्तियों के जरिए आप इन्हें दूर रख सकते हैं. अगर आप इस मौसम में नया फर्नीचर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो फफूंद और दीमक रोधी फर्नीचर ही लें.

अगर आप कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो फर्नीचर को प्लास्टिक के कवर से ढक दें, ताकि उनमें नमी न लगे. फर्नीचर को साफ रखना भी बेहद जरूरी है. तापमान में होने वाले बदलावों और नमी से उनकी सुरक्षा करने के लिए आप ग्लिसरीन और मिट्टी के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर लकड़ियां पानी से फूल जाती हैं तो एसिटोन का इस्तेमाल करें. यह पानी जल्दी सोख लेता है. लकड़ी की चीजों को पोंछने के लिए सूखे कपड़े का प्रयोग सुनिश्चित करें

3. जूते-चप्पल की रैक में लगाएं बल्ब

समय-समय पर जूते-चप्पलों की अलमारी की सफाई करते रहें. जूते-चप्पल बड़ी मात्रा में नमी सोखते हैं और इन्हें गीला पहनने पर पैरों में संक्रमण होने का खतरा रहता है. अलमारी में कम पावर का बल्ब लगाएं, ताकि उससे निकलने वाली गर्मी जूते-चप्पलों से नमी सोखती रहे.

4. पर्दे और कालीन को रखें क्लीन

बारिश के मौसम में कालीन का इस्तेमाल न करें. उन्हें मोड़कर अलमारी में रख दें. हालांकि अगर आपको वाकई कालीन के इस्तेमाल की जरूरत महसूस होती है तो उन्हें सूखा रखने कोशिश करें. कालीन पर चलने से पहले पैर अच्छे से पोंछ लें.

अगर आपकी कालीन पर धूल-मिट्टी लग जाए तो उसे ब्रश से अच्छे से झाड़ें और धोएं. परदों को मोड़कर डोरी से बांध दें. गीला होने पर उनसे तेज बदबू आ सकती है. साथ ही यह बीमारियों को भी दावत दे सकता है. पर्दों पर धूल-मिट्टी जम जाती है, इसलिए समय-समय पर उन्हें धुलते रहें. धूप निकलने पर पर्दे, कालीन और रग को बाहर जरूर सुखाएं

5. अच्छी क्वौलिटी के चमड़े के सोफा कवर लगाएं

सोफे पर अच्छी क्वालिटी के चमड़े के कवर लगवाएं. 15 दिन में एक बार कवर को अच्छी तरह से साफ करें. उन्हें सूखे-मुलायम कपड़े से पोंछें. कवर चमकाने के लिए मॉश्चराइजर का इस्तेमाल करें. रूई का एक टुकड़ा लें और मॉश्चराइजर में डुबोकर कवर को अच्छी तरह से पोंछें. चमड़े के कवर में फफूंद न लगे, इसके लिए साल में दो से तीन बार उन्हें डेटौल और पानी से धोएं

6. मौनसून में रखें ज्वैलरी का ख्याल

नकद और सोने, चांदी व अन्य धातु की वस्तुओं को रूई में लपेटकर साफ पन्नी में रखें. मानसून में चांदी के गहने अक्सर काले पड़ जाते हैं. उनकी चमक बनाए रखने के लिए बटर पेपर का इस्तेमाल करें. बाद में उसे एब्रेसिव लिक्विड से भी साफ कर सकते हैं.

7. होम गैजेट्स का रखें ध्यान

मोबाइल फोन्स, कैमरा और आई-पॉड को बारिश से बचाने के लिए प्लास्टिक की पन्नी या कवर का इस्तेमाल करें. म्यूजिक सिस्टम, स्पीकर, कंप्यूटर और लैपटॉप को इस्तेमाल के बाद प्लास्टिक से ढक दें. घर को संक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित रूप से सफाई करते रहें. घड़ों, बाल्टी और कूलर का पानी समय-समय पर बदलते रहें.

नीली आंखों के गहरे रहस्य: भाग-3

मीठी मेरी बांहों में थी. उस ने कोई विरोध नहीं किया. मैं जैसे ही और आगे बढ़ने लगा तो उस ने रोक दिया, ‘‘प्लीज सर, आज नहीं, फिर कभी जब आप चाहें,’’ कहती हुई उस ने खुद को अलग कर लिया और मैं हड़बड़ा कर संभल गया.

