पैरा आर्चर और अदम्य साहस की प्रतीक पायल नाग ने गंभीर शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की और अपने साहस, दृढ़ संकल्प तथा खेल उत्कृष्टता से लाखों लोगों को प्रेरित किया है.
‘‘सीमाएं शरीर तय नहीं करता, हौसला तय करता है,’’ कहती हैं पायल नाग.
अदम्य साहस और नई पहचान की कहानी पायल नाग भारत की उन युवा खिलाडि़यों में शामिल हैं जिन्होंने असंभव लगने वाली परिस्थितियों को अपनी सब से बड़ी ताकत में बदल लिया. ओडिशा के बलांगीर जिले से आने वाली पायल आज भारतीय पैरा आर्चरी की उभरती आवाज बन गई हैं.
अपने हाथों और पैरों को खोने के बावजूद पायल ने न सिर्फ सामान्य जीवन जीना सीखा बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत कर अंतर्राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई. उन का सफर केवल खेल उपलब्धियों की ही कहानी नहीं बल्कि साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का भी प्रेरणादायक उदाहरण है.
शुरुआती जीवन और संघर्ष
पायल का जन्म ओडिशा के एक साधारण परिवार में हुआ. उन के मातापिता प्रवासी मजदूर थे और आर्थिक परिस्थितियां काफी कमजोर. बचपन में 2015 में हुए एक दर्दनाक करंट दुर्घटना में उन्होंने अपने दोनों हाथ और पैर खो दिए.
इस हादसे ने पायल की जिंदगी के संघर्षों को पूरी तरह बदल दिया लेकिन पायल ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय खुद को चुनौतियों के लिए तैयार किया. उन्होंने अपने मुंह से लिखना और ड्राइंग करना सीखा. शिक्षा और पुनर्वास के दौरान उन्हें सरकारी सहायता और सामाजिक सहयोग मिला, जिस ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया.
आर्चरी तक सफर
पायल की जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया जब उन्हें अडैप्टिव स्पोर्ट्स ट्रेनिंग से परिचित कराया गया. जम्मू स्थित श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कौंप्लैक्स में इन्होंने पैरा आर्चरी की ट्रेनिंग ली.
कोचों ने उन के लिए एक विशेष शूटिंग मैकैनिज्म तैयार किया, जिस में वे अपने प्रोस्थैटिक सपोर्ट, शोल्डर पोजिशनिंग और मुंह के जरीए तीरअंदाजी करती हैं. यह तकनीक और लगातार अभ्यास उन की सब से बड़ी ताकत बनी. धीरेधीरे उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया और बहुत कम समय में अपनी प्रतिभा से सब का ध्यान आकर्षित किया.
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धियां
छठी नैशनल पैरा आर्चरी चैंपियनशिप,
जयपुर (2025)
कंपाउड कैटेगरी में 2 गोल्ड मैडल.
अनुभवी खिलाडि़यों को हराकर राष्ट्रीय पहचान हासिल की 7वीं नैशनल पैरा आर्चरी चैंपियनशिप,
पंजाब (2026)
रैंकिंग राउंड में सिल्वर मैडल.
व्यक्तिगत स्पर्धा में ब्रौंज मैडल.
एशियन यूथ पैरा गेम्स, दुबई (2025)
अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू.
रैंकिग राउंड में चौथा स्थान.
पायल नाग की लगातार प्रगति उन्हें भारत की संभावित भविष्य की पैरालंपिक की उभरती दावेदार बनाती है.
एक प्रेरणा, सिर्फ खिलाड़ी नहीं
पायल नाग की कहानी सिर्फ खेलों में उपलब्धी पाने से कहीं बड़ी है. इतनी कम उम्र में वे उन लाखों लोगों के लिए उम्मीद बन चुकी हैं जो शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को जीना चाहते हैं. उन की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि सही प्रशिक्षण, अवसर और समर्थन मिलने पर किसी भी व्यक्ति की क्षमता सीमाओं से कहीं आगे जा सकती है.
आज पायल भारतीय पैरा खेलों में समावेशिता, सहायक खेल तकनीक और समान अवसरों की सशक्त मिसाल बन चुकी हैं.
इंस्पायर अवार्ड स्पैशल
पायल नाग का सफर हमें सिखाता है कि असली शक्ति शरीर में नहीं बल्कि मन और इच्छाशक्ति में होती है. विपरीत परिस्थितियों से बाहर निकल कर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाना, उन की कड़ी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम है. वे सिर्फ मैडल जीतने वाली खिलाड़ी नहीं बल्कि नई पीढ़ी के लिए साहस, हौसले और लगन की प्रेरणा बन चुकी हैं.
