Festival Special: कॉर्पोरेट सेक्टर में काम करने वाली 25 वर्षीय सिमरन हर साल दिवाली पर घर की साफसफाई के लिए प्रोफेशनल क्लीनर को हायर करती हैं. यह काम केवल एक दिन में पूरा हो जाता है. 2 बेडरूम वाले फ्लैट में वह अपने पेरेंट्स के साथ रहती है, इस काम के लिए न तो उसके पास समय है और न ही उसके पेरेंट्स से ये काम हो पाते हैं. प्रोफेशनल क्लीनर हर बार गहराई से उसके घर की क्लीनिंग कर देते है जो उसे काफी पसंद आता है.
असल में आजकल लोगों के पास फेस्टिवल पर अपने घरों की साफसफाई करने और स्वच्छता बनाए रखने का समय बहुत कम होता है. बड़े शहरों में यह समस्या आम है जबकि साफसुथरा घर स्वस्थ जीवन का प्रतीक होता है इसलिए वहां रहने वाले अधिकतर लोग हाउस हेल्प पर निर्भर रहते हैं. पर उन्हें यह शिकायत भी होती है कि हाउसहेल्प इन कामों को ठीक से नहीं करती है.
ऐसे में वे प्रोफेशनल क्लीनर्स से संपर्क कर साल में एक या दो बार अपने घर की सफाई करवाते हैं. मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों में ऐसे प्रोफेशनल्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है इसलिए ऐसी एजेंसियां लोगों को हर बार त्योहारों पर खास छूट देती है, ताकि हर कोई अपनी बजट के अनुसार घर की साफसफाई करवा सकें.