‘‘अच्छा, अब मैं चलता हूं, दिल्ली पहुंचते ही अपनी मां की तबीयत के बारे में फोन पर जरूर बताती रहना. अगर तुम कहो तो मैं सुबह तुम्हारे साथ दिल्ली चलूं,’’ अपनापन और आत्मीयता दर्शाते हुए मैं ने कहा.

‘‘नहीं सर, मैं सबकुछ मैनेज कर लूंगी. एंजियोप्लास्टी के बाद मैं किसी तरह पैसों का जुगाड़ कर के गहने छुड़ा लूंगी. मैं नहीं चाहती कि मम्मी को गहनों के बारे में कुछ पता चले.’’

मैं उस के घर से निकला तो घर पहुंचतेपहुंचते 11 बज चुके थे. साधना हैरानपरेशान थी. मुझे देखते ही उस की सांस में सांस आई, ‘‘मेरी तो जान ही निकल गई थी और ऊपर से आप का मोबाइल स्विच औफ…’’

‘‘और फिर जमाना भी ठीक नहीं है,’’ उस के आगे कुछ और बोलने से पहले मैं ने कहा तो वह मुसकरा पड़ी.

‘‘हां, सच ही तो कहती हूं कि जमाना ठीक नहीं है. चलो, अब जल्दी से चेंज करो, मैं खाना गरम करती हूं,’’ कहती हुई वह रसोई में चली गई.

उस ने खाना लगा दिया. लेकिन मेरा मन खाने में नहीं, बल्कि उस नीली आंखों वाली में लगा था. आज कितना अच्छा मौका हाथ से फिसल गया. मुझे कोफ्त हुई. चलो, फिर कभी सही. उस ने औफर तो कर ही दिया है, सोच कर मन में गुदगुदी सी हो गई.

दूसरे दिन बैंक गया. मन खुशगवार था. शाम को ही उस का फोन आ गया, ‘‘सर, मम्मी की एंजियोप्लास्टी हो गई है. वे अब ठीक हैं. 2 दिन यहीं रहना पड़ेगा, तीसरे दिन आ जाएंगे.’’

इन 2 दिनों फोन पर हमारी नियमित बातें होती रहीं. ऐसा लगा जैसे हमारा परिचय पुराना है.

जब वे लोग अलीगढ़ वापस आए तो मैं उस की मां को देखने उस के घर गया. मां को देखने का तो मात्र बहाना था.

उस की मां ने मेरा आभार प्रकट किया, ‘‘आनंदजी, आप ने 3 लाख रुपए हमें वक्तजरूरत पर उधार दे कर बहुत बड़ा उपकार किया है. हम जल्दी से जल्दी आप के रुपए लौटा देंगे.’’

‘‘अरे नहींनहीं, इतनी भी कोई जल्दी नहीं है. जब व्यवस्था बन जाए तब दे देना,’’ मैं ने सांत्वना दी.

उस रोज पहली बार मैं ने उस के घर में चाय पी. दूसरे दिन भी उस से फोन पर हलकीफुलकी औपचारिक बातें हुईं.

तीसरे दिन सुबह ही उस का फोन आया, ‘‘सर, आज मैं बहुत खुश हूं.’’

‘‘क्या कोई लौटरी खुल गई है?’’ मैं ने चुटकी ली.

‘‘हां सर, हमारे समय की लौटरी खुल गई है.’’

‘‘साफसाफ बताओ, आखिर माजरा क्या है?’’

‘‘सर, फोन पर नहीं बता सकती. आज शाम 6 बजे आप मुझ से सैंटर पौइंट के कौफीहाउस में मिलो.’’

मुझे दाल में कुछ काला नजर आया, ‘‘घर पर क्यों नहीं?’’

‘‘सर, खबर ही कुछ ऐसी है. मम्मी की अभी एंजियोप्लास्टी हुई है. सुन कर वे खुशी बरदाश्त नहीं कर सकेंगी. मैं नहीं चाहती कि उन्हें कुछ भी तकलीफ हो.’’ उस का जवाब सुन कर मैं संतुष्ट हो गया.

बैंक की ड्यूटी करने के बाद मैं सीधे सैंटर पौइंट के कौफीहाउस पहुंच गया. वह मेरा इंतजार कर रही थी. खुशी उस के चेहरे से साफ झलक रही थी. सच में, जब इंसान अंदर से खुश होता है तो उस के चेहरे का नूर बढ़ जाता है. वह पहले से अधिक हसीन और जवान नजर आ रही थी. उसे देख कर लगा, शायद आज मेरी हसरत पूरी हो जाएगी.

‘‘सर, प्लीज बैठिए,’’ कहती हुई उस ने 2 कप कौफी का और्डर कर दिया.

‘‘क्या बात है मीठी, आज तो तुम कोयल की तरह चहक रही हो?’’ मैं ने शरारती लहजे में कहा.

‘‘आज खुशी ही ऐसी मिली है कि मैं कोयल की तरह चहक रही हूं और मोरनी की तरह नाच रही हूं.’’

‘‘बताओ तो सही. या यों ही चहकती रहोगी?’’

‘‘सर, कल पापा का फोन आया था.’’

‘‘क्या?’’ मैं अचानक चौंक पड़ा, ‘‘लेकिन उन्होंने तो तुम दोनों से रिश्ता ही खत्म कर लिया था.’’

‘‘हां, यह सच है लेकिन पापा मुझ से बहुत प्यार करते हैं. जब मैं पैदा हुई थी, उन की तरह मेरी भी नीली आंखें थीं. मम्मी को बताए बगैर हम बापबेटी फोन पर बात करते रहते थे. मैं ने उन्हें मम्मी की तबीयत के विषय में नहीं बताया था लेकिन कल उन्होंने बेचैनीभरे स्वर में पूछा, ‘मीठी, ममता कैसी है? सपने में मैं ने उसे बहुत तकलीफ में देखा है’.

‘‘मैं कुछ छिपा न सकी और उन्हें सबकुछ सचसच बता दिया. उन्होंने तुरंत अपने किसी भारतीय मित्र से कह कर मेरे अकाउंट में 3 लाख रुपए डलवा दिए और बोले, ‘मीठी, मैं तुम दोनों का गुनाहगार हूं, तुम से माफी मांगता हूं. मेरे और सेरेना के बीच कुछ अच्छा नहीं चल रहा. मुझे तुम दोनों की बहुत याद आती है. सेरेना से तलाक ले कर मैं तुरंत भारत आ जाऊंगा. फिर हम सब साथ रहेंगे पहले की तरह. मैं ने पैसा भी खूब कमा लिया है.’’

वह अपने पर्स में से नोटों की गड्डियां निकाल कर मुझे देती हुई बोली, ‘‘ये पूरे 3 लाख रुपए हैं. आप मेरे गहने ले आइए.’’

नोटों की गड्डियां मेरे हाथों में थीं. समस्या यह थी कि मैं इन्हें रखूं कहां? मुझे उलझन में देख कर वह बोली, ‘‘मैं काउंटर से एक कैरी बैग ले कर आती हूं.’’

उस के जाते ही मैं ने तुरंत नोटों की गड्डियों को अच्छी तरह उलटपलट कर देखा और खुद को आश्वस्त कर लिया कि वे असली ही हैं और पूरे 3 लाख हैं.

रुपए ले कर ज्वैलर के यहां जाने लगा तो सोचा, यहां से उस की दुकान दूर है, रात का समय है, कल लंचटाइम में उस को पैसा दे आऊंगा और गहने ले कर, बैंक के बाद शाम को मीठी के घर दे आऊंगा. पैसों के विषय में साधना से कह दूंगा कि एक परिचित के हैं. बैंक में जमा कराने आए थे लेकिन देरी की वजह से जमा न हो सके. कल जमा कर दूंगा.

घर पहुंचतेपहुंचते रात हो गई थी. साधना गुस्से में बैठी थी. मैं जानता था कि देर से आने की वजह से यह गुस्सा है. मैं ने उसे मनाने के उद्देश्य से कहा, ‘‘मानता हूं जमाना ठीक नहीं है लेकिन एक पार्टी के साथ मीटिंग में इतना व्यस्त हो गया कि तुम्हें फोन भी न कर सका.’’

‘‘आप की पार्टी तो बहुत खूबसूरत होती हैं.’’

‘‘तुम्हारे कहने का मतलब क्या है?’’ मैं थोड़ा सकपका गया.

‘‘ईमानदार बैंक मैनेजर साहब, मेरे कहने का मतलब यह है कि आप ने एक लड़की को लोन दिलाने के एवज में रिश्वत ली है.’’

‘‘तुम्हारा दिमाग तो नहीं खराब हो गया है. मैं ने कोई रिश्वतविश्वत नहीं ली है.’’

‘‘तो फिर इस कैरीबैग में क्या है?’’

‘‘इस में तो एक परिचित के पैसे हैं. कल बैंक में जमा करने हैं. आज वे देर से आए थे.’’

‘‘अब आप एक झूठ छिपाने के लिए और झूठ मत बोलो. वह बेचारी तो आत्मनिर्भर बनने के लिए अपना ब्यूटीपार्लर खोलना चाहती थी, इसलिए आप के बैंक से लोन लेना चाहती थी. और आप ने उस का लोन पास करवाने के लिए रिश्वत ली. उस वक्त कहां सैर करने चले गए थे आप के गांधीवादी विचार?’’

‘‘तुम से किस ने कहा?’’

‘‘मैं ने खुद अपनी आंखों से देखा सैंटर पौइंट के कौफीहाउस में.’’

यह सुन कर मेरे होश उड़ गए. साधना गुस्से की वजह से सोफे पर लेट गई. उस ने खाना तो दूर, चायपानी तक को न पूछा. मैं सिर पकड़ कर बैठा था, आखिर साधना को खबर किस ने की? तभी व्हाट्सऐप पर एक वीडियो आया जिस में मेरी और मीठी की वही प्रणयदृश्य वाली क्लिपिंग थी जो उस के घर पर क्षणिक आवेश में हुआ था. अभी मैं यह देख ही रहा था कि व्हाट्सऐप पर वे फोटो भी आ गए जिन में मीठी मुझे नोटों की गड्डियां दे रही है.

मैं सन्न रह गया. तो यह सब करतूत मीठी की है. गुस्से में उसे फोन लगाने लगा लेकिन उस से पहले ही एक अंजान नंबर से फोन आया, ‘‘सर, आप ने व्हाट्सऐप पर वीडियो और फोटो तो देख लिए हैं. इन्हें डिलीट करने के लिए सिर्फ 25 लाख रुपए आप मेरे अकाउंट में डाल दीजिए. अपना अकाउंट नंबर आप को मैसेज कर दूंगी,’’ कह कर फोन काट दिया.

यह आवाज तो मीठी की नहीं थी लेकिन मुझे विश्वास था कि यह करतूत उसी की है. मुझे खुद पर गुस्सा आया. इतनी सावधानी, सतर्कता और चतुराई बरतने के बावजूद मैं उस फ्रौड लड़की के जाल में फंस गया. इधर, साधना की नजरों में भी गिर गया. ‘न घर का न घाट का’ जैसी स्थिति हो गई मेरी. मैं फूटफूट कर रो पड़ा.

रोता देख कर शायद साधना को मुझ पर तरस आ गया, आ कर बोली, ‘‘मैं कहती थी न, जमाना ठीक नहीं है. यह सुन कर आप हंसते थे लेकिन पता नहीं क्यों आप को इस तरह रोता देख कर मुझे ऐसा लग रहा है कि आप बेकुसूर हो, आप को फंसाया गया है. प्लीज, मुझे सबकुछ साफसाफ बताओ.’’

‘‘साधना, तुम्हें कैसे पता चला कि मैं सैंटर पौइंट के कौफीहाउस में हूं.’’

‘‘शाम को 4 बजे के लगभग एक लड़की का फोन आया था. उसी ने बताया और मुझे कौफीहाउस पहुंचने को कहा था. लेकिन मुझे आप पर पूरा भरोसा था कि आप ऐसा कर ही नहीं सकते, जरूर वह लड़की झूठ बोल रही है. फिर मन में लगा, कभीकभी जब हम किसी पर अपने से ज्यादा भरोसा करते हैं तो वही उस के भरोसे को तोड़ भी देता है. इसलिए सोचा, जाने में क्या हर्ज है?’’

‘‘साधना, मैं अपनी एक क्षणिक कमजोरी की वजह से बुरी तरह फंस गया हूं,’’ कहता हुआ उस से लिपट कर फफकफफक कर रो पड़ा. पहली बार बैंक में मीठी से मिलने से ले कर कौफीहाऊस तक के पूरे घटनाक्रम को मैं ने साफसाफ बता दिया.

‘‘अब वह चालाक लड़की मुझे ब्लैकमेल कर के 25 लाख रुपए अपने अकाउंट में डालने को कह रही है. उस के खिलाफ पुलिस में भी रिपोर्ट नहीं कर सकता क्योंकि उस के पास अंतरंग क्षणों का वीडियो और उस से नोटों की गड्डियां लेते हुए फोटो हैं. मैं क्या करूं, मेरा तो दिमाग ही काम नहीं कर रहा.’’

‘‘लगता है यह सब पूर्व नियोजित ढंग से रची हुई साजिश है जिस में वह लड़की अकेली नहीं, कोई और भी शामिल है,’’ पूरी कहानी सुनने के बाद साधना बोली.

‘‘हां, लग तो ऐसा ही रहा है लेकिन अब मैं क्या करूं? उसे फोन लगाता हूं तो स्विचऔफ जाता है.’’

‘‘आप कुछ मत करो, शांत बैठो.’’

‘‘तुम पागल हो गई हो? अगर उस के अकाउंट में पैसा न डाला तो वह वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाएंगे. वह सिरफिरी लड़की जोनल औफिस में मेरे खिलाफ शिकायत भी कर देगी क्योंकि उस के पास सुबूत हैं. नौकरी से तो हाथ धोना ही पड़ेगा, साथ ही जेल की हवा और बदनामी अलग. हमारी बेटी से शादी कौन करेगा? जब वह वीडियो  मेरी बेटी देखेगी तो मैं कहां मुंह छिपाऊंगा?’’ मैं रोंआसा हो उठा.

‘‘वह ऐसा कुछ नहीं करेगी. 25 लाख रुपए की रकम कोई मामूली नहीं होती. उस को आप की बदनामी से ज्यादा रकम प्यारी है. अकाउंट में पैसा न आने पर वह आप से संपर्क जरूर करेगी.’’

‘‘साधना, यह बहुत बड़ा रिस्क है.’’

‘‘रिस्क तो लेना ही पड़ेगा. मान लो उस के अकाउंट में पैसा डाल दिया और उस ने वह सबकुछ डिलीट न किया तो? और आगे भी ब्लैकमेल करती रही तब?’’

साधना बात तो ठीक कह रही थी. मैं ने बैंक से 2 दिनों की छुट्टी ले ली और सांस थामे मीठी के फोन का इंतजार करने लगा.

साधना की भविष्यवाणी सच साबित हुई. दूसरे दिन रात को उस का फोन आ गया, ‘‘सर, आप ने मेरा काम नहीं किया?’’

स्पीकर औन था. ‘‘मीठी, तुम ने मेरे साथ इतना बड़ा धोखा क्यों किया?’’

‘‘सर, क्या कह रहे हैं आप? मैं ने धोखा किया है आप के साथ? यह तो आप सरासर झूठ बोल रहे हैं. आप ने ही तो मेरा लोन पास करवाने के लिए पैसे की मांग की थी और इस के लिए आप ने मुझे सैंटर पौइंट के कौफीहाऊस में बुलाया था और मैं ने आप को पैसा भी दे दिया लेकिन आप ने मेरा काम नहीं किया.’’

‘‘प्लीज मुझे 2 दिनों का समय दो,’’ कह कर मैं ने फोन काट दिया.

अधूरे प्यार की टीस: भाग 3-क्यों बिखर गई सीमा की गृहस्थी

कुछ देर बाद जब रवि ने उन के कमरे में कदम रखा तब राकेशजी के चेहरे पर तनाव के भाव साफ नजर आ रहे थे.

‘‘इतनी टेंशन में किसलिए नजर आ रहे हो, पापा?’’ रवि ने माथे में बल डाल कर सवाल पूछा.

‘‘तुम्हारी मम्मी का फोन आया था,’’ राकेशजी का स्वर नाराजगी से भरा था.

‘‘ऐसा क्या कह दिया उन्होंने जो आप इतने नाखुश दिख रहे हो?’’

‘‘मकान तुम्हारे नाम करने और मेरे अकाउंट में तुम्हारा नाम लिखवाने की बात कह रही थी.’’

‘‘क्या आप को उन के ये दोनों सुझाव पसंद नहीं आए हैं?’’

‘‘तुम्हारी मां का बात करने का ढंग कभी ठीक नहीं रहा, रवि.’’

‘‘पापा, मां ने मेरे साथ इन दोनों बातों की चर्चा चलने से पहले की थी. इस मामले में मैं आप को अपनी राय बताऊं?’’

‘‘बताओ.’’

‘‘पापा, अगर आप अपना मकान अंजु आंटी और नीरज को देना चाहते हैं तो मेरी तरफ से ऐसा कर सकते हैं. मैं अच्छाखासा कमा रहा हूं और मौम की भी यहां वापस लौटने में बिलकुल दिलचस्पी नहीं है.’’

‘‘क्या तुम को लगता है कि अंजु की इस मकान को लेने में कोई दिलचस्पी होगी?’’ कुछ देर खामोश रहने के बाद राकेशजी ने गंभीर लहजे में बेटे से सवाल किया.

‘‘क्यों नहीं होगी, डैड? इस वक्त हमारे मकान की कीमत 70-80 लाख तो होगी. इतनी बड़ी रकम मुफ्त में किसी को मिल रही हो तो कोई क्यों छोड़ेगा?’’

‘‘मुझे यह और समझा दो कि मैं इतनी बड़ी रकम मुफ्त में अंजु को क्यों दूं?’’

‘‘पापा, आप मुझे अब बच्चा मत समझो. अपनी मिस्टे्रस को कोई इनसान क्यों गिफ्ट और कैश आदि देता है.’’

‘‘क्यों देता है?’’

‘‘रिलेशनशिप को बनाए रखने के लिए, डैड. अगर वह ऐसा न करे तो क्या उस की मिस्टे्रस उसे छोड़ क र किसी दूसरे की नहीं हो जाएगी.’’

‘‘अंजु मेरी मिस्टे्रस कभी नहीं रही है, रवि,’’ राकेशजी ने गहरी सांस छोड़ कर जवाब दिया, ‘‘पर इस तथ्य को तुम मांबेटा कभी सच नहीं मानोगे. मकान उस के नाम करने की बात उठा कर मैं उसे अपमानित करने की नासमझी कभी नहीं दिखाऊंगा. नीरज की पढ़ाई पर मैं ने जो खर्च किया, अब नौकरी लगने के बाद वह उस कर्जे को चुकाने की बात दसियों बार मुझ से कह…’’

‘‘पापा, मक्कार लोगों के ऐसे झूठे आश्वासनों को मुझे मत सुनाओ, प्लीज,’’ रवि ने उन्हें चिढ़े लहजे में टोक दिया, ‘‘अंजु आंटी बहुत चालाक और चरित्रहीन औरत हैं. उन्होंने आप को अपने रूपजाल में फंसा कर मम्मी, रिया और मुझ से दूर कर…’’

‘‘तुम आज मेरे मन में सालों से दबी कुछ बातें ध्यान से सुन लो, रवि,’’ इस बार राकेशजी ने उसे सख्त लहजे में टोक दिया, ‘‘मैं ने अपने परिवार के प्रति अपनी सारी जिम्मेदारियां बड़ी ईमानदारी से पूरी की हैं पर ऐसा करने के बदले में तुम्हारी मां से मुझे हमेशा अपमान की पीड़ा और अवहेलना के जख्म ही मिले.

‘‘रिया और तुम भी अपनी मां के बहकावे में आ कर हमेशा मेरे खिलाफ रहे. तुम दोनों को भी उस ने अपनी तरह स्वार्थी और रूखा बना दिया. तुम कल्पना भी नहीं कर सकते कि तुम सब के गलत और अन्यायपूर्ण व्यवहार के चलते मैं ने रातरात भर जाग कर कितने आंसू बहाए हैं.’’

‘‘पापा, अंजु आंटी के साथ अपने अवैध प्रेम संबंध को सही ठहराने के लिए हमें गलत साबित करने की आप की कोशिश बिलकुल बेमानी है,’’ रवि का चेहरा गुस्से से लाल हो उठा था.

‘‘मेरा हर एक शब्द सच है, रवि,’’ राकेशजी जज्बाती हो कर ऊंची आवाज में बोलने लगे, ‘‘तुम तीनों मतलबी इनसानों ने मुझे कभी अपना नहीं समझा. दूसरी तरफ अंजु और नीरज ने मेरे एहसानों का बदला मुझे हमेशा भरपूर मानसम्मान दे कर चुकाया है. इन दोनों ने मेरे दिल को बुरी तरह टूटने से…मुझे अवसाद का मरीज बनने से बचाए रखा.

‘‘जब तुम दोनों छोटे थे तब हजारों बार मैं ने तुम्हारी मां को तलाक देने की बात सोची होगी पर तुम दोनों बच्चों के हित को ध्यान में रख कर मैं अपनेआप को रातदिन की मानसिक यंत्रणा से सदा के लिए मुक्ति दिलाने वाला यह निर्णय कभी नहीं ले पाया.

‘‘आज मैं अपने अतीत पर नजर डालता हूं तो तुम्हारी क्रूर मां से तलाक न लेने का फैसला करने की पीड़ा बड़े जोर से मेरे मन को दुखाती है. तुम दोनों बच्चों के मोह में मुझे नहीं फंसना था…भविष्य में झांक कर मुझे तुम सब के स्वार्थीपन की झलक देख लेनी चाहिए थी…मुझे तलाक ले कर रातदिन के कलह, लड़ाईझगड़ों और तनाव से मुक्त हो जाना चाहिए था.

‘‘उस स्थिति में अंजु और नीरज की देखभाल करना मेरी सिर्फ जिम्मेदारी न रह कर मेरे जीवन में भरपूर खुशियां भरने का अहम कारण बन जाता. आज नीरज की आंखों में मुझे अपने लिए मानसम्मान के साथसाथ प्यार भी नजर आता. अंजु को वैधव्य की नीरसता और अकेलेपन से छुटकारा मिलता और वह मेरे जीवन में प्रेम की न जाने कितनी मिठास भर…’’

राकेशजी आगे नहीं बोल सके क्योंकि अचानक छाती में तेज दर्द उठने के कारण उन की सांसें उखड़ गई थीं.

रवि को यह अंदाजा लगाने में देर नहीं लगी कि उस के पिता को फिर से दिल का दौरा पड़ा था. वह डाक्टर को बुलाने के लिए कमरे से बाहर की तरफ भागता हुआ चला गया.

राकेशजी ने अपने दिल में दबी जो भी बातें अपने बेटे रवि से कही थीं, उन्हें बाहर गलियारे में दरवाजे के पास खड़ी अंजु ने भी सुना था. रवि को घबराए अंदाज में डाक्टर के कक्ष की तरफ जाते देख वह डरी सी राकेशजी के कमरे में प्रवेश कर गई.

राकेशजी के चेहरे पर गहन पीड़ा के भाव देख कर वह रो पड़ी. उन्हें सांस लेने में कम कष्ट हो, इसलिए आगे बढ़ कर उन की छाती मसलने लगी थी.

‘‘सब ठीक हो जाएगा…आप हिम्मत रखो…अभी डाक्टर आ कर सब संभाल लेंगे…’’ अंजु रोंआसी आवाज में बारबार उन का हौसला बढ़ाने लगी.

राकेशजी ने अंजु का हाथ पकड़ कर अपने हाथों में ले लिया और अटकती आवाज में कठिनाई से बोले, ‘‘तुम्हारी और अपनी जिंदगी को खुशहाल बनाने से मैं जो चूक गया, उस का मुझे बहुत अफसोस है…नीरज का और अपना ध्यान रखना…अलविदा, माई ल…ल…’’

जिम्मेदारियों व उत्तरदायित्वों के समक्ष अपने दिल की खुशियों व मन की इच्छाओं की सदा बलि चढ़ाने वाले राकेशजी, अंजु के लिए अपने दिल का प्रेम दर्शाने वाला ‘लव’ शब्द इस पल भी अधूरा छोड़ कर इस दुनिया से सदा के लिए विदा हो गए थे.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें